Uttar Pradesh News - Morning News Bulletin Uttar Pradesh - 17 June 2026 #980 *ADW*
नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा 3 वर्ष से प्रसारित हो रहे आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं उत्तर प्रदेश एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 बुलेटिन खबरें :
1- नागपुर : एयरफोर्स अफसर की पत्नी से कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और धर्मांतरण का दबाव; 2 आरोपी गिरफ्तार, मौलाना फरार
नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व सहपाठी अयाज ताज मदारे समेत तीन लोगों पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार फरवरी 2025 में प्लॉट खरीदने के बहाने संपर्क कर उसे होटल बुलाया गया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। महिला का दावा है कि उससे करीब 4 लाख रुपये भी वसूले गए। शिकायत के आधार पर सोनेगांव पुलिस ने अयाज और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा निवासी एक मौलाना फरार है। पुलिस ने रेप, जबरन धर्मांतरण, ब्लैकमेलिंग और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2- नई दिल्ली : कफ सिरप की बिक्री पर सख्ती, अब डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के बिना नहीं मिलेगी दवा
केंद्र सरकार ने दवा बिक्री नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए कफ सिरप को उन दवाओं की सूची से हटा दिया है, जिन्हें विशेष छूट के तहत बेचा जा सकता था। नए नियम के बाद कफ सिरप केवल वैध लाइसेंस प्राप्त दवा दुकानों से और डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर ही खरीदी जा सकेगी। सरकार का कहना है कि इससे गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी मजबूत होगी। यह फैसला अक्टूबर 2025 में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में दूषित कफ सिरप से 26 बच्चों की मौत के बाद दवा सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंताओं के बीच लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संशोधन से पहले सार्वजनिक सुझाव भी मांगे गए थे और ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड से परामर्श किया गया था।
3- उत्तर प्रदेश : मोहर्रम में शक्ति प्रदर्शन पर रोक, NEET अभ्यर्थियों को रोडवेज बस किराये में 50 प्रतिशत छूट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहर्रम और आगामी आयोजनों को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। हथियारों के प्रदर्शन, नई परंपराओं, तेज डीजे और कानफोड़ू ध्वनि पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। वहीं 21 जून को होने वाली NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यूपी रोडवेज बसों में किराये पर 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की गई है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाकर यह सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
4- आगरा : दरोगा की वर्दी फाड़ने और पुलिस पर पथराव करने वाले 19 आरोपी जेल भेजे गए, हाथ जोड़कर मांगी माफी
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद हुए बवाल और पुलिस पर पथराव मामले में गिरफ्तार 19 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की परेड कराई गई, जहां वे हाथ जोड़कर पुलिसकर्मियों से माफी मांगते दिखाई दिए। सोमवार को एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने हाईवे जाम कर दिया था। पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने पर भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। घटना में 11 पुलिसकर्मी घायल हुए थे तथा एक दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई थी। पुलिस ने 35 नामजद और करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
5- लखनऊ : रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना में आय सीमा तय करने की तैयारी, 80 प्रतिशत से अधिक अंक वाली छात्राओं को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योजना के तहत राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की लगभग 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं पात्र होंगी। साथ ही परिवार की वार्षिक आय 10 से 12 लाख रुपये से कम रखने का प्रावधान भी प्रस्तावित है। मंत्री ने बताया कि लाभार्थियों को पेट्रोल से चलने वाली स्कूटी दी जाएगी। विभाग पात्र छात्राओं का डाटा जुटा रहा है और नियमावली को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
✳️ अन्य बड़ी खबरें :
1- प्रयागराज : प्रेम प्रसंग में ट्रिपल मर्डर का खुलासा, आरोपी का दावा- गर्लफ्रेंड ने कहा था ताऊ को मारो तभी होगी शादी
प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसकी प्रेमिका ने कथित तौर पर ताऊ श्यामलाल गुप्ता को रास्ते से हटाने के लिए कहा था, क्योंकि वह दोनों के रिश्ते का विरोध करते थे। आरोपी के अनुसार 15 जून की रात वह दो साथियों के साथ श्यामलाल की हत्या करने पहुंचा था, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से अमरावती और इंद्रावती की भी हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी के दावों का तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में श्यामलाल के सिर की पांच हड्डियां टूटने तथा दोनों महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई है।
2- यूपी मौसम : 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, बिहार सीमा पर अटका मानसून; उमस और गर्मी से बढ़ी परेशानी
उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ में सुबह से बादल छाए रहे, जबकि पश्चिमी जिलों में तेज धूप और उमस बनी हुई है। मंगलवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून बिहार सीमा तक पहुंच चुका है और 20 से 25 जून के बीच सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
3- मुंबई : ‘कुमकुम भाग्य’ अभिनेत्री संचिता उगले की मौत की जांच तेज, व्हाट्सएप चैट में मानसिक तनाव के संकेत
टीवी अभिनेत्री संचिता उगले की आत्महत्या के मामले में पुलिस अब उनके मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सएप चैट की जांच कर रही है। सामने आई चैट के अनुसार संचिता अपने भविष्य और करियर को लेकर परेशान थीं तथा उन्हें डायलॉग याद रखने में भी कठिनाई हो रही थी। सह-कलाकार मेघा शर्मा ने भी उनके डिप्रेशन में होने की पुष्टि की है। वहीं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल चैट के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। दूसरी ओर संचिता के पिता ने दावा किया है कि उन पर पैसों को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पालघर में रहने वाली संचिता ने रविवार शाम कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। मामले की जांच जारी है।
4- G7 समिट : होर्मुज क्षेत्र में भारतीयों की मौत का मुद्दा उठाया, मोदी बोले- नाविकों की सुरक्षा वैश्विक जिम्मेदारी
फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होर्मुज क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की मौत का मुद्दा उठाते हुए समुद्री मार्गों की सुरक्षा को वैश्विक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव से जान-माल का नुकसान हुआ है और समुद्री व्यापार प्रभावित होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा है। सत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी मौजूद रहे और दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। आज शाम प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक में भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सम्मेलन के दौरान मोदी ने यूएई, जापान, दक्षिण कोरिया, मिस्र और केन्या के नेताओं से भी अलग-अलग मुलाकात की।
5- नई दिल्ली : रिकॉर्ड पैदावार और सरकारी खरीद से गेहूं-चावल के गोदाम भरे, निर्यात बढ़ने से गेहूं के दाम चढ़े
देश में गेहूं और चावल का सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। चालू फसल वर्ष 2025-26 में 12.06 करोड़ टन गेहूं उत्पादन और 3.5 करोड़ टन सरकारी खरीद के बाद 1 जून तक केंद्रीय पूल में गेहूं का स्टॉक 5.34 करोड़ टन पहुंच गया, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक है। दूसरी ओर चावल का कुल भंडार 6.84 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जो तय बफर लक्ष्य से पांच गुना ज्यादा है। इसी बीच गेहूं के निर्यात में तेज बढ़ोतरी के कारण दिल्ली समेत कई मंडियों में कीमतें दो महीने में करीब 6 प्रतिशत तक बढ़ी हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े भंडार के कारण भारत वैश्विक बाजार में चावल की आपूर्ति मजबूती से जारी रख सकेगा।
⚡ नोट : सभी जनपदों की खबरें उस जनपद के कलस्टर में होंगी जिसका लिंक ग्रुप एवं न्यूज सेक्शन में मिलेगा। इस वक्त आप DBUP इंडिया - उत्तर प्रदेश डेस्क की खबरें पढ़ रहे हैं। कोई भी त्रुटि या सूचना के लिए कृपया उत्तर प्रदेश डेस्क पर संपर्क करें।
By : Bulletin Head Ayush Tiwari & Team, Uttar Pradesh Desk, DBUP India
Desk WhatsApp : +91 888 7070 140
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें