लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 09.10.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :





1- बाराबंकी : बिछलखा गांव में 22 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, परिजनों ने कर्ज के दबाव की जताई आशंका


बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित बिछलखा गांव में गुरुवार दोपहर 22 वर्षीय हरिओम लोधी का शव घर के कमरे में लोहे के छल्ले के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। पिता रामफेर लोधी दोपहर करीब 2:30 बजे खेत से लौटे तो उन्होंने बेटे को लटके देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और भगवा रंग का गमछा बरामद किया। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिता ने तहरीर दी है, लेकिन अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। हरिओम की शादी करीब दो साल पहले विनीता से हुई थी, संतान नहीं है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। चचेरे भाई रामशंकर लोधी ने बताया कि हरिओम ने किसी से कर्ज लिया था और कर्ज देने वाले लोग रकम लौटाने का दबाव बना रहे थे, हालांकि किसी का नाम नहीं बताया गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। जांच जारी है।


---


2- बाराबंकी : मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की, कई नेता हिरासत में


बाराबंकी में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पूर्व एमएलसी राजेश यादव उर्फ राजू का बयान चर्चा में आया। उन्होंने कहा कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के खिलाफ सड़क पर उतरे हैं। सपा नेता और कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सपा कार्यालय से डीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने रास्ते में प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान सपा नेताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई और पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। सपा नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया।


---


3- सुल्तानपुर : कांग्रेस प्रवक्ता ने PM मोदी और भाजपा पर साधा निशाना, 2027 में यूपी में बड़े बदलाव का किया दावा


सुल्तानपुर में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पांडेय ने पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने पहले कहा था कि नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आएगी, अब इसमें जेन-जी को भी जोड़ लीजिए। उनके अनुसार प्रधानमंत्री रात 12 बजे इंस्टाग्राम पर रील बनाकर डाल रहे थे। पांडेय ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी, वाराणसी में शिव मंदिरों को तोड़े जाने, लखनऊ में पतंग के जरिए हनुमान जी के अपमान और मथुरा में बांके बिहारी कॉरिडोर के कारण लोगों के बेघर होने के आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा पर राम, शिव, हनुमान और कृष्ण विरोधी होने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को गदा, धनुष, त्रिशूल और चक्र के प्रहार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए और कहा कि उसमें जन की बात गायब थी।


---


4- सुल्तानपुर : राहुल गांधी मानहानि केस में बचाव पक्ष की बहस पूरी, अगली सुनवाई आज


सुल्तानपुर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि केस में गुरुवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में बचाव पक्ष की बहस हुई। राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने करीब सवा घंटे तक अपना पक्ष रखा। इसके बाद मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने अगली सुनवाई के लिए शुक्रवार की तारीख तय की। गुरुवार को करीब 4 बजे कोर्ट की कार्रवाई पूरी हुई। मामला वर्ष 2018 में बेंगलुरु में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन विजय मिश्र ने 4 अगस्त 2018 को परिवाद दाखिल किया था। परिवादी पक्ष की बहस पूरी हो चुकी है। मामले में अंतिम बहस की प्रक्रिया चल रही है।


---


5- अमेठी : DM की जनसुनवाई से चकमार्ग अतिक्रमण मुक्त, ग्रामीणों को मिली राहत


अमेठी में जिलाधिकारी शशांक चौधरी के ‘एक दिवस में पूर्ण समाधान अभियान’ का असर दिख रहा है। इसके तहत जनसुनवाई में मिली शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जा रहा है। तहसील अमेठी के डेढ़पसार गांव के दीपक पांडेय ने शिकायत की थी कि गाटा संख्या 1453 पर दर्ज चकमार्ग पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे गांव वालों को आने-जाने और खेती में परेशानी हो रही थी। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी अमेठी को जांच कर चकमार्ग खाली कराने का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार और लेखपाल को मौके पर भेजा। जांच के बाद नियमों के हिसाब से कार्रवाई कर चकमार्ग को कब्जे से मुक्त करा दिया गया। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी का धन्यवाद किया।


---


6- अमेठी : सपा के 4 बागी विधायक 14 अक्टूबर को भाजपा में होंगे शामिल, राकेश सिंह ने किया ऐलान


समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होंगे। गुरुवार को उन्होंने खुद इसका ऐलान किया। राकेश सिंह के साथ सपा के 3 और बागी विधायक बाहुबली अभय सिंह, राकेश पांडेय और विनोद चतुर्वेदी भी भाजपा की सदस्यता लेंगे। अभय सिंह अयोध्या की गोसाईंगंज सीट, राकेश पांडेय अंबेडकरनगर की जलालपुर और विनोद चतुर्वेदी जालौन की कालपी विधानसभा के विधायक हैं। इन चारों ने 2022 में सपा के टिकट पर चुनाव जीता था, लेकिन 2024 में राज्यसभा चुनाव में भाजपा कैंडिडेट को वोट किया था। राकेश सिंह ने कहा कि जो राम और राष्ट्र का नहीं, उसके साथ नहीं चल सकते। गौरीगंज में होने वाले कार्यक्रम में पूर्व सांसद स्मृति ईरानी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहेंगे। राकेश सिंह ने दावा किया कि भाजपा अमेठी के गौरीगंज में 21 साल बाद 2027 में जीत दर्ज करेगी।


---


7- अंबेडकरनगर : जलालपुर के गेहूं क्रय केंद्र पर अनियमितता, केंद्र प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज


अंबेडकरनगर में जलालपुर क्षेत्र के बी-पैक्स जीवत गेहूं क्रय केंद्र पर खरीद में अनियमितता के मामले में केंद्र प्रभारी/प्रभारी सचिव धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता की तहरीर पर जलालपुर थाने में सात अक्टूबर को सुसंगत धाराओं में केस दर्ज हुआ। मामला 30 अप्रैल की रात का है। शिकायतकर्ता सुशील कुमार चौधरी की सूचना पर जांच टीम रात करीब 11 बजे क्रय केंद्र पहुंची। उस समय ट्रॉली पर लदे गेहूं पर स्वामित्व का दावा करने वाला कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। केंद्र प्रभारी ने गेहूं को किसान देवमणि द्विवेदी का बताते हुए उनका पंजीकरण और खतौनी प्रस्तुत की। जांच में सामने आया कि देवमणि के पंजीकरण में गेहूं बिक्री की अधिकतम सीमा 45 क्विंटल यानी 90 बोरी दर्ज थी, जबकि मौके पर 135 बोरी गेहूं मिला। रिपोर्ट में क्रय नीति के विपरीत कार्य और संदिग्ध किसानों के माध्यम से खरीद की बात सामने आई।


---


8- अंबेडकरनगर : मटन-चिकन की दुकान में घुसे युवक को लोगों ने पेड़ से बांधा, वीडियो वायरल


अंबेडकरनगर में अकबरपुर थाना इलाके में गुरुवार रात करीब 10 बजे कानून को चुनौती देने वाला घटनाक्रम सामने आया। मटन-चिकन की दुकान में घुसे युवक को लोगों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया। सरेराह युवक को पेड़ से बांधे जाने का नजारा तालिबानी सजा जैसा दिखाई दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में विद्युत कार्यालय के सामने स्थित लकी मटन-चिकन की दुकान की है। आसिफ नाम का युवक दुकान के अंदर घुस गया। आरोप है कि उसने वहां रखा चापड़ उठा लिया। दुकानदार शेर अली ने विरोध किया और युवक को धक्का देकर बाहर कर दिया। आरोप है कि बाहर निकलते ही युवक ने ईंट उठाकर दुकानदार पर हमला कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग जुट गए और युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बंधन से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। पुलिस का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


---


9- अयोध्या : अखिलेश की चुनौती पर भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह का पलटवार, पवन पांडेय को दी खुली चुनौती


अयोध्या में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के बहबरमऊ गांव निवासी भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह अखिलेश यादव की चुनौती का जवाब देते हुए अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडेय को चुनाव में हराने की बात कहते नजर आ रहे हैं। डॉ. रजनीश सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंतिम सिपाही के तौर पर अखिलेश यादव को खुली चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदेश दें तो वह पवन पांडेय की अयोध्या विधानसभा से जमानत जब्त करवाकर भेजेंगे। डॉ. रजनीश सिंह ने कहा कि पवन पांडेय से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते चुनौती का सामना करना उनका कर्तव्य है।


---


10- अयोध्या : 12 साल पुराने जानलेवा हमले के मामले में 3 दोषियों को 10-10 साल की सजा, 60-60 हजार का जुर्माना


अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के 12 साल पुराने मामले में कोर्ट ने तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है। अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट न्यायालय संख्या-7 ने गुरुवार को तीनों को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने तीनों पर 60-60 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। मामला वर्ष 2014 का है। पुलिस के अनुसार, गीता के पति के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की नीयत से कट्टे से फायर करने का आरोप था। मामले में कुमारगंज थाने में धारा 307 और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आठ अक्टूबर को कोर्ट ने उपलब्ध साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के आधार पर देवराज पासी पुत्र रामहरख, दुर्गा बक्श पुत्र नरपति सिंह और अमरजीत सिंह पुत्र रामदेव सिंह, निवासी गोयड़ी, थाना कुमारगंज को दोषी करार दिया। अभियोजन की ओर से अधिवक्ता श्रीधर मिश्रा ने पैरवी की।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल