चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
पंजाब: AAP के दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी, आज BJP में शामिल होंगे; केजरीवाल की गारंटियां अधूरी होने का दावा
चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ दी है। दोनों ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने नशा, फसलों पर MSP, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जो गारंटियां दी थीं, वे पूरी नहीं हुईं। जौड़ामाजरा पहले AAP सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं, पठानमाजरा पर कथित तौर पर रेप का केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया फरार हो गए थे और जांच में शामिल होने पर गिरफ्तार हुए थे। दोनों विधायक आज दिल्ली में BJP में शामिल होंगे। पठानमाजरा ने दावा किया कि पंजाब पर 4.83 लाख करोड़ रुपए का कर्ज हो चुका है।
चक्रवात मुरासु: 3 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा, 120 किमी प्रति घंटे तक हवाएं; ओडिशा के दो जिलों में बाढ़
बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव का क्षेत्र चक्रवात मुरासु में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100-110 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 26 अक्टूबर को चक्रवात अर्नब उठा था, जो 28 अक्टूबर को आंध्र तट से टकराया। ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ जैसे हालात हैं। नए तूफान से फिर भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ओडिशा सरकार ने निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है। 2 नवंबर को आंध्र में रेड अलर्ट और रायलसीमा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देवरिया: महिला टीचर की हत्या कर शव फेंका, ग्रामीणों ने कार का 2 किमी तक पीछा किया; मां चौकी में बेहोश
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 27 वर्षीय महिला टीचर रानी विश्वकर्मा की हत्या कर शव फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शव को कार की डिग्गी में रखकर कन्हौली गांव के बाहर झाड़ियों में फेंककर भागने लगे, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया। उन्होंने करीब 2 किमी तक कार का पीछा किया, लेकिन चालक भाग निकला। रानी गोरखपुर के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं और शनिवार सुबह सैलरी लेने के लिए गई थीं। रविवार शाम व्हाट्सऐप ग्रुप पर शव की फोटो देखकर परिजनों ने पहचान की। बेटी का शव देखकर मां गीता रोते-रोते बेहोश हो गईं। सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कुशीनगर: ट्रेलर और ईको वैन की भीषण टक्कर, पिता-2 बेटों समेत 6 की मौत; गैस कटर से काटकर निकाली लाशें
कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र में एनएच-28 पर थरूआडीह गांव के पास ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें पिता-पुत्र समेत 6 लोगों की मौत हो गई और 1 गंभीर घायल है। पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और 8 लोग अंदर फंस गए। पुलिस ने गैस कटर से गेट काटकर लोगों को निकाला। मृतकों में रामबिलास गुप्ता (65), उनके बेटे कन्हैया प्रसाद (40) और राम मिलन (35), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) शामिल हैं। कन्हैया प्रधान थे, जबकि रंजय CRPF जवान थे। परिवार तिलक समारोह से लौट रहा था। ट्रेलर चालक फरार है।
गोंडा: बृजभूषण शरण सिंह को बेटी ने 50 लाख का हेलीपैड गिफ्ट किया; नारियल फोड़कर किया उद्घाट
गोंडा। पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने उन्हें नोएडा में हेलीपैड गिफ्ट किया है। रविवार शाम करीब 5 बजे बृजभूषण ने पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर हेलीपैड का उद्घाटन किया। कथित तौर पर हेलीपैड 50 लाख रुपए की लागत से बना है, जबकि जमीन की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। बृजभूषण का जन्मदिन 8 जनवरी 2027 को है। शालिनी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह जन्मदिन का उपहार है। बृजभूषण के पास 3 हेलीकॉप्टर हैं, जिनमें से एक हमेशा नोएडा के इस हेलीपैड पर रहेगा। शालिनी नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि पापा ने ही मुझे इस काबिल बनाया।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
नई दिल्ली: PM मोदी सोमवार को रिन्यूएबल एनर्जी समिट का करेंगे उद्घाटन; 130 देश होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय समिट 2 से 5 नवंबर 2026 तक भारत मंडपम में आयोजित होगी। इसकी थीम 'इन्वेस्ट, इनोवेट, इंस्पायर' रखी गई है। मोदी शाम करीब 4:30 बजे कार्यक्रम में शामिल होंगे। समिट में 130 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें 40 से अधिक मंत्री भी शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी सहित कई देश कंट्री पार्टनर के रूप में हिस्सा लेंगे। 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी रिन्यूबल एनर्जी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारत की कुल रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता करीब 299.25 गीगावॉट है।
भाजपा का दावा- कांग्रेस में बने दो गुट, राहुल-प्रियंका में मतभेद; INDIA ब्लॉक रैली में प्रियंका ने नहीं दिया भाषण
नई दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस में दो गुट बन चुके हैं, जिसकी वजह राहुल और प्रियंका गांधी के बीच मतभेद है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल ने अपनी बहन को INDIA ब्लॉक के दो प्रदर्शनों में बोलने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को डर है कि प्रियंका को आगे बढ़ाने पर वे खुद पीछे हो सकते हैं। INDIA ब्लॉक ने शनिवार को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध के लिए मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया था और रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली बुलाई गई थी। प्रियंका ने दोनों ही मौकों पर भाषण नहीं दिया था। रैली में राहुल गांधी ने कहा था कि ज्ञानेश कुमार CEC पद से हटेंगे और जेल जाएंगे। कांग्रेस की ओर से अभी इस पर कोई जवाब नहीं आया है।
EPFO ने शुरू की वॉट्सएप सर्विस: PF बैलेंस-पासबुक और 5 ट्रांजेक्शन देख सकेंगे; डिएक्टिव खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट
नई दिल्ली। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को EPFO के 74वें स्थापना दिवस पर दो बड़ी सुविधाओं की शुरुआत की। पहली- वॉट्सएप सर्विसेज और दूसरी- बंद या डिएक्टिव EPF खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट। EPFO के वेरिफाइड वॉट्सएप नंबर 8796441800 के जरिए PF खाताधारक अब PF बैलेंस चेक करना, पिछले 5 लेनदेन की जानकारी लेना और पासबुक इंफॉर्मेशन देख सकेंगे। वहीं, जिन इनऑपरेटिव PF खातों में 1,000 रुपए तक की राशि बची है और जिनका आधार वेरिफाइड है, उन्हें क्लेम फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। इससे लगभग 1 लाख PF खाताधारकों को फायदा मिलने और कुल 5 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर होने की उम्मीद है। EPFO के पास 8 करोड़ से ज्यादा सदस्यों का 32 लाख करोड़ रुपए का कॉर्पस है।
जालौन: कालपी बार संघ अध्यक्ष का अपहरण कर हत्या, कानपुर में फेंका शव; मुठभेड़ में 3 आरोपी गिरफ्तार
जालौन। कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार (70) का अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात कानपुर-झांसी हाईवे पर दुर्गा मंदिर चौराहे से कार सवार बदमाशों ने उन्हें अगवा किया था। रविवार सुबह कानपुर के सचेंडी इलाके में उनका शव मिला। गयादीन को केस की फाइल के बहाने बुलाया गया था। उनके बेटे हर्ष ने बताया कि वह खुद स्कूटी से पीछे गए, लेकिन कार भाग निकली। एसपी सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, शव पर चोट के निशान थे और शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने रविवार रात कालपी के जोल्हूपर-मदारीपुर के जंगल में मुठभेड़ के बाद 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो के पैर में गोली लगी। गयादीन चौथी बार बार संघ अध्यक्ष बने थे।
यूपी में ठंड बढ़ी: वाराणसी समेत 10 शहरों में घना कोहरा, दृश्यता 200 मीटर; 2 विमान लखनऊ डायवर्ट
वाराणसी/लखनऊ। यूपी में अर्नब तूफान के असर से 3 दिन हुई बारिश के बाद ठंड शुरू हो गई है। सोमवार सुबह वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया समेत 10 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया रहा। वाराणसी में सुबह 7 बजे दृश्यता 200 मीटर रह गई, जिससे इंडिगो की बेंगलुरु-वाराणसी और दिल्ली-वाराणसी फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया। अवध और पश्चिमी यूपी में दिन के पारे में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और रात का पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को यूपी में मौसम साफ है, सिर्फ सोनभद्र में हल्की बारिश का अलर्ट है। अक्टूबर में यूपी में औसत से 14% ज्यादा बारिश हुई। नवंबर में पूर्वांचल में बारिश के आसार हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
📈 मार्केट में आज कीमतें >
धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####Bulletin Desk####