Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 14 June 2026 #670 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे देश के अगले आर्मी चीफ, 30 जून को संभालेंगे कमान; करीब 40 वर्षों का सैन्य अनुभव

केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। वह 30 जून को मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद देश के 31वें आर्मी चीफ का पद संभालेंगे। धीरज सेठ वर्तमान में उप सेना प्रमुख हैं और 1 अप्रैल 2026 को इस पद पर नियुक्त हुए थे। दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन पाने वाले सेठ ने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी क्षेत्रों सहित कई संवेदनशील मोर्चों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं। दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिणी कमान का नेतृत्व कर चुके सेठ सैन्य आधुनिकीकरण और ऑपरेशनल रणनीति के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

2- कोच्चि : जिंदा मिसाइल लेकर 2000 किलोमीटर का सफर तय कर भारत पहुंचा ऑयल टैंकर, इंडियन नेवी ने बड़े हादसे को टाला

ओमान तट के पास 26 मई को हुए हमले में एक मिसाइल का वारहेड MT Olympic ऑयल टैंकर के फ्यूल टैंक में फंस गया था, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ। इसके बावजूद जहाज करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा कर कोच्चि पहुंच गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 11 जून को भारतीय नौसेना की एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) टीम ने हाई-रिस्क ऑपरेशन चलाकर जिंदा मिसाइल वारहेड को सुरक्षित बाहर निकाला। मंत्रालय ने कहा कि जरा सी चूक से बड़ा विस्फोट हो सकता था। ऑपरेशन को समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भारतीय नौसेना की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

3- देहरादून : 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रदेश की सभी 70 सीटों पर गठित की कोर कमेटियां

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज करने के लिए सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कोर कमेटियों का गठन कर दिया है। पार्टी के अनुसार इन समितियों में सांसद, विधायक, महापौर, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि ये कमेटियां स्थानीय मुद्दों, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियानों और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करेंगी। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि यह व्यवस्था शीर्ष नेतृत्व और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी।

4- देहरादून : LUCC घोटाले में बड़ी कार्रवाई, आरोपियों की तीन संपत्तियां अटैच; निवेशकों का पैसा लौटाने की तैयारी

बहुचर्चित LUCC घोटाले में उत्तराखंड सरकार ने आरोपियों की राज्य में स्थित तीन संपत्तियों को अटैच कर लिया है। वित्त विभाग के अनुसार अब इन संपत्तियों की नीलामी के लिए विशेष अदालत में रिपोर्ट भेजी जाएगी। नीलामी से प्राप्त राशि निवेशकों को लौटाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होगी। मामले में सीबीआई पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अप्रैल 2026 तक कुल 34 संपत्तियों का ब्योरा शासन को सौंपा जा चुका है। इनमें उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी कई कथित बेनामी संपत्तियां शामिल हैं। शासन का कहना है कि अन्य राज्यों में भी संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।

5- देहरादून : उत्तराखंड में लागू हुआ देवभूमि परिवार कानून, 15 वर्ष से निवास कर रहे परिवारों को मिलेगी यूनिक फैमिली आईडी

राज्यपाल की मंजूरी के बाद उत्तराखंड में देवभूमि परिवार अधिनियम-2026 लागू हो गया है। इसके तहत प्रदेश में पिछले 15 वर्षों या उससे अधिक समय से निवास कर रहे परिवारों को एक विशिष्ट ‘देवभूमि परिवार आईडी’ जारी की जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे विभिन्न विभागों के लाभार्थी डेटा को एकीकृत किया जा सकेगा और योजनाओं में दोहराव व फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। कानून के अनुसार प्रत्येक परिवार का केंद्रीयकृत डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जबकि परिवार की 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना जाएगा। डेटा से छेड़छाड़, अनधिकृत पहुंच या साइबर अपराध की स्थिति में 10 वर्ष तक की जेल और 50 लाख रुपये तक जुर्माने का भी प्रावधान किया गया है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- नैनीताल (कैंची धाम) : दो पुलिसकर्मियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, गुस्साए ग्रामीणों ने पीटा; चौकी का घेराव कर कार्रवाई की मांग

कैंची धाम में आगामी वार्षिक मेले की ड्यूटी पर तैनात उत्तराखंड पुलिस के दो कॉन्स्टेबलों पर एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित तौर पर अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप लगा है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि दोनों सिपाही युवती के घर में घुस गए, जिसके बाद शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर उनकी पिटाई की और घसीटते हुए पुलिस चौकी ले गए। इसके बाद चौकी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने निष्पक्ष जांच, मेडिकल परीक्षण और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

2- पिथौरागढ़ : क्रिकेटर ऋषभ पंत ने किए आदि कैलाश के दर्शन, आईटीबीपी जवानों और स्थानीय लोगों से की मुलाकात

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने निजी दौरे के दौरान पिथौरागढ़ की दारमा घाटी, पंचाचूली क्षेत्र और पवित्र आदि कैलाश धाम का भ्रमण किया। 12 जून को ज्योलिंगकांग स्थित शिव-पार्वती मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। नाबी गांव के एक होमस्टे में ठहरे पंत से मिलने बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशंसक पहुंचे। गंगोलीहाट से पैतृक संबंध रखने वाले ऋषभ पंत के इस दौरे को सीमांत क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

3- फ्रांस : पीएम मोदी का नीस में भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत, आज राष्ट्रपति मैक्रों से अहम वार्ता; रक्षा और AI समेत 12 समझौतों पर नजर 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर शनिवार रात फ्रांस के नीस पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों से मुलाकात की। रविवार को उनकी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हेल्थ टेक, सेमीकंडक्टर और स्पेस सेक्टर से जुड़े करीब 12 समझौतों पर चर्चा हो सकती है। साथ ही 114 राफेल लड़ाकू विमानों से जुड़ी रक्षा डील और रणनीतिक सहयोग भी वार्ता के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। पीएम मोदी G7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

4- तमिलनाडु : टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आईफोन पार्ट्स फैक्ट्री पर भूजल प्रदूषण का आरोप, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने बंदी की चेतावनी दी

तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आईफोन कंपोनेंट्स फैक्ट्री को नोटिस जारी कर आरोप लगाया है कि प्लांट से निकले कथित दूषित पानी के कारण आसपास के खेतों और खुले कुओं का भूजल प्रभावित हुआ है। किसानों की शिकायतों के बाद दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच पांच बार निरीक्षण किया गया। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बिजली आपूर्ति काटकर प्लांट बंद कराया जा सकता है। हालांकि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि कंपनी सभी पर्यावरणीय और नियामकीय मानकों का पालन कर रही है तथा अपना जवाब अधिकारियों को भेज चुकी है।

5- नई दिल्ली : एंथ्रोपिक के सबसे उन्नत AI मॉडल्स पर वैश्विक रोक, अमेरिकी सरकार ने साइबर सुरक्षा जोखिम का हवाला दिया

अमेरिकी AI कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने सबसे उन्नत AI मॉडल ‘Claude Fable 5’ और ‘Mythos 5’ की वैश्विक उपलब्धता बंद कर दी है। यह कदम अमेरिकी सरकार के उस निर्देश के बाद उठाया गया, जिसमें विदेशी नागरिकों को इन मॉडल्स तक पहुंच सीमित करने को कहा गया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन अत्याधुनिक मॉडल्स का कथित रूप से ‘जेलब्रेक’ कर साइबर हमलों, डेटा चोरी और संवेदनशील प्रणालियों में सेंध लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। कंपनी ने इस फैसले को गलतफहमी पर आधारित बताते हुए कहा है कि मॉडल्स की सुरक्षा पहले ही व्यापक परीक्षणों से गुजर चुकी है। इस बीच जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने इसे भारत के लिए स्वदेशी AI क्षमता विकसित करने का बड़ा संकेत बताया है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 841 70700 65

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ