Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 13 June 2026 #670 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- देशभर में वोटर कार्ड का बड़ा अपडेट: 30 करोड़ धुंधली या पुरानी तस्वीरें बदली जाएंगी, अब EPIC में ‘00’ की जगह दर्ज होगा पूरा पता
निर्वाचन आयोग स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने के अंतिम चरण में पहुंच गया है। आयोग के अनुसार अब तक 59 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट किए जा चुके हैं, जिनमें नई रंगीन तस्वीरें और सटीक पते जोड़े गए हैं। करीब 30 करोड़ वोटर कार्डों में फोटो नदारद, धुंधली या बहुत पुरानी पाई गई थीं। अब किसी भी मतदाता के कार्ड में मकान नंबर की जगह ‘00’ दर्ज नहीं होगा। आयोग ने 2.6 लाख डुप्लीकेट वोटर आईडी हटाने का भी दावा किया है। SIR पूरा होने के बाद एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज रखना अपराध माना जाएगा। अभियान 23 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
2- न्यूयॉर्क : स्पेसएक्स IPO के बाद इलॉन मस्क बने दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर, नेटवर्थ 1.1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंची
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की संपत्ति स्पेसएक्स के ऐतिहासिक IPO के बाद रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक पर स्पेसएक्स के शेयर 150 डॉलर पर सूचीबद्ध हुए, जिसके बाद फोर्ब्स के अनुसार मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गई। स्पेसएक्स ने IPO के जरिए करीब 75 बिलियन डॉलर जुटाए हैं, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा IPO बताया जा रहा है। लिस्टिंग के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण लगभग 1.96 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया। मस्क ने IPO में अपने शेयर नहीं बेचे हैं और कंपनी पर उनका नियंत्रण बरकरार रहेगा।
3- नैनीताल : गुप्तेश्वर मंदिर के महंत का शव फंदे से लटका मिला, एक दिन पहले नदी में करंट लगाकर मछली मारने वालों से हुआ था विवाद; हत्या की आशंका
नैनीताल जिले के काकड़ीघाट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गुप्तेश्वर मंदिर के महंत कृष्णा गिरी (54) का शव शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर खैरना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि महंत का एक दिन पहले कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जो कथित तौर पर नदी में करंट लगाकर अवैध रूप से मछली मार रहे थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि विवाद की रंजिश में हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
4- देहरादून/वाराणसी : दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का आज होगा अंतिम संस्कार, अंतिम दर्शन के दौरान भावुक हुईं ओलिंपियन मनु भाकर
पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भारतीय निशानेबाज जसपाल राणा का शनिवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। शुक्रवार शाम उनका पार्थिव शरीर देहरादून स्थित पैतृक गांव पहुंचा, जहां खिलाड़ियों, राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन किए। ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी अपने गुरु को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं और परिजनों से मिलकर भावुक हो गईं। 49 वर्षीय जसपाल राणा का शुक्रवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हुआ था। उनके नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 600 से अधिक पदक दर्ज हैं। सूत्रों के अनुसार, अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
5- देहरादून : IMA ने रचा इतिहास, पहली बार 9 महिला कैडेट बनीं सैन्य अधिकारी; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी
भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में इतिहास रचा गया। पहली बार अकादमी से प्रशिक्षित 9 महिला कैडेट सैन्य अधिकारी के रूप में भारतीय सेना का हिस्सा बनीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में आयोजित समारोह में कुल 515 कैडेट पासआउट हुए, जिनमें 481 भारतीय और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट शामिल रहे। राष्ट्रपति ने परेड की सलामी लेते हुए नव नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। सैन्य इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि पहली बार आईएमए से महिला कैडेट्स को नियमित कमीशन प्राप्त हुआ है। समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- पिथौरागढ़ : आदि कैलाश दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो पर गिरी विशाल चट्टान, 2 की मौत; राजस्थान के एक ही परिवार के 4 सदस्य गंभीर
पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में पंपाबे के पास शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान के कोटा से आदि कैलाश, ओम पर्वत और पंचाचूली बेस कैंप घूमकर लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो पर पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई। हादसे में 15 वर्षीय केशव खंडेलवाल और वाहन चालक सुरेंद्र गर्ब्याल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋषभ, राघव, हनी और आयुष खंडेलवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को धारचूला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से दो को हायर सेंटर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ी पर कई बोल्डर लटक गए थे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
2- चंपावत : कम किराया लेने पर टैक्सी चालक को जूतों की माला पहनाई, थप्पड़ मारने और मोबाइल छीनने का वीडियो वायरल; पुलिस जांच में जुटी
चंपावत जिले के लोहाघाट में टैक्सी चालकों के बीच किराये को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो के अनुसार, दिल्ली रूट पर वाहन चलाने वाले एक चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, उसे जूतों की माला पहनाई गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना बुधवार की बताई जा रही है, जबकि वीडियो अब सामने आया है। पीड़ित चालक के परिजनों का आरोप है कि अन्य वाहन चालकों ने कम किराया लेने को लेकर उसे निशाना बनाया। घटना से परिवार आहत है और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है।
3- नई दिल्ली : डीजल बिक्री पर नई पाबंदी, एक ग्राहक को प्रतिदिन 200 लीटर से ज्यादा नहीं मिलेगा ईंधन; कॉमर्शियल उपभोक्ताओं पर रोक
केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर नया आदेश जारी किया है। 11 जून से लागू नियमों के तहत अब कोई भी ग्राहक एक दिन में 200 लीटर से अधिक डीजल नहीं खरीद सकेगा। साथ ही फैक्ट्रियों, बड़े ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों, टेलीकॉम टावर कंपनियों और अन्य कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को रिटेल पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें केवल अधिकृत बल्क सप्लाई पॉइंट्स से ही डीजल-पेट्रोल लेना होगा। सरकार ने यह कदम कुछ क्षेत्रों में रिटेल पंपों पर असामान्य रूप से बढ़ी बिक्री के बाद उठाया है। शुरुआती तौर पर यह व्यवस्था 90 दिनों के लिए लागू की गई है और उल्लंघन पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है।
4- ओडिशा : भारत का मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम सफल, 5000 किमी से अधिक दूरी से आने वाली मिसाइलों को रोकने की क्षमता
DRDO ने 10 और 11 जून को ओडिशा के चांदीपुर परीक्षण केंद्र में मल्टी-लेयर्ड बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस (BMD) सिस्टम के लगातार तीन सफल परीक्षण किए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को इसकी जानकारी साझा की। इस स्वदेशी प्रणाली को लंबी दूरी की बैलिस्टिक और इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) श्रेणी के खतरों को हवा में ही नष्ट करने में सक्षम बताया गया है। इसके साथ नेवल एंटी-शिप मिसाइल (मीडियम रेंज) का भी सफल परीक्षण किया गया। इस उपलब्धि के साथ भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जिनके पास ऑपरेशनल स्तर की बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस क्षमता है। इससे पहले अमेरिका, रूस, इजराइल और चीन के पास ऐसी तकनीक मौजूद थी।
5- अहमदाबाद : दुबई से आई इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट स्पीकर में मिला 4 करोड़ का सोना, DRI ने 24 विदेशी बिस्किट जब्त किए
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने दुबई से आई इंडिगो की फ्लाइट 6E-1478 से करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया है। अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विमान की तलाशी ली गई। जांच के दौरान टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स के भीतर काले टेप से लिपटे दो पाउच मिले, जिनमें 24 विदेशी मूल के सोने के बिस्किट छिपाए गए थे। बरामद सोने की शुद्धता 999.0 बताई गई है और कुल वजन 2,799.3 ग्राम है। डीआरआई ने सोना जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की जांच शुरू कर दी है कि तस्करी का यह माल विमान में किसके द्वारा छिपाया गया था।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें