नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
सिलिकॉन वैली/नई दिल्ली : एनवीडिया के CEO पद पर लौट सकते हैं जेन्सन हुआंग; इलॉन मस्क समेत कई दिग्गज समर्थन में उतरे, कंपनी के बोर्ड पर बना दबाव
दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सन हुआंग कंपनी की कमान फिर संभाल सकते हैं। टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO इलॉन मस्क समेत सिलिकॉन वैली के कई बड़े कारोबारी उनकी वापसी के समर्थन में उतर आए हैं। फाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक, हुआंग ने भी अपने करीबियों से इस बारे में चर्चा की है। पिछले हफ्ते जेन्सन हुआंग के तीन महिलाओं से अफेयर होने की खबरें आई थीं। जेन्सन ने चीन की एलिस हुआंग से अफेयर की बात कबूली और 12 नवंबर को CEO पद से इस्तीफा दे दिया। अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि एलिस चीनी जासूस हैं। मस्क और एपिक गेम्स के CEO टिम स्वीनी भी हुआंग को वापस लाने के समर्थन में हैं।
नई दिल्ली : सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग.. अ जर्नी ऑफ लव’ की आज शाम दिल्ली में ऑफिशियल लॉन्चिंग; 4 राज्यों के CM शामिल होंगे
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग.. अ जर्नी ऑफ लव’ की आज शाम 6 बजे दिल्ली के होटल मौर्या में ऑफिशियल लॉन्चिंग होगी। इस समारोह में कांग्रेस शासित राज्यों केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जबकि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी इवेंट में पहुंचेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी ने उन्हें खुद फोन करके दिल्ली आने का न्योता दिया था। यह किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी है। 544 पन्नों की इस किताब को लिखने में 12 साल लगे हैं, जिसमें इटली में बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, राजनीति में आना और 2004 में PM पद ठुकराना सब शामिल है।
कानपुर : फीलखाना में पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला समेत 15 वर्षीय किशोर की जलकर मौत, कई घायल
कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र स्थित पटकापुर चौकी इलाके में राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भीषण आग लग गई। हादसे में राखी साहू (48) और प्रांजुल उर्फ प्रांजल बाथम (15) की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीचे के फ्लैट में आग लगी थी, जो देखते ही देखते पार्किंग और ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। जान बचाने के लिए 20-25 लोग बालकनी से कूद गए, जबकि कुछ लोग साड़ी की रस्सी बनाकर नीचे उतरे। एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई। दमकल ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार आग की वजह कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट हो सकती है। अपार्टमेंट में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं थे।
लखनऊ : योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 4 IAS और 55 PCS अधिकारियों के तबादले, पांच विकास प्राधिकरणों के सचिव बदले
योगी सरकार ने रविवार आधी रात 4 IAS और 55 PCS अधिकारियों के तबादले कर दिए। शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का CDO और प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या और मेरठ विकास प्राधिकरणों के सचिव एक साथ बदले गए हैं। अतुल कुमार को LDA, सुशील प्रताप सिंह को GDA, विवेक कुमार मिश्रा को VDA, आलोक कुमार वर्मा को ADA और विनय कुमार सिंह को MDA का नया सचिव नियुक्त किया गया है। ज्ञान चन्द्र गुप्ता को अयोध्या तीर्थ विकास परिषद का संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। PCS सूची में 14 SDM शामिल हैं।
लखनऊ : यूपी में ठंड ने पकड़ा जोर, 21 जिलों में घना कोहरा, नोएडा-गाजियाबाद की हवा बेहद खराब
पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते यूपी में ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में विजिबिलिटी 20 मीटर तक गिर गई। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 18 नवंबर तक दिन और रात के तापमान में 3°C से 5°C तक की कमी आ सकती है। वहीं दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद नोएडा-गाजियाबाद समेत 30 से ज्यादा शहरों की हवा दूषित हो गई है। गाजियाबाद का AQI 338 और नोएडा का 331 रिकॉर्ड किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
नई दिल्ली/गढ़चिरौली : नक्सली हिंसा से सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासियों को हुआ, हमने इसका खात्मा किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअली शिरकत करते हुए जनजातीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित थे, जिससे हर साल हजारों लोगों की जान जाती थी। पीएम ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन उनकी सरकार ने नक्सलवाद को खत्म किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समुदाय के लिए ₹3 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया तथा मिजोरम में ट्राइबल फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का भी उद्घाटन किया। पीएम ने कहा कि आज देश का नेतृत्व आदिवासी समाज की एक बेटी के हाथ में है।
नई दिल्ली : हॉलमार्क वाला सोना शुद्ध ही है, गारंटी नहीं – कैग रिपोर्ट में खुलासा; जांच में चूक, 2024-25 में 81% ज्वेलर्स की सालाना जांच नहीं हुई
देश की सबसे बड़ी सरकारी ऑडिट संस्था कैग (CAG) ने सोने की शुद्धता की जांच करने वाली संस्था BIS के कामकाज की जांच में चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, BIS बाजार में बिक रहे ‘हॉलमार्क’ सोने की शुद्धता पर ठीक से नजर नहीं रख पा रहा है, जिससे ग्राहकों से धोखाधड़ी का खतरा बढ़ गया है। नियम के मुताबिक BIS को साल में कम से कम एक बार ज्वैलर्स की दुकानों पर जांच करनी होती है, लेकिन पिछले 5 सालों में 80% से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वेलर्स की दुकानों पर जांच ही नहीं हुई। 2024-25 में कुल 28,865 लाइसेंसधारक थे, जिनमें से केवल 5,444 की ही जांच हुई। BIS ने कर्मचारियों की कमी का हवाला दिया है, लेकिन कैग ने इसे मानने से इनकार कर दिया है।
नई दिल्ली/भोपाल : उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न; बिहार के 1.50 करोड़ घरों में पूजा, मोतिहारी जेल में 140 कैदियों के लिए बना विशेष घाट
छठ पूजा के चौथे और आखिरी दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व पूरा हो गया। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। बिहार के 1.50 करोड़ घरों में छठ पूजा मनाई गई और राज्य के सभी घाटों को सजाया गया। अर्घ्य देने के लिए लोग सुबह 4 बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली में यमुना घाटों पर सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग मौजूद थे। बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी कैदियों ने छठ पूजा की, जिसके लिए जेल परिसर में विशेष घाट बनाया गया था। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी किनारे भी पूर्वांचल के लोगों ने छठ मनाया।
वाराणसी : छठ महापर्व का समापन, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा, चार हजार से ज्यादा घाटों पर उमड़ी भीड़
यूपी में महापर्व छठ के चौथे और आखिरी दिन उगते सूर्य की उपासना हुई। व्रती महिलाओं ने छठ गीत गाते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया, जिसके साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हो गया। सुबह 4 बजे से ही प्रदेश के 4 हजार से ज्यादा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। गोरखपुर में सांसद रवि किशन सिर पर दउरा लेकर घाट पहुंचे। काशी में छठ देखने फ्रांस की पर्यटक तानिया भी पहुंचीं। बलिया में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और देवरिया में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अर्घ्य दिया। वहीं काशी के गंगा घाटों पर पूजा के बाद कचरा बिखरा रह गया, जिसके बाद नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है।
प्रतापगढ़ : कुंडा के बेंती में 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा, 1000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे; अखिलेश यादव ने ली चुटकी
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा के बेंती में 17 से 20 नवंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा होगी। आयोजन के लिए करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कथा क्षेत्र को 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया है। कथा के मुख्य यजमान विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी परिवारों को भी आमंत्रित किया है, जिन्हें बसों के जरिए प्रयागराज, काशी और अयोध्या के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जनसमर्थन के लिए कथा कराई जा रही है। आयोजन में बाबा रामदेव समेत कई संतों और नेताओं के पहुंचने की संभावना है।