नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- अयोध्या : दीपोत्सव में 30 लाख दीयों से जगमगाए सरयू के घाट, लेजर शो और आतिशबाजी ने बढ़ाई भव्यता; करीब 5 लाख श्रद्धालु पहुंचे
देशभर में आज रविवार को दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इससे एक दिन पहले अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सरयू नदी के घाटों पर 30 लाख दीये जलाए गए। इस दौरान आकर्षक लेजर शो और आतिशबाजी का भी आयोजन हुआ। दीपोत्सव की भव्यता देखने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 5 लाख लोग अयोध्या पहुंचे। वहीं, दीपावली के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन शुरू हो गया है। प्रमुख नदियों में श्रद्धालुओं का पर्व स्नान भी जारी है। रामनगरी में दीपोत्सव के आयोजन ने एक बार फिर देशभर का ध्यान आकर्षित किया है।
2- उत्तर प्रदेश : दिवाली की सुबह 15 शहरों में कोहरे और 10 शहरों में धुंध का असर, रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे; दिल्ली में AQI 421 पहुंचा
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ठंड बढ़ने लगी है। दिवाली की सुबह लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर समेत 10 शहरों में धुंध छाई रही, जबकि श्रावस्ती, देवरिया, महराजगंज, बिजनौर, गोंडा और संभल समेत 15 शहरों में कोहरा दर्ज किया गया। कई स्थानों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह गई। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 300 के पार रहा, जबकि कानपुर और गोरखपुर की हवा भी रेड जोन में दर्ज की गई। उधर, दिल्ली के AIIMS के आसपास AQI 421 दर्ज हुआ, जो गंभीर श्रेणी में है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो दिन बाद बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
3- देहरादून : गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाई दीपावली, बोले- घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सैनिकों का त्याग; शहीद आश्रितों की सहायता राशि 50 लाख रुपये
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित गढ़वाल ग्रीन्स प्रशिक्षण मैदान में गढ़वाल रेजीमेंट के जवानों के बीच पहुंचे और उनके साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाई और कहा कि घरों में जलने वाले दीपों के पीछे सीमा पर तैनात सैनिकों का त्याग और उनके परिवारों का समर्पण भी है। धामी ने अपने पिता के सेना में होने का उल्लेख करते हुए बताया कि बचपन में उन्होंने महावीर चक्र विजेता जसवंत सिंह रावत सहित गढ़वाल रेजीमेंट के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएं सुनी थीं। उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध में नूरानांग मोर्चे पर जसवंत सिंह रावत के साहस को याद किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और आवेदन की समयसीमा दो से बढ़ाकर पांच वर्ष करने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने निर्माणाधीन सैन्यधाम और सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया।
4- उत्तराखंड : दीपावली पर पांच जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया पूर्वानुमान; देहरादून में आसमान साफ रहने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, रविवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3,300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पर्वतीय घाटियों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। राजधानी देहरादून में रविवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने और अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 नवंबर को भी पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली तथा 11 नवंबर को फिर पांच जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं।
5- चमोली : बद्रीनाथ धाम की पहाड़ी पर फिर भड़की आग, 20 से 25 फीट ऊंची लपटें उठने से इलाके में फैला धुआं; खड़ी चट्टान के कारण बुझाने में परेशानी
बद्रीनाथ धाम की एक पहाड़ी पर शनिवार रात आग लग गई। आग की लपटें करीब 20 से 25 फीट ऊंची उठती दिखाई दीं और धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल गया। बताया गया कि लपटें करीब दो किलोमीटर दूर से भी नजर आ रही थीं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक आग बुझाने का प्रयास करती रही। पहाड़ी पर खड़ी चट्टान और दुर्गम रास्ते के कारण कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में परेशानी हो रही है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है और वन संपदा को हुए नुकसान का आकलन भी नहीं किया जा सका है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी माता मूर्ति मंदिर के पास पहाड़ी पर आग लगी थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बुझाया गया था। उत्तराखंड वन विभाग के 8 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में वनाग्नि की 657 घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिनमें 221 घटनाएं अकेले चमोली जिले में बताई गई हैं।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- रुद्रप्रयाग : 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे बाबा केदारनाथ के कपाट, 18 से 20 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा मंदिर; अब तक 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इससे पहले मंदिर को करीब 18 से 20 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूरी होगी। इसके लिए मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस यात्रा सीजन में अब तक 19 लाख पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। कपाट बंद होने के बाद बाबा की उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना होगी। इसके बाद अगले छह महीने तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
2- देहरादून : प्रवासी उत्तराखंडियों को निवेश और रोजगार से जोड़ने की तैयारी, 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा तीसरा प्रवासी सम्मेलन; मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
उत्तराखंड से बाहर रह रहे प्रवासियों के अनुभव, विशेषज्ञता और आर्थिक क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़ने के लिए राज्य सरकार 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में तीसरा प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन केवल औपचारिक संवाद तक सीमित न रहे, बल्कि प्रवासियों के सुझावों से निवेश और विकास की ठोस संभावनाएं तलाशी जाएं। सम्मेलन में पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, निवेश और स्वरोजगार के अवसरों पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक भी दिखाई जाएगी। कार्यक्रम दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
3- देश : त्योहारों से पहले मिलावट के खिलाफ FSSAI की बड़ी कार्रवाई, 82 करोड़ रुपये का 3,280 टन खाद्य पदार्थ जब्त; 314 दुकानें सील
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशभर में विशेष अभियान चलाया। प्राधिकरण के अनुसार, 1 सितंबर से 5 नवंबर के बीच 66 दिनों तक चले इस अभियान में 56,431 दुकानों की जांच की गई। इस दौरान करीब 82 करोड़ रुपये मूल्य के 3,280 टन खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जांच में पनीर, घी, दूध और मिठाइयों समेत 11 प्रकार के खाद्य उत्पाद निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। कार्रवाई के तहत 314 दुकानों को सील किया गया। FSSAI ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया था। प्राधिकरण खाद्य पदार्थों के नमूने लेने, संदिग्ध सामग्री जब्त करने और नियमों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अधिकार रखता है। हालांकि, दोषियों को सजा सुनाने का अधिकार न्यायालय के पास होता है।
4- नई दिल्ली : पेट्रोल में 31.2% इथेनॉल मिलाने के कर्नाटक सरकार के आरोप को केंद्र ने किया खारिज, 893 सैंपल तय मानकों पर मिले; तेल कंपनियों ने मांगी संयुक्त जांच
पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल मिलाने को लेकर केंद्र और कर्नाटक सरकार के बीच विवाद सामने आया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कर्नाटक सरकार के पेट्रोल में 31.2 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाने के दावे को खारिज करते हुए कहा कि 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए E20 पेट्रोल के सभी 893 नमूने जांच में मानकों के अनुरूप पाए गए। इनमें इथेनॉल की मात्रा 19 से 20 प्रतिशत के बीच रही। कर्नाटक से लिए गए 56 नमूनों में औसत मात्रा 19.30 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि अधिक इथेनॉल मिलाने से वाहनों का माइलेज घट रहा है और रखरखाव का खर्च बढ़ रहा है। दूसरी ओर, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कर्नाटक सरकार की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों ने सरकारी प्रयोगशाला में दोनों पक्षों की मौजूदगी में संयुक्त जांच कराने की मांग की है।
5- नई दिल्ली : लालकृष्ण आडवाणी का 99वां जन्मदिन आज, प्रधानमंत्री मोदी ने घर पहुंचकर दी शुभकामनाएं; पत्र में लोकतंत्र की रक्षा और भारतीय राजनीति में योगदान को किया याद
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी आज 8 नवंबर को अपना 99वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की और विशेष पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। पत्र में प्रधानमंत्री ने आडवाणी के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा कि विभाजन के दौरान अपना घर छोड़ने की पीड़ा के बावजूद आडवाणी ने बिना कड़वाहट के शून्य से अपना जीवन खड़ा किया। मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनकी लंबी राजनीतिक साझेदारी को भारतीय लोकतंत्र की अनूठी मिसाल बताया। उन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनसंघ और भाजपा को मजबूत बनाने तथा सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई ऐतिहासिक रथयात्रा में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया। आडवाणी को वर्ष 2024 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- नोटबंदी का ऐतिहासिक ऐलान: रात 8 बजे प्रधानमंत्री मोदी ने लिया था बड़ा फैसला (2016)
8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों का प्रचलन बंद करने की घोषणा की थी। यह फैसला उसी रात से लागू हुआ। सरकार ने इसके पीछे काले धन, नकली नोटों और आतंकवाद की फंडिंग पर रोक लगाने का उद्देश्य बताया था।
2- लालकृष्ण आडवाणी का जन्म: कराची में जन्मे नेता ने भारतीय राजनीति में बनाई बड़ी पहचान (1927)
8 नवंबर 1927 को लालकृष्ण आडवाणी का जन्म अविभाजित भारत के कराची (अब पाकिस्तान) में हुआ था। वह भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह मंत्री तथा उपप्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
3- एक्स-रे की खोज: जर्मन वैज्ञानिक विल्हेम रॉन्टगन ने चिकित्सा विज्ञान को दी नई दिशा (1895)
8 नवंबर 1895 को जर्मन वैज्ञानिक विल्हेम कॉनराड रॉन्टगन ने एक्स-रे की खोज की थी। इस तकनीक से बिना शरीर को काटे हड्डियों और शरीर के अंदरूनी हिस्सों की तस्वीर लेना संभव हुआ। चिकित्सा जांच में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली इस खोज के लिए उन्हें 1901 में भौतिकी का पहला नोबेल पुरस्कार मिला था।