नई दिल्ली में आगामी 7 अक्टूबर को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव के अनुसार, जीएसटी अधिकारियों से सीधे गिरफ्तारी का अधिकार वापस लिया जाएगा और आपराधिक मामलों की सीमा 1 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये की जाएगी। अब बिना न्यायिक आदेश (कोर्ट ऑर्डर) के किसी की गिरफ्तारी नहीं होगी। 24 में से 9 आपराधिक धाराओं को पूरी तरह खत्म करने का प्रस्ताव है।
बिना कोर्ट ऑर्डर के गिरफ्तारी नहीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकार 'नेक्स्ट-जनरेशन जीएसटी' के तहत टैक्स प्रशासन को आसान बनाने जा रही है। इसके लिए सीजीएसटी (CGST) कानून की धारा 69 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अब तक टैक्स कमिश्नर स्तर की मंजूरी मिलने पर अधिकारी किसी भी व्यक्ति को सीधे गिरफ्तार कर सकते थे। लेकिन नए बदलाव के बाद अधिकारियों से यह अधिकार पूरी तरह वापस ले लिया जाएगा और किसी भी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट का आदेश अनिवार्य होगा।
क्रिमिनल केस की सीमा 5 करोड़ हुई
वर्तमान व्यवस्था में 1 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी या फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) दावों के मामलों में आपराधिक कार्रवाई और गिरफ्तारी की जा सकती थी। नए प्रस्ताव के तहत इस सीमा को 1 करोड़ से बढ़ाकर सीधे 5 करोड़ रुपये करने की सिफारिश की गई है। इसके अतिरिक्त, क्लासिफिकेशन, वैल्यूएशन या आईटीसी से जुड़े सामान्य विवादों को क्रिमिनल केस के दायरे से बाहर रखा जाएगा। इससे छोटे और मध्यम कारोबारियों को अधिकारियों की मनमानी से मुक्ति मिलेगी।
सजा के प्रावधानों में राहत, लेकिन वसूली जारी रहेगी
अधिकारियों से सीधे गिरफ्तारी का अधिकार वापस लेने का मतलब टैक्स में छूट नहीं है। सरकार की टैक्स, ब्याज और पेनाल्टी वसूलने की सिविल शक्तियां पूरी तरह बरकरार रहेंगी। जानबूझकर की गई बड़ी धोखाधड़ी के मामलों में अदालत के जरिए मुकदमा चलेगा। हालांकि, सजा के प्रावधानों को नरम किया जा रहा है। 24 में से 9 आपराधिक धाराओं को पूरी तरह खत्म करने का प्रस्ताव है। साथ ही, अदालत को न्यूनतम जेल की बाध्यता हटाकर केवल जुर्माना लगाने का विकल्प मिलेगा और मध्यम श्रेणी के अपराधों में अधिकतम सजा को 3 साल से घटाकर 2 साल किया जाएगा।
'जन विश्वास अधिनियम 2026' और तकनीक का प्रभाव
विशेषज्ञों के अनुसार, शुरुआती दौर में ऑटोमेटेड सिस्टम की कमी के कारण गिरफ्तारी का डर जरूरी था, लेकिन अब जीएसटी का डेटा-ड्रिवन सिस्टम बेहद मजबूत हो चुका है। यह सुधार केंद्र सरकार के 'जन विश्वास (प्रावधानों का संशोधन) अधिनियम, 2026' और आर्थिक अपराधों को गैर-आपराधिक बनाने के अभियान का प्रमुख हिस्सा है। इससे पहले सितंबर 2025 में 'जीएसटी 2.0' के तहत 5%, 18% और 40% के टैक्स स्लैब निर्धारित किए गए थे। अब दूसरे चरण में प्रशासन का फोकस डराने-धमकाने के बजाय तकनीक, डेटा और सिविल रिकवरी पर होगा।