लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : आज से शुरू हुई PET-2026 परीक्षा, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल बढ़ा, राजस्थान में ओले, तमिलनाडु में भारी बारिश

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।



 मौसम अपडेट: राजस्थान में ओले, तमिलनाडु में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित; बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका, एमपी-केरल में अलर्ट जारी

राजस्थान के चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में शनिवार को बारिश हुई, चूरू में ओले भी गिरे। बारिश से तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में लगातार भारी बारिश से जलभराव, बिजली गुल और थियागदुर्गम रोड पर यातायात प्रभावित हुआ है। नीलगिरी और कोयंबटूर में भूस्खलन में एक बस ड्राइवर की मौत हो गई और एक घर भूस्खलन की चपेट में आकर बह गया। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में 28 अक्टूबर को पूर्वी हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि केरल के 3 जिलों में रेड अलर्ट, 6 जिलों में ऑरेंज और 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जिससे आंध्र प्रदेश में 26 से 29 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है।


 नई दिल्ली: रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल बढ़ा, अब अक्टूबर 2027 तक रहेंगे पद पर; मोदी सरकार में दूसरा सबसे लंबा कार्यकाल

केंद्र सरकार ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल बढ़ा दिया है। अब वे 31 अक्टूबर 2027 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त होने वाला था। केरल कैडर के 1989 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने 1 नवंबर 2024 को 40वें रक्षा सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। रिटायरमेंट तक वे करीब 1095 दिन इस पद पर रहेंगे, जो मोदी सरकार में किसी रक्षा सचिव का दूसरा सबसे लंबा कार्यकाल होगा। इससे पहले डॉ. अजय कुमार 1,166 दिनों तक रक्षा सचिव रहे थे। उन्हें रक्षा क्षेत्र में 'आत्मनिर्भर भारत' को बढ़ावा देने और DRDO में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए यह एक्सटेंशन दिया गया है। वे 31 मई 2024 से DRDO अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं।

 बिजनौर: शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में देर रात अचानक लगी आग, झुलसे पिता-पुत्र; बरेली जंक्शन पर नया कोच लगाकर ट्रेन रवाना

अमृतसर से गोरखपुर जा रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार देर रात करीब 11:15 बजे बिजनौर के नगीना के पास गेट संख्या 471 के निकट अचानक आग लग गई। हादसे से कोच में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आने से कुशीनगर के मंडार बिंदालिया गांव निवासी दीपक कुमार और उनका 17 वर्षीय बेटा विवेक झुलस गए। कोच की छह सीटें, कंबल और कई बैग जल गए। सूचना पर पहुंची आरपीएफ, जीआरपी और दमकल की संयुक्त टीम ने करीब 10 मिनट में आग पर काबू पाया। शनिवार तड़के करीब 5 बजे ट्रेन बरेली जंक्शन पहुंची, जहां क्षतिग्रस्त कोच हटाकर नया कोच लगाया गया और यात्रियों को सुरक्षित शिफ्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार कोच की वायरिंग और चार्जिंग पॉइंट सुरक्षित मिले हैं, जबकि सीट के पास गंधक-पोटाश वाली एक पटाखा गन बरामद हुई है। मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

 कानपुर: लिव-इन में रह रही महिला की गला घोंटकर हत्या, कमरे से मिला शव; पुलिस फरार बॉयफ्रेंड समेत दो की तलाश में जुटी 

कानपुर के चकेरी क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 32 वर्षीय काजल की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के कमरे का गेट बाहर से बंद था। दो दिन तक महिला न दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद गुरुवार शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। शरीर पर चोट के निशान और चेहरे पर सूजन थी। शनिवार शाम देवरिया से पहुंची मां और बहन ने शव की शिनाख्त की, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मूल रूप से देवरिया की रहने वाली काजल उन्नाव में शादी के बाद तलाक के चलते चकेरी में काम करती थी और करीब 20 दिन पहले राजमिस्त्री पप्पू पासवान के साथ किराए के कमरे में शिफ्ट हुई थी। पुलिस के अनुसार पप्पू और एक अन्य युवक आतिफ दोनों फरार हैं, दोनों की तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है।

 यूपी: आज से शुरू हुई PET-2026 परीक्षा, पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल; नकल पर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान

उत्तर प्रदेश में रविवार से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 शुरू हो गई है। परीक्षा 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर तीन दिन में छह शिफ्ट में होगी। 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए 35.41 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें से पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली शिफ्ट सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसके लिए सुबह 8 बजे से प्रवेश शुरू हो गया है और 9:30 बजे गेट बंद हो जाएंगे। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें दोपहर 1 बजे से प्रवेश शुरू होगा और 1:30 बजे गेट बंद होंगे। परीक्षा ऑफलाइन होगी, OMR शीट पर 100 सवालों के जवाब देने होंगे और एक गलत जवाब पर 0.25 नंबर कटेंगे। आयोग के अनुसार केंद्रों की CCTV से निगरानी की जा रही है। नकल या गड़बड़ी पर आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >

अमेरिका: दिवाली से पहले हिंदू मंदिरों की सुरक्षा पर ₹100 करोड़ खर्च, 500 मंदिरों में बढ़ाई जाएगी निगरानी; इलिनॉय हमले की साजिश के बाद फैसला

अमेरिका में दिवाली से पहले हिंदू मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की तैयारी की गई है, जिसके लिए करीब 100 करोड़ रुपए का फंड बनाया गया है। यह फैसला इलिनॉय में एक मंदिर पर हमले की साजिश का पर्दाफाश होने के बाद लिया गया है। इसके तहत अमेरिका के लगभग 500 मंदिरों और धार्मिक संस्थानों की सुरक्षा में इजाफा किया जाएगा। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे, निगरानी वाले अलार्म और प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी तैनात करने की तैयारी है, साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर योजना बनाई जाएगी। बता दें कि इलिनॉय में 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस ने नवरात्रि के दौरान हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश रची थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी राइफल और सैकड़ों गोलियां लेकर मंदिर पहुंचा था, लेकिन राइफल जाम होने के कारण हमला नहीं कर सका। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने भी मंदिरों और समुदाय के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है।

 ईटानगर: अरुणाचल में सियांग प्रोजेक्ट के विरोध में हिंसा, NHPC ऑफिस और थाने में आग; BJP अध्यक्ष के घर में तोड़फोड़, कई पुलिसकर्मी घायल

अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट के प्रस्तावित सियांग प्रोजेक्ट के विरोध में शुक्रवार रात हिंसा भड़क गई। भीड़ ने NHPC ऑफिस और पुलिस स्टेशन में आग लगा दी, सात-आठ पुलिस वाहन भी जला दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कलिंग मोयोंग और विधायकों के घरों में तोड़फोड़ की। पथराव में डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। सियांग, अपर सियांग और पूर्वी सियांग जिलों में शुक्रवार को 12 घंटे का बंद बुलाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक बंद के दौरान सियांग जिले में करीब 150 से 200 प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों के पास कथित तौर पर दाओ, लाठियां और गुलेल थीं, जिन्होंने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पासीघाट के डीएसपी टोनी तातक के मुताबिक प्रदर्शनकारी मेबो इलाके से आए थे और भीड़ ने आदि समुदाय के संगठन आदि बाने केबांग के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। विधायक निनोंग एरिंग के मुताबिक रात करीब 2 बजे 300-400 युवा उनके घर पहुंचे और तोड़फोड़ कर संपत्ति लूट ली। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गिरफ्तार किए गए 10 कार्यकर्ताओं को रिहा किया जाए, निलंबित गांव के मुखियाओं को बहाल किया जाए, प्रोजेक्ट से जुड़े शुरुआती सर्वे बंद किए जाएं और इलाके में तैनात अर्धसैनिक व केंद्रीय सुरक्षा बलों को हटाया जाए। स्थानीय लोगों को आशंका है कि परियोजना से 27 गांव डूब सकते हैं। राज्य सरकार का कहना है कि फिलहाल परियोजना की व्यवहार्यता के लिए तकनीकी और पर्यावरणीय सर्वे किए जा रहे हैं। कांग्रेस ने हिंसा की निंदा करते हुए आंसू गैस के इस्तेमाल की स्वतंत्र जांच की मांग की है

 मुंबई: जियो IPO ने 3 दिन में बनाए 7 रिकॉर्ड, देश का सबसे बड़ा इश्यू 100 मिनट में पूरा; टारगेट से 22 गुना ज्यादा बोलियां

जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO ने 3 दिन में 7 रिकॉर्ड बना डाले। यह दुनियाभर में 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन पाने वाला पहला IPO बन गया है, इससे पहले यह रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के नाम था, जिसे लगभग 97.3 लाख आवेदन मिले थे। ₹30,213 करोड़ के इश्यू साइज के साथ यह भारतीय कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा IPO बन गया है, इससे पहले यह रिकॉर्ड हुंडई मोटर इंडिया के नाम दर्ज था। एंकर बुक समेत कुल शेयर डिमांड ₹7.4 लाख करोड़ रही, जबकि पब्लिक सब्सक्रिप्शन कैटेगरी से ₹4.9 लाख करोड़ से ज्यादा की बोलियां मिलीं। पूरा ₹30,213 करोड़ का इश्यू 27 करोड़ नए फ्रेश शेयर्स से मिलकर बना था, इसमें पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज या स्ट्रैटेजिक निवेशक मेटा और गूगल ने अपनी कोई हिस्सेदारी नहीं बेची। पहले ही दिन खुलने के 100 मिनट से कम समय में यह इश्यू पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। भारी एप्लिकेशन वॉल्यूम को संभालने के लिए BSE और NSE ने इस IPO के लिए रोजाना बिडिंग के समय में बढ़ोतरी की। ₹1,119 प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर जियो प्लेटफॉर्म्स का पोस्ट-लिस्टिंग मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग ₹10.3 लाख करोड़ रहने का अनुमान है। NSE के मुताबिक तीन दिन में यह IPO कुल 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ, निवेशकों ने ऑफर पर रखे गए 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 438 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां लगाईं।

 प्रयागराज: हाईकोर्ट ने मेरठ SSP को 45 मिनट तक खड़ा रखा, शादी से मुकरने वाले आरोपी को हाईकोर्ट में पेश न करने पर नाराजगी

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शनिवार को शादी का वादा करके जमानत लेने और बाद में मुकरने के मामले में मेरठ SSP बीबीजीटीएस मूर्ति को करीब 45 मिनट तक कोर्ट में खड़ा रखा। कोर्ट ने आरोपी नितीश उर्फ सिद्धांत उर्फ सेठी की जमानत रद्द कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, लेकिन पुलिस ने उसे हाईकोर्ट की जगह सीजेएम की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। SSP ने कोर्ट में सफाई देते हुए कहा कि वह 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक अवकाश पर थे और जूनियर अधिकारियों से चूक हुई है। कोर्ट ने इसे घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए मेरठ के CJM के आचरण पर भी गंभीर नाराजगी जताई और आदेश की प्रति प्रशासनिक न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया। मामला सरधना थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने पिछले साल शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया था।

 मुजफ्फरनगर: हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर हमला, महिलाओं ने दरोगा-सिपाही की वर्दी फाड़ी; आरोपी फरार


मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा इलाके में शनिवार शाम करीब 7 बजे हिस्ट्रीशीटर साहिल उर्फ भूरिया को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर उसके घरवालों ने हमला कर दिया। दरोगा रूपेश कुमार दो सिपाहियों के साथ आरोपी को हिरासत में ले रहे थे, तभी घर की महिलाओं और पुरुषों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया, कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। कथित तौर पर हमलावरों ने सिपाही की वर्दी फाड़ दी और नेम प्लेट नोच ली, साथ ही साहिल को पुलिस की हिरासत से छुड़ाकर भगा दिया। हमले में दरोगा रूपेश कुमार और कांस्टेबल कुलदीप घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। सिखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर साहिल उर्फ भूरिया (हिस्ट्रीशीट संख्या 36-ए) कई आपराधिक मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी और उसके घरवालों की तलाश शुरू कर दी है, गांव में फोर्स तैनात है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >



📈 मार्केट में आज कीमतें >




धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####Bulletin Desk####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल