लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 13.10.2026

 नमस्कार, 

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :


1- अयोध्या : सपा के बागी विधायक अभय सिंह 14 अक्टूबर को थामेंगे भाजपा का दामन, गौरीगंज में होगा शक्ति प्रदर्शन

अयोध्या की गोसाईगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के बागी विधायक अभय सिंह 14 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। अमेठी के गौरीगंज स्थित मंगलम भवन में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी रहेगी। अभय सिंह ने स्वयं भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की है। उनके साथ गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह भी भाजपा का दामन थामेंगे। कार्यक्रम को लेकर अयोध्या से अमेठी तक समर्थकों का जुटान होगा। गौरतलब है कि फरवरी 2024 में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग को लेकर अभय सिंह का सपा नेतृत्व से टकराव बढ़ा था, जिसके बाद जून 2025 में सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

2- अयोध्या : राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जब्त दो कारें छोड़ने का आदेश, कोर्ट ने दिया रजिस्टर्ड मालिकों को सौंपने का निर्देश

अयोध्या राममंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस द्वारा जब्त की गई दो कारों को छोड़ने का आदेश अदालत ने दिया है। विशेष न्यायाधीश, एंटी करप्शन कोर्ट ने पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों गाड़ियों को उनके रजिस्टर्ड मालिकों को सौंपने की अनुमति दी। इसके लिए निर्धारित जमानत राशि का बंधपत्र जमा करना होगा। मामले में आरोपियों के परिजन रवीन्द्र कुमार और अभिषेक ने अपने वकील के माध्यम से अदालत में कारों को रिलीज करने के लिए अर्जी दी थी, जिस पर अदालत ने संबंधित थाने से रिपोर्ट मांगी थी। पुलिस की रिपोर्ट मिलने के बाद अदालत ने दोनों कारों को छोड़ने का आदेश दे दिया। बंधपत्र संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद गाड़ियां संबंधित थाने से उनके रजिस्टर्ड मालिकों को सौंप दी जाएंगी।

3- अम्बेडकरनगर : वैवाहिक विवाद में सास की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में दामाद को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 1 लाख जुर्माना

अम्बेडकरनगर के सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में वैवाहिक विवाद के चलते सास की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में अदालत ने आरोपी दामाद को सोमवार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार की अदालत ने आरोपी राकेश तिवारी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की 80 प्रतिशत राशि मृतका के परिजनों को मुआवजे के रूप में देने का आदेश दिया गया है। अभियोजन के अनुसार अयोध्या जिले के दर्शननगर क्षेत्र के असापुर तेलइया निवासी राकेश तिवारी की शादी शालिनी उपाध्याय से हुई थी। वैवाहिक विवाद के चलते शालिनी पति से अलग होकर अपनी मां निर्मला देवी के साथ सिकंदरपुर स्थित मायके में रह रही थी। 11 जनवरी 2025 की रात करीब एक बजे राकेश घर में दाखिल हुआ और उसने चाकू दिखाकर शालिनी का मुंह दबाया और उसके दाहिने हाथ पर वार कर दिया। शोर सुनकर बचाव करने पहुंची मां निर्मला देवी पर आरोपी ने चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। अदालत ने शालिनी की गवाही, चिकित्सकीय साक्ष्य और बरामदगी से जुड़े साक्ष्यों को हत्या के आरोप की पुष्टि के लिए पर्याप्त माना।

4- अम्बेडकरनगर : घर में घुसने से रोकने पर महिला की हत्या का आरोप, परिजनों ने एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की

अम्बेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के बनखोदवा गांव में सोमवार शाम कथित तौर पर घर में घुसने से रोकने पर एक महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान सुषमा उर्फ गुड़िया (पत्नी रामजस) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी अजय निषाद पुत्र राजेश निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे सुषमा घर में अकेली थीं, इसी दौरान अजय निषाद के घर में घुसने की बात सामने आई। आरोप है कि सुषमा ने उसे अंदर आने से रोकने का प्रयास किया, इस पर वह भड़क गया और महिला के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) देवेश चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

5- बाराबंकी : मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई, एसपी बोलीं- बेटियों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता

बाराबंकी में शारदीय नवरात्र पर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत और एसपी रवीना त्यागी ने रिजर्व पुलिस लाइन से इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिसकर्मी, आशा बहुएं, सफाईकर्मी, स्कूलों की छात्राएं और शिक्षक शामिल थे। यह पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए वापस पुलिस लाइन पर खत्म हुई। एसपी रवीना त्यागी ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के अपराधों को रोकना बाराबंकी पुलिस का पहला काम है। उन्होंने अपील की कि किसी भी परेशानी, छेड़छाड़ या उत्पीड़न पर चुप न रहें, पुलिस को अपनी समस्या बताएं। आम लोगों से भी अपील की कि महिला-बच्चों से जुड़ी घटना की सूचना डायल-112 या नजदीकी थाने को दें।

6- बाराबंकी : नवरात्र और दशहरा को देखते हुए फलाहारी दुकानों पर छापा, 6 नमूने लिए गए, 3 दुकानदारों को नोटिस

नवरात्र और दशहरा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाराबंकी के ग्रामीण इलाकों में छापा मारा। सोमवार शाम हुए अभियान में 9 दुकानों की जांच हुई। 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। गड़बड़ी पर तीन दुकानों को नोटिस मिले। इन नमूनों में कुट्टू का आटा, घी, बादाम, काजू, मूंगफली और साबूदाना शामिल हैं। ये नमूने फतेहपुर, नवाबगंज, सिरौली गौसपुर और हैदरगढ़ तहसील की विभिन्न दुकानों से लिए गए। विनायक फूड्स, फिजा किराना स्टोर और वर्मा किराना स्टोर को नोटिस मिले। विभाग ने लोगों से पैकेट बंद फलाहारी सामान खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट व निर्माता का पता जांचने को कहा। कुट्टू व सिंघाड़े के आटे की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दुकानदारों को दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी कि गलत पते वाले उत्पादों की बिक्री न करें। जांच रिपोर्ट के आधार पर कारोबारियों पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई होगी। अभियान त्योहारों तक चलेगा।

7- सुल्तानपुर : मोदनवाल महासभा की बैठक में युवा संगठन बनाने की तैयारी, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

सुल्तानपुर के सिविल लाइन स्थित 'अवन्तिका' सभागार में उत्तर प्रदेशीय कान्यकुब्ज वैश्य (हलवाई) मोदनवाल महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने के लिए 18 से 35 वर्ष के युवाओं को जोड़कर एक नया सामूहिक संगठन बनाने का बड़ा फैसला लिया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री चिरौंजीलाल ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से युवाओं का एक मजबूत संगठन तैयार किया जाएगा। उन्होंने इस नई योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदेश अध्यक्ष आलोक आर्य ने कहा कि मोदनवाल समाज अब हर क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है और युवाओं के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

8- सुल्तानपुर : ऑटो-बाइक टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल लखनऊ रेफर, 25 दिन पहले ही घर लौटा था मृतक

सुल्तानपुर के मोतिगरपुर थाना अंतर्गत दियरा चौराहे से 500 मीटर दूर बाइक और ऑटो में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को प्राइवेट वाहन से सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टर ने आदित्य पांडेय (22) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद (35) को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। मोतिगरपुर के पटखौली के प्रशासक शम्भू प्रसाद का पुत्र विनोद और इसी गांव के राम चंद्र पांडेय का पुत्र आदित्य सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे बाइक से दियरा बाजार से चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी दूसरी ओर से आलू लादकर जा रहे एक ऑटो ने चौराहे से 500 मीटर आगे आरा मशीन के पास बाइक में टक्कर मार दिया। बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य गुजरात में बड़े भाई के साथ रहकर काम करता था और 25 दिन पूर्व ही घर लौटा था। पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।

9- अमेठी : होमगार्ड भर्ती के 453 अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण 15 अक्टूबर से, रिजर्व पुलिस लाइन में होगी जांच

अमेठी में होमगार्ड भर्ती के 453 उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण 15 अक्टूबर से शुरू होगा। यह जांच रिजर्व पुलिस लाइन (पुरानी) अमेठी में की जाएगी। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स अमेठी नीता भारतीय ने इसकी जानकारी दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, 15, 16, 17, 21 और 22 अक्टूबर को पुरुष उम्मीदवारों (70, 70, 74, 74, 75) का मेडिकल परीक्षण होगा। 23 और 24 अक्टूबर को 45-45 महिला उम्मीदवारों की जांच की जाएगी। जो उम्मीदवार छूट जाएंगे, उन्हें 27 अक्टूबर को एक और मौका मिलेगा। 18, 19, 20, 25 और 26 अक्टूबर को छुट्टी रहेगी। उम्मीदवारों को सुबह 7 से 9 बजे के बीच प्रवेश मिलेगा। उन्हें बुलावा पत्र और सभी मूल दस्तावेज व फोटोकॉपी लानी होंगी। बिना मूल बुलावा पत्र के प्रवेश नहीं मिलेगा। मेडिकल स्थल पर मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मना हैं। प्रशासन की तरफ से सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7985560491, 8299702915, 8299445767 और 7525998777 जारी किया गया है।

10- अमेठी : लद्दाख सीमा पर ड्यूटी के दौरान बीएसएफ जवान का निधन, मंगलवार सुबह गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर

अमेठी जिले के पीपरपुर के घोरहवा मजरा भोजपुर गांव निवासी बीएसएफ जवान शिवकुमार मिश्र (45) का रविवार रात लद्दाख सीमा पर ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिवकुमार मिश्र वर्ष 2002 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और 165वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। विभाग ने रविवार रात उनके परिवार को फोन पर निधन की जानकारी दी। बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर लेकर अधिकारी पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए हैं। मंगलवार सुबह तक शव गांव पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जवान के परिवार में मां सावित्री देवी, पत्नी अर्चना मिश्रा और दो बेटे आर्यन व अंश हैं। उनके निधन से परिवार गहरे दुख में है।


⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल