नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
नई दिल्ली : अनुज श्रीवात्री बने भारत के 100वें चेस ग्रैंडमास्टर, फिलीपींस में आसियान प्लस चैंपियनशिप जीतकर पूरा किया खिताब का सफर
मध्यप्रदेश के कटनी निवासी 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री भारत के 100वें चेस ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। उन्होंने 8 नवंबर को फिलीपींस के ओजामिज में 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन चेस चैंपियनशिप जीती, जिससे उन्हें ग्रैंडमास्टर बनने के लिए जरूरी तीसरा नॉर्म मिल गया। शुरुआती राउंड में हार के बाद उन्होंने बाकी 8 गेम में 7 अंक जुटाए। अनुज ग्रैंडमास्टर बनने वाले मध्यप्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 15 वर्ष की उम्र में ही मध्यप्रदेश के सबसे युवा इंटरनेशनल मास्टर का खिताब हासिल किया था। कंप्यूटर साइंस में बीटेक कर चुके अनुज वर्तमान में ऑनलाइन चेस प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेनिंग भी देते हैं। एआईसीएफ अध्यक्ष नितिन नरंग ने उन्हें बधाई दी है। गौरतलब है कि विश्वनाथन आनंद भारत के पहले ग्रैंडमास्टर हैं, जिन्होंने 1988 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
नई दिल्ली : न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटी टीम इंडिया, अर्शदीप-गुरनूर-आकिब रुकेंगे; 11 नवंबर से लगेगा कैंप
भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और आकिब नबी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वनडे सीरीज के बाद भी टीम के साथ रुकेंगे। बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को तीसरे वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों का तैयारी कैंप 11 नवंबर से शुरू होगा, जिसमें 5-6 अभ्यास सत्र होने की उम्मीद है। कोटक के मुताबिक मौजूदा वनडे सीरीज में गेंदबाजों को मिली सीम और स्विंग की परिस्थितियों से टेस्ट की तैयारी में मदद मिलेगी। उन्होंने केएल राहुल की तारीफ करते हुए कहा कि वे दबाव में भी अपना स्वाभाविक खेल दिखाते हैं। बता दें कि भारत पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 से आगे है और तीसरा वनडे मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा
देहरादून: उत्तराखंड के 27वें स्थापना दिवस पर सियासत गरम, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर साधा निशाना
9 नवंबर 2000 को भारत के 27वें राज्य के रूप में अस्तित्व में आए उत्तराखंड ने आज अपनी स्थापना के 26 साल पूरे कर 27वें वर्ष में कदम रख दिया है। इस मौके पर राज्य की सियासत गरमाई हुई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने शहीदों और आंदोलनकारियों को याद करते हुए भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने दावा किया कि जिस मूल अवधारणा के साथ अलग राज्य का निर्माण कराया गया था, वह सपना 26 साल बाद भी अधूरा है। आर्य ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बदहाल बताते हुए रोजगार और पलायन पर सरकार की नाकामी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2047 तक राज्य को उन्नत बनाने का दावा महज छलावा है। विपक्ष ने बढ़ते महिला अपराधों पर भी गंभीर सवाल उठाए।
देहरादून: दिवाली पर पटाखों से उत्तराखंड के 10 शहरों की हवा जहरीली, हरिद्वार का AQI 262 पर पहुंचा; प्रशासन के मीटर में सिर्फ 54
उत्तराखंड में दिवाली के मौके पर जमकर आतिशबाजी हुई, जिसका असर अब प्रदेश के शहरों की हवा पर दिखाई देने लगा है। AQI.in के मुताबिक, प्रदेश के 10 शहरों की हवा प्रदूषित हुई है। हरिद्वार का AQI आज सुबह 262 दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। देर रात के आंकड़ों में देहरादून में AQI 350, हल्द्वानी में 400 और रुद्रपुर में 440 के पार पहुंच गया। वहीं, हरिद्वार में AQI 276 दर्ज किया गया। आज सुबह रामनगर में AQI 200, रुड़की में 180, लैंसडाउन में 175, जसपुर में 152 और कोटद्वार में 150 दर्ज किया गया। दिवाली के बाद प्रदूषण के आंकड़ों में बड़ा अंतर भी सामने आया है। AQI.in की रिपोर्ट में जहां देहरादून का AQI 150 दर्ज किया गया, वहीं प्रशासन के AQI मीटर में यह आंकड़ा सिर्फ 54 दिखाई दिया।
सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब: सुबह 8:30 बजे तक करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, हरकी पैड़ी समेत प्रमुख घाटों पर भारी भीड़
हरिद्वार में दीपावली के अगले दिन सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग बनने से धर्मनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह 8:30 बजे तक करीब 50 हजार श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना की, साथ ही पितरों की शांति के लिए तर्पण और पूजा-अर्चना भी की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान और पितरों के निमित्त दान-पुण्य का विशेष महत्व है। इससे पहले 2023 में इसी तिथि पर हरिद्वार में करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया था। इस बार भी बड़ी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, इस दिन गंगा स्नान अश्वमेध यज्ञ के समान फलदायी माना गया है और पीपल की 108 परिक्रमा करने की भी धार्मिक परंपरा है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
नई दिल्ली : दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा जहरीली, पटपड़गंज में AQI 418; यूपी के 10 शहरों में भी हालत खराब
दिवाली पर जमकर पटाखे जलाए जाने के बाद सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, पटपड़गंज में AQI 418, आईटीओ पर 406, राजीव चौक पर 381 और साउथ एक्सटेंशन में 360 दर्ज किया गया। कई इलाकों में विजिबिलिटी भी काफी कम रही। उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर और वाराणसी समेत 10 शहरों में भी हवा का स्तर खतरनाक रहा। सुबह 7 बजे प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ का AQI 500 के पार पहुंच गया। वहीं ठंड और कोहरे ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, 15 से ज्यादा शहरों में घना कोहरा छाया रहा और रात का तापमान 15°C से नीचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 3 दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
बेंगलुरु : कर्नाटक हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, बोला- ED कोई 'सुपर कॉप' नहीं; कांग्रेस नेता के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग कार्रवाई रद्द
कर्नाटक हाई कोर्ट ने शनिवार को कहा कि ईडी कोई 'सुपर कॉप' नहीं है, जो उसके संज्ञान में आने वाली हर चीज की जांच शुरू कर दे। एजेंसी को कानून के दायरे में रहकर ही काम करना होगा। कोर्ट ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता केवाई नंजे गौड़ा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की और ईडी की कार्रवाई रद्द कर दी। मामले की शुरुआत 150 करोड़ रुपए के कथित जमीन घोटाले से हुई थी, जिसमें आरोप था कि मालूर की लैंड ग्रांट कमेटी के अध्यक्ष रहे गौड़ा और अन्य सदस्यों ने 38 लोगों को करीब 80 एकड़ सरकारी जमीन अवैध तरीके से आवंटित की। ईडी ने जनवरी 2024 में 14 ठिकानों पर छापे मारे थे। जस्टिस एमआई अरुण ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य की जिम्मेदारी है, केंद्र की नहीं।
वॉशिंगटन डीसी : एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग पर चीनी जासूस से अफेयर का आरोप, बोर्ड ने शुरू की जांच; ट्रम्प ने किया बचाव
दुनिया की बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग पर एक चीनी महिला से अफेयर का मामला सामने आया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि यह महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी और उसने हुआंग से नजदीकी बढ़ाकर अहम जानकारी चीन तक पहुंचाई। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने रविवार को कंपनी के बोर्ड के सामने महिला के साथ अफेयर की बात मानी और पत्नी व बच्चों से माफी मांगी। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की निगरानी में तैयार गोपनीय रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चीन की खुफिया एजेंसी ने एलिस हुआंग को जेनसन हुआंग के करीब जाने के लिए तैयार किया था। एनवीडिया बोर्ड ने कहा कि अभी तक कंपनी की कोई गोपनीय जानकारी लीक होने का पता नहीं चला है, फिर भी बाहरी वकील से जांच कराई जाएगी। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हुआंग का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें कुछ गलत करते नहीं सुना और वे CEO पद पर बने रहने चाहिए।
देहरादून: उत्तराखंड के 5 जिलों में आज बारिश की संभावना, केदारनाथ-बद्रीनाथ में पारा -9°C पर पहुंचा
उत्तराखंड के पांच जिलों में आज मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर या उससे ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में ठंड का असर बढ़ गया है। सोमवार सुबह दोनों धामों में न्यूनतम तापमान -9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केदारनाथ में एक हफ्ते पहले हुई बर्फबारी अब तक नहीं पिघली है। मौसम विभाग के अनुसार 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
हरिद्वार: सोमवती अमावस्या पर 50 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, पुलिस ने 2 सुपर जोन-14 जोन और 44 सेक्टर में बांटा मेला क्षेत्र
दीपावली के अगले दिन सोमवती अमावस्या का विशेष संयोग बनने से धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। सुबह 8:30 बजे तक करीब 50 हजार श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मोक्ष की कामना के साथ पितरों के निमित्त तर्पण और पूजा-अर्चना भी की। सुरक्षा को देखते हुए मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 14 जोन और 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। हरकी पैड़ी पर भीड़ बढ़ने पर श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों पर भेजा जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 2023 में इस पर्व पर करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था।