नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
दिल्ली-कश्मीर समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला : कश्मीर-उत्तराखंड में बर्फबारी, दिल्ली-राजस्थान में बूंदाबांदी; यूपी में कोहरा, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्
शनिवार रात कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हुई, जिससे रविवार को मैदानी इलाकों में ठंड पड़ने लगी है। हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में अगले दो दिन बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली और राजस्थान में हल्की बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है। दिल्ली के अलावा 10 जिलों में बादल छाए हैं और हल्की बारिश का यलो अलर्ट है। यूपी के 15 शहरों में घना कोहरा छाने से सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम रही। अगले दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। मध्य प्रदेश के 19 जिलों में पारा 15 डिग्री से नीचे है, अनूपपुर के अमरकंटक में सबसे कम 10.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इधर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान बन सकता है। चक्रवात बना तो इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा, जो एक महीने में बंगाल की खाड़ी से उठा तीसरा तूफान होगा।
स्पेसएक्स के स्टारशिप ने रचा इतिहास, पहली बार स्पेस से लौटा रॉकेट लॉन्चिंग बेस पर कैच हुआ; बूस्टर फटने से डबल कैच का प्लान फेल
इलॉन मस्क की स्पेस कंपनी स्पेसएक्स के सबसे ताकतवर रॉकेट 'स्टारशिप 15' ने वो कर दिखाया जो आज तक किसी रॉकेट ने नहीं किया। यह रॉकेट 14 नवंबर को टेक्सास स्थित स्टारबेस से भारतीय समयानुसार सुबह 4:15 बजे उड़ा, ऑर्बिट में गया और 26 स्टारलिंक V3 सैटेलाइट डिप्लॉय किए। इसने धरती के 14 चक्कर लगाए और करीब 22 घंटे पृथ्वी की कक्षा में रहा। 15 नवंबर को वापस आकर यह उसी टावर पर उतरा जहां से उड़ा था। दो बड़े रोबोटिक हाथों (चॉपस्टिक आर्म्स) ने इस रॉकेट को पकड़ लिया। यह एक पूरा राउंड ट्रिप है - लॉन्च से ऑर्बिट में जाना और वापस उसी लॉन्च पैड पर आना। हालांकि, स्पेसएक्स का "डबल कैच" प्लान फेल हो गया क्योंकि बूस्टर में वापस आते वक्त टेक्निकल दिक्कत आई और कंट्रोलर ने उसे गल्फ ऑफ मेक्सिको की तरफ डायवर्ट कर दिया, जहां वो फट गया।
बलिया: चितबड़ागांव थाने में तैनात दरोगा ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
बलिया में शनिवार शाम एक दरोगा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान संदीप कुमार प्रजापति (28) के रूप में हुई है। वह 11 महीने से चितबड़ागांव थाने में तैनात थे। पुलिस के मुताबिक, संदीप ने धर्मापुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटनास्थल के पास उनकी बुलेट बाइक खड़ी मिली। संदीप संतकबीरनगर जिले के बरांव गांव के रहने वाले थे। वह 2023 पुलिस बैच के दरोगा थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यूपी मौसम: पश्चिमी यूपी के 17 शहरों में आज बारिश का अलर्ट, पूर्वांचल में घने कोहरे से विजिबिलिटी प्रभावित
यूपी में मौसम फिर से बदलने वाला है। पहाड़ों पर बर्फबारी और नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से फिर से बारिश होगी। आज रविवार को नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी के 17 शहरों में बारिश का अलर्ट है। मुरादाबाद, गोरखपुर, कुशीनगर, मऊ और बलिया समेत पूर्वी यूपी के 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 10 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 15 नवंबर को पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार हैं। 16 से 18 नवंबर के बीच तापमान में 3°C से 5°C तक गिरावट आने की संभावना है।
कानपुर: कागज कारोबारी के बेटे की अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरकर मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कानपुर के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। छठी मंजिल से गिरकर गुरु कृपा पेपर के मालिक के 22 वर्षीय इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत हो गई। संभव शनिवार शाम करीब पांच बजे अपार्टमेंट पहुंचा था। बताया गया कि वह बी-2 टावर की छठी मंजिल पर रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। परिजनों ने शरीर पर चोटों के निशान देखकर मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की। मामले में महिला मित्र, उसकी मां, छोटे भाई और मुंहबोले मामा समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
मुंबई : लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव पर NCP-शरद गुट की सहमति, सुप्रिया सुले बोलीं- हर राज्य में बराबर बढ़ेंगी तो देंगे समर्थन
NCP (शरदचंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाने के भाजपा के प्रस्ताव का समर्थन करने को तैयार है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने परिसीमन विधेयक पर चर्चा के लिए विपक्षी नेताओं को बैठक में बुलाया था, जिसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, सुले ने स्पष्ट किया कि NCP-SP ने विधेयक का समर्थन करने का अभी औपचारिक फैसला नहीं लिया है, क्योंकि पार्टी को प्रस्तावित विधेयक की आधिकारिक कॉपी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस प्रस्ताव पर INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ भी चर्चा करना चाहती है। सुले ने बारामती का उदाहरण देते हुए कहा कि मतदाताओं की संख्या 10-12 लाख से बढ़कर 20-22 लाख हो गई है, जिससे हर क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की भी बात कही।
नई दिल्ली : सैम पित्रोदा ने लगाया फोन-लैपटॉप टैपिंग का आरोप, बोले- PM मोदी खुद ऐसा नहीं करेंगे; राहुल गांधी के आरोपों पर बयान
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने दावा किया है कि उनका फोन और लैपटॉप टैप किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि PM नरेंद्र मोदी खुद ऐसा नहीं करते। NDTV को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'PM खुद स्क्रूड्राइवर लेकर ऐसा नहीं कर रहे।' हालांकि, पित्रोदा ने यह नहीं बताया कि इसके पीछे किसका हाथ है। यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी उनका मोबाइल फोन टैप कर रहे हैं। पित्रोदा ने कहा कि राजनीति की लड़ाई को निजी रिश्तों पर हावी नहीं होने देना चाहिए और PM मोदी के साथ उनके निजी रिश्ते अच्छे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में धर्म को राजनीति से ऊपर नहीं रखना चाहिए। बता दें कि 12 नवंबर को दिवाली के मौके पर PM मोदी और पित्रोदा ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी थीं।
बेंगलुरु : कर्नाटक में 7 साल बाद जिंदा मिली लापता महिला, पिता ने माना था मर्डर हुआ; जिस पर हत्या का आरोप लगाया, उसी ने खोज निकाला
कर्नाटक के मांड्या जिले में 7 साल पहले लापता हुई महिला जिंदा मिल गई है। महिला को ढूंढने वाला कोई और नहीं बल्कि वही शख्स है जो उसके हत्या के आरोप में जेल में रहा। मामला 3 जुलाई 2019 का है जब मांड्या के पांडवपुरा इलाके की रहने वाली मंजू अपने पिता का घर छोड़कर चली गई थी। मंजू के घर नहीं लौटने पर उसके पिता नागराजू ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। 2021 में नागराजू ने हत्या का केस दर्ज कराया, जिसमें आरोप लगाया कि राजेश ने मंजू का अपहरण किया, हत्या की और शव कावेरी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार किया, लेकिन शव कभी नहीं मिला। इसके बावजूद राजेश को करीब ढाई साल जेल में बिताने पड़े। जमानत पर बाहर आने के बाद राजेश की कानूनी टीम ने मंजू को मांड्या के नागमंगला इलाके के पास खोज निकाला, जहां वह अपने पति के साथ रह रही थी। मंजू ने पुलिस को बताया कि वह राजेश को जानती तक नहीं है और वह पूरी तरह निर्दोष है। राजेश के परिवार ने नागराजू और रिटायर्ड इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रयागराज: छठ महापर्व के तीसरे दिन आज संगम सहित गंगा घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं, प्रशासन अलर्ट
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को संगमनगरी में संगम सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना करेंगी। संगम घाट से लेकर फाफामऊ तक घाटों पर साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। घाटों पर बैरिकेडिंग और जल पुलिस की तैनाती की गई है। शहर में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। छठ के तीसरे दिन को संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इस दिन व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं। चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
मऊ: विदाई के 12 घंटे बाद दुल्हन की मौत, भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मऊ में विदाई के 12 घंटे बाद 23 साल की दुल्हन की मौत हो गई। भाई का आरोप है कि 28 साल के दूल्हे ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या की है। उसे दहेज में बाइक और 50 हजार रुपए और चाहिए थे। दुल्हन आस्का ने 7 महीने पहले इंस्टाग्राम के दोस्त हरिश्चंद्र से लव-मैरिज की थी। शुक्रवार रात 10 बजे दूल्हा हरिश्चंद्र विदाई कराके आस्का को पहली बार ससुराल ले गया। शनिवार सुबह 10 बजे घटना की जानकारी मिली। आस्का के भाई गुड्डू चौहान ने बताया कि बहन के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने पति हरिश्चंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कोतवाल रवींद्रनाथ राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
📢 ADVERTISEMENT -
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. भगवान बिरसा मुंडा का जन्म – 1875
15 नवंबर 1875 को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा का जन्म झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन और आदिवासियों के शोषण के खिलाफ 'उलगुलान' आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके सम्मान में हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।
2. झारखंड बना भारत का 28वाँ राज्य – 2000
15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड भारत का 28वाँ राज्य बना। लंबे समय से चल रहे अलग राज्य के आंदोलन के बाद झारखंड को यह पहचान मिली। इसी कारण हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है।
3.सचिन तेंदुलकर ने किया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण
15 नवंबर 1989 को महज 16 वर्ष की उम्र में सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के खिलाफ कराची में अपना पहला टेस्ट मैच खेला। इसी के साथ भारतीय क्रिकेट के एक ऐतिहासिक सफर की शुरुआत हुई, जिसने आगे चलकर उन्हें क्रिकेट का महान खिलाड़ी बना दिया।