लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 13.11.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :


बाराबंकी : फतेहपुर में अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम अल्लापुर गांव के पास अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार प्रशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी प्रशांत पुत्र आलोक कुमार गुरुवार शाम मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी फतेहपुर की ओर जा रहे अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। साथियों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां डॉ. अवधेश कौशल ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टर ने फिलहाल स्थिति के बारे में कुछ कहने से इनकार किया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

रामनगर : झाड़ियों में मिला मानव कंकाल, सुल्तानपुर निवासी ने कपड़ों के आधार पर लापता बेटी होने का किया दावा

बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में फतेहुल्लापुर गांव से करीब 500 मीटर दूर गुरुवार शाम झाड़ियों में मानव कंकाल मिला। गांव के बच्चे बकरियां चराने गए थे, तभी उन्हें कंकाल दिखाई दिया। सूचना पर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुल्तानपुर निवासी मो. तुफैल ने पास मिले कपड़ों के आधार पर कंकाल को अपनी लापता बेटी का बताया, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। कंकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पहचान और मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।


सुल्तानपुर : सपा का पोस्टर अभियान शुरू, भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ पोस्टर अभियान शुरू किया है। सपा प्रवक्ता और पूर्व विधायक अनूप संडा के नेतृत्व में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं। सुल्तानपुर में गुरुवार रात 10:30 बजे के बाद दीवानी चौराहा, बस स्टॉप, पर्यावरण पार्क, DM कार्यालय समेत कई जगहों पर पोस्टर लगाए गए। सपा के अनुसार अभियान में 100 से अधिक जगहों पर 10 हजार से ज्यादा पोस्टर लगाए गए हैं। 'उत्तर प्रदेश बचाओ' नारे वाले पोस्टरों में NCRB के 2017 से अब तक के आंकड़ों का हवाला देकर महिला सुरक्षा, दलितों पर अत्याचार और सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे उठाए गए हैं। भाजपा सरकार 2017 के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा करती रही है।

सुल्तानपुर : जानलेवा हमले के आरोपी सिपाही को जमानत, कोर्ट ने लगाई चार शर्तें

सुल्तानपुर में जानलेवा हमले के मामले में जेल में बंद रायबरेली तैनात कांस्टेबल अमित कुमार अग्रहरि को गुरुवार शाम 4:30 बजे कोर्ट से जमानत मिल गई। जिला जज सुनील कुमार ने जमानत के साथ चार शर्तें लगाई हैं। अमित को कोर्ट की अनुमति के बिना देश छोड़ने और गवाहों को धमकाने की मनाही है। अमित ने दो नवंबर को कोर्ट में सरेंडर किया था। डीजीसी क्रिमिनल पवन कुमार दुबे के मुताबिक अमित धनपतगंज थाना क्षेत्र के आरडीह मौजा पीरो सरैया गांव का रहने वाला है। आरोप है कि अमित ने एक युवती पर अनैतिक बात करने का दबाव बनाया था, मना करने पर एक जून 2026 को उसके परिवार पर हॉकी, कुल्हाड़ी और फरसे से हमला किया। युवती ने अमित समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।


अमेठी : पराली जलाने पर 30 हजार तक जुर्माना, किसान सम्मान निधि भी रुक सकती है

अमेठी में पराली जलाने वाले किसानों पर सख्ती बरती जा रही है। पराली जलाने पर 30 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है और किसान सम्मान निधि समेत सरकारी योजनाओं का लाभ भी रोका जा सकता है। किसानों को जागरूक करने के लिए डीएम शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट से प्रचार वाहन रवाना किए। ये वाहन जिले के सभी विकासखंडों और गांवों में जाकर पराली के सही इस्तेमाल और फसल अवशेषों के प्रबंधन की जानकारी देंगे। डीएम के मुताबिक 2 एकड़ तक पराली जलाने पर 5,000 रुपए, 2 से 5 एकड़ तक 10,000 रुपए और 5 एकड़ से अधिक पर 30,000 रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने किसानों से पराली को मिट्टी में मिलाने या बायो डीकम्पोजर से गलाने की अपील की।


अमेठी : गांव लौटे युवक की पिटाई के बाद मौत, चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

अमेठी के तिलोई में गांव लौटे 35 वर्षीय मोहम्मद मेराज की लाठी-डंडों से पिटाई के बाद मौत हो गई। लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इन्हौना थाना क्षेत्र के पूरे चौधराइन मजरे आजादपुर गांव के इस्लाम ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मेराज और गांव का मोहम्मद इमरान गुजरात के सूरत में साथ काम करते थे, जहां दोनों में विवाद हुआ था। मंगलवार को दोनों गांव लौट आए। बुधवार सुबह मेराज घर पर अकेला था, तभी इमरान, शहनूर, सबनूर और इसरार ने लाठी-डंडों से हमला किया। गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्र ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


अम्बेडकरनगर : स्कूल बसों में महिला परिचालक अनिवार्य, बिना परिचालक परमिट नहीं

अम्बेडकरनगर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर अब छात्राओं को लाने-ले जाने वाले स्कूल वाहनों में महिला परिचालक की तैनाती अनिवार्य कर दी गई है। जिले के 10 विद्यालयों ने यह व्यवस्था लागू कर दी है। एआरटीओ सतेंद्र यादव ने बताया कि जिन विद्यालयों में बालिकाएं पढ़ती हैं, उन्हें अपने स्कूल वाहनों में महिला परिचालक रखनी होगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि महिला परिचालक की तैनाती के बिना परमिट जारी नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल संचालकों और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अम्बेडकरनगर : गन्ने के खेत में मिला लापता बुजुर्ग का शव, बेटी ने की पहचान

अंबेडकरनगर में भीटी थाना क्षेत्र के खोजादपुर गांव में 12 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे गन्ने के खेत में मिले शव की पहचान सहदेव शर्मा (60) के रूप में हुई। वह अकबरपुर की कृष्णानगर कॉलोनी में रहते थे और 5 नवंबर से लापता थे। शव कई दिन पुराना था और जंगली जानवरों ने शरीर के कई हिस्सों को नोच दिया था। परिजनों के मुताबिक सहदेव 5 नवंबर की सुबह साइकिल से शहजादपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। 6 नवंबर को बेटी नेहा ने अकबरपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बेटी नेहा ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचकर शव की पहचान की। थानाध्यक्ष कृष्ण बली सिंह ने बताया कि गुमशुदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अयोध्या : बालू खनन पट्टों की नीलामी की तारीख बदली, 19 से 25 नवंबर तक ई-निविदा

अयोध्या में बालू खनन के पट्टों के आवंटन की प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कत के कारण तारीखें बदल दी गई हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक अब 19 नवंबर सुबह 10 बजे से ई-निविदा शुरू होगी और आवेदन की प्रक्रिया 25 नवंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। 26 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्राप्त निविदाएं खोली और उनका मूल्यांकन किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 12 से 2 बजे तक ई-नीलामी होगी। इस प्रक्रिया के जरिए जिले में नदी तल के पांच रिक्त बालू खनन क्षेत्रों के लिए पांच साल की अवधि के पट्टे आवंटित किए जाएंगे। प्रशासन ने इच्छुक आवेदकों से संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।


अयोध्या : 17 नवंबर से चौदहकोसी और 19 से पंचकोसी परिक्रमा, प्रशासन ने कसी कमर

अयोध्या में कार्तिक माह की चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा की तिथियां तय हो गई हैं। चौदहकोसी परिक्रमा 17 नवंबर की रात 1:21 बजे शुरू होकर 19 नवंबर की रात 2:15 बजे तक चलेगी। वहीं पंचकोसी परिक्रमा 19 नवंबर की रात 2:30 बजे शुरू होकर 21 नवंबर की रात 1:55 बजे तक चलेगी। परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है। मंडलायुक्त और डीआईजी के निर्देशन में वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। परिक्रमा मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटा जाएगा। प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, एंबुलेंस और मेडिकल कैंप की तैयारी की जा रही है।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल