नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- अयोध्या : स्वामी राजकुमार दास का वीडियो वायरल, अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी चुनौती – कहा- 2027 में योगी आदित्यनाथ ही बनेंगे सीएम
अयोध्या के प्रसिद्ध श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख और श्रीराम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य स्वामी राजकुमार दास का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उनका यह बयान अखिलेश यादव के 8 अक्टूबर को अयोध्या में दिए उस बयान के जवाब में है, जिसमें अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। स्वामी राजकुमार दास ने दावा किया कि अखिलेश ही नहीं, उनके पिता मुलायम सिंह यादव भी अयोध्या से चुनाव लड़ने की नहीं सोच सकते थे। उन्होंने कहा कि 2027 में योगी आदित्यनाथ पूरी मजबूती से सत्ता में आएंगे और अयोध्या के सैकड़ों साधु बिना किसी स्वार्थ के उनके साथ खड़े होंगे। वीडियो के अंत में उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। स्वामी राजकुमार दास की अयोध्या के संत समाज में अच्छी पकड़ मानी जाती है।
---
2- मिल्कीपुर (अयोध्या) : राशन वितरण में अनियमितता पर प्रशासन सख्त, तीन कोटेदारों की दुकानें निलंबित – अंगूठा लगवाकर खाद्यान्न न देने का आरोप
अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र में राशन वितरण में अनियमितता और ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद लाभार्थियों को खाद्यान्न नहीं देने के मामलों में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन शर्मा ने तीन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों को निलंबित कर दिया है। अमानीगंज विकासखंड की घटौली, किनौली और अस्थना ग्राम पंचायतों में राशन वितरण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। किनौली ग्राम पंचायत की दर्जनों महिलाओं ने तहसील समाधान दिवस में एडीएम प्रशासन ऋषु राजा से शिकायत की थी कि कोटेदार ने तीन महीने से राशन नहीं दिया, जबकि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया। एसडीएम ने बताया कि प्रभावित लाभार्थियों के कार्ड पड़ोस की उचित दर की दुकानों से संबद्ध कर दिए गए हैं। एक-दो अन्य ग्राम पंचायतों की शिकायतों की भी जांच कराई जाएगी।
---
3- बाराबंकी : सफदरगंज के डूडी गांव में 13 वर्षीय किशोर छप्पर में फंदे से लटका मिला – परिजन अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बाराबंकी में सफदरगंज थाना क्षेत्र के डूडी गांव में रविवार दोपहर 13 वर्षीय किशोर घर के पीछे बने छप्पर में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे सिरौलीगौसपुर के संयुक्त चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिव प्रसाद सैनी के बेटे आदेश कुमार के रूप में हुई है। पिता के मुताबिक, घटना के समय घर पर कोई नहीं था और आदेश छप्पर में बंधी रस्सी से लटका मिला। उन्होंने बताया कि इससे पहले आदेश की बहन से कहासुनी हुई थी। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना बदोसराय कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---
4- बाराबंकी : परेठिया गांव से लापता इंटर के छात्र की फिरौती मांगी गई – 10 लाख रुपये की डिमांड, वाराणसी में मिली लोकेशन, पुलिस ने सुरक्षित खोजा
बाराबंकी के परेठिया गांव से 17 वर्षीय छात्र सूरज शनिवार शाम कॉलेज जाने के बाद लापता हो गया। देर रात उसके मोबाइल से पिता पिंटू गौतम को 10 लाख रुपये की फिरौती का संदेश मिला और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। छात्र के घर न लौटने पर मोबाइल बंद मिला। पिता ने सतरिख थाने में शिकायत की, पर आरोप है कि पहले सिपाही ने उन्हें वापस भेज दिया था। रविवार सुबह दोबारा पहुंचने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की लोकेशन वाराणसी में पता लगाई और वाराणसी पुलिस की मदद से छात्र को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। बाराबंकी पुलिस टीम उसे वापस लाने वाराणसी गई है। सीओ संगम कुमार ने बताया कि छात्र के आने पर ही फिरौती संदेश भेजने और वाराणसी पहुंचने के हालात साफ होंगे।
---
5- सुल्तानपुर : बरौंसा बाजार में नर्स की मौत के मामले में FIR दर्ज – पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि, परिजनों ने अधिकारियों के आश्वासन पर किया अंतिम संस्कार
सुल्तानपुर में जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौंसा बाजार में किराए के कमरे में मृत मिली नर्स के मामले में पुलिस ने रविवार शाम 5 बजे अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है। कोतवाली क्षेत्र के बेलगरा सारंगपुर निवासी राम स्वरूप सोनी की बेटी रजनी उर्फ शिल्पा सोनी जेएनएम की पढ़ाई कर रही थी और बरौंसा बाजार स्थित एक अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी। शनिवार सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर बगल में रहने वाली नर्स ने खिड़की से अंदर झांका, तो शिल्पा का शव रोशनदान से कपड़े के सहारे लटका मिला। मृतका की मां कुसुम ने अज्ञात व्यक्ति पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव दफना दिया गया।
---
6- सुल्तानपुर : एसपी विनीत जायसवाल का पहला बड़ा फेरबदल, 21 उप निरीक्षकों के तबादले – तीन महिला एसआई भी शामिल
सुल्तानपुर में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसपी विनीत जायसवाल ने रविवार रात 21 एसआई के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। तबादला सूची में तीन महिला उप निरीक्षक भी शामिल हैं। 23 अगस्त को जिले का चार्ज संभालने के बाद एसपी का यह पहला तबादला है। इस फेरबदल में कई उप निरीक्षकों को पुलिस लाइन से थानों में तैनाती दी गई है, जबकि कुछ को चौकी प्रभारी और वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उप निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार सोनकर को वरिष्ठ उप निरीक्षक, थाना कोतवाली नगर बनाया गया है। महिला उप निरीक्षक वंदना अग्रहरि को चौकी सेमरी से थाना कोतवाली नगर भेजा गया है। एसपी ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
---
7- अमेठी : शारदीय नवरात्र के पहले दिन एसपी सरवणन टी. ने मंदिरों का किया दौरा – मां कालिकन धाम और देवी पाटन मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
शारदीय नवरात्र के पहले दिन अमेठी में पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर सतर्क है। शांति और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने दो प्रमुख मंदिरों का दौरा किया। सुबह करीब 10 बजे एसपी ने संग्रामपुर थानाक्षेत्र के मां कालिकन धाम मंदिर और अमेठी थानाक्षेत्र के मां देवी पाटन मंदिर में पूजा की और समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद एसपी ने मंदिर परिसर और मेला प्रांगण को जांचा और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, उन्हें कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाए। भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हों। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अमेठी श्वेताभ भास्कर भी मौजूद थे।
---
8- अमेठी : घूंघट की आड़ में चाकू दिखाकर महिलाओं से लूट करने वाली गैंग का खुलासा – 3 जिलों की 3 महिलाएं गिरफ्तार, यक्ष ऐप से हुई पहचान
अमेठी में मोहनगंज पुलिस ने घूंघट की आड़ में महिलाओं को निशाना बनाने वाली लुटेरी गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन अंतरजनपदीय महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट का एक लॉकेट, एक चाकू, तीन अन्य लॉकेट और एक कंगन बरामद हुआ है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जौनपुर निवासी मोनिका (32), सुल्तानपुर निवासी सविता (36) और आजमगढ़ निवासी रीना उर्फ लालमती (42) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़भाड़ वाली जगहों, कथा आयोजनों और सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाती थीं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और यक्ष ऐप की मदद से तीनों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं पर पहले भी मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने 10 अक्टूबर को चौराबाग के पास एक महिला को चाकू दिखाकर लॉकेट लूटने की बात कबूल की है।
---
9- अम्बेडकरनगर : SIR पर विपक्ष को परेशानी, अब फर्जी मतदान कैसे होगा – ओपी राजभर ने अखिलेश को अयोध्या या जहूराबाद से चुनाव लड़ने की दी चुनौती
अम्बेडकरनगर में मतदाता सूची से नाम हटने पर सियासी घमासान के बीच कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कहा कि मतदाता सूची से मृतकों और दूसरी जगह बस चुके लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं तो विपक्ष को परेशानी क्यों हो रही है? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अब फर्जी मतदान कैसे होगा, इसी बात से विपक्ष परेशान है। रविवार को अम्बेडकरनगर पहुंचे राजभर ने दावा किया कि एसआईआर के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 14 हजार से 20 हजार तक मृतकों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करना उचित नहीं है। राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपने विधानसभा क्षेत्र जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
---
10- अम्बेडकरनगर : 20 पीएमश्री स्कूलों में बनेंगे हर्बल गार्डन – बच्चों को औषधीय पौधों का महत्व सिखाने के लिए 4 लाख का बजट जारी
अम्बेडकरनगर के 20 पीएमश्री विद्यालयों में अब बच्चे किताबों के साथ प्रकृति से भी सीखेंगे। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और औषधीय पौधों का महत्व समझाने के लिए विद्यालयों में हर्बल एवं औषधीय उद्यान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए शासन ने चार लाख रुपये का बजट जारी किया है। प्रत्येक विद्यालय को 20 हजार रुपये दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जल्द उद्यान विकसित कराने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों में तुलसी, गिलोय, नीम, एलोवेरा, आंवला, हरड़, अश्वगंधा, पुदीना, लेमनग्रास, हल्दी, अदरक, सहजन, शतावरी और गेंदा समेत अन्य पौधे लगाए जाएंगे। हर्बल गार्डन के रखरखाव में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि उद्यानों से विद्यार्थियों में पौधों की पहचान, उपयोग और संरक्षण की समझ विकसित होगी।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.