नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- अयोध्या : कुमारगंज में बुजुर्ग महिला की गले से सोने की चेन लूटी, पुलिस की चार टीमें सक्रिय, 300 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, अब तक कोई सुराग नहीं
अयोध्या के कुमारगंज इलाके में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 3 बजे भोला देवी पत्नी हरिश्चंद्र, निवासी परसितारा, बल्दीराय, सुल्तानपुर, कुमारगंज के खांडसा मोड़ से जनता मेडिकल स्टोर जा रही थीं। इसी दौरान हनुमानगढ़ी मंदिर के पास दो बाइक सवार युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और हलियापुर की तरफ भाग गए। पीड़ित महिला ने घटना के करीब 20 घंटे बाद गुरुवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाने से चार टीमें लगाई गई हैं। अब तक 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
2- अयोध्या : शारदीय नवरात्र में खाद्य विभाग सतर्क, व्रत की सामग्री में मिलावट की जांच तेज, 10 जगहों से लिए गए नमूने
शारदीय नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं की सेहत को लेकर खाद्य विभाग सतर्क हो गया है। कुट्टू के आटे समेत व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका को देखते हुए जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसके लिए दो टीमें बनाई गई हैं। टीमों ने गुरुवार को 10 जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय ने बताया कि नवरात्र में कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और दूसरी व्रत संबंधी सामग्री की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में इनकी गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपलिंग कराई जा रही है। लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। विभाग ने नवरात्र के दौरान जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।
3- बाराबंकी : रामसनेहीघाट में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दिए निर्देश, बैरिकेडिंग के आदेश
शारदीय नवरात्र के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट बृजेन्द्र उपाध्याय ने नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी और राजस्व कर्मी अंबुज मिश्रा के साथ विभिन्न विसर्जन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अयोध्या सीमा पर स्थित रामसनेहीघाट, बुढ़वा बाबा तासीपुर तथा कल्याणी नदी घाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों का जायजा लिया। एसडीएम ने पुलिस विभाग, खंड विकास अधिकारी बनीकोडर तथा राजस्व एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित स्थानों से ही प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकें। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।
4- बाराबंकी : डॉ. कलाम की जयंती पर मदरसे में सेमिनार, वसीम राईन बोले- वैज्ञानिक सोच और शिक्षा से ही देश बनेगा विकसित राष्ट्र
भारत रत्न और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर गुरुवार शाम 4 बजे ग्राम सैदनपुर के मदरसा अल जामियातुल अशरफिया रज्जाकिया फखरूल उलूम में एक सेमिनार हुआ। इसमें डॉ. कलाम के जीवन और राष्ट्र विकास में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने पर जोर दिया। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने मेहनत से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचकर मिसाल कायम की। उनका सपना भारत को विकसित राष्ट्र बनाना था, जिसके लिए शिक्षा और वैज्ञानिक सोच जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता इकबाल अंसारी ने की, मैनेजर असरार अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
5- सुल्तानपुर : जिला बार एसोसिएशन चुनाव में शारदा प्रसाद मिश्र अध्यक्ष निर्वाचित, 112 वोटों से जीते, सूर्यनाथ यादव बने सचिव, 1,802 वकीलों ने किया मतदान
सुल्तानपुर जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव में शारदा प्रसाद मिश्र अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अखिलेश शुक्ल को 112 वोटों से हराया। शारदा प्रसाद मिश्र को 502, जबकि अखिलेश शुक्ल को 390 वोट मिले। वहीं, सचिव पद पर सूर्यनाथ यादव ने 549 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने जयंत मिश्रा को 220 वोटों से हराया। बुधवार को शहर के खुर्शीद क्लब स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी अधिवक्ता सभागार में मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 2,080 मतदाताओं में से 1,802 वकीलों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर 17 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा प्रसाद मिश्र ने कहा कि उनका लक्ष्य सुल्तानपुर बार एसोसिएशन को उत्तर प्रदेश में नंबर एक बनाना है।
6- सुल्तानपुर : दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 129 पूजा समितियों की बैठक में फायर सेफ्टी और सीसीटीवी लगाने के निर्देश, डीजे पर बेस-बीट लगाने पर रोक
सुल्तानपुर में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। गुरुवार शाम 5 बजे डीएम इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में 129 पूजा समितियों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और एसपी विनीत जायसवाल आदि प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिसकर्मी अलग-अलग इलाकों में तैनात हैं। विसर्जन घाटों का निरीक्षण हो रहा है। जिन घाटों पर जलस्तर बढ़ा है, वहां गोताखोरों की सूची बन रही है। एसडीआरएफ और पीएसी की फ्लड कंपनी भी ड्यूटी पर है। पूजा समितियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे फायर सेफ्टी उपकरण और सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि डीजे आ सकता है, लेकिन उस पर बेस, बीट, वाइब्रेशन या इस तरह की अन्य चीजें लगाकर लाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
7- अमेठी : मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्र-छात्राओं को करियर गाइडेंस, UPSC से NEET तक मुफ्त कोचिंग की दी गई जानकारी, साइबर सुरक्षा के टिप्स
अमेठी के नवीन पुलिस लाइन में मिशन शक्ति 6.0 के तहत छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस प्रोग्राम रखा गया। इसमें अलग-अलग एक्सपर्ट्स ने छात्रों को कैरियर से जुड़ी जानकारी दी। एसपी सरवणन टी ने सभी छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के तरीके भी सिखाए। कार्यक्रम में छात्राओं को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में बताया गया। इसके तहत UPSC, UPPSC, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, JEE Main, NEET, NDA, CDS, बैंकिंग, SSC, B-Ed, TET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग और मार्गदर्शन मिलता है। इस एक घंटे के कार्यक्रम में कई स्कूलों के करीब 300 छात्र-छात्राएं, जिला विद्यालय निरीक्षक, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार और सीओ स्वेताभ भास्कर समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
8- अमेठी : शाहगढ़ कस्बे में किराना दुकान में आग, लाखों का सामान जलकर राख, शॉर्ट सर्किट की आशंका, दुकानदार ने मांगा मुआवजा
अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के शाहगढ़ कस्बे में बुधवार रात बसंत लाल अग्रहरि की किराना दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी दुकान जलने लगी। आग देखकर कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। दुकान मालिक और स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और आग बुझाने में जुट गए। काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा किराने का सामान, तेल, घी और अन्य सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित दुकानदार बसंत लाल अग्रहरि ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि घटना बुधवार रात की है और आग पर काबू पा लिया गया था।
9- अम्बेडकरनगर : उधारी के पैसे मांगने पर हुई मारपीट में 65 वर्षीय महिला की मौत, राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर कोड़रा गांव की घटना, मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर में राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर कोड़रा गांव में उधारी के रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इसमें घायल 65 वर्षीय चंद्रावती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर गुरुवार शाम करीब पांच बजे श्याम नारायण पांडेय और ऋषि मिश्र के परिजनों के बीच उधारी के रुपये मांगने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। घटना में चंद्रावती देवी समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे चंद्रावती देवी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्याम नारायण पांडेय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मारपीट की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
10- अम्बेडकरनगर : जलालपुर विधानसभा सीट पर 30 साल से जीत को तरस रही भाजपा, 1996 के बाद नहीं मिली जीत, 2027 में रिकॉर्ड बदलने की चुनौती
प्रदेश की सत्ता और संगठन में मजबूत मौजूदगी के बावजूद भाजपा के लिए अम्बेडकरनगर की जलालपुर विधानसभा सीट लंबे समय से सियासी चुनौती बनी हुई है। पार्टी यहां करीब तीन दशक से जीत दर्ज नहीं कर सकी है। भाजपा ने आखिरी बार 1996 में इस सीट पर जीत हासिल की थी। उस चुनाव में शेर बहादुर सिंह विधायक बने थे। इसके बाद चुनाव दर चुनाव समीकरण और प्रत्याशी बदलते रहे, लेकिन भाजपा जीत की दहलीज पार नहीं कर सकी। वर्ष 2002 में सपा के राकेश पांडेय ने जीत दर्ज की। 2007 में बसपा के शेर बहादुर विधायक बने, जबकि 2012 में उन्होंने सपा के टिकट पर जीत हासिल की। 2017 में बसपा के रितेश पांडेय ने भाजपा के डॉ. राजेश सिंह को 13,030 मतों से हराया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा अपनी स्थिति नहीं सुधार सकी। सपा के राकेश पांडेय को 93,668 वोट मिले, जबकि बसपा के डॉ. राजेश सिंह ने 80,038 और भाजपा के सुभाष चंद्र राय ने 71,236 मत हासिल किए। नतीजों में सपा पहले, बसपा दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर रही। अब 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के सामने इस पुराने चुनावी रिकॉर्ड को बदलने की चुनौती होगी।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.