Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 16 June 2026 #670 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : TMC के 20 सांसदों ने NCPI का दामन थामा, NDA को समर्थन का ऐलान; 3 साल पुरानी पार्टी अचानक राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 28 में से 20 लोकसभा सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय की घोषणा कर दी है और NDA को समर्थन देने की बात कही है। सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अलग संसदीय गुट के रूप में मान्यता और अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की है। वहीं ममता बनर्जी गुट ने इसका विरोध किया है। खास बात यह है कि NCPI की स्थापना 2023 में बंगाल के उत्तिया कुंडू और उनकी पत्नी शेउली कुंडू ने की थी। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार कभी पार्टी के पास सिर्फ 75 रुपये नकद थे, लेकिन अब 20 सांसदों के शामिल होने से यह राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई है।


2- नई दिल्ली : AI से 2030 तक 22% नौकरियां प्रभावित होने का अनुमान, कंपनियों का फोकस अब डिग्री नहीं बल्कि AI स्किल्स पर

AI के बढ़ते प्रभाव से रोजगार और शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक 22% नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि 40% कंपनियां अब डिग्री के साथ AI स्किल्स को प्राथमिकता दे रही हैं। इसी बीच चीन ने पिछले चार वर्षों में 12,200 से अधिक पारंपरिक डिग्री प्रोग्राम बंद या निलंबित कर AI, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों के करीब 10,200 नए कोर्स शुरू किए हैं। भारत में भी कर्नाटक सरकार ने सैकड़ों पारंपरिक कोर्स और 1,300 से अधिक सीटों में कटौती की है। विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में केवल डिग्री नहीं, बल्कि AI और प्रैक्टिकल स्किल्स ही रोजगार तय करेंगी।

3- देवाल : कैल नदी में नहाने गया 12वीं का छात्र डूबा, दोस्तों के सामने हुई मौत; क्षेत्र में शोक की लहर
चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में कैल नदी में बने गहरे तालाब में डूबने से 17 वर्षीय छात्र आयुष की मौत हो गई। आयुष राजकीय इंटर कॉलेज देवाल में कक्षा 12 का छात्र था और सोमवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। बताया गया कि नहाते समय वह अचानक करीब 12 फीट गहरे पानी में चला गया। दोस्तों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

4- देहरादून : बिजली का खंभा लगाते समय 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आए पांच कर्मचारी, एक की मौत
देहरादून के पथरीबाग स्थित ओम सिटी क्षेत्र में आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का खंभा लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान खंभा कथित तौर पर पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से छू गया, जिससे उसमें करंट फैल गया। हादसे में पांच कर्मचारी झुलस गए। इनमें अमरोहा निवासी उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारियों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सभी कर्मचारी ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

5- मसूरी : पति के साथ घूमने आई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत, कमरे से खून के निशान और शराब की बोतलें बरामद
मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में गुरुग्राम में कार्यरत 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नवविवाहित दंपती 14 जून की रात होमस्टे में ठहरे थे। सोमवार सुबह महिला कमरे के फर्श पर मृत मिली। घटनास्थल से बेडशीट पर खून के निशान, दो खाली शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद हुआ है। पति ने पुलिस को बताया कि सुबह पत्नी की नाक से खून निकल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- चम्पावत : नेपाल के फल आयात प्रतिबंध से सीमांत कारोबार पर संकट, बिक्री 80% तक घटी; गोदामों में सड़ने लगे आम-केले

नेपाल सरकार द्वारा आम, केला समेत कुछ फलों और सब्जियों के आयात पर लगाए गए प्रतिबंध का असर उत्तराखंड के बनबसा और टनकपुर बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार फल और सब्जियों की बिक्री में 70 से 80 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है। पहले प्रतिदिन करीब 25 हजार किलो फल और चार बड़े कैंटर सब्जियां नेपाल भेजी जाती थीं, लेकिन अब आपूर्ति लगभग ठप हो गई है। गोदामों और दुकानों में रखा माल खराब होने लगा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। इसका असर ट्रांसपोर्टरों, आढ़तियों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों की आय पर भी पड़ रहा है। व्यापारियों ने दोनों देशों की सरकारों से शीघ्र समाधान की मांग की है।

2- विकासनगर : भाजपा नेता विनोद कुमार हत्याकांड में पांचवीं गिरफ्तारी, शव घर पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम
उत्तराखंड के सहसपुर क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सोमवार को विनोद कुमार का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल फैल गया। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार रात विवाद हुआ था, जिसके बाद कथित तौर पर धारदार और भारी हथियारों से हमला किया गया। घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने मुआवजा, पत्नी को नौकरी और कुछ मुकदमे वापस लेने की मांग रखी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

3- मुंबई : ‘कुमकुम भाग्य’ फेम अभिनेत्री संचिता उगले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच जारी; इंडस्ट्री पर दबाव के आरोपों की भी चर्चा

टीवी अभिनेत्री संचिता उगले (22) रविवार रात महाराष्ट्र के पालघर स्थित घर में मृत पाई गईं। पुलिस के अनुसार उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला और मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। मौत से कुछ घंटे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक रील भी पोस्ट की थी। घटना के बाद उनके चचेरे भाई ने मीडिया में कथित तौर पर मनोरंजन उद्योग पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं, जबकि सह-कलाकार उज्ज्वल शर्मा ने सोशल मीडिया पर चल रही कुछ अफवाहों को खारिज किया है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


4- नई दिल्ली : देश के अहम ठिकानों पर ड्रोन हमले की आशंका, केंद्र ने बढ़ाई सतर्कता; BSF-CISF और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

केंद्र सरकार ने सीमावर्ती और रणनीतिक महत्व के ठिकानों पर संभावित ड्रोन हमलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। जहाज एवं जलमार्ग मंत्रालय की समुद्री सुरक्षा शाखा ने चेतावनी जारी करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने पर जोर दिया है। BSF, CISF, DRDO, IB और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमें विभिन्न महत्वपूर्ण ठिकानों का आकलन कर रही हैं। पंजाब सीमा समेत कई इलाकों में एंटी-ड्रोन सिस्टम के परीक्षण भी शुरू हो चुके हैं। सरकार का उद्देश्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों और बुनियादी ढांचे को ड्रोन आधारित खतरों से सुरक्षित करना है।


5- लखनऊ : मानसून की रफ्तार थमी, UP समेत 16 राज्यों में बारिश का इंतजार; कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 15 जून के बीच सामान्य से 64% कम बारिश दर्ज की गई है और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, दिल्ली समेत 16 राज्यों में मानसून की प्रतीक्षा बढ़ गई है। राजस्थान में रेतीले बवंडर और दिल्ली में 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी दर्ज की गई। यूपी में आज 32 जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 20 जून के बीच मानसून के पूर्वी यूपी के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 841 70700 65

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ