लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 20.10.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :




फतेहपुर/बाराबंकी। दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 11 नमूने जांच को भेजे; देवा मेले में 20 किलो दूषित खजला और 5 किलो रंगीन चेरी नष्ट


बाराबंकी में दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्रामीण और शहरी इलाकों में छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने मिठाई, खोया, पनीर और रिफाइंड तेल समेत 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। फतेहपुर तहसील के कुर्सी में महावीर स्वीट्स से बेसन के लड्डू और राधिका स्वीट्स से बर्फी, रामनगर में प्रदीप मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू और सम्बरी मिष्ठान भंडार से सोहन पापड़ी का नमूना लिया गया। देवा मेले में करीब चार हजार रुपये कीमत का 20 किलो दूषित खजला और 1,500 रुपये कीमत की पांच किलो रंगीन चेरी नष्ट कराई गई। सिरौलीगौसपुर के आंगनपुर स्थित प्रशान्त किराना दुकान से रिफाइंड तेल का नमूना लिया गया और करीब पांच हजार रुपये कीमत की 25 किलो एक्सपायर्ड नमकीन नष्ट कराई गई। दशहराबाग स्थित यादव डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया। विभाग ने लोगों को चटक रंग वाली मिठाइयों से बचने की सलाह दी है। अभियान दीपावली तक जारी रहेगा।


रामसनेहीघाट/बाराबंकी। हाईवे हादसे में एक ही गांव के चार युवकों की मौत, दलसिंहपुर में एक साथ उठीं चार अर्थियां; तीन जगह हुआ अंतिम संस्कार


बाराबंकी के रामसनेहीघाट में रविवार रात अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर भिटरिया बस स्टॉप के पास टाटा सफारी की टक्कर से बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दलसिंहपुर गांव निवासी अनिल यादव (24), अनूप रावत (21), विमलेश यादव (22) और गया प्रसाद यादव (23) के रूप में हुई। चारों धरौली में भंडारे में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। तीन को सीएचसी में मृत घोषित किया गया, जबकि गया प्रसाद ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को चारों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अनिल तमिलनाडु से शादी समारोह में शामिल होने आए थे, जबकि गया प्रसाद की बहन और विमलेश की शादी नवंबर में होनी थी। अनूप की शादी होली के बाद तय थी। गांव के तीन जगहों पर अंतिम संस्कार हुआ। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना जताई। शांति व्यवस्था के लिए कई थानों की पुलिस तैनात रही।


सुल्तानपुर। एक्सप्रेसवे पर फॉरच्यूनर यूपीडा के पेट्रोलिंग वाहन से टकराई, पूर्व सांसद लल्लू सिंह के बेटे समेत तीन घायल


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह करीब 8 बजे बिरसिंहपुर गांव के पास फॉरच्यूनर कार यूपीडा के पेट्रोलिंग वाहन से टकरा गई। हादसे में अयोध्या के पूर्व भाजपा सांसद लल्लू सिंह के बेटे विकास सिंह (42) समेत तीन लोग घायल हुए। जानकारी के अनुसार, अयोध्या के कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज निवासी विकास सिंह अपने साथी वैभव सिंह (22) के साथ पटना जा रहे थे। कार अमरजीत यादव (26) चला रहे थे। यूपीडा का पेट्रोलिंग वाहन अचानक दाहिनी ओर मुड़ा, जिससे पीछे से आ रही फॉरच्यूनर उससे टकरा गई। यूपीडा कर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों दूसरी गाड़ी से पटना के लिए रवाना हो गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए। क्रेन से वाहनों को सड़क से हटाया गया, इसके बाद यातायात सामान्य हो गया।


सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर ट्रक में फंसकर 400 मीटर तक घिसटा डेंटर, शरीर के टुकड़े बिखरे; पुलिस ने बटोरे अवशेष


सुल्तानपुर में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर लोहरामऊ ओवरब्रिज पर सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक और सवार ट्रक में फंस गए और ट्रक उन्हें करीब 400 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में डेंटर के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक रुकवाया, लेकिन मौका पाकर ड्राइवर मौके से भाग गया। मृतक की पहचान शहर से 12 किलोमीटर दूर छतौना निवासी नन्हे खान (45) के रूप में हुई, जो पयागीपुर में गाड़ियों की डेंटिंग का काम करते थे। उनकी चार बेटियां और एक बेटा है। कोतवाली देहात थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने ओवरब्रिज पर लाइट न होने पर सवाल उठाए हैं। इसी साल यहां टूरिस्ट बस पलटने से भी हादसा हुआ था।


अमेठी। पराली जलाने पर 30 हजार तक जुर्माना, डीएम ने दिए निगरानी के निर्देश; जिले और तहसीलों में 24 घंटे चलेंगे कंट्रोल रूम


अमेठी में पराली जलाने पर 30 हजार रुपए तक जुर्माना लगेगा। डीएम शशांक चौधरी और एसपी सरवणन टी ने सोमवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण, हवा की गुणवत्ता और मिट्टी की उर्वरता पर असर पड़ता है। कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए, खास तौर पर उन गांवों पर ध्यान देने को कहा गया जहां पिछले साल पराली जलाने की घटनाएं हुई थीं। जिले में एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम और सभी तहसीलों में कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रहेंगे। दो एकड़ से कम जमीन पर 5 हजार, दो से पांच एकड़ पर 10 हजार और पांच एकड़ से ज्यादा पर 30 हजार रुपए तक जुर्माना लगेगा। एसपी ने बीट कांस्टेबलों और ग्राम प्रहरियों को सक्रिय रहने और ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए।


अमेठी। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत रातभर चला चेकिंग अभियान, 1030 संदिग्धों की जांच; 11 गिरफ्तार, 17 वाहन सीज


अमेठी में पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 1 और 2 नवंबर की रात चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 1030 संदिग्ध लोगों की जांच की गई और 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। नियम तोड़ने पर 17 वाहन सीज किए गए। पुलिस ने 246 नकबजनों का सत्यापन और 728 वाहनों की जांच भी की। वाहन चालकों को रात में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देशन में जिले में अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया गया। एसपी ने खुद पुलिस बल के साथ जगदीशपुर, जामो और गौरीगंज थाना क्षेत्रों में चेकिंग की। उन्होंने बताया कि अपराध पर रोक और सुरक्षा के लिए जिले में रात की चेकिंग जारी रहेगी।

अम्बेडकरनगर। रबी बुवाई के बीच किसानों को राहत, 27,849 मीट्रिक टन यूरिया का पर्याप्त स्टॉक; खाद लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री जरूरी


अम्बेडकरनगर में रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों के लिए राहत की खबर है। कृषि विभाग के अनुसार यूरिया, डीएपी और एनपीके समेत सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सहकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर जिले में 27,849 मीट्रिक टन यूरिया, 5,652 मीट्रिक टन डीएपी और 5,040 मीट्रिक टन एनपीके मौजूद है। जिला कृषि अधिकारी अरविंद चौधरी ने सोमवार को बताया कि नवंबर तक यूरिया का क्रमिक लक्ष्य 10,262 मीट्रिक टन था, जिसके सापेक्ष 28,731 मीट्रिक टन उपलब्धता हुई। हालांकि खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद अब उर्वरक प्राप्त करने के लिए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी कर दिया गया है। विभाग ने किसानों से समय रहते तहसील में जाकर खतौनी का अंश निर्धारण कराते हुए प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9198886916 पर फोन किया जा सकता है।


अम्बेडकरनगर। दीपावली पर बिजली गुल होने पर 10 मिनट में बहाली का लक्ष्य, 42 उपकेंद्रों पर चार सदस्यीय टीमें तैनात; चार डिवीजन में कंट्रोल रूम


अम्बेडकरनगर में दीपावली पर बिजली गुल होने की स्थिति में 10 मिनट के भीतर सप्लाई बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने त्योहार के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अकबरपुर शहर समेत जिले के 42 बिजली उपकेंद्रों पर चार सदस्यीय टीमें तैनात की गई हैं। ट्रांसफार्मर जलने पर ट्राली ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई शुरू कराई जाएगी। बिजली व्यवस्था संभालने के लिए अकबरपुर, आलापुर, जलालपुर और टांडा डिवीजन में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां 11 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है और उनके मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं। कंट्रोल रूम छह नवंबर सुबह 10 बजे से नौ नवंबर शाम तक 24 घंटे चालू रहेंगे। तकनीकी खराबी दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर, तार, इंसुलेटर और केबल का स्टॉक रखा गया है। अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव ने अधिशासी अभियंताओं और एसडीओ के साथ बैठक कर व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।


अयोध्या। सीएम योगी ने रामलला के किए दर्शन-पूजन, हनुमानगढ़ी में मत्था टेका; दीपोत्सव स्थलों का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन किए। इससे पहले उन्होंने हनुमानगढ़ी पहुंचकर मत्था टेका और बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। करीब ढाई घंटे के दौरे पर अयोध्या पहुंचे सीएम ने दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राम की पैड़ी, रामकथा पार्क और सरयू घाट स्थित आरती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह राम मंदिर परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। दीपोत्सव के दौरान निकलने वाली झांकियों की शुरुआत साकेत महाविद्यालय से होगी, जिसका निरीक्षण भी सीएम के दौरे में शामिल था। उनका हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया।


अयोध्या। 9 नवंबर को राम की पैड़ी पर फिर होगा दीपोत्सव जैसा आयोजन, लेजर शो, ड्रोन लाइट शो और प्रोजेक्शन मैपिंग की तैयारी; सीएम ने दी मंजूरी


अयोध्या में दीपावली के बाद भी दीपोत्सव का उल्लास जारी रहेगा। 9 नवंबर को राम की पैड़ी पर एक बार फिर दीपोत्सव जैसा नजारा देखने को मिलेगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस विशेष आयोजन को मंजूरी दे दी है। इस दिन राम की पैड़ी पर लेजर शो, ड्रोन लाइट शो और प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक ने बताया कि दीपोत्सव के बाद भी अयोध्यावासियों का उत्साह बनाए रखने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से 9 नवंबर को विशेष कार्यक्रम कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि अयोध्या केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि यहां के नागरिकों की सांस्कृतिक पहचान भी है। विधायक ने बताया कि निषादराज चौराहे से थाना रामजन्मभूमि होते हुए अशर्फी भवन और गोलाघाट तक सड़क पर रोड पेंटिंग का काम दीपावली से पहले पूरा कराने के लिए प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग से वार्ता की गई है।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल