Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 15 June 2026 #670 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : सेना ने हटाए औपनिवेशिक दौर के प्रतीक, परेड में रिव्यूइंग अफसर के लिए तलवार वैकल्पिक; यूनिफॉर्म में पहली बार शामिल हुई बंदी जैकेट

भारतीय सेना ने 174 पेज की नई ‘आर्मी यूनिफॉर्म-2026’ गाइडलाइन जारी कर कई औपनिवेशिक परंपराओं और प्रतीकों में बदलाव किया है। अब परेड के दौरान रिव्यूइंग अफसर के लिए तलवार रखना अनिवार्य नहीं होगा और इसका उपयोग केवल चुनिंदा सैन्य अधिकारियों तक सीमित रहेगा। पहली बार फॉर्मल ड्रेस कोड में स्वदेशी बंदी जैकेट को शामिल किया गया है। सेना ने बिना अनुमति राजनीतिक, धार्मिक या निजी आयोजनों में यूनिफॉर्म पहनने पर भी रोक लगाई है। सेना के अनुसार यह बदलाव भारतीय पहचान और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने की दिशा में किया गया है। इससे पहले भी सेना घोड़ा-गाड़ी, पाइप बैंड और अन्य ब्रिटिशकालीन परंपराओं को समाप्त कर चुकी है।

2- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच तेज, दिल्ली से पहुंचे IPS अधिकारी; 5 संदिग्धों से पूछताछ, 2 करोड़ रुपये बरामद

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार की ओर से भेजे गए एक IPS अधिकारी की निगरानी में गोपनीय जांच चल रही है, जबकि राज्य सरकार ने तीन सदस्यीय SIT गठित कर दी है। मामले में लवकुश, अनुकल्प, अवनीश, करुणेश और रमाशंकर समेत 5 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी हुई है। भाजपा नेता विनय कटियार ने आरोपियों को जेल भेजने की मांग की है, वहीं सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने निष्पक्ष जांच और ट्रस्ट पदाधिकारियों को जांच पूरी होने तक पद से हटाने की मांग उठाई है। SIT को एक सप्ताह में प्रारंभिक और 15 दिनों में अंतिम रिपोर्ट देनी है।

3- देहरादून : दुष्यंत गौतम पर आरोप लगाने के मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, डालनवाला पुलिस ने की कार्रवाई
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीडियो और भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम पर लगाए गए आरोपों के मामले में दर्ज मुकदमे के तहत पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। डालनवाला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उन्हें हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दुष्यंत गौतम की शिकायत पर दर्ज मामले में कार्रवाई की गई है। हाल ही में हाईकोर्ट ने राठौर के खिलाफ दर्ज चार मुकदमों में से दो को निरस्त कर राहत दी थी, लेकिन अन्य मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और आगे कोर्ट में पेश करेगी।

4- नैनीताल : कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, साढ़े 9 बजे तक 40 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन
नीब करौरी बाबा के कैंची धाम में सोमवार को 62वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और साढ़े 9 बजे तक 40 हजार से अधिक भक्त दर्शन कर चुके थे। प्रशासन को आज 2 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। धाम में बाबा का प्रसिद्ध मालपुआ प्रसाद वितरित किया जा रहा है। भीड़ को देखते हुए नैनीताल, हल्द्वानी, भवाली, काठगोदाम और अन्य क्षेत्रों से शटल बस सेवाएं चलाई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1500 से अधिक पुलिसकर्मी, एसडीआरएफ, एटीएस और अन्य एजेंसियां तैनात की गई हैं। हालांकि श्रद्धालुओं को वॉशरूम की कमी और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।

5- देहरादून : घर में घुसकर वकील की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे में दूसरा मर्डर; आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया
पटेलनगर थाना क्षेत्र के शिमला बाईपास रोड पर रविवार रात 25 वर्षीय वकील सोहेल की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार घटना के समय वह घर पर खाना खा रहे थे। कथित तौर पर हमलावरों ने उन्हें पास बुलाकर गले पर गोली मारी और मौके से फरार हो गए। घटना के समय घर पर उनका छोटा भाई मौजूद था, जबकि माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए हैं। हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। यह देहरादून में 24 घंटे के भीतर दूसरी हत्या की घटना है।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- उत्तराखंड : 5 पहाड़ी जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, अगले 4-5 दिनों में 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं। देहरादून में भी आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

2- पिथौरागढ़ : पहली बार नेपाल पहुंची उत्तराखंड की ट्राउट मछली, 5 मीट्रिक टन खेप के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में हुई एंट्री
उत्तराखंड की प्रसिद्ध ट्राउट मछली ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कदम रखा है। पिथौरागढ़ से 5 मीट्रिक टन ट्राउट मछली नेपाल निर्यात की गई है। राज्य सरकार का दावा है कि इससे पहाड़ी क्षेत्रों के मत्स्य पालकों को नए बाजार और बेहतर आय के अवसर मिलेंगे। सरकार ने अगले छह महीनों में नेपाल को 30 मीट्रिक टन ट्राउट भेजने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में राज्य में 1625 रेसवेज के माध्यम से करीब 710 मीट्रिक टन ट्राउट का वार्षिक उत्पादन हो रहा है। नेपाल के बाद अब दुबई समेत अन्य विदेशी बाजारों में भी ट्राउट निर्यात की तैयारी की जा रही है।

3- कोलकाता : TMC में बड़ी बगावत का दावा, 20 सांसदों ने NCPI में विलय और NDA समर्थन का किया ऐलान; ममता गुट ने जताया विरोध

तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने दावा किया है कि पार्टी के 28 में से 20 सांसदों ने त्रिपुरा की नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी (NCPI) में विलय कर लिया है और अब वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले NDA का समर्थन करेंगे। बागी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर संसद में अलग बैठने की व्यवस्था की मांग भी की है। गुट की नेता काकोली घोष दस्तीदार का दावा है कि उनके साथ दो-तिहाई सांसदों का समर्थन है। दूसरी ओर ममता बनर्जी खेमे ने स्पीकर को पत्र भेजकर इस गुट को मान्यता न देने की मांग की है। राजनीतिक और कानूनी लड़ाई के बीच अब ‘असली TMC’ को लेकर विवाद गहराने के संकेत मिल रहे हैं।

4- विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप : भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से रौंदा, दीप्ति शर्मा के 5 विकेट और मंधाना के अर्धशतक से शानदार जीत

महिला टी-20 विश्व कप में भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हरा दिया। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने 68 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 और ऋचा घोष ने 34 रन की तेज पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। श्री चरणी ने 3 विकेट लिए। इस जीत के साथ भारत ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

5- बीजिंग : चीन ने लॉन्च की दुनिया की पहली व्यावसायिक ब्रेन चिप ‘NEO’, सफल क्लिनिकल ट्रायल के बाद न्यूरालिंक से आगे निकलने का दावा

चीन ने ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस (BCI) तकनीक में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। बीजिंग की सिंहुआ यूनिवर्सिटी और न्यूराकल टेक्नोलॉजी द्वारा विकसित ‘NEO’ नामक ब्रेन चिप को सफल क्लिनिकल ट्रायल के बाद व्यावसायिक उपयोग की मंजूरी मिल गई है। रिपोर्ट के अनुसार यह दुनिया की पहली कॉमर्शियल सर्जिकल ब्रेन चिप है। शुरुआती चरण में इसका उपयोग लकवा और स्पाइनल कॉर्ड इंजरी से पीड़ित मरीजों की सहायता के लिए किया जाएगा। अब तक 36 मरीजों पर इसके सफल परीक्षण होने का दावा किया गया है। हालांकि विशेषज्ञों ने न्यूरल डेटा की सुरक्षा, प्राइवेसी और संभावित हैकिंग जैसे जोखिमों को लेकर चिंता भी जताई है। फिलहाल इलॉन मस्क की न्यूरालिंक को व्यावसायिक उपयोग की मंजूरी का इंतजार है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 841 70700 65

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ