Uttrakhand News - Morning News Bulletin Uttrakhand - 09 June 2026 #670 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तराखंड एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- राष्ट्रीय राजनीति : सत्ता में 12 साल पूरे, आज नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी पर पीएम मोदी; जनधन, UPI, जीएसटी और अनुच्छेद-370 हटाना प्रमुख उपलब्धियों में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2026 तक लगातार 4398 दिन बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री शासन कर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 10 जून को वह इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते, UPI आधारित डिजिटल भुगतान क्रांति, जीएसटी लागू करना, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, कोविड टीकाकरण अभियान तथा चंद्रयान-3 जैसी उपलब्धियों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया जा रहा है।

2- विशाखापट्टनम : स्टील प्लांट में पिघला लोहा मजदूरों पर गिरा, 8 की मौत; क्रेन से ले जाते समय बिगड़ा संतुलन
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) के स्टील प्लांट में सोमवार शाम बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा क्रेन से एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था, तभी कथित तौर पर बकेट का संतुलन बिगड़ गया और गर्म धातु नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गई। हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

3- रुद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पहाड़ी से गिरा बोल्डर, सितारगंज की महिला श्रद्धालु की मौत
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर जंगलचट्टी स्थित चीरबासा हेलीपैड के पास सोमवार दोपहर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक महिला यात्री की मौत हो गई। मृतका की पहचान ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज निवासी मीनाक्षी रौतेला के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ बाबा केदार के दर्शन कर गौरीकुंड लौट रही थीं, तभी अचानक गिरा बोल्डर उन्हें लग गया। गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह में चीरबासा क्षेत्र में यह दूसरी ऐसी घटना है।

4- उत्तराखंड : नैनीताल, मसूरी और कर्णप्रयाग के 80% भवन भूकंप के लिहाज से संवेदनशील, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता
फिलीपींस में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद उत्तराखंड में भी भूकंपीय जोखिम को लेकर चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) रुड़की के अध्ययन के अनुसार नैनीताल, मसूरी और कर्णप्रयाग में सर्वे किए गए करीब 80 प्रतिशत भवन भूकंप के प्रति संवेदनशील पाए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तराखंड ‘सेंट्रल सिस्मिक गैप’ क्षेत्र में स्थित है, जहां लंबे समय से बड़ा भूकंप दर्ज नहीं हुआ लेकिन भूगर्भीय तनाव लगातार बढ़ रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के निरंतर टकराव से हिमालय के नीचे ऊर्जा जमा हो रही है। हालांकि विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि भूकंप की सटीक भविष्यवाणी संभव नहीं है, लेकिन बेहतर तैयारी और भूकंपरोधी निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

5- हरिद्वार : घर की पानी की टंकी से निकले 27 सांप के बच्चे, पानी बंद होने पर खुला हैरान करने वाला राज
हरिद्वार के सराय गांव में एक परिवार उस समय दहशत में आ गया जब घर की पानी की टंकी में एक साथ 27 सांप के बच्चे मिले। घटना का पता तब चला जब मुख्य लाइन में पानी आने के बावजूद टंकी से पानी नहीं निकल रहा था। परिवार ने टंकी में झांककर देखा तो अंदर दर्जनों सांप के बच्चे दिखाई दिए। सूचना पर वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया टीम और स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी 27 सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वन विभाग के अनुसार ये कीलबैक प्रजाति के पानी वाले सांप हैं, जो सामान्यतः इंसानों के लिए अधिक खतरनाक नहीं माने जाते। सभी सांपों को बाद में सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- दिल्ली होटल अग्निकांड : आरोपी कुक केशव नेगी की जमानत याचिका खारिज, कोर्ट बोला- जांच अभी अधूरी; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी होटल अग्निकांड मामले में साकेत कोर्ट ने गिरफ्तार कुक केशव नेगी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और कई पहलुओं की पड़ताल बाकी है। पुलिस के अनुसार आग में होटल के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट हो गए, जिससे जांच प्रभावित हुई है। वहीं बचाव पक्ष ने दावा किया कि नेगी ने केवल चाय बनाई थी और विस्फोट होते ही प्रबंधन को सूचना दी थी। इस मामले को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक बहस भी तेज है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने केशव नेगी को न्याय दिलाने की बात कही है।

2- हल्द्वानी : तेज रफ्तार केंटर की टक्कर से 13 वर्षीय बच्ची की मौत, छुट्टियां बिताने नानी के घर आई थी हदिया
हल्द्वानी के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम एक तेज रफ्तार केंटर की टक्कर से 13 वर्षीय हदिया की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा तब हुआ जब मुरादाबाद निवासी हदिया अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। टक्कर के बाद बच्ची केंटर के पहिए की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। मृतका के पिता अब्दुल रहमान सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। पुलिस ने केंटर और चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

3- पश्चिम बंगाल : TMC में बड़ा राजनीतिक संकट, 28 में से 20 लोकसभा सांसदों के NDA समर्थन का दावा; स्पीकर को भेजा पत्र
पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी बगावत और गहरा गई है। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, लोकसभा में पार्टी के 28 सांसदों में से 20 सांसदों ने NDA सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। पूर्व टीएमसी नेता काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेज दिया गया है और अलग संसदीय ब्लॉक के रूप में मान्यता मांगी गई है। इससे पहले 58 विधायक भी अलग गुट बना चुके हैं। हालांकि टीएमसी ने इन दावों को खारिज करते हुए भाजपा पर दबाव और एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। यदि 20 सांसदों का समर्थन बरकरार रहता है तो लोकसभा में NDA की संख्या बढ़कर 313 तक पहुंच सकती है।

4- पश्चिम एशिया संकट : होर्मुज में जलते जहाज से 24 भारतीय नाविकों का रेस्क्यू, ईरान ने फिलहाल इजराइल पर हमले रोकने की घोषणा की
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास आग की चपेट में आए एक तेल टैंकर से इंडियन नेवी ने 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया है। शुरुआती रिपोर्टों में जहाज पर हमले की आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच ईरान ने घोषणा की है कि उसने फिलहाल इजराइल के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई रोक दी है, लेकिन भविष्य में किसी हमले की स्थिति में कड़ी प्रतिक्रिया की चेतावनी भी दी है। दूसरी ओर अमेरिका युद्धविराम और शांति समझौते की कोशिशों में जुटा हुआ है। क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है तथा हालात पर लगातार नजर रखने की बात कही है।

5- न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर इतिहास रच दिया। यह टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत ने पहली पारी 564/8 पर घोषित की थी, जिसके जवाब में अफगानिस्तान 152 और 112 रन पर सिमट गया। डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार ने मैच में कुल 7 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 तथा कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीमों की सूची में वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ चुका है। अफगानिस्तान के लिए यह टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तराखंड डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head & Team, Uttrakhand Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 841 70700 65

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ