सारांश
उत्तर प्रदेश में नवरात्र के पवित्र पर्व से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। प्रदेश भर में की गई छापेमारी के दौरान लगभग 20,924 किलोग्राम मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 66.87 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के तहत कुल 176 खाद्य नमूने एकत्र किए गए हैं, दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन
राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में नवरात्र के दौरान मिलावट की मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने यह विशेष अभियान शुरू किया। जांच के दौरान घी, खाद्य तेल, वनस्पति, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना और अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गईं। बरेली में तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों से 3,281 किलोग्राम से अधिक नकली घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 21 लाख रुपये से ज्यादा है। इसके अलावा एटा और बदायूं जैसे अन्य जिलों में भी भारी मात्रा में मिलावटी घी पकड़ा गया है।
राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा और गाजियाबाद तक जब्ती
लखनऊ के भैरव घी भंडार में अनियिमितताएं मिलने पर 4 लाख 22 हजार 629 रुपये मूल्य का 748 किलोग्राम घी जब्त किया गया। साथ ही, अन्य प्रतिष्ठानों से कुट्टू का आटा और कुट्टू की गिरी सहित 573 किलोग्राम खाद्य सामग्री भी पकड़ी गई। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के धर्मेश इंडस्ट्रीज में मसालों के नाम पर धनिया के डंठल, रंग और भूसी का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया, जहां 3,559 किलोग्राम पिसे हुए मसाले जब्त किए गए। इस मामले में लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही एफआईआर दर्ज की जा रही है। गाजियाबाद के मेट्रो कैश एंड कैरी और अन्य जगहों पर भी साबूदाना, घी और कुट्टू के आटे की गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है।
कानपुर, उन्नाव और अन्य जिलों में भी ताबड़तोड़ छापे
कानपुर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू और कुट्टू के आटे सहित 390 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जबकि हरि कृष्णा इंटरप्राइजेज पर अस्वच्छ स्थिति में रखा 60 किलोग्राम साबुत कुट्टू पकड़ा गया। उन्नाव में आगरा एक्सप्रेसवे पर लखनऊ आ रही एक पिकअप गाड़ी से 4 क्विंटल संदूषित खाद्य सामग्री पकड़ी गई। इसके अतिरिक्त, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, कासगंज, मऊ और लखीमपुर जिलों में भी टीमों ने निरीक्षण कर मिलावटी दूध, मिल्क केक और घी को जब्त या नष्ट कराया।
छोटे दुकानदारों के अनावश्यक उत्पीड़न पर रोक के निर्देश
इस पूरे अभियान को लेकर यूपीएफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने प्रवर्तन दलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच और कार्रवाई के नाम पर छोटे दुकानदारों और खुदरा विक्रेताओं का बिल्कुल भी उत्पीड़न न किया जाए। विभाग का मुख्य उद्देश्य केवल गंभीर अनियमितताओं में संलिप्त बड़े कारोबारियों, मिलावटखोरों और मिथ्या छाप वाले खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी और प्रभावी कार्रवाई करना है। अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।