Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 17 June 2026 #670 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नागपुर : एयरफोर्स अफसर की पत्नी से कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण का दबाव; 2 आरोपी गिरफ्तार, मौलाना फरार
नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व सहपाठी अयाज ताज मदारे समेत तीन लोगों पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार फरवरी 2025 में प्लॉट खरीदने के बहाने संपर्क कर उसे होटल बुलाया गया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। महिला का दावा है कि उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूले गए। शिकायत के आधार पर सोनेगांव पुलिस ने अयाज और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी एक मौलाना फरार है। पुलिस ने रेप, जबरन धर्मांतरण, ब्लैकमेलिंग और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2- नई दिल्ली : कफ सिरप की बिक्री पर सख्ती, अब डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना नहीं मिलेगी दवा
केंद्र सरकार ने दवा बिक्री नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए कफ सिरप को उन दवाओं की सूची से हटा दिया है, जिन्हें विशेष छूट के तहत बेचा जा सकता था। नए नियम के बाद कफ सिरप केवल वैध लाइसेंस प्राप्त दवा दुकानों से और डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर ही खरीदी जा सकेगी। सरकार का कहना है कि इससे गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी मजबूत होगी। यह फैसला अक्टूबर 2025 में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में दूषित कफ सिरप से 26 बच्चों की मौत के बाद दवा सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संशोधन से पहले सार्वजनिक सुझाव भी मांगे गए थे और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड से परामर्श किया गया था।
3- मसूरी : सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत बनी रहस्य, हनीमून ट्रिप पर आई महिला ‘ब्लिस’ रूम में मृत मिली; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
हरियाणा के गुरुग्राम की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की मसूरी स्थित एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ हनीमून ट्रिप पर उत्तराखंड आई थीं। दोनों ने मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होमस्टे का ‘ब्लिस’ नामक कमरा बुक किया था। पति के बयान के मुताबिक रात में दोनों ने पार्टी की और सुबह महिला फर्श पर अचेत अवस्था में मिली, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान कमरे से शराब की खाली बोतलें और कथित तौर पर सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाओं के रैपर बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।
4- देहरादून : तंबाकू के नुकसान जानते हैं युवा, फिर भी 57% कर रहे सेवन; शोध में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी उजागर
देहरादून में हुए एक शोध में सामने आया है कि तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में युवा इसका सेवन कर रहे हैं। जून 2026 में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार 96.2% युवाओं को पता है कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जबकि 57.5% युवा किसी न किसी रूप में इसका उपयोग कर रहे हैं। शोध में पाया गया कि कैंसर, टीबी और श्वसन रोगों के प्रति जागरूकता अपेक्षाकृत अधिक है, लेकिन स्ट्रोक, मानसिक बीमारियों और गर्भस्थ शिशु पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी सीमित है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 70% युवा तंबाकू और मानसिक स्वास्थ्य के संबंध को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं रखते। शोधकर्ताओं ने जागरूकता अभियानों का दायरा बढ़ाने और तंबाकू नियंत्रण कानूनों के सख्त पालन की सिफारिश की है।
5- हरिद्वार : ट्रैफिक नियम तोड़ने पर पुलिस से अभद्रता का आरोप, ऑडी सवार महिला ने सब-इंस्पेक्टर को दी धमकी; तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान लागू ट्रैफिक व्यवस्था का कथित उल्लंघन करने पर ऑडी कार सवार पर्यटकों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। वायरल वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी को धमकी देती दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार 14 जून को कनखल क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने वाहन को वैकल्पिक मार्ग अपनाने के लिए कहा था, जिसके बाद कार सवार दो युवक और एक महिला कथित तौर पर भड़क गए तथा गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। जांच के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया है। आरोपियों की पहचान नई दिल्ली निवासी क्षतिज बाली, उनकी पत्नी और संकेत बाली के रूप में बताई गई है। मामले की जांच जारी है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- देहरादून : भूमि संरक्षण पर हरीश रावत की चिंता, बोले- अनियंत्रित जमीन बिक्री उत्तराखंड के भविष्य के लिए खतरा; होमस्टे मॉडल को बढ़ावा देने की पैरवी
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड में बढ़ती भूमि खरीद-फरोख्त पर चिंता जताते हुए कहा कि भूमि संरक्षण केवल जमीन नहीं, बल्कि पर्यावरण, संस्कृति और स्थानीय आजीविकाओं की रक्षा का भी विषय है। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में यह तक स्पष्ट नहीं है कि जमीनें कौन खरीद रहा है। रावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में बाहरी लोगों की भूमि खरीद पर सख्त नियंत्रण की वकालत करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अनियंत्रित खरीद की अनुमति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रिजॉर्ट संस्कृति के बजाय होमस्टे आधारित पर्यटन मॉडल को बढ़ावा देने की बात कही और भूमि उपयोग के लिए स्पष्ट कानूनी सीमाएं तय करने की मांग की। साथ ही भराड़ीसैंण क्षेत्र में बढ़ती भूमि बिक्री पर भी सवाल उठाए।
2- अल्मोड़ा : कैंची धाम से जागेश्वर जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो खाई में गिरी, 11 घायल; 4 की हालत गंभीर
अल्मोड़ा के धौलछीना क्षेत्र में मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो करीब 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन सवार सभी 11 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। सभी श्रद्धालु कैंची धाम के दर्शन करने के बाद जागेश्वर धाम जा रहे थे। पुलिस के अनुसार बोलेरो बाड़ेछीना के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। अधिकांश घायल उत्तर प्रदेश के कानपुर और अयोध्या के निवासी बताए गए हैं।
3- मुंबई : ‘कुमकुम भाग्य’ अभिनेत्री संचिता उगले की मौत की जांच तेज, व्हाट्सएप चैट में मानसिक तनाव के संकेत
टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की आत्महत्या के मामले में पुलिस अब उनके मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है। सामने आई चैट के अनुसार संचिता अपने भविष्य और करियर को लेकर परेशान थीं तथा उन्हें डायलॉग याद रखने में भी कठिनाई हो रही थी। सह-कलाकार मेघा शर्मा ने भी उनके डिप्रेशन में होने की पुष्टि की है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल चैट के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर संचिता के पिता ने दावा किया है कि उन पर पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पालघर में रहने वाली संचिता ने रविवार शाम कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। मामले की जांच जारी है।
4- G7 समिट : होर्मुज क्षेत्र में भारतीयों की मौत का मुद्दा उठाया, मोदी बोले- नाविकों की सुरक्षा वैश्विक जिम्मेदारी
फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होर्मुज क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की मौत का मुद्दा उठाते हुए समुद्री मार्गों की सुरक्षा को वैश्विक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव से जान-माल का नुकसान हुआ है और समुद्री व्यापार प्रभावित होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा है। सत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी मौजूद रहे और दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। आज शाम प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक में भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान मोदी ने यूएई, जापान, दक्षिण कोरिया, मिस्र और केन्या के नेताओं से भी अलग-अलग मुलाकात की।
5- नई दिल्ली : रिकॉर्ड पैदावार और सरकारी खरीद से गेहूं-चावल के गोदाम भरे, निर्यात बढ़ने से गेहूं के दाम चढ़े
देश में गेहूं और चावल का सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। चालू फसल वर्ष 2025-26 में 12.06 करोड़ टन गेहूं उत्पादन और 3.5 करोड़ टन सरकारी खरीद के बाद 1 जून तक केंद्रीय पूल में गेहूं का स्टॉक 5.34 करोड़ टन पहुंच गया, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है। दूसरी ओर चावल का कुल भंडार 6.84 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जो तय बफर लक्ष्य से पांच गुना ज्यादा है। इसी बीच गेहूं के निर्यात में तेज बढ़ोतरी के कारण दिल्ली समेत कई मंडियों में कीमतें दो महीने में करीब 6 प्रतिशत तक बढ़ी हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े भंडार के कारण भारत वैश्विक बाजार में चावल की आपूर्ति मजबूती से जारी रख सकेगा।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें