नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- नई दिल्ली : आशुतोष रांका-सौरव दास की जमानत पर सुनवाई में देरी, मजिस्ट्रेट को कथित धमकी के बाद FIR दर्ज; आज फिर होगी कार्रवाई
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की जमानत का मामला विवादों में है। जमानत सुनवाई कर रहे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट को कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। धमकी देने वालों की पहचान अभी नहीं हुई है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं की रिहाई में जानबूझकर देरी की जा रही है। पार्टी का दावा है कि चार जमानतदारों के दस्तावेज स्पष्ट कारण बताए बिना खारिज किए गए। रविवार को जमानत पर फैसला नहीं हो सका। आशुतोष और सौरव को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। इसके बाद उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया। सोमवार को उनकी पेशी और जमानत मामले में आगे की कार्रवाई संभव है। पुलिस ने CJP के आरोपों पर कोई जवाब नहीं दिया है।
2- जम्मू : सेना के मेजर की पत्नी पर जासूसी के आरोप में मामला दर्ज, चीनी नागरिकों से संपर्क की जांच; AI से तैयार किए थे संवेदनशील विषयों पर नोट्स
जम्मू में सेना के एक मेजर की पत्नी के खिलाफ कथित जासूसी के मामले में FIR दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार, महिला पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों पर शोधपत्र तैयार करने और विदेशी संपर्कों के साथ जानकारी साझा करने के संदेह में जांच की जा रही है। महिला तेलंगाना की रहने वाली है और फ्रीलांस रिसर्चर के तौर पर काम करती है। अधिकारियों का दावा है कि उसने ChatGPT और Claude जैसे AI टूल की मदद से LoC की स्थिति, अरुणाचल प्रदेश की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और ड्रोन की तैनाती जैसे विषयों पर नोट्स तैयार किए थे। उसके संपर्क में एक चीनी नागरिक और एक मलेशियाई नागरिक भी रहे होने की बात सामने आई है। 14 अक्टूबर को खुफिया एजेंसियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रोका था। उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में रक्षा समझौतों, सैन्य गतिविधियों और भारत-चीन संबंधों से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात कही गई है। फिलहाल महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां डिजिटल उपकरणों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं।
3- अयोध्या : रामलला के सुगम दर्शन के लिए अब 90 दिन पहले बुक कर सकेंगे पास, प्रतिदिन ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर 2,000 की गई
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहले यह सुविधा अधिकतम 15 दिन पहले तक उपलब्ध थी। नई व्यवस्था के तहत सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर 2,000 कर दी गई है। अग्रिम बुकिंग के लिए 90, 62, 30, 14, सात, तीन और एक दिन पहले के सात चरण निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने की व्यवस्था भी रहेगी। ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के निर्देश पर व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। अग्रिम आवेदन के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने के संबंध में सूचना दी जाएगी। आवेदन जमा होना पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। दर्शन वाले दिन के तत्काल पास पर यह प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क हैं। श्रद्धालुओं को इसके लिए किसी को पैसे देने की जरूरत नहीं है। नई व्यवस्था से श्रद्धालु यात्रा, रेल टिकट और ठहरने की योजना पहले से बना सकेंगे।
4- कन्नौज : PDA सम्मेलन में कम भीड़ के बाद सपा की जिला कार्यकारिणी भंग, जिलाध्यक्ष कलीम खान समेत पदाधिकारी हटाए गए; भाजपा नेताओं ने साधा निशाना
कन्नौज में समाजवादी पार्टी के PDA सम्मेलन में कम संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने जिला कार्यकारिणी भंग कर दी। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने इस संबंध में पत्र जारी किया। जिला इकाई के साथ सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणियां भी भंग कर दी गई हैं। जिलाध्यक्ष कलीम खान समेत पदाधिकारियों को पद से हटा दिया गया है। हालांकि, पत्र में कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं की गई। 16 अक्टूबर को सपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में PDA सम्मेलन आयोजित हुआ था। कार्यक्रम में खाली कुर्सियों की तस्वीरें सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने सपा पर निशाना साधा। पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने तंज कसते हुए कहा कि सम्मेलन में 100 कुर्सियां तक नहीं भर पाईं, ऐसे में सपा भाजपा से चुनाव कैसे लड़ेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि अखिलेश यादव कन्नौज की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ें तो भाजपा का साधारण कार्यकर्ता भी उन्हें हरा सकता है। वहीं, निवर्तमान जिलाध्यक्ष कलीम खान ने दावा किया कि सम्मेलन में करीब 700 कार्यकर्ता पहुंचे थे और बैठने के लिए 2,000 कुर्सियां लगाई गई थीं। भाजपा विधायक एवं मंत्री असीम अरुण ने भी सपा के संगठन और जनसमर्थन पर सवाल उठाए। कार्यकारिणी भंग करने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
5- वाराणसी : विंध्याचल से लौट रहे दोस्तों की स्कॉर्पियो को ओवरब्रिज पर ट्रक ने रौंदा, चार की मौत और चार गंभीर घायल; चालक फरार
वाराणसी में सोमवार सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) पर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी विंध्याचल धाम में दर्शन कर वाराणसी लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे दोस्तों ने ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो रोक दी थी और कुछ लोग गाड़ी से उतरकर बाहर खड़े थे। इसी दौरान ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग पुल से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। तीन शव ओवरब्रिज पर और एक शव नीचे मिला। मृतकों की पहचान आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30), प्रदीप सिंह (36) और विद्वांशु यादव (30) के रूप में हुई है। घायलों सावन यादव (26), किशन यादव (35), राजकुमार यादव (35) और निखिल (32) का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। बताया गया कि सभी निखिल के जन्मदिन पर विंध्याचल दर्शन करने गए थे। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक करीब 200 मीटर दूर वाहन छोड़कर फरार हो गया। CCTV फुटेज की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर गोपालजी कुशवाह के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लोग पुल पर सेल्फी ले रहे थे, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- गोरखपुर : सात बच्चों के पिता ने पत्नी पर हंसिया से किया जानलेवा हमला, पेट फटने से आंतें बाहर निकलीं; हालत नाजुक, आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के हरैया गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर हंसिया से हमला कर दिया। हमले में महिला साफिया का पेट फट गया और उनकी आंतें बाहर निकल आईं। सिर और गर्दन पर भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में BRD मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपी की पहचान जलालुद्दीन उर्फ पंगूल (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। बड़ी बेटी रहनुमा की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बेटी का आरोप है कि उसके पिता अक्सर मां के साथ मारपीट करते थे। सीओ गीडा आभा सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2- उत्तर प्रदेश : विधानसभा चुनाव से पहले नाराज नेताओं को मनाएगी सपा, हर जिले में वरिष्ठ नेताओं को भेजने की तैयारी; अखिलेश यादव ने बनाई रणनीति
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) अपने नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य असंतुष्ट नेताओं की शिकायतें सुनकर उन्हें संगठन की मुख्यधारा में वापस लाना और चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना है। रणनीति के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी के वरिष्ठ और प्रभावशाली पदाधिकारियों को विशेष दूत के रूप में भेजा जाएगा। ये नेता स्थानीय स्तर पर नाराज चल रहे नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। जरूरत पड़ने पर उनकी बातचीत सीधे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी कराई जाएगी। राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के अनुभवों से सबक लेते हुए यह योजना बनाई है। पिछले चुनाव में कुछ सीटों पर आपसी नाराजगी और संगठनात्मक मतभेदों से नुकसान होने की बात पार्टी के भीतर उठती रही है। इस बार नेतृत्व चुनाव से पहले ऐसे विवादों को दूर करना चाहता है। हालांकि, अभियान की शुरुआत, इसमें शामिल नेताओं और जिलावार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि सपा का यह प्रयास आगामी चुनाव में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति और चुनावी संभावनाओं को कितना मजबूत कर पाता है।
3- मुंबई : टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग, अंधेरी स्टेशन के बाहर मिली आरोपियों की बाइक; दो लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, हमलावर बाइक पर आए थे और वारदात के बाद फरार हो गए। इस्तेमाल की गई बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के बाहर बरामद हुई है। मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना के बाद दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस को गोली लगी, जबकि उमेश चव्हाण नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर से मुलाकात के बाद बताया कि अभिनेता के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को गोली नहीं लगी है। हमलावरों की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें दो युवक सफेद शर्ट पहने दिख रहे हैं। हालांकि, तस्वीर की जगह और समय की पुष्टि नहीं हुई है। लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और दावे की सत्यता की जांच कर रही है।
4- नई दिल्ली : CJP ने आशुतोष रांका और सौरव दास की तत्काल रिहाई की मांग की, पांच दिन से तिहाड़ में बंद; जमानतदारों के दस्तावेजों पर विवाद
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने नेताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की रिहाई की मांग की है। दोनों को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लेने के बाद पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया था। रविवार देर रात तक उनकी रिहाई पर फैसला नहीं हो सका। पार्टी की कानूनी टीम के मुताबिक, दोनों की जमानत के लिए स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने जमानतदारों के दस्तावेज जमा किए गए हैं। CJP का आरोप है कि जमानतदार उपलब्ध न होने के कारण पहले दोनों को हिरासत में भेजा गया था, लेकिन अब दस्तावेज जमा करने के बावजूद रिहाई की प्रक्रिया में देरी हो रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों नेताओं ने शांति बनाए रखने के बांड का उल्लंघन किया और जंतर-मंतर में प्रवेश किया, जिसे हाल में निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाया गया था। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को शनिवार को जमानत मिल गई थी। अब दोनों नेताओं की रिहाई पर सबकी नजर है।
5- भारत-अमेरिका : विदेश मंत्री मार्को रुबियो 20 अक्टूबर को मुंबई और 21 को जामनगर जाएंगे, मुकेश अंबानी-अडाणी से मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 20 अक्टूबर को मुंबई पहुंचेंगे और 21 अक्टूबर को गुजरात के जामनगर जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी से मुलाकात कर सकते हैं और कंपनी के रिफाइनरी परिसर का दौरा करेंगे। वह वनतारा वन्यजीव एवं पशु पुनर्वास केंद्र भी जा सकते हैं।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस दौरे में अमेरिका के टेक्सास में प्रस्तावित रिफाइनरी परियोजना में रिलायंस के संभावित निवेश पर चर्चा हो सकती है। रुबियो की उद्योगपति गौतम अडाणी और टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन से भी मुलाकात प्रस्तावित है। बैठकों में भारत-अमेरिका के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर बातचीत होने की संभावना हैl विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका में ईंधन की आपूर्ति और डीजल की कीमतें भी इस दौरे के संदर्भ में अहम हैं। गुजरात के जामनगर में स्थित रिलायंस रिफाइनरी कंपनी के मुताबिक, प्रतिदिन लगभग 14 लाख बैरल कच्चे तेल के प्रसंस्करण की क्षमता रखती है। हालांकि, निवेश और व्यापार संबंधी चर्चाओं के अंतिम नतीजे अभी स्पष्ट नहीं हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- मातंगिनी हाजरा का जन्मदिन — आजादी की लड़ाई में दिया सर्वोच्च बलिदान
19 अक्टूबर को स्वतंत्रता सेनानी मातंगिनी हाजरा की जयंती मनाई जाती है। वे भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय रहीं और 29 सितंबर 1942 को तामलुक, बंगाल में तिरंगा लेकर जुलूस का नेतृत्व करते समय ब्रिटिश पुलिस की गोलीबारी में शहीद हो गईं। उन्हें प्यार से ‘गांधी बुढ़ी’ कहा जाता था। उनके जन्म-वर्ष को लेकर 1869 और 1870, दोनों का उल्लेख मिलता है।
2- भारतीय विज्ञान की बड़ी उपलब्धि — सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर का जन्म
19 अक्टूबर 1910 को महान भारतीय मूल के खगोल भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर का जन्म हुआ था। तारों की संरचना और उनके विकास से जुड़ी खोजों के लिए उन्हें 1983 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला। तारों के विकास को समझने में उनके शोध का महत्वपूर्ण योगदान रहा और उनके नाम पर ‘चंद्रशेखर सीमा’ प्रसिद्ध है।
3- भारतीय रक्षा इतिहास — स्वदेश में बना पहला MiG-21 वायुसेना को सौंपा गया
19 अक्टूबर 1970 को भारत में पूरी तरह निर्मित MiG-21 लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना को सौंपा गया। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) में इसका निर्माण भारत की विमान निर्माण क्षमता के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था। MiG-21 ने दशकों तक भारतीय वायुसेना में सेवा दी और देश के सैन्य विमानन इतिहास में खास स्थान बनाया।