चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
नई दिल्ली: कैंसर की 543 दवाओं के दाम घटे, 80 हजार का इंजेक्शन अब 7 हजार में; 9 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के फैसले के बाद कैंसर की 543 दवा ब्रांडों और पैक के अधिकतम खुदरा मूल्य में बदलाव किया गया है। 397 यानी 73% के दाम घटाए गए हैं, जिनमें 217 के दाम आधे से भी कम हो गए हैं। सबसे भारी कटौती सैमटेपा (थियोटेपा 100 मिलीग्राम इंजेक्शन) में हुई है, जिसकी कीमत ₹80,071.86 से घटकर ₹7,150.33 हो गई है। पैलबोप्रो दवा के 21 कैप्सूल का पैक ₹40,421 से घटकर ₹2,720 का हो गया है। हालांकि 146 ब्रांड-पैक की कीमतें पहले जैसी हैं, जिनमें महंगी पेटेंट दवाएं भी शामिल हैं। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी। सरकार ने 137 कैंसर-रोधी दवाओं के ट्रेड मार्जिन को एमआरपी के 30% तक सीमित करने का आदेश जारी किया था।
नई दिल्ली: चक्रवात अर्नब से आंध्र-ओडिशा में 5 की मौत, राजस्थान-एमपी-यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान "अर्नब" का असर देशभर में देखने को मिल रहा है। अर्नब मंगलवार देर रात 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था, जहां 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। आंध्र प्रदेश में 5 मौतें हुई हैं और 57 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। ओडिशा में भारी बारिश के चलते 16 जिलों में स्कूल बंद हैं और 30 हारले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 11 राज्यों में गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर समेत 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है।
फिरोजाबाद : नर्सिंग छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, भाई ने प्रिंसिपल और उसके बेटे पर हत्या का लगाया आरोप
फिरोजाबाद के मटसेना इलाके में बुधवार सुबह जीएनएम फर्स्ट ईयर की छात्रा का शव रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा फिरोजाबाद कॉलेज ऑफ नर्सिंग के हॉस्टल में रहती थी। छात्रा के भाई ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रिंसिपल सुरेंद्र दक्ष और उनका बेटा यश दक्ष उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालते थे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। भाई के अनुसार 27 अक्टूबर की रात प्रिंसिपल का बेटा उसे हॉस्टल से बाहर ले गया और रेप की कोशिश की। शाम 5 बजे भाई ने दोनों के खिलाफ थाने में शिकायत दी, वहीं परिजनों ने चौकी के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष विमलेश त्रिपाठी के अनुसार शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है, छात्रा की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। कॉलेज की ओर से आरोपों को गलत बताया गया है और दावा किया गया है कि छात्रा रात करीब 1:45 बजे दीवार फांदकर बाहर निकली थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज मौजूद है।
लखनऊ समेत यूपी : चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर, 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, वाराणसी-अयोध्या में बरसात
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर यूपी में दिखने लगा है। गुरुवार सुबह प्रदेशभर में अचानक मौसम बदल गया। वाराणसी, मेरठ और गोरखपुर में बारिश हो रही है, जबकि अयोध्या में तेज आंधी के साथ हल्की बरसात हुई। लखनऊ समेत 50 जिलों में बादल छाए हुए हैं और आज प्रदेश के 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने तूफान और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है। IIT कानपुर के अर्थ साइंसेज विभाग के प्रोफेसर जावेद एन. मलिक के अनुसार अर्नब के असर से तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने सभी जिलों के अफसरों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। IMD और कृषि विभाग ने किसानों के लिए गाइडलाइन जारी की है—80 से 85 प्रतिशत पकी धान-मक्का की तुरंत कटाई करें, खेतों में पानी जमा न होने दें और अगले 3-4 दिन खाद-कीटनाशक का छिड़काव व सिंचाई न करें। फसल नुकसान पर बीमित किसान 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराएं।
काशी : MLC स्नातक सीट पर 48 घंटे से मतगणना जारी, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा 16990 वोटों से आगे; समर्थक केंद्र पर डटे
विधान परिषद की 11 सीटों में से 10 के नतीजे आ चुके हैं, लेकिन काशी की स्नातक सीट पर 48 घंटे से मतगणना जारी है। बुधवार शाम से शुरू हुआ हंगामा देर रात तक चला और करीब 500 से ज्यादा सपा नेता मतगणना स्थल पर रातभर डटे रहे। अखिलेश यादव ने सुबह 'X' पर लिखा—मतगणना केंद्र पर भोजन, पानी, छतरी और तौलिये की व्यवस्था कर साथियों की मदद करें, जागते रहें, सवेरा अपना होगा। काशी स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा 16990 वोटों की बढ़त बनाए हैं। बुधवार शाम 7:20 बजे मतगणना एक घंटे रोकनी पड़ी, जब भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ धरने पर बैठ गए और ऑब्जर्वर पर धांधली का आरोप लगाया। बाद में 5वें चरण की दोबारा गिनती कराई गई। 10 सीटों के नतीजों में भाजपा ने 4 शिक्षक और 2 स्नातक सीटें जीतीं, जबकि सपा ने 2 शिक्षक और 2 स्नातक सीटें हासिल कीं। काशी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की, उन्होंने भाजपा के डॉ. प्रमोद मिश्रा को 5015 वोटों से हराया। गोरखपुर में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी लगातार चौथी बार MLC बने, उन्होंने 307 वोटों से जीत पाई। निर्दलीय राजीव यादव ने हार पर जानबूझकर हराने और एक हजार वोट चोरी का आरोप लगाया है। चुनाव 23 अक्टूबर को 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ था, जिसमें 152 प्रत्याशी मैदान में थे और करीब 14.81 लाख मतदाताओं में से 55 प्रतिशत ने वोट डाले थे।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
नई दिल्ली: राहुल गांधी ने टाटा ग्रुप पर लगाया 'बर्बाद करने' का आरोप, सीतारमण बोलीं- हर मामले पर राजनीति न करें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कथित तौर पर आरोप लगाया कि टाटा ग्रुप को "क्रिमिनल तरीके से बर्बाद" किया जा रहा है और इंडियन बिजनेस सरकार का खिलौना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इन "अपराधों" का इंसाफ करेंगे। इसके जवाब में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि राहुल अविश्वास फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए। सीतारमण ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां कारोबार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई हैं। दरअसल, विवाद टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के बीच है। नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन को दिए दूसरे 5 साल के एक्सटेंशन को चुनौती दी है और 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग का रिकॉर्ड मांगा है। राहुल ने यह भी सवाल उठाया कि अगर यह सामान्य कानूनी विवाद था तो गृह मंत्री के आवास पर बैठक क्यों बुलाई गई।
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने डिजिटल अरेस्ट को बताया 'डिजिटल डकैती', कहा- ऐसे बेरहम अपराधियों से बेहद सख्ती से निपटा जाए
सुप्रीम कोर्ट ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए होने वाली साइबर ठगी को "डिजिटल डकैती" करार दिया है। सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि यह सामान्य जबरन वसूली से अधिक गंभीर अपराध है और वीडियो कॉल से खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे बेरहम अपराधियों से बेहद सख्ती से निपटना चाहिए और अगर कानून में मुकदमे से पहले दंडित करने की गुंजाइश है तो उसका इस्तेमाल भी होना चाहिए। यह सुनवाई गौरव कुमार साहा और निधि भंडारी की याचिका पर हुई, जिन्होंने 12 राज्यों में दर्ज 35 साइबर अपराध मामलों को एक जगह लाने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों की सुविधा के लिए पीड़ितों को दिल्ली नहीं बुलाया जा सकता। साथ ही साइबर सुरक्षा कंपनी आर्कटिक वुल्फ के अनुसार त्योहारों में फर्जी मैसेज और एप से ठगी का खतरा बढ़ सकता है।
नई दिल्ली: RSS अपना संगठनात्मक ढांचा बदलेगा, पहली बार बनेंगी राज्य इकाइयां; 11 क्षेत्र घटकर 9 और 46 प्रांतों से 90 संभाग बनेंगे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, RSS के 11 क्षेत्र घटाकर 9 किए जाएंगे और मौजूदा 46 प्रांतों की जगह करीब 90 संभाग बनाए जाएंगे। RSS पहली बार राज्य स्तर पर संगठनात्मक इकाइयां बनाएगा, जिनमें केवल राज्य प्रचारक और राज्य कार्यवाह होंगे। इस व्यवस्था में राज्य संघचालक का पद नहीं होगा। प्रस्तावित बदलावों का मकसद संघ के कामकाज को विकेंद्रीकृत करना और जिम्मेदारियों को अधिक प्रभावी ढंग से बांटना है। RSS की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक 2 से 4 नवंबर तक मध्यप्रदेश के इंदौर में होगी, जिसमें संगठन के पुनर्गठन, शताब्दी वर्ष की गतिविधियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक अब हर तीन साल में नागपुर में आयोजित की जाएगी
रामपुर : ED ने आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 1170 करोड़ की संपत्ति अटैच की, सरकारी पैसे से निर्माण का दावा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सपा नेता आजम खान से जुड़ी मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अटैच कर लिया। ED के अनुसार अटैच संपत्तियों की कीमत 426.46 करोड़ रुपए है, जबकि बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब 1170 करोड़ रुपए आंकी गई है। यूनिवर्सिटी का संचालन आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट करता है, जो रामपुर के जौहर नगर क्षेत्र में स्थित है। ED का दावा है कि सरकारी धन, ठेकेदारों की रकम और जमीन से जुड़ी अनियमितताओं से अर्जित धन यूनिवर्सिटी की संपत्तियां बनाने में इस्तेमाल किया गया। जांच में ट्रस्ट की बैलेंस शीट में दिखाए गए 78.32 करोड़ के डोनेशन में से 66.0 करोड़ फर्जी पाए जाने का भी दावा किया गया है।
एटा : एक लाख के इनामी बदमाश वीरेंद्र सिंह एनकाउंटर में ढेर, परिजनों ने गिरफ्तारी के बाद गोली मारने का लगाया आरोप
एटा पुलिस ने मंगलवार (27 अक्टूबर) को मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश वीरेंद्र सिंह (45) को मार गिराया। फायरिंग में वीरेंद्र के सीने में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ और मौके से पिस्टल, कारतूस तथा चोरी की बाइक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार वीरेंद्र ने 22 अक्टूबर को अलीगंज में ज्वेलर संजय यादव से लूट की थी। मूल रूप से मैनपुरी के हरचंदपुर निवासी वीरेंद्र के खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज थे, जिनमें 32 मैनपुरी में ही हैं। बुधवार को शव मैनपुरी पहुंचने पर घर में चीख-पुकार मच गई। बेटी नीलम का आरोप है कि 25 अक्टूबर को फिरोजाबाद में शादी के लिए लड़का देखने गए परिवार को पुलिस ने रोक लिया और उसके सामने पिता को चादर ओढ़ाकर गाड़ी में बैठा लिया। उसका कहना है कि गिरफ्तारी के बाद पिता को गोली मारी गई, जबकि टांग में गोली मारकर उन्हें बचाया जा सकता था।