चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
पंजाब: AAP के दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी, आज BJP में शामिल होंगे; केजरीवाल की गारंटियां अधूरी होने का दावा
चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ दी है। दोनों ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने नशा, फसलों पर MSP, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जो गारंटियां दी थीं, वे पूरी नहीं हुईं। जौड़ामाजरा पहले AAP सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं, पठानमाजरा पर कथित तौर पर रेप का केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया फरार हो गए थे और जांच में शामिल होने पर गिरफ्तार हुए थे। दोनों विधायक आज दिल्ली में BJP में शामिल होंगे। पठानमाजरा ने दावा किया कि पंजाब पर 4.83 लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है।
चक्रवात मुरासु: 3 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा, 120 किमी प्रति घंटे तक हवाएं; ओडिशा के दो जिलों में बाढ़
बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव का क्षेत्र चक्रवात मुरासु में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100-110 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 26 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब उठा था, जो 28 अक्टूबर को आंध्र तट से टकराया। ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ जैसे हालात हैं। नए तूफान से फिर भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा सरकार ने निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है। 2 नवंबर को आंध्र में रेड अलर्ट और रायलसीमा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून/उत्तरकाशी : केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन के बीच फंसे 12 सदस्यीय दल के 8 लोग अब भी लापता, NIM की हाई एल्टीट्यूड टीम और ड्रोन से तलाश तेज
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के बीच फंसे 12 सदस्यीय ट्रैकिंग दल के 8 सदस्यों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। लापता लोगों में 7 ट्रैकर और एक गाइड शामिल हैं। 31 अक्टूबर को बचाव दल ने 3 पोर्टर और एक कुक को कच्ची ढांग के पास से सुरक्षित निकाल लिया था। 1 नवंबर को हेलीकॉप्टर से घटनास्थल की दो बार रेकी की गई, लेकिन न तो कोई ट्रैकर दिखा और न ही उनका सामान मिला। खराब मौसम के कारण हेली रेस्क्यू रोकना पड़ा। अब 2 नवंबर को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की 5 सदस्यीय हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजने और ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी है। 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था।
देहरादून : उत्तराखंड में 15 साल से रह रहे लोगों को भी मिलेगी देवभूमि परिवार आईडी, CM धामी आज करेंगे पोर्टल का शुभारंभ; हर परिवार का एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा
उत्तराखंड में अब केवल मूल निवासियों को ही नहीं, बल्कि पिछले 15 साल से राज्य में रह रहे नागरिकों को भी देवभूमि परिवार आईडी मिल सकेगी। तत्कालीन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह की मंजूरी के बाद देवभूमि परिवार अधिनियम 2026 लागू हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को देवभूमि परिवार पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत राज्य के हर परिवार का एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी एक ही आईडी से जुड़ेगी। अधिनियम में 18 वर्ष या अधिक आयु की परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना गया है। डेटा में सेंधमारी पर 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
देहरादून : चमोली हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद दो पायलट अनिवार्य करने के नए नियमों का विरोध, चारधाम में आज हेली सेवाएं बंद; ऑपरेटरों ने DGCA को भेजा पत्र
चमोली में शुक्रवार को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश के बाद उत्तराखंड में चारधाम हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर नए नियम लागू होने से पहले ही विवाद शुरू हो गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) ने चार्टर हेलिकॉप्टर सेवाओं में दो पायलट अनिवार्य करने समेत कई नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो 2 नवंबर से लागू होने हैं। इनका विरोध करते हुए 11 हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों ने सोमवार से चार्टर सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी है। ऑपरेटरों का दावा है कि दो पायलट अनिवार्य करने से संचालन का खर्च काफी बढ़ जाएगा। इसके चलते सोमवार को चमोली, गंगोत्री और यमुनोत्री में हेली सेवाएं बंद हैं, जबकि केदारनाथ में लंबी दूरी की पर्सनल चार्टर सेवाओं का संचालन नहीं हो रहा है। उधर, शुक्रवार के हादसे की जांच AAIB कर रहा है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
नई दिल्ली: PM मोदी सोमवार को रिन्यूएबल एनर्जी समिट का करेंगे उद्घाटन; 130 देश होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय समिट 2 से 5 नवंबर 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होगी। इसकी थीम 'इन्वेस्ट, इनोवेट, इंस्पायर' रखी गई है। मोदी शाम करीब 4:30 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे। समिट में 130 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें 40 से अधिक मंत्री भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी सहित कई देश कंट्री पार्टनर के रूप में हिस्सा लेंगे। 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी रिन्यूबल एनर्जी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारत की कुल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता करीब 299.25 गीगावॉट है।
भाजपा का दावा- कांग्रेस में बने दो गुट, राहुल-प्रियंका में मतभेद; INDIA ब्लॉक रैली में प्रियंका ने नहीं दिया भाषण
नई दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस में दो गुट बन चुके हैं, जिसकी वजह राहुल और प्रियंका गांधी के बीच मतभेद है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल ने अपनी बहन को INDIA ब्लॉक के दो प्रदर्शनों में बोलने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को डर है कि प्रियंका को आगे बढ़ाने पर वे खुद पीछे हो सकते हैं। INDIA ब्लॉक ने शनिवार को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध के लिए मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया था और रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली बुलाई गई थी। प्रियंका ने दोनों ही मौकों पर भाषण नहीं दिया था। रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि ज्ञानेश कुमार CEC पद से हटेंगे और जेल जाएंगे। कांग्रेस की ओर से अभी इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
EPFO ने शुरू की वॉट्सएप सर्विस: PF बैलेंस-पासबुक और 5 ट्रांजेक्शन देख सकेंगे; डिएक्टिव खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट
नई दिल्ली। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को EPFO के 74वें स्थापना दिवस पर दो बड़ी सुविधाओं की शुरुआत की। पहली- वॉट्सएप सर्विसेज और दूसरी- बंद या डिएक्टिव EPF खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट। EPFO के वेरिफाइड वॉट्सएप नंबर 8796441800 के जरिए PF खाताधारक अब PF बैलेंस चेक करना, पिछले 5 लेनदेन की जानकारी लेना और पासबुक इंफॉर्मेशन देख सकेंगे। वहीं, जिन इनऑपरेटिव PF खातों में 1,000 रुपए तक की राशि बची है और जिनका आधार वेरिफाइड है, उन्हें क्लेम फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। इससे लगभग 1 लाख PF खाताधारकों को फायदा मिलने और कुल 5 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर होने की उम्मीद है। EPFO के पास 8 करोड़ से ज्यादा सदस्यों का 32 लाख करोड़ रुपए का कॉर्पस है।
देहरादून : केदारनाथ-बद्रीनाथ में तड़के बर्फबारी, चारों धाम में तापमान -7°C से नीचे; पिथौरागढ़ में ओले गिरे, 5 पहाड़ी जिलों में बारिश के आसार
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में सोमवार तड़के बर्फबारी हुई, जिससे तापमान -7°C से नीचे पहुंच गया। वहीं, पिथौरागढ़ के धारचूला की चौदास घाटी में रविवार रात बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के 5 पहाड़ी जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़—में बारिश की संभावना है, जबकि 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। चारों धाम में सुबह का तापमान माइनस में दर्ज किया गया—केदारनाथ में -8°C, बद्रीनाथ में -9°C, गंगोत्री में -12°C और यमुनोत्री में -7°C। विभाग के मुताबिक, 3 से 7 नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
देहरादून : पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आज महारैली, 65 कर्मचारी-शिक्षक संगठनों के समर्थन से परेड ग्राउंड से CM आवास तक घेराव; मोर्चे ने कहा- आर-पार की लड़ाई
उत्तराखंड में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सोमवार (2 नवंबर) को देहरादून में बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड (NOPRUF) के नेतृत्व में प्रदेशभर के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी पेंशन आर-पार महारैली निकालेंगे। इस महारैली को प्रदेश के 65 कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों का समर्थन मिला है। मोर्चे के अनुसार, रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक जाएगी, जहां घेराव कर सरकार के सामने मांग उठाई जाएगी। प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि इस बार पुरानी पेंशन बहाली के लिए आर-पार की लड़ाई है और सभी कर्मचारी संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।