लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : एअर इंडिया की उड़ानें आज रात से महंगी, यूपी में बाढ़ का कहर जारी, नोबेल शांति पुरस्कार 2026 की घोषणा आज

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


एअर इंडिया की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें आज रात से महंगी, ईंधन सरचार्ज में बड़ी बढ़ोतरी

एअर इंडिया ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के बढ़ते दामों के चलते किराये में बड़ा इजाफा किया है। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों में 1,200 रुपए तक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 17,800 रुपए तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है। नई कीमतें 9 अक्टूबर रात 12:01 बजे से लागू होंगी। यह चार्ज एअर इंडिया एक्सप्रेस पर भी लागू होगा, क्योंकि दोनों टाटा ग्रुप की एयरलाइंस हैं। एअर इंडिया ने 7 महीनों में तीसरी बार फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है। इससे पहले 10 मार्च और 7 अप्रैल को किराया बढ़ा था। इंडिगो ने भी 6 अक्टूबर से किराया महंगा कर दिया था। 1 अक्टूबर से जेट फ्यूल 16 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। पिछले एक महीने में जेट फ्यूल के दाम 14% से अधिक बढ़ चुके हैं, जो पिछले 10 साल का सबसे ऊंचा स्तर है। एयरलाइंस की कुल ऑपरेटिंग लागत में जेट फ्यूल की हिस्सेदारी 30% से 40% तक होती है।

---

नोबेल शांति पुरस्कार 2026 की घोषणा आज, ट्रम्प से लेकर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक चर्चा में

2026 के नोबेल शांति पुरस्कार का ऐलान आज नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प करीब 8 साल से इस पुरस्कार की दावेदारी कर रहे हैं। 2018 में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से बातचीत के बाद ट्रम्प के लिए नोबेल की चर्चा तेज हुई थी। जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कथित तौर पर ट्रम्प को नोबेल के लिए नॉमिनेट किया था। इस बार ट्रम्प के साथ कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, पोप लियो XIV और इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का नाम भी चर्चा में है। ISS पर अमेरिका, रूस, फ्रांस और कनाडा के अंतरिक्ष यात्री साथ काम करते हैं। सूडान के इमरजेंसी रिस्पॉन्स रूम्स (ERR) का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। बता दें कि 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो को मिला था, जिन्होंने बाद में अपना मेडल ट्रम्प को सौंप दिया था। शांति का नोबेल स्वीडन की बजाय नॉर्वे में दिया जाता है, यह व्यवस्था अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत में तय की गई थी।

---

लखनऊ : यूपी में बाढ़ का कहर जारी, गोमती से लखनऊ के VIP इलाके डूबे, गोंडा के 8 गांवों में घुसा पानी, लखीमपुर में 13 घर-4 मंदिर नदी में बहे

उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। लखनऊ में लगातार 11वें दिन गोमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे VIP इलाकों की सड़कें डूब गई हैं। लेटे हनुमान और हनुमंत धाम समेत कई मंदिरों में पानी घुस गया है। रिवर फ्रंट को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। फैजुल्लागंज की गलियों में लोगों के गले तक पानी भरा है। 40 हजार से अधिक घर आधे से ज्यादा डूब चुके हैं और 3 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित है। सिंचाई विभाग के अनुसार, गऊघाट पर 8 अक्टूबर शाम 6 बजे जलस्तर 108.60 मीटर रहा और सुबह 6 बजे से पानी स्थिर है। अगले 12 घंटे में जलस्तर घटने की संभावना है। हनुमान सेतु पर जलस्तर 107.30 मीटर और गोमती बैराज पर 107.05 मीटर दर्ज किया गया, दोनों जगह अगले 24 घंटे में पानी घटने की उम्मीद है। गोंडा में घाघरा नदी उफान पर है, 8 गांवों में पानी घुस गया है और 7 हजार से अधिक लोग बाढ़ में फंसे हैं। एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 64 सेंटीमीटर नीचे है। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी कटान कर रही है, अब तक 13 घर और 4 मंदिर नदी में बह चुके हैं। बस्ती में मौसम का मिजाज बदला, अक्टूबर में पहली बार शुक्रवार सुबह कोहरा छाया और तापमान 34 से गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गोरखपुर में मौसम साफ है। आज यूपी के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट है।

---

ललितपुर : जमीन कब्जा बरकरार रखने के नाम पर 15 हजार रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार, टीम देख भागा, गैस-चूल्हे पर जलाए नोट, राख नाली में बहाई

ललितपुर में एंटी करप्शन टीम ने 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक लेखपाल को रंगे हाथों पकड़ लिया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे टीम लेखपाल के किराए के मकान पर पहुंची। टीम को देखते ही लेखपाल अंदर भाग गया और दरवाजा बंद कर लिया। उसने रिश्वत में मिले नोटों को गैस-चूल्हे पर रखकर जला दिया और उनकी राख सिंक की नाली में बहा दी। टीम ने दरवाजा तोड़कर लेखपाल विपुल तिवारी को पकड़ लिया। उसके हाथ पानी से धुलवाए, पानी का रंग गुलाबी हो गया। कमरे से जले नोटों के टुकड़े भी बरामद हुए। मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर बार थाना क्षेत्र के टोरिया गांव का है। टोरिया निवासी किसान मनोज कुमार (35) ने बताया कि लेखपाल ने जमीन पर कब्जा बरकरार रखने के नाम पर 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी और पहली किस्त में 15 हजार देने को कहा था। मनोज ने झांसी की एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। लेखपाल विपुल तिवारी प्रतापगढ़ के आशपुर देवसरा थाना क्षेत्र के आमापुर पट्टी गांव का रहने वाला है और वर्तमान में ललितपुर की डमडम कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।

---

शिष्य की मौत के बाद प्रेमानंदजी पहली बार केलीकुंज पहुंचे, 10 मिनट रुके, गुरु के दर्शन कर लौटे; भक्तों ने राधे-राधे के जयकारे लगाए

वृंदावन में शिष्य की मौत के बाद संत प्रेमानंद महाराज गुरुवार सुबह 5 बजे पहली बार केली कुंज आश्रम पहुंचे। उन्हें देख भक्त पीछे दौड़ने लगे और 'श्री हरिवंश' व 'राधे-राधे' के जयकारे लगाने लगे। प्रेमानंदजी 10 मिनट तक आश्रम में रुके, फिर 150 मीटर दूर अपने गुरु श्री हित गोविंद शरण महाराज के दर्शन करने चले गए और वहां से अपने नए यमुना बिहार कुंज आश्रम लौट गए। शिष्य रसिक दुलारी ने 25 सितंबर की सुबह केली कुंज ट्रस्ट की बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। अब तक उनके सुसाइड से जुड़े 4 वीडियो सामने आ चुके हैं। पुलिस अब तक 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। 26 सितंबर को दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया, शरीर पर सिर, पैर और कमर में चोट के निशान मिले और प्राइवेट पार्ट पर भी कट के निशान पाए गए। हादसे के बाद केली कुंज आश्रम ने लेटर जारी कर कहा था कि महाराजजी और सभी शिष्य आहत हैं, आश्रम घटना की जांच में सहयोग कर रहा है और लोग महाराजजी की छवि खराब करने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। रसिक दुलारी मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले थे और करीब दो साल पहले वृंदावन आकर प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >

मेरठ : पति की हत्या करने वाली ब्यूटीशियन ने किया कबूल, बोली- प्रेमी को बुलाया, खाने में नशीली दवा दी, फिर गला घोंटा; मुझे फांसी दी जाए

मेरठ की ब्यूटीशियन इल्मा (27) ने अपने पति तालिब (30) की हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने कहा कि मुझे फांसी की सजा दी जाए, पति की बहुत याद आ रही है और पछतावा हो रहा है। मामला 28 सितंबर का है। मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी जुल्फिकार के बेटे तालिब की शादी 4 साल पहले इल्मा से हुई थी, दोनों की 3 साल की बेटी है। तालिब राजमिस्त्री था और मेरठ की जाकिर नगर कॉलोनी में किराए पर रहता था। इल्मा ने बताया कि 28 सितंबर दोपहर करीब 3:30 बजे तालिब काम से लौटे, काम को लेकर झगड़ा हुआ और उसने मारपीट की। इसके बाद इल्मा ने प्रेमी अमन को फोन किया। अमन ने कहा कि वह आकर तालिब को ठिकाने लगा देगा। इल्मा ने तालिब को खाने में नशीली दवा मिलाकर दी। कुछ देर बाद अमन अपने एक दोस्त के साथ घर आया। हत्या के बाद इल्मा ने परिवार को हार्ट अटैक से मौत होने की बात बताई और परिवार ने शव दफना दिया। 5 अक्टूबर को मृतक का मोबाइल मिलने के बाद परिजनों को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ पर इल्मा ने हत्या कबूल की। 10 दिन बाद गुरुवार को पुलिस ने कब्र खोदकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

---

लखनऊ : यूपी में बदल रहा मानसून का पैटर्न, बुंदेलखंड में अब हो रही भीषण बारिश, महोबा-बांदा-चित्रकूट में औसत से 73-88% ज्यादा पानी

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का पैटर्न बदल रहा है। 8 साल पहले तक पूर्वांचल में ज्यादा बारिश होती थी और पश्चिमी यूपी व बुंदेलखंड में कम। अब तस्वीर बदल गई है। महोबा, जालौन और बांदा जैसे कम बरसात वाले इलाकों में 'बहुत भारी बारिश' रिकॉर्ड हो रही है। यहां महीनेभर की बारिश का कोटा 2-4 दिन में ही पूरा हो रहा है। 2019 से 2026 तक 8 साल के मानसूनी बारिश के आंकड़ों का एनालिसिस किया। सबसे बड़ा बदलाव बुंदेलखंड में दिखा। महोबा में इस साल 1127 mm बारिश हुई, जो औसत से 88% ज्यादा है। बांदा में 1348.4 mm (76% ज्यादा), चित्रकूट में 1358.1 mm (73% ज्यादा) और हमीरपुर में 1307.7 mm (85% ज्यादा) बारिश दर्ज हुई। 2022 के बाद से यह ट्रेंड साफ दिख रहा है। वहीं, पूर्वी यूपी में बारिश कम हो रही है। 2026 में पश्चिमी यूपी में 16% ज्यादा बारिश हुई, जबकि पूर्वी यूपी में सिर्फ 2% ज्यादा। विशेषज्ञों के अनुसार, 8 साल का आंकड़ा जलवायु बदलने का पक्का सबूत नहीं है, लेकिन बारिश के पैटर्न में बदलाव साफ नजर आ रहा है।

चार राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव की मतगणना जारी, बंगाल में भाजपा आगे, तमिलनाडु में TVK-AIADMK को बढ़त

चार राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव की मतगणना आज सुबह से शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर भाजपा को बढ़त है। नंदीग्राम में TMC प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद ममता बनर्जी ने जिस कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया था, वह गिरफ्तार हो गए थे। हालांकि उन्हें चुनाव के लिए जमानत मिल गई। यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर एक पर सीएम विजय की पार्टी TVK आगे है और दूसरी पर AIADMK। पुडुचेरी की थट्टनचावेंडी विधानसभा सीट पर NDA का हिस्सा AINRC के अशोक आनंद करीब 2,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस के सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। कांग्रेस नेता पूजा रॉय चौधरी ने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं कराए गए और वोटों की हेराफेरी हुई। 6 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी।

---

नई दिल्ली : 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले CJP-लेफ्ट संगठनों के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने का आरोप, दिल्ली पुलिस ने होटलों की जांच शुरू की

दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और लेफ्ट संगठनों ने देशभर में समर्थकों को हिरासत में लेने का आरोप लगाया है। CJP ने दावा किया कि पुणे के छात्रों को दिल्ली जाते समय बीच रास्ते में हिरासत में लिया गया और उन्हें बस से अज्ञात जगह ले जाया गया। CJP ने मध्य प्रदेश का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें चलती बस में युवाओं को दिखाया गया है। SFI ने कहा कि उसके सहारनपुर जिला संयोजक आरिफ और ऑल इंडिया किसान सभा के नेता दाऊद राव को भी हिरासत में लिया गया है। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने होटलों और गेस्ट हाउसों की जांच शुरू कर दी है। खास तौर पर 8 से 11 अक्टूबर के बीच रुकने वालों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। 20 से 30 साल के युवाओं से पूछताछ की जा रही है। रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर भी बड़े ग्रुप्स पर नजर रखी जा रही है। CJP 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी।

---

CAPF (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) एक्ट 2026 लागू, 5 सुरक्षा बलों में IPS का डेपुटेशन-प्रमोशन हो सकेगा; कैडर अफसरों ने जताई आपत्ति

देश में CAPF (जनरल एडमिनिस्ट्रेशन) एक्ट 2026 लागू हो गया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, यह कानून 8 अक्टूबर से प्रभावी है। नया कानून केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) में ग्रुप-A जनरल ड्यूटी और अन्य अधिकारियों की भर्ती, प्रमोशन, डेपुटेशन और सेवा शर्तों का एक समान ढांचा तय करता है। इसके तहत IPS से डेपुटेशन के जरिए अफसरों की नियुक्ति की जाएगी। इंस्पेक्टर जनरल रैंक के 50% पद, एडिशनल डायरेक्टर जनरल स्तर के कम से कम 67% पद और स्पेशल डायरेक्टर जनरल व डायरेक्टर जनरल रैंक के सभी पद केवल डेपुटेशन से भरे जाएंगे। कानून संसद ने अप्रैल में पास किया था। इस कानून के खिलाफ CAPF के कैडर अफसरों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं दायर की हैं। अफसरों का कहना है कि यह कानून IPS से आने वाले अफसरों की तुलना में उनके करियर में आगे बढ़ने के मौके खत्म करता है। रिटायर्ड CAPF अफसरों के एक समूह ने भी अवमानना याचिका दायर की थी।


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UP DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल