Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 06 June 2026 #670 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नई दिल्ली : वर्ल्ड बैंक में भारत की बड़ी नियुक्ति, इकोनॉमिस्ट नीलकंठ मिश्रा बने एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर; 3 साल तक करेंगे प्रतिनिधित्व
केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति ने जाने-माने अर्थशास्त्री और मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट नीलकंठ मिश्रा को वर्ल्ड बैंक में भारत का नया एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। वे वॉशिंगटन स्थित मुख्यालय में तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और परमेश्वरन अय्यर का स्थान लेंगे। पदभार ग्रहण करने तक अय्यर का कार्यकाल बढ़ाया गया है। मिश्रा वर्तमान में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के सदस्य, UIDAI के पार्ट-टाइम चेयरमैन तथा TRAI के सदस्य हैं। IIT कानपुर के पूर्व छात्र मिश्रा वित्त आयोग, GST और सेमीकंडक्टर मिशन समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी समितियों को सलाह दे चुके हैं।
2- नई दिल्ली : NEET पेपर लीक और परीक्षा विवादों पर आज जंतर-मंतर में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग लेकर उतरेगी CJP
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने घोषणा की है कि पार्टी आज जंतर-मंतर पर अपना पहला प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन से पहले वे पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाकर अनुमति प्रक्रिया पूरी करेंगे। CJP का आरोप है कि NEET-UG पेपर लीक और CBSE, CUET व SSC-GD जैसी परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। समर्थकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में तिरंगा, फूल और किताब साथ लाने तथा शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की गई है।
3- देहरादून : स्वास्थ्य विभाग में 196 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती शुरू, 12 जून से ऑनलाइन आवेदन होंगे
उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग अधिकारी के 196 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 12 जून से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई निर्धारित की गई है। भर्ती में अनुसूचित जाति के 21, अनुसूचित जनजाति के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के 11, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 7 तथा सामान्य वर्ग के 153 पद शामिल हैं। डिप्लोमा और डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
4- उत्तराखंड में पहली बार झरनों और गाड़-गदेरों की गणना: 48 हजार प्राकृतिक जलस्रोतों का डाटाबेस तैयार, एक माह में सर्वे पूरा होगा
उत्तराखंड में पहली बार प्राकृतिक जलस्रोतों का व्यापक सर्वेक्षण किया जा रहा है। लघु सिंचाई विभाग के अनुसार अब तक करीब 48 हजार झरनों, गाड़-गदेरों और अन्य जलस्रोतों का रिकॉर्ड तैयार किया जा चुका है। सर्वे का उद्देश्य राज्य में उपलब्ध जलस्रोतों की वास्तविक संख्या, स्थिति और संरक्षण की आवश्यकता का आकलन करना है। प्रत्येक जलस्रोत की जियो-टैगिंग कर मोबाइल एप के माध्यम से उसका डाटा दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अगले एक माह में सर्वे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जलसंकट से जूझ रहे और सूख रहे स्रोतों के पुनर्जीवन एवं संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
5- हल्द्वानी : अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, शटर बंद होने से अंदर फंसे दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों नरेंद्र और अमित की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के भीतर सो रहे थे और शटर बाहर से बंद था। आग लगने के बाद धुआं और लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने कटर मशीन से शटर काटकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग पर लगी स्कूटी की बैटरी से आग लगने की आशंका जताई गई है। घटना में लाखों रुपये का सामान, एक स्कूटी और मालवाहक टेम्पो भी जलकर राख हो गए।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर: चीरबासा हेलीपैड के पास घोड़ा संचालक की मौत, राजस्थान का यात्री गंभीर घायल
रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गौरीकुंड से करीब तीन किलोमीटर आगे चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे, जिसकी चपेट में आकर 23 वर्षीय घोड़ा संचालक देवेश सिंह निवासी बड़ासू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजस्थान निवासी यात्री विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ, जिला प्रशासन और आपदा मित्रों की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को उपचार के लिए गौरीकुंड अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी बढ़ाते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
2- देहरादून : सोलर बिजली की दरों में राहत बरकरार, नियामक आयोग ने 4.10 रुपये प्रति यूनिट टैरिफ यथावत रखा
उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सोलर प्रोजेक्ट्स की बिजली दरों में कटौती का प्रस्ताव वापस लेते हुए मौजूदा 4.10 रुपये प्रति यूनिट टैरिफ बरकरार रखा है। आयोग ने पहले इसे घटाकर 3.96 रुपये प्रति यूनिट करने का मसौदा जारी किया था, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में भूमि लागत, भौगोलिक चुनौतियों और सोलर मॉड्यूल की कीमतों में अस्थिरता को देखते हुए निर्णय बदला गया। वहीं रूफटॉप सोलर और छोटे ग्रिड इंटरएक्टिव प्लांटों के लिए नेट मीटरिंग के तहत 2 रुपये प्रति यूनिट दर तय की गई है। आयोग ने बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए भी नई दरें जारी की हैं।
3- नई दिल्ली : CBSE ने 12वीं री-इवैल्यूएशन की अंतिम तिथि 7 जून तक बढ़ाई, पोर्टल पर साइबर अटैक मामले में FIR दर्ज
CBSE ने कक्षा 12 की उत्तरपुस्तिकाओं के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 जून से बढ़ाकर 7 जून कर दी है। बोर्ड के अनुसार, छात्रों को अतिरिक्त समय देने और पोर्टल पर आई तकनीकी समस्याओं के कारण यह निर्णय लिया गया। दूसरी ओर, पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर कथित साइबर हमलों को लेकर FIR दर्ज कराई गई है, जिसकी जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। बोर्ड के मुताबिक तीन दिनों में पोर्टल पर भारी संख्या में संदिग्ध हिट्स और अनधिकृत एक्सेस की कोशिशें हुईं, लेकिन कोई डेटा लीक नहीं हुआ। अब तक 70 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
4- वॉशिंगटन : ट्रम्प का भारत पर टैरिफ वाला बयान, बोले- दशकों तक फायदा उठाया; फिर भी मोदी से रिश्तों के कारण डील संभव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि भारत लंबे समय तक अमेरिका पर ऊंचे टैरिफ लगाकर लाभ उठाता रहा, लेकिन अब अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और दोनों देशों के बीच जल्द एक बड़ा व्यापार समझौता हो सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। वहीं अमेरिका भारत समेत कुछ देशों पर 12.5% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रहा है, हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
5- सेंट पीटर्सबर्ग : पुतिन का भारत को बड़ा रक्षा प्रस्ताव, SU-57 फाइटर जेट की तकनीक साझा करने और संयुक्त उत्पादन की पेशकश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को पांचवीं पीढ़ी के स्टेल्थ फाइटर जेट SU-57 के संयुक्त विकास और उत्पादन का प्रस्ताव दिया है। सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस इस परियोजना में भारत के साथ साझेदारी और आवश्यक रक्षा तकनीक साझा करने को तैयार है। उन्होंने SU-57 को दुनिया के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में से एक बताया। पुतिन ने यह भी कहा कि भारत पर दबाव बनाने की अमेरिकी कोशिशें बेकार साबित होंगी। साथ ही उन्होंने भारत-चीन संबंधों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों देश बातचीत के जरिए अपने मतभेद सुलझाने में सक्षम हैं और रूस उनके रिश्तों में हस्तक्षेप नहीं करेगा।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें