नमस्कार,
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
माइक्रोसॉफ्ट का बड़ा कदम: करीब 60 हजार कर्मचारियों को स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का ऑफर, भारत में 23 हजार कर्मचारी; 1 दिसंबर तक करना होगा फैसला
सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा के करीब 60 हजार कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। कंपनी ने यह जानकारी अपने ब्लॉग में दी। यह योजना AI एक्सपीरियंस, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices विभागों पर लागू होगी, जबकि डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग के कर्मचारी इससे बाहर रहेंगे। भारत में कंपनी के 23 हजार कर्मचारी हैं, जिनमें से पात्र कर्मचारियों को 1 दिसंबर तक फैसला करना होगा। एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन के अनुसार, इस पहल का मकसद कर्मचारियों को अधिक विकल्प देना है। नौकरी छोड़ने वालों को एक महीने का मूल वेतन, स्वास्थ्य बीमा और करियर बदलने में मदद मिलेगी। कंपनी ने जुलाई में 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
चुनाव आयोग का सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा: SIR के फॉर्म 6 में कोई बदलाव नहीं, सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए— CEC समेत तीनों आयुक्तों के दस्तखत
SIR पर एक महीने से जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में काउंटर एफिडेविट दाखिल कर कहा कि SIR के फॉर्म 6 में कोई बदलाव नहीं किया गया और नियमों के अनुसार इस पर बदलाव का अधिकार केंद्र के पास है। आयोग के अनुसार, SIR पर सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए, जिन पर CEC ज्ञानेश कुमार, कमिश्नर सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी तीनों की सहमति थी। यह हलफनामा उस याचिका के जवाब में फाइल किया गया है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने ECI और CEC को नोटिस दिया था। SIR से जुड़ी राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 27 अक्टूबर को सुनवाई होगी। आयोग ने कहा कि फिलहाल दशहरे की छुट्टियों के कारण संक्षिप्त जवाब दाखिल किया गया है।
---
देहरादून : सीएम धामी ने अखिलेश के 'घुसपैठिया' बयान पर कांग्रेस से पूछा सवाल – कहा, गठबंधन की मजबूरी, जनता की नहीं
देहरादून में महर्षि वाल्मीकि जयंती की शोभायात्रा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कथित तौर पर अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस से पूछा कि क्या वह इस बयान से सहमत है? सहमत नहीं है तो स्पष्ट बताए। सीएम ने कहा कि गठबंधन की मजबूरी हो सकती है, लेकिन उत्तराखंड की जनता की ऐसी कोई मजबूरी नहीं। उन्होंने राहुल गांधी की NSA अजीत डोभाल पर कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया और कहा कि उत्तराखंड के मान-सम्मान से बड़ा कुछ नहीं। सीएम ने लव जिहाद, लैंड जिहाद पर सख्त रुख दोहराया और 13 हजार एकड़ भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा किया।
---
देहरादून : उत्तराखंड पुलिस 26 साल बाद बदली पहचान – 'मित्रता सेवा सुरक्षा' की जगह अब 'कर्म सत्यं शौर्यम्', 6 नवंबर को अमित शाह करेंगे अनावरण
उत्तराखंड पुलिस ने राज्य गठन के बाद से चली आ रही अपनी पहचान 'मित्रता सेवा सुरक्षा' को बदलकर नया ध्येय वाक्य 'कर्म सत्यं शौर्यम्' कर दिया है। करीब 26 साल बाद पुलिस का लोगो भी बदला गया है। नए प्रतीक चिह्न में हिमालय और नदी को लॉरेल रीथ के बीच जगह दी गई है। आधिकारिक अनुसार, नई पहचान का औपचारिक अनावरण 6 नवंबर को देहरादून में होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे और नए लोगो व ध्येय वाक्य का अनावरण करेंगे। नए लोगो का इस्तेमाल वर्दी, वाहनों और आधिकारिक दस्तावेजों पर होगा।
---
गैरसैंण : विधानसभा सत्र आज से शुरू – UKD का रोड ब्लॉक, स्थायी राजधानी की मांग; 1500 जवान तैनात, सीएम धामी पेश करेंगे अनुपूरक अनुदान मांगें
उत्तराखंड विधानसभा का सत्र आज सुबह 11 बजे चमोली के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में वंदे मातरम् के साथ शुरू होगा। इससे पहले जंगलचट्टी में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब 2 किमी लंबा जाम लग गया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाए। विधानसभा घेराव के मद्देनजर क्षेत्र में धारा 163 लागू है और करीब 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सत्र के पहले दिन सीएम पुष्कर सिंह धामी दोपहर 3 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगें पेश करेंगे। सरकार दो अध्यादेश और 9 विधेयक भी रखेगी।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
तेहरान में ईरान-सऊदी-पाक-तुर्किये की उच्चस्तरीय बैठक: राष्ट्रपति पजशकियान बोले- मुस्लिम देश एकजुट होकर करें क्षेत्रीय सुरक्षा पर काम
तेहरान में जंग रोकने और पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये के अधिकारियों ने सोमवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से मुलाकात की। बैठक में सऊदी रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और तुर्किये के खुफिया प्रमुख इब्राहिम कालिन शामिल हुए। ईरान की ओर से विदेश मंत्री अब्बास अराघची और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई भी मौजूद रहे। पजशकियान ने कहा कि मुस्लिम देशों को एकजुट होकर क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए और मतभेद बातचीत से सुलझाने चाहिए। संयुक्त बयान में चारों देशों ने शांति और सुरक्षा के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। यह बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ईरान पर हमले की धमकी के बीच हुई है।
गुवाहाटी के होटल में विवाद ने लिया खूनी रूप: लीज समझौते के विवाद में फायरिंग, एक ही परिवार के चार सहित पांच की मौत; आरोपी गिरफ्तार
असम के गुवाहाटी में सोमवार रात बोरा सर्विस एरिया स्थित बिलास इन होटल में शख्स ने छह लोगों पर फायरिंग कर दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और एक घायल है। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं, जिनमें होटल मालिक की पत्नी और बेटा भी हैं। पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के अनुसार, गोलीबारी होटल के लीज समझौते से जुड़े संपत्ति विवाद के कारण हुई। आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल होटल लीज पर लिया था और मालिक के परिवार से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल जब्त कर ली है। मृतकों में हेलेना भराली, देबोरशी कश्यप और नारायण दास की पहचान हुई है, जबकि घायल सत्येन पाठक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
चक्रवात अर्नब कल आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा: ओडिशा-आंध्र में स्कूल बंद, 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात
चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे को देखते हुए ओडिशा और आंध्र प्रदेश में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और समुद्र में मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है। तूफान के बुधवार को तट से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ रुपए जारी किए हैं और राज्य में एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात की गई हैं। 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
देहरादून : दो राजधानी पर बहस के बीच सामने आया सरकार का ज्ञापन – 15वें वित्त आयोग से मांगे थे 1000 करोड़, देहरादून और गैरसैंण दोनों के लिए प्रस्ताव
उत्तराखंड में राजधानी को लेकर बहस के बीच 15वें वित्त आयोग को सौंपा गया राज्य सरकार का ज्ञापन अहम सवाल खड़ा करता है। ज्ञापन के अनुसार, सरकार ने राजधानी से जुड़े बुनियादी ढांचे के लिए कुल 1000 करोड़ रुपए की सहायता मांगी थी, जिसमें देहरादून में विधानसभा-सचिवालय परिसर के लिए 500 करोड़ और गैरसैंण में मिनी सचिवालय, ट्रांजिट हॉस्टल व अन्य भवनों के लिए 250 करोड़ का प्रस्ताव शामिल था। हालांकि, ये प्रस्ताव थे, स्वीकृत बजट या खर्च की गई राशि नहीं। दस्तावेज से यह भी स्पष्ट नहीं होता कि कितनी राशि मंजूर हुई और परियोजनाओं पर वास्तव में कितना खर्च हुआ।
---
केदारनाथ : सारा अली खान तीसरे दिन भी धाम में – सुबह-शाम आरती में शामिल, बोलीं 'केदारनाथ मेरा घर', 2017 से है लगाव
बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान मंगलवार को तीसरे दिन भी केदारनाथ धाम में मौजूद हैं। वह रविवार को हेलिकॉप्टर से धाम पहुंची थीं। सादे कपड़ों और टोपी में होने के कारण कई लोग उन्हें पहचान नहीं पा रहे हैं। सारा सुबह और शाम की आरती में शामिल हो रही हैं और स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी जिंदगी के बारे में पूछ रही हैं। उन्होंने केदारघाटी में 6-7 नए दोस्त भी बनाए हैं। सारा ने कहा कि केदारनाथ उनका घर जैसा है और 2017 से हर साल वह दर्शन के लिए आने की कोशिश करती हैं। रविवार को वह करीब आधे घंटे तक लाइन में खड़ी रहीं।