नमस्कार,
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
CBSE 2028 बोर्ड परीक्षा पैटर्न का ऐलान: 10वीं में 5 विषय अनिवार्य, स्किल पेपर से पास होने का मौका; तीन भाषा नीति भी लागू
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने गुरुवार को 2028 की 10वीं बोर्ड परीक्षा का पैटर्न जारी किया। बोर्ड के अनुसार, बोर्ड परीक्षा में छात्रों के लिए 5 विषय अनिवार्य होंगे, जबकि वे एक अतिरिक्त स्किल विषय चुन सकेंगे। इस स्किल विषय से मैथ, साइंस या सोशल साइंस में फेल होने पर भी छात्र परीक्षा पास कर सकेंगे। बोर्ड ने बताया कि इंटरडिसिप्लिनरी एरिया और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग व AI के मॉड्यूल स्टडी स्कीम में शामिल नहीं होंगे। यह बदलाव उन छात्रों पर लागू होगा, जो 2026-27 में 9वीं में पढ़ रहे हैं और 2028 में 10वीं बोर्ड परीक्षा देंगे। CBSE की डायरेक्टर (एकेडमिक्स) प्रज्ञा एम. सिंह के अनुसार, 2028 में वोकेशनल एजुकेशन अनिवार्य होगा। इसके अलावा 9वीं और 10वीं में थ्री लैंग्वेज पॉलिसी लागू की गई है, जिससे लगभग 50 लाख बच्चे प्रभावित होंगे। स्पष्ट किया गया है कि इस साल 10वीं में तीसरी भाषा का पेपर नहीं होगा, लेकिन पढ़ाई करनी होगी।
चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: 6 राज्यों में SIR की समयसीमा बढ़ी; दिल्ली में फाइनल वोटर लिस्ट अब 22 दिसंबर को
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने 6 राज्यों में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का शेड्यूल बदल दिया है। आयोग के अनुसार, दिल्ली और महाराष्ट्र में मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने या गड़बड़ी पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना और नगालैंड में नोटिस के निपटारे की समयसीमा बढ़ाई गई है। नए शेड्यूल के मुताबिक, महाराष्ट्र समेत 5 राज्यों में फाइनल वोटर लिस्ट 30 नवंबर को और दिल्ली में 22 दिसंबर को जारी होगी। यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद हुआ है, जिसमें छूटे हुए मतदाताओं को दावा-आपत्ति का पर्याप्त मौका देने और जल्दबाजी न करने पर जोर दिया गया था। कोर्ट ने 28 अक्टूबर को चुनाव आयोग से पूछा था कि इन राज्यों में अभी चुनाव नहीं हैं, फिर इतनी जल्दबाजी क्यों। तीसरे चरण में 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 36.73 करोड़ वोटर्स का वेरिफिकेशन होगा। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में SIR बाद में होगा।
उत्तराखंड : सरकारी विभागों पर ₹540 करोड़ बिजली बिल बकाया, CM धामी ने तेज भुगतान के दिए निर्देश; ₹166 करोड़ जल्द जारी करने का निर्देश
देहरादून। उत्तराखंड में बिजली निगमों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकारी विभागों से बकाया वसूली पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों पर 30 सितंबर 2026 तक बिजली बिल के करीब 539.61 करोड़ रुपये बकाया बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में यूपीसीएल और पिटकुल की समीक्षा बैठक में इन देनदारियों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपूरक बजट में स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष करीब 166 करोड़ रुपये की शेष राशि यूपीसीएल को जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सरकारी भवनों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी पर भी चर्चा हुई। सीएम ने निगमों को संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर वित्तीय स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
चमोली : फूलों की घाटी 31 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए बंद, इस सीजन 35,261 पर्यटक पहुंचे; ₹67.07 लाख का राजस्व
चमोली। चमोली जिले में स्थित फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान 31 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए बंद हो जाएगा। बर्फबारी को देखते हुए यह निर्णय लिया जाता है। इस सीजन में 35,261 पर्यटकों ने घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का दीदार किया। पार्क प्रशासन को प्रवेश शुल्क से ₹67 लाख 7 हजार 500 का राजस्व मिला। घाटी 1 जून को पर्यटकों के लिए खोली गई थी। शुक्रवार, 30 अक्टूबर, इस सीजन में पर्यटकों की आवाजाही का आखिरी दिन रहेगा। पार्क के रेंज अधिकारी आशीष जिरवाण के मुताबिक, 28 अक्टूबर तक घाटी में 34,996 भारतीय और 265 विदेशी पर्यटक पहुंचे। सर्दियों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की आवाजाही बंद रहेगी, जबकि दुर्लभ वनस्पतियों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए पार्क प्रशासन की गश्त जारी रहेगी।
देहरादून : चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर, सभी जिलों में बारिश; 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, केदारनाथ-यमुनोत्री में बर्फबारी जारी
देहरादून। चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर गढ़वाल के बाद अब कुमाऊं में भी दिखने लगा है। प्रदेश के सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि यमुनोत्री और केदारनाथ में बर्फबारी जारी है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अक्टूबर से पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का असर कम होने लगेगा। केदारनाथ में 24 घंटे से अधिक समय से लगातार बर्फबारी हो रही है। BKTC सदस्य विनीत पोस्ती के अनुसार 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ बाबा केदार के कपाट बंद होंगे। श्रद्धालुओं से गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ लाने की अपील की गई है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
कांग्रेस आज दिल्ली में लगाएगी 'मॉक संसद': CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश करेंगे खड़गे, मीरा कुमार करेंगी अध्यक्षता
नई दिल्ली। INDIA ब्लॉक आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मॉक संसद आयोजित करेगा। इसमें राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पब्लिक महाभियोग कार्यक्रम चलाएंगे। कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार अध्यक्षता करेंगी, खड़गे महाभियोग प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। सूत्रों के अनुसार, यह कार्यक्रम 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली से पहले किया जा रहा है। विपक्ष SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में CEC के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 1 नवंबर की रैली का समर्थन किया है। CJP नेता आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी समर्थक रैली में शामिल हो सकते हैं। राहुल गांधी ने 29 अक्टूबर को छात्र संगठनों से भी 'दिल्ली चलो मार्च' में आने की अपील की है।
सुप्रीम कोर्ट का सुझाव: बिना पटाखे दिवाली के लिए विराट कोहली जैसी हस्तियों से कराएं अपील; पटाखों पर पूर्ण बैन के पक्ष में नहीं
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बिना पटाखे चलाए दिवाली मनाने को लेकर सुझाव दिया। कोर्ट ने कहा कि विराट कोहली जैसी मशहूर शख्सियतों की मदद से लोगों को जागरूक किया जा सकता है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण मामले की सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने कहा कि दिवाली मूल रूप से रोशनी का त्योहार है और त्योहार मनाने के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां जरूरी नहीं हैं। फिलहाल कोर्ट पटाखों पर पूरी तरह बैन के पक्ष में नहीं है और अधिकारियों को निर्देशों के पालन की चेतावनी दी है। सुनवाई में एमिकस क्यूरी वरिष्ठ वकील उत्तरा बब्बर ने स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2025 रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत में वायु प्रदूषण से 20.1 लाख से ज्यादा मौतें हुईं, जिनमें 21% मौतें पांच साल से कम उम्र के बच्चों की थीं। ग्रीन पटाखों की बिक्री और जांच पर भी सवाल उठाए गए।
PM मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर: ₹14 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, पीएम-किसान की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 14 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त के तहत 19 हजार करोड़ रुपए जारी करेंगे और दो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम आज बनासकांठा में IVF लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर जाएंगे और विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वे अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और फेज-2बी की आधारशिला भी रखेंगे। 31 अक्टूबर को पीएम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और एकता नगर में 400 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। गुजरात में 4,030 नए आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला भी रखी जाएगी।
रुड़की : दिल्ली हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौके पर मौत, कंपनी से घर लौट रही थी; आरोपी चालक फरा
रुड़की। दिल्ली हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से नसीरपुर गांव की एक महिला की मौत हो गई। हादसा मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार महिला कंपनी से छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। टक्कर के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवाया। आरोपी चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैदेहरादून : उत्तराखंड बना देश का पहला राज्य, मदरसों के लिए तैयार हुआ नया आधुनिक पाठ्यक्रम; नियम उल्लंघन पर 5 लाख तक जुर्माना
देहरादून। उत्तराखंड के मदरसों समेत सभी अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए धार्मिक शिक्षा का नया और आधुनिक पाठ्यक्रम तैयार कर लिया गया है।
ऐसा करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। कक्षा एक से आठवीं तक का पाठ्यक्रम पहले ही तैयार किया जा चुका है और इसे इसी सप्ताह लागू करने की तैयारी है, जबकि नौवीं से 12वीं तक का पाठ्यक्रम भी तैयार कर लिया गया है। अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार यह पाठ्यक्रम धर्मगुरुओं और शिक्षाविदों की समितियों के जरिए तैयार किया गया है। नए पाठ्यक्रम में धार्मिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्य, स्वतंत्रता संग्राम की गाथा, डिजिटल व्यवहार, नशे से बचाव और भाईचारे जैसे विषय शामिल किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 35 संस्थानों ने मान्यता ली है। सरकार ने अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक सदन में पारित किया है, जिसके तहत नियमों का उल्लंघन कर धार्मिक शिक्षा देने वाले संस्थानों पर पांच लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जाए।