नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- बाराबंकी: जनता दर्शन में DM पहुंचे 73 वर्षीय बुजुर्ग, बेटे ने घर से निकाला तो तुरंत बनी वृद्धावस्था पेंशन – जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने समाज कल्याण अधिकारी को दिए निर्देश
बाराबंकी में जनता दर्शन के दौरान 73 वर्षीय बाबूलाल अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीन बेटियां और एक बेटा है, लेकिन बेटा उन्हें घर से निकाल चुका है। बेटियां भी अपने-अपने घरों में रहती हैं, जिससे वे अकेले रहने को मजबूर हैं। वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं बन पाई है, जिससे कोई आर्थिक सहारा नहीं है। यह सुनकर DM ने तुरंत समाज कल्याण अधिकारी को बुलाया और पेंशन बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
---
2- बाराबंकी: पांच बच्चों के पिता का आम के पेड़ से लटका मिला शव, बीमारी से थे परेशान – जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के रोटी गांव की घटना, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के रोटी गांव में रविवार सुबह करीब 42 वर्षीय बदलू गौतम पुत्र तिलकू का शव घर से कुछ दूरी पर आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि बदलू की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और दवा भी चल रही थी, हालांकि बीमारी और मौत के बीच संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। वे अपने पीछे पत्नी नीलम देवी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
---
3- सुल्तानपुर: करणी सेना अध्यक्ष ने नगीना सांसद पर की अभद्र टिप्पणी – अभिनव सिंह ने जातिवाद और आरक्षण पर सरकारों को दी चेतावनी, सुल्तानपुर की 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही
सुल्तानपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव सिंह ने शनिवार शाम करीब 4 बजे पत्रकारों से बातचीत में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और दामोदर यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में फंडिंग के जरिए जातियों के बीच विभाजन बढ़ाया जा रहा है। चंद्रशेखर आजाद और दामोदर यादव को सुरक्षा मिलने पर सवाल उठाए। उन्होंने आरक्षण में सुधार, यूजीसी के फैसलों को वापस लेने और जातियों के बीच विभाजन रोकने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो भाजपा को सत्ता से दूर होना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि करणी सेना सुल्तानपुर में करीब 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना पर विचार कर रही है। राम मंदिर के पैसे में चोरी के आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
---
4- सुल्तानपुर: दरोगा की कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत – परऊपुर में भीड़ ने कार घेरकर दरोगा को निकाला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
सुल्तानपुर में शनिवार रात करीब 9 बजे दरोगा की कार की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय श्यामानंद गौतम की मौत हो गई। मलिकपुर निवासी श्यामानंद बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के परऊपुर में दोमुंहा-पखरौली मार्ग पर दरोगा अभिषेक सिंह की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से श्यामानंद सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट आई। उसने हेलमेट नहीं पहना था। ग्रामीणों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भीड़ ने कार को घेरकर दरोगा को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली देहात एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
---
5- अमेठी: सैनिक स्कूल के 20 कैडेट्स ने NDA-2026 की लिखित परीक्षा पास की – प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल सतवीर सिंह ने दी बधाई, राष्ट्रसेवा और नेतृत्व की भावना पर जोर
अमेठी के सैनिक स्कूल के 20 कैडेट्स ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA)-2, 2026 की लिखित परीक्षा पास कर ली है। सफल होने वालों में आदर्श राज, आदित्य वत्स, अक्षत चौधरी, अमित कुमार सिंह, आयुष कुमार यादव, बलराज कृष्णा गुप्ता, लकी मिश्रा, मोहम्मद सज्जाद हुसैन, मोहित काबदल, नवनीत कुमार, निखिल कुमार, प्रतीक सिंह, ऋषभ मिश्रा, एस. माधवन, साईश्वर अग्रवाल, संकल्प पथानिया, संयम सारस्वत, सुमित कुमार, उदित पाल और वंश रघुवंशी शामिल हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल सतवीर सिंह ने सभी सफल कैडेट्स को बधाई दी और कहा कि यह सफलता कैडेट्स की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का नतीजा है। सैनिक स्कूल का लक्ष्य विद्यार्थियों में राष्ट्रसेवा और नेतृत्व की भावना जगाना है।
---
6- अमेठी: सोलर प्लांट से तार चोरी करने वाले 7 शातिर चोर गिरफ्तार – 22 बंडल तार और 80 हजार रुपए बरामद, गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई
अमेठी पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत सोलर प्लांट से तार चोरी करने वाले 7 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 22 बंडल तार और 80 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं। एसपी सरवणन टी ने बताया कि गिरफ्तार चोर सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी (UP44CT9539) और औजार भी जब्त किए हैं। पूछताछ में पता चला कि चोरों ने एक महीने तक रेकी करने के बाद 29 सितंबर को पहली चोरी की थी और 80 हजार रुपए में तार बेचे थे। 2 अक्टूबर को दोबारा चोरी कर तार खेत में छिपा दिए थे। मार्च में भी इन्होंने ट्रांसफार्मर से तार चोरी की थी। 10 अक्टूबर को जब ये दोबारा चोरी की योजना बना रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इनका आपराधिक इतिहास भी है।
---
7- अंबेडकरनगर: विकास और राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर – विकास में दूसरा और राजस्व में छठा स्थान, DM ईशा प्रिया ने अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का बताया परिणाम
अंबेडकरनगर ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और राजस्व कार्यों के प्रदर्शन की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। हालांकि, अलग-अलग श्रेणियों में जिले को विकास कार्यक्रमों में दूसरा और राजस्व कार्यों में छठा स्थान मिला है। शनिवार को जारी जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ईशा प्रिया के नेतृत्व में विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा, योजनाओं की निगरानी और अधिकारियों के बीच समन्वय से यह उपलब्धि हासिल हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान रहा। DM ईशा प्रिया ने इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया और सभी विभागों से कार्यदक्षता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम जारी रखने की अपेक्षा की।
---
8- अंबेडकरनगर: कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना – कहा 'हमारी नाव के रक्षक सुदर्शन चक्रधारी हैं', धार्मिक आयोजनों को राजनीतिक मंच बनाने पर उठाए सवाल
अंबेडकरनगर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें हमारी चिंता करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें खुद हमारी चिंता सता रही है। अखिलेश यादव जो कर रहे हैं, उससे उनका ही नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, 'हमारी नाव के रक्षक सुदर्शन चक्रधारी हैं।' शनिवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे राजभर ने अयोध्या में भागवत कथा के दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में हुई नारेबाजी को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोग कथा सुनने आए थे, राजनीतिक भाषण सुनने नहीं। राजभर ने सवाल उठाया कि जब भगवान राम और भगवान कृष्ण एक ही स्वरूप हैं, तो अखिलेश यादव मंदिर में दर्शन करने क्यों नहीं गए। उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन नहीं करने को लेकर भी सपा प्रमुख पर निशाना साधा। चुनाव आयोग के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को लेकर आंदोलन करना अलग बात है, लेकिन अब इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता विपक्ष को नकार रही है और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोप हताशा का परिणाम हैं।
---
9- अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की रसोइयों को मिला 'भोग प्रमाणपत्र' – FSDA ने रामलला के भोग और प्रसाद की क्वालिटी पर लगाई मुहर, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर जोर
अयोध्या में रामलला के भोग और प्रसाद की व्यवस्था को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सभी रसोईघरों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग की ओर से 'भोग प्रमाणपत्र' प्रदान किया गया है। शनिवार को पीएफसी कॉन्फ्रेंस हॉल में FSDA अधिकारियों और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसके बाद ट्रस्ट को औपचारिक रूप से प्रमाणपत्र सौंपे गए। ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि रसोईघरों को भोग प्रमाणपत्र मिलना धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ स्वच्छता, शुद्धता और खाद्य सुरक्षा के प्रति सजगता का महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर ट्रस्टी कृष्ण मोहन, महंत दिनेन्द्र दास, जगदीश आफले सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---
10- अयोध्या: बिजली विभाग के नोटिस से भड़कीं दुर्गा पूजा कमेटियां – पलिया चौराहे पर 45 साल पुराने पंडाल को हटाने का निर्देश, कमेटी ने दी प्रतिमा नहीं लाने की चेतावनी
अयोध्या जिले के हैरिंग्टनगंज क्षेत्र के पलिया चौराहे पर पिछले 45 वर्षों से लग रहे दुर्गा पूजा पंडाल को लेकर बिजली विभाग और पूजा कमेटी शनिवार 10 अक्टूबर को आमने-सामने आ गए हैं। विद्युत वितरण निगम ने हाईटेंशन और एलटी लाइन के नीचे बने पंडाल को हटाने का नोटिस जारी किया है। विद्युत वितरण उपखंड मिल्कीपुर के उपखंड अधिकारी की ओर से नौ अक्टूबर 2026 को श्री नव दुर्गा पूजा समिति, पलिया चौराहा को नोटिस जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि पंडाल 11 केवी और 33 केवी हाईटेंशन लाइन अथवा एलटी लाइन के नीचे या बेहद नजदीक पाया गया, जो विद्युत सुरक्षा मानकों के विपरीत है। तार टूटने, शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग से आग लगने और जनहानि की आशंका जताई गई है। वहीं, ऐन वक्त पर नोटिस मिलने से नाराज पूजा कमेटी ने समस्या का समाधान नहीं होने पर दुर्गा प्रतिमा नहीं लाने और पूजा स्थापित नहीं करने की चेतावनी दी है। कमेटी अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अभिषेक भद्र सिंह का कहना है कि पंडाल की तैयारी शुरू होने के समय ही बिजली विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई थी, उस समय कोई आपत्ति नहीं जताई गई। अब लाखों रुपये खर्च होने और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने के बाद पंडाल हटाने का नोटिस दिया गया है। फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग के हस्तक्षेप से समाधान निकलने की उम्मीद है।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.