Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 16 June 2026 #980 *ADW*

नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :


1- नई दिल्ली : TMC के 20 सांसदों ने NCPI का दामन थामा, NDA को समर्थन का ऐलान; 3 साल पुरानी पार्टी अचानक राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 28 में से 20 लोकसभा सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय की घोषणा कर दी है और NDA को समर्थन देने की बात कही है। सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अलग संसदीय गुट के रूप में मान्यता और अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की है। वहीं ममता बनर्जी गुट ने इसका विरोध किया है। खास बात यह है कि NCPI की स्थापना 2023 में बंगाल के उत्तिया कुंडू और उनकी पत्नी शेउली कुंडू ने की थी। चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार कभी पार्टी के पास सिर्फ 75 रुपये नकद थे, लेकिन अब 20 सांसदों के शामिल होने से यह राष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई है।


2- नई दिल्ली : AI से 2030 तक 22% नौकरियां प्रभावित होने का अनुमान, कंपनियों का फोकस अब डिग्री नहीं बल्कि AI स्किल्स पर

AI के बढ़ते प्रभाव से रोजगार और शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक 22% नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि 40% कंपनियां अब डिग्री के साथ AI स्किल्स को प्राथमिकता दे रही हैं। इसी बीच चीन ने पिछले चार वर्षों में 12,200 से अधिक पारंपरिक डिग्री प्रोग्राम बंद या निलंबित कर AI, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों के करीब 10,200 नए कोर्स शुरू किए हैं। भारत में भी कर्नाटक सरकार ने सैकड़ों पारंपरिक कोर्स और 1,300 से अधिक सीटों में कटौती की है। विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में केवल डिग्री नहीं, बल्कि AI और प्रैक्टिकल स्किल्स ही रोजगार तय करेंगी।

3- अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की बड़ी कार्रवाई, ट्रस्ट के संदिग्ध कर्मचारियों से 6 घंटे पूछताछ; 2 करोड़ की रिकवरी का दावा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच के लिए गठित एसआईटी सोमवार को अयोध्या पहुंची और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय में कई घंटों तक जांच की। सूत्रों के अनुसार, चोरी के संदेह में 8 से 10 कर्मचारियों को एक कमरे में बैठाकर करीब 6 घंटे पूछताछ की गई। टीम ने ट्रस्ट महासचिव चंपत राय और सदस्य गोपाल राव से भी जानकारी ली। मामले में अब तक 5 लोगों के नाम सामने आए हैं और पुलिस द्वारा करीब 2 करोड़ रुपये बरामद किए जाने का दावा किया गया है। इस बीच मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने कहा है कि मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और श्रद्धालुओं का विश्वास बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

4- उत्तर प्रदेश : बिहार सीमा तक पहुंचा मानसून, 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; 20 से 23 जून के बीच प्रदेश में दस्तक की संभावना

उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सोमवार शाम बदायूं में ओलावृष्टि हुई, जबकि कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून बिहार सीमा तक पहुंच चुका है और 20 से 23 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है।

5- लखनऊ : ग्रीष्मावकाश के बाद आज से खुले परिषदीय विद्यालय, जनगणना और तबादला प्रक्रिया के बीच शिक्षकों पर बढ़ा दबाव

उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालय मंगलवार 16 जून से ग्रीष्मावकाश के बाद फिर खुल गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले दिन को उत्सव के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों का स्वागत तिलक लगाकर किया जाएगा और उन्हें नई कक्षा तथा पाठ्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। हालांकि, बड़ी संख्या में शिक्षक अभी जनगणना कार्यों में लगे हुए हैं, वहीं तबादला प्रक्रिया भी जारी है। शिक्षक संगठनों ने भीषण गर्मी और जनगणना कार्यों का हवाला देते हुए विद्यालय 1 जुलाई से खोलने की मांग की थी। फिलहाल स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे और विभाग ने पेयजल, बिजली, पंखे तथा स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


✳️ अन्य बड़ी खबरें :


1- प्रयागराज : परिवार के 3 लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या, घर के अंदर से बाहर तक पड़ी मिलीं लाशें; प्रेम प्रसंग को लेकर पड़ोसी युवक पर शक

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतकों में श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65) और उनके दो भाइयों की पत्नियां शामिल हैं। सभी के सिर पर किसी भारी धारदार हथियार से हमला किया गया। मंगलवार सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला सुरक्षित मिली हैं, जिन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। परिजनों ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग को लेकर पड़ोस के एक युवक को नामजद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है।

2- आगरा : युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव; दरोगा की वर्दी फाड़ी, गाड़ी तोड़ी और जवानों को आधा किलोमीटर दौड़ाया

आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क हादसे में 23 वर्षीय मनीष की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और ग्रामीणों ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग जाम कर दिया। आरोप है कि तेज रफ्तार थार वाहन ने बाइक और स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें मनीष की मौके पर मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस जब जाम खुलवाने लगी तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया। एक दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई तथा पुलिस वाहन का शीशा तोड़ दिया गया। डीसीपी अभिषेक कुमार अग्रवाल के अनुसार, थार और ट्रैक्टर पुलिस कब्जे में हैं, चालक की पहचान की जा रही है तथा क्षेत्र में फिलहाल शांति है।

3- मुंबई : ‘कुमकुम भाग्य’ फेम अभिनेत्री संचिता उगले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच जारी; इंडस्ट्री पर दबाव के आरोपों की भी चर्चा

टीवी अभिनेत्री संचिता उगले (22) रविवार रात महाराष्ट्र के पालघर स्थित घर में मृत पाई गईं। पुलिस के अनुसार उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला और मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। मौत से कुछ घंटे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक रील भी पोस्ट की थी। घटना के बाद उनके चचेरे भाई ने मीडिया में कथित तौर पर मनोरंजन उद्योग पर दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं, जबकि सह-कलाकार उज्ज्वल शर्मा ने सोशल मीडिया पर चल रही कुछ अफवाहों को खारिज किया है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


4- नई दिल्ली : देश के अहम ठिकानों पर ड्रोन हमले की आशंका, केंद्र ने बढ़ाई सतर्कता; BSF-CISF और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

केंद्र सरकार ने सीमावर्ती और रणनीतिक महत्व के ठिकानों पर संभावित ड्रोन हमलों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। जहाज एवं जलमार्ग मंत्रालय की समुद्री सुरक्षा शाखा ने चेतावनी जारी करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने पर जोर दिया है। BSF, CISF, DRDO, IB और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमें विभिन्न महत्वपूर्ण ठिकानों का आकलन कर रही हैं। पंजाब सीमा समेत कई इलाकों में एंटी-ड्रोन सिस्टम के परीक्षण भी शुरू हो चुके हैं। सरकार का उद्देश्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों और बुनियादी ढांचे को ड्रोन आधारित खतरों से सुरक्षित करना है।


5- लखनऊ : मानसून की रफ्तार थमी, UP समेत 16 राज्यों में बारिश का इंतजार; कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 15 जून के बीच सामान्य से 64% कम बारिश दर्ज की गई है और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, दिल्ली समेत 16 राज्यों में मानसून की प्रतीक्षा बढ़ गई है। राजस्थान में रेतीले बवंडर और दिल्ली में 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी दर्ज की गई। यूपी में आज 32 जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 20 जून के बीच मानसून के पूर्वी यूपी के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।


⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।

By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India

Desk WhatsApp : +91 888 7070 140

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…

टिप्पणियाँ