नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
वैशाली में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, 7 बच्चियां एक ही परिवार की; 15 वर्षीय चांदनी ने बचाई दो जानें
बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे एक नाव पलट गई, जिसमें 13 बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 6 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिनमें 7 बच्चियां एक ही परिवार की हैं। हादसा राघोपुर क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला के पास हुआ, जब 25 से अधिक लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर तेरहवीं के भोज में जा रहे थे। सभी शव गांव पहुंच चुके हैं और परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया है। हादसे में 15 वर्षीय चांदनी कुमारी ने तैरकर अपने बड़े भाई के दो बच्चों की जान बचाई। चार घायलों का इलाज पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
नई दिल्ली में CJP नेताओं को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, अजिंक्य शिंदे निजी मुचलके पर रिहा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की विशेष अदालत ने 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इनके साथ गिरफ्तार किए गए अजिंक्य शिंदे को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। तीनों को मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था और रात 3 बजे एहतियातन गिरफ्तार किया गया। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह के अनुसार, तीनों पर बिना इजाजत जंतर-मंतर में घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं। उन्हें तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि 11 अक्टूबर को इन नेताओं को 50-50 हजार के मुचलके पर रिहा किया गया था।
मेरठ नीले ड्रम हत्याकांड: आज सजा पर फैसला, मुस्कान-साहिल को कोर्ट देगा आखिरी मौका
मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में आज बुधवार को सजा सुनाई जाएगी। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को सजा से पहले अपना पक्ष रखने का आखिरी मौका देंगे। 30 सितंबर को कोर्ट ने दोनों को सौरभ राजपूत की हत्या का दोषी ठहराया था। हत्या 3 मार्च 2025 को हुई थी। आरोप है कि मुस्कान ने खाने में दवा मिलाकर सौरभ को बेहोश किया और साहिल के साथ मिलकर चाकू से हत्या की, फिर शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट भर दिया। मृतक की मां ने कहा कि फांसी नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। मामले में 22 गवाह दर्ज हुए हैं।
लखनऊ में ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, कई जातियों को मिला प्रतिनिधित्व
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने जिलाध्यक्षों की सूची जारी की। किशन कुमार लोधी को लखनऊ महानगर और दिनेश कुमार वर्मा को लखनऊ जिला का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। हीरा यादव वाराणसी महानगर और गोविंद दास गुप्ता वाराणसी जिला के अध्यक्ष बनाए गए। गोरखपुर महानगर में संषोष राजभर, गोरखपुर जिला में गणेश निषाद, देवरिया में रणविजय सिंह सैंधवार, बस्ती में दिनेश कुमार यादव, लालगंज में अंशू जायसवाल को नियुक्त किया गया। पश्चिम क्षेत्र में रामपुर में रोहिताश्व मौर्य, मुरादाबाद में चंदर कुमार प्रजापति, मरादाबाद जिला में जीवन सिंह पाल और बागपत में शेर सिंह गुर्जर शामिल हैं। मोर्चा ने कुर्मी, पाल, मौर्य, सैनी, शाक्य, कुशवाहा, राजभर, निषाद, यादव, लोधी सहित सभी पिछड़ी जातियों को प्रतिनिधित्व दिया है।
बरेली में बर्थडे पार्टी में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, परिजनों ने आरोपी को कमरे में बंद कर पीटा
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में सोमवार रात करीब 9 बजे बर्थडे पार्टी में हुए विवाद में 16 वर्षीय अर्जुन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी भी 16 वर्षीय है और गांव का ही रहने वाला है। पार्टी में शराब पीने के बाद अर्जुन के भाई सुरेंद्र से कहासुनी हुई, बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर कमरे में बंद कर पीटा। पुलिस दीवार फांदकर घर में घुसी और आरोपी को छुड़ाकर थाने ले गई। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि चाकू बरामद कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
हैदराबाद में आज भारत-वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी-20, सीरीज में टीम इंडिया 2-1 से आगे
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 टी-20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत ने हैदराबाद में अब तक खेले सभी तीन टी-20 मुकाबले जीते हैं और 2024 में इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन बनाए थे, जो टी-20 इंटरनेशनल में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। सीरीज में श्रेयस अय्यर भारत के टॉप स्कोरर हैं, जिन्होंने 3 मैचों में 143 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में नमन धीर ने 5 विकेट लिए हैं।
सऊदी अरब जाने वाली इंडिगो और एअर इंडिया की उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द, हुती हमलों के बाद सुरक्षा चिंता
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और यमन के हुती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद इंडिगो और एअर इंडिया ने सऊदी अरब की सभी उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना जाने वाली सभी फ्लाइट्स रोक दी हैं, जबकि एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानें रद्द की हैं और टिकट कैंसिल कराने पर पूरा पैसा वापस करने की बात कही है। सऊदी सरकार ने रियाद एयरपोर्ट को 17 अक्टूबर की देर रात तक बंद कर दिया है। आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस सहित कई अन्य एयरलाइंस की उड़ानें भी प्रभावित हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि बिना कंफर्मेशन एयरपोर्ट न जाएं।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गूगल डेटा सेंटर पर विवाद, 160 एकड़ जंगल काटने और पानी की कमी के आरोप
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गूगल का डेटा सेंटर बन रहा है, जिसके लिए राज्य सरकार ने 3 गांवों की 586 एकड़ जमीन दी है। अदाविवरम-मुदासरलोवा गांव में काम शुरू हो चुका है। आरोप है कि 160 एकड़ में जंगल काटे गए और पहाड़ी छीलकर जमीन समतल की गई। वन्यजीव अभयारण्य और जलाशय के पास होने के कारण पर्यावरणविद इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि जमीन उनकी आजीविका का आधार थी। गूगल का दावा है कि उसने पानी के जोखिम का आकलन करने के बाद एयर कूलिंग तकनीक अपनाने का फैसला किया है। यह 15 अरब डॉलर यानी करीब 1.3 लाख करोड़ रुपए का AI हब है, जो 2028 तक चालू हो सकता है।
सीएम योगी ने बरेली में शिक्षक सम्मेलन में कहा- अब यूपी में नो कर्फ्यू नो दंगा, ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले बरेली में पर्व-त्योहारों पर दंगे होते थे, अब दंगाई जेल में उर्स मनाते हैं। यूपी माफिया मुक्त हो चुका है। उन्होंने 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2500 से बढ़ाकर 3500 रुपए करने और उनके परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का ऐलान किया। बरेली जोन के 7 हजार ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया और मोबाइल फोन दिए। सीएम ने शिक्षक कोटे से MLC प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के लिए वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब यूपी में नो कर्फ्यू नो दंगा है।
लखनऊ में बाढ़ से हालात खराब, 40 हजार घरों में घुसा पानी, 3 लाख से ज्यादा प्रभावित
यूपी में गोमती समेत चार नदियां उफान पर हैं। लखनऊ, गोंडा और सीतापुर बाढ़ की चपेट में हैं। लखनऊ में सड़कों और गलियों में पानी भरा है, रिवर फ्रंट जलमग्न है और चंद्रिका देवी मंदिर बंद कर दिया गया है। 40 हजार से ज्यादा घरों में 3-4 फीट तक पानी भरा है, जिससे 3 लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित है। पिछले 10 दिनों में डेंगू के 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों का कहना है कि बच्चे बीमार हैं, लेकिन नाव नहीं मिल रही, राशन और पीने का पानी नहीं पहुंच रहा। बुजुर्ग साइकिल से जरूरी सामान लाने को मजबूर हैं। प्रशासन की मदद कुछ ही इलाकों तक सीमित है।