Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 12 June 2026 #670 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- दिल्ली : तुगलकाबाद की पांच मंजिला इमारत में भीषण आग, 3 की मौत और 6 झुलसे; पार्किंग से उठी लपटें छत तक पहुंचीं
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत में आग लगने से एक युवक और दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायर विभाग के अनुसार आग रात करीब 2:35 बजे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से शुरू हुई और धुएं व लपटों ने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। संकरी गली होने से राहत कार्य में दिक्कत आई, लेकिन दमकल कर्मियों ने छत का ताला तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल जल गईं। स्थानीय लोगों ने भी साड़ियों और पीछे की ग्रिल काटकर कई लोगों को बचाने में मदद की।
2- अमेरिका : उम्र बढ़ने की प्रक्रिया रोकने वाली थेरेपी का इंसानों पर पहला ट्रायल शुरू, ग्लूकोमा मरीज की आंख में लगाया गया इंजेक्शन
मेडिकल साइंस में ‘रिवर्स-एजिंग’ यानी उम्र बढ़ने के प्रभाव को कम करने वाली तकनीक का पहला मानव परीक्षण शुरू हो गया है। अमेरिका के बोस्टन स्थित बायोटेक स्टार्टअप ‘लाइफ बायोसाइंसेज’ ने ग्लूकोमा (काला मोतिया) से पीड़ित एक मरीज की आंख में सेल्यूलर रीप्रोग्रामिंग आधारित जीन थेरेपी इंजेक्शन लगाया है। वैज्ञानिक अगले छह महीनों तक इसके प्रभाव और संभावित साइड इफेक्ट्स की निगरानी करेंगे। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक कमजोर और बूढ़ी हो चुकी कोशिकाओं को दोबारा युवा व सक्रिय बनाने में मदद कर सकती है। इससे पहले चूहों और बंदरों पर हुए परीक्षणों में सकारात्मक परिणाम सामने आए थे। सफल होने पर इसे एजिंग थेरेपी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
3- उत्तराखंड : ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए नई नीति की तैयारी, रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा; गाइड और टूर ऑपरेटर की जवाबदेही तय होगी
उत्तराखंड सरकार ट्रेकिंग और पर्वतारोहण गतिविधियों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पहली बार एक समग्र नीति लाने की तैयारी में है। वन विभाग ने इसका मसौदा तैयार कर शासन को भेज दिया है। प्रस्तावित नीति के तहत ट्रेकर्स, गाइड, पोर्टर और टूर ऑपरेटरों का पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा। दुर्घटना, खराब मौसम या किसी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को देना भी जरूरी होगा। कठिन ट्रेक के लिए फिटनेस और अनुभव के मानक तय किए जा सकते हैं। इसके अलावा एक डिजिटल पोर्टल विकसित किया जाएगा, जहां रजिस्ट्रेशन, अनुमति, सत्यापन और रिपोर्टिंग जैसी सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन होंगी। सरकार का उद्देश्य ट्रेकिंग के दौरान होने वाले हादसों को कम करना और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
4- उत्तराखंड खेल : राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ, 243 खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
38वें राष्ट्रीय खेलों में 130 पदक जीतकर इतिहास रचने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शिक्षा विभाग ने स्वर्ण पदक विजेताओं की नियुक्ति के लिए सहायक अध्यापक (व्यायाम) पद को डाउनग्रेड करने पर सहमति जता दी है। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के अनुसार अब केवल औपचारिक प्रक्रियाएं शेष हैं। प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने की योजना है। हालांकि नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों को चार वर्ष के भीतर आवश्यक शैक्षिक योग्यता पूरी करनी होगी। लंबे समय से ग्रेड वेतन से जुड़ी तकनीकी बाधा के कारण मामला अटका हुआ था, जो अब दूर होती दिखाई दे रही है।
5- उत्तराखंड शिक्षा : साल में दो बार UTET कराने की तैयारी, टीईटी न होने से हजारों शिक्षकों की नौकरी और पदोन्नति पर संकट
उत्तराखंड सरकार केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) की तर्ज पर अब वर्ष में दो बार उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (UTET) आयोजित करने की तैयारी कर रही है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षकों को अधिक अवसर देने और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस दिशा में काम किया जा रहा है। वर्तमान व्यवस्था में यूटीईटी वर्ष में केवल एक बार आयोजित होती है, जबकि कक्षा 1 से 8 तक के शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। परीक्षा के सीमित अवसरों के कारण हजारों शिक्षकों की नौकरी और पदोन्नति पर संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। सरकार अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- ऋषिकेश रेल हादसा : उज्जैनी एक्सप्रेस डिरेलमेंट मामले में 8 कर्मचारियों पर चार्जशीट, लोको पायलट हटाया गया; सात अन्य पर भी कार्रवाई तय
उत्तराखंड के ऋषिकेश में 18 मई को खांड गांव के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के इंजन और तीन कोच पटरी से उतरने के मामले में रेलवे ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर लोको पायलट को हटाकर चंदौसी भेज दिया गया है तथा ऑपरेटिंग, सीएनडब्ल्यू और लोको विभाग के कुल 8 कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसे के समय ट्रेन शंटिंग के लिए खड़ी थी और खाली थी। जांच में कथित तौर पर लोको पायलट की गैरमौजूदगी में ट्रेन के चेन और गुटके हटाने की बात सामने आई है। आरोपित कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने के लिए एक माह का समय दिया गया है। रेलवे ने संकेत दिए हैं कि इस महीने आगे भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
2- हल्द्वानी : स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार का भंडाफोड़, आधी रात छापे में 3 युवक और कई युवतियां हिरासत में
हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTT) ने गुरुवार देर रात छापा मारकर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर हुई कार्रवाई में पुलिस को सेंटर के अंदर कई युवक-युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने मौके से तीन युवकों समेत कई युवतियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से बाहरी लड़कियों को बुलाकर संदिग्ध गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर सीओ अमित सैनी और कोतवाल विजय मेहता की अगुवाई में कार्रवाई की गई। पुलिस मामले में स्पा संचालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
3- अहमदाबाद विमान हादसा : एक साल बाद इकलौते जीवित बचे यात्री की भावुक अपील, बोले- सच सामने आना चाहिए
12 जून 2025 को हुए एअर इंडिया AI171 विमान हादसे की पहली बरसी पर हादसे के एकमात्र जीवित बचे यात्री विश्वास कुमार रमेश ने जांच रिपोर्ट में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है। हादसे में 260 लोगों की मौत हुई थी, जबकि विश्वास अकेले जीवित बचे थे और उन्होंने अपने भाई को भी खोया था। उन्होंने कहा कि आज भी हादसे की चीखें और भयावह दृश्य उनका पीछा नहीं छोड़ते। शुरुआती जांच में टेक-ऑफ के तुरंत बाद दोनों फ्यूल स्विच कट-ऑफ स्थिति में आने की बात कही गई थी, लेकिन इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। विश्वास ने कहा कि पीड़ित परिवारों को यह जानने का अधिकार है कि उस दिन वास्तव में क्या हुआ था।
4- सुप्रीम कोर्ट : गृहिणियां सिर्फ होममेकर नहीं, राष्ट्र निर्माता हैं; सड़क हादसों में मुआवजे के लिए ₹30 हजार मासिक आय मानने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि सड़क दुर्घटना में किसी गृहिणी की मृत्यु होने पर उसके घरेलू श्रम का न्यूनतम मूल्य ₹30 हजार प्रतिमाह माना जाएगा। जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की बेंच ने कहा कि गृहिणियों का योगदान केवल घर तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कोर्ट ने हरियाणा के वर्ष 2001 के एक सड़क हादसे के मामले में मृत महिला के पति को लगभग ₹62.77 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया। साथ ही अदालत ने कहा कि मोटर दुर्घटना मुआवजा मामलों का निपटारा सामान्यतः एक वर्ष के भीतर होना चाहिए और वर्षों तक लंबित रहने वाले मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
5- पश्चिम एशिया तनाव : ट्रम्प ने ईरान पर प्रस्तावित हमला रोका, बोले- दोनों देशों के बीच बातचीत उच्च स्तर तक पहुंची
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार रात ईरान के खिलाफ प्रस्तावित हवाई हमलों और बमबारी को रद्द करने की घोषणा की। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत ईरानी नेतृत्व के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुकी है तथा आवश्यक मंजूरियां मिल गई हैं। इससे पहले उन्होंने ईरान के तेल निर्यात केंद्रों पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। दूसरी ओर क्षेत्रीय तनाव बना हुआ है। जॉर्डन ने ईरानी मिसाइलें मार गिराने का दावा किया है, जबकि ईरान समर्थित मीडिया ने अमेरिकी MQ-9 ड्रोन गिराने की खबर दी है। भारत ने भी भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर कथित अमेरिकी हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है और सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 841 70700 65
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें