नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
दिल्ली-कश्मीर समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला : कश्मीर-उत्तराखंड में बर्फबारी, दिल्ली-राजस्थान में बूंदाबांदी; यूपी में कोहरा, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट
शनिवार रात कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे रविवार को मैदानी इलाकों में ठंड पड़ने लगी है। हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में अगले दो दिन बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली और राजस्थान में हल्की बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है। दिल्ली के अलावा 10 जिलों में बादल छाए हैं और हल्की बारिश का यलो अलर्ट है। यूपी के 15 शहरों में घना कोहरा छाने से सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रही। अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। मध्य प्रदेश के 19 जिलों में पारा 15 डिग्री से नीचे है, अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इधर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बन सकता है। चक्रवात बना तो इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा, जो एक महीने में बंगाल की खाड़ी से उठा तीसरा तूफान होगा।
केप कैनवेरल : स्पेसएक्स के स्टारशिप ने रचा इतिहास, पहली बार स्पेस से लौटा रॉकेट लॉन्चिंग बेस पर कैच हुआ; बूस्टर फटने से डबल कैच का प्लान फेल
इलॉन मस्क की स्पेस कंपनी स्पेसएक्स के सबसे ताकतवर रॉकेट 'स्टारशिप 15' ने वो कर दिखाया जो आज तक किसी रॉकेट ने नहीं किया। यह रॉकेट 14 नवंबर को टेक्सास स्थित स्टारबेस से भारतीय समयानुसार सुबह 4:15 बजे उड़ा, ऑर्बिट में गया और 26 स्टारलिंक V3 सैटेलाइट डिप्लॉय किए। इसने धरती के 14 चक्कर लगाए और करीब 22 घंटे पृथ्वी की कक्षा में रहा। 15 नवंबर को वापस आकर यह उसी टावर पर उतरा जहां से उड़ा था। दो बड़े रोबोटिक हाथों (चॉपस्टिक आर्म्स) ने इस रॉकेट को पकड़ लिया। यह एक पूरा राउंड ट्रिप है - लॉन्च से ऑर्बिट में जाना और वापस उसी लॉन्च पैड पर आना। हालांकि, स्पेसएक्स का "डबल कैच" प्लान फेल हो गया क्योंकि बूस्टर में वापस आते वक्त टेक्निकल दिक्कत आई और कंट्रोलर ने उसे गल्फ ऑफ मेक्सिको की तरफ डायवर्ट कर दिया, जहां वो फट गया।
कोटद्वार : जंगल में घास लेने गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर भालू का हमला, मौत
पौड़ी गढ़वाल जिले के चरेख गांव में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। घास लेने जंगल गई 52 वर्षीय अंजना देवी पर भालू ने हमला कर दिया। साथ गई महिलाओं ने शोर मचाकर भालू को भगाया, लेकिन गंभीर रूप से घायल अंजना देवी को कोटद्वार बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। अंजना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और बनवीर पुंडीर की पत्नी थीं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। इस घटना के बाद जंगल में चारा लेने जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
देहरादून : पुलिस पर गौकशी आरोपियों ने की फायरिंग, मुठभेड़ में एक गोलीबार, साथी फरार
देहरादून के ठाकुरपुर रोड स्थित टी-स्टेट के पास देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में सहारनपुर निवासी 32 वर्षीय इरशाद के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी शमीम फरार हो गया। घायल इरशाद इसी महीने प्रेमनगर क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं में शामिल था। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, बाइक, कुल्हाड़ी और छुरी बरामद की है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का जायजा लिया।
उत्तराखंड : बद्रीनाथ-हेमकुंड में बर्फबारी, तापमान -8°C के पार; 5 जिलों में आज बारिश के आसार
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ गई है। शनिवार शाम को बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जिससे तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की संभावना है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है। घाटियों में हल्का कोहरा छा सकता है। देहरादून में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है। 20 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
मुंबई : लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव पर NCP-शरद गुट की सहमति, सुप्रिया सुले बोलीं- हर राज्य में बराबर बढ़ेंगी तो देंगे समर्थन
NCP (शरदचंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने के भाजपा के प्रस्ताव का समर्थन करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए विपक्षी नेताओं को बैठक में बुलाया था, जिसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, सुले ने स्पष्ट किया कि NCP-SP ने विधेयक का समर्थन करने का अभी औपचारिक फैसला नहीं लिया है, क्योंकि पार्टी को प्रस्तावित विधेयक की आधिकारिक कॉपी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रस्ताव पर INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ भी चर्चा करना चाहती है। सुले ने बारामती का उदाहरण देते हुए कहा कि मतदाताओं की संख्या 10-12 लाख से बढ़कर 20-22 लाख हो गई है, जिससे हर क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की भी बात कही।
नई दिल्ली : सैम पित्रोदा ने लगाया फोन-लैपटॉप टैपिंग का आरोप, बोले- PM मोदी खुद ऐसा नहीं करेंगे; राहुल गांधी के आरोपों पर बयान
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने दावा किया है कि उनका फोन और लैपटॉप टैप किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि PM नरेंद्र मोदी खुद ऐसा नहीं करते। NDTV को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'PM खुद स्क्रूड्राइवर लेकर ऐसा नहीं कर रहे।' हालांकि, पित्रोदा ने यह नहीं बताया कि इसके पीछे किसका हाथ है। यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी उनका मोबाइल फोन टैप कर रहे हैं। पित्रोदा ने कहा कि राजनीति की लड़ाई को निजी रिश्तों पर हावी नहीं होने देना चाहिए और PM मोदी के साथ उनके निजी रिश्ते अच्छे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में धर्म को राजनीति से ऊपर नहीं रखना चाहिए। बता दें कि 12 नवंबर को दिवाली के मौके पर PM मोदी और पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी थीं।
बेंगलुरु : कर्नाटक में 7 साल बाद जिंदा मिली लापता महिला, पिता ने माना था मर्डर हुआ; जिस पर हत्या का आरोप लगाया, उसी ने खोज निकाला
कर्नाटक के मांड्या जिले में 7 साल पहले लापता हुई महिला जिंदा मिल गई है। महिला को ढूंढने वाला कोई और नहीं बल्कि वही शख्स है जो उसके हत्या के आरोप में जेल में रहा। मामला 3 जुलाई 2019 का है जब मांड्या के पांडवपुरा इलाके की रहने वाली मंजू अपने पिता का घर छोड़कर चली गई थी। मंजू के घर नहीं लौटने पर उसके पिता नागराजू ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। 2021 में नागराजू ने हत्या का केस दर्ज कराया, जिसमें आरोप लगाया कि राजेश ने मंजू का अपहरण किया, हत्या की और शव कावेरी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार किया, लेकिन शव कभी नहीं मिला। इसके बावजूद राजेश को करीब ढाई साल जेल में बिताने पड़े। जमानत पर बाहर आने के बाद राजेश की कानूनी टीम ने मंजू को मांड्या के नागमंगला इलाके के पास खोज निकाला, जहां वह अपने पति के साथ रह रही थी। मंजू ने पुलिस को बताया कि वह राजेश को जानती तक नहीं है और वह पूरी तरह निर्दोष है। राजेश के परिवार ने नागराजू और रिटायर्ड इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ऋषिकेश : स्कूल बस का ब्रेक फेल, खाई में लटकी बस; 27 बच्चों की बाल-बाल बची जान, तीन घायल
उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। फिरोजाबाद से पिकनिक मनाने आए पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस (UP 83 AT 8300) का मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर ब्रेक फेल हो गया। बस बेकाबू होकर दीवार से टकराई और उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। बस में 27 बच्चों समेत कुल 30 लोग सवार थे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में ड्राइवर जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और प्रिंसिपल रजनी सारस्वत घायल हुए हैं। पुलिस ने बच्चों को मधुबन आश्रम में ठहराया है। यह सड़क ढलान के कारण पहले भी हादसों का सबब रही है।
लंदन/नई दिल्ली : कैप्टन अजय पंत की सुनवाई पूरी, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा; 153 दिन से कैद में
उत्तराखंड के मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत के मामले में लंदन की साउथवार्क क्राउन कोर्ट में शुक्रवार को तीन दिन की सुनवाई पूरी हो गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश अजय पंत ने खुद को निर्दोष बताया। कोर्ट ने अभी फैसला नहीं सुनाया है और सुनवाई की जानकारी सार्वजनिक करने पर रोक लगाई है। अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 से जूरी ट्रायल के रूप में होगी। अजय पंत को 14 जून को ब्रिटिश अधिकारियों ने रूस से तेल लेकर आ रहे टैंकर एमवी स्मिर्टोस से गिरफ्तार किया था। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह परिवार और वकीलों के संपर्क में है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. भगवान बिरसा मुंडा का जन्म – 1875
15 नवंबर 1875 को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा का जन्म झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन और आदिवासियों के शोषण के खिलाफ 'उलगुलान' आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके सम्मान में हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।
2. झारखंड बना भारत का 28वाँ राज्य – 2000
15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड भारत का 28वाँ राज्य बना। लंबे समय से चल रहे अलग राज्य के आंदोलन के बाद झारखंड को यह पहचान मिली। इसी कारण हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है।
3. सचिन तेंदुलकर ने किया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण – 1989
15 नवंबर 1989 को महज 16 वर्ष की उम्र में सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ कराची में अपना पहला टेस्ट मैच खेला। इसी के साथ भारतीय क्रिकेट के एक ऐतिहासिक सफर की शुरुआत हुई, जिसने आगे चलकर उन्हें क्रिकेट का महान खिलाड़ी बना दिया।