डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- बाराबंकी : चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; CCTV फुटेज से पहचान, चेन के तीन टुकड़े और बाइक बरामद
बाराबंकी की कोतवाली नगर पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात कृष्णानगर के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से चेन झपटी थी। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी महिला का पीछा करते और चेन झपटकर भागते दिखे। जांच के आधार पर पल्हरी अंडरपास के पास से शिवा गौतम और राज वर्मा उर्फ एसके को दबोचा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाते थे और चेन को टुकड़ों में तोड़कर बेचते थे। गिरफ्तार राज वर्मा पर पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास और पुरानी वारदातों में भूमिका की जांच कर रही है।
---
2- बाराबंकी : इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका, तीन गाड़ियां आग की चपेट में आईं; परिवार बाल-बाल बचा
बाराबंकी के रोटी गांव में गुरुवार तड़के चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद स्कूटी में आग लग गई, जो कुछ ही देर में पास खड़ी दो कारों तक पहुंच गई। हादसे में स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि एक मारुति ओमनी वैन और दूसरी कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। धमाके की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए और मौके पर पहुंचे। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि परिवार के लोग गाड़ियों से दूर सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। परिवार ने बैटरी में धमाके की वजह पता लगाने के लिए जांच की मांग की है।
---
3- सुल्तानपुर : कर्ज चुकाने के लिए 3 लाख की मांग, मांग पूरी न होने पर पति-सास-देवरों पर FIR; महिला को बच्चों समेत घर से निकाला
सुल्तानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर की रहने वाली एक पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और देवरों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर के अनुसार, पीड़िता तहसीन बानो का निकाह 7 दिसंबर 2017 को महताब पुत्र इरशाद के साथ हुआ था। आरोप है कि पति ने किसी से 3 लाख रुपये का कर्ज लिया था और कर्ज चुकाने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर 20 दिसंबर 2025 की सुबह पति, सास सायदा और देवर आफताब व सोहराब ने मिलकर मारपीट की और पीड़िता को बच्चों समेत बंधुआकला बाजार में छोड़कर भाग गए। धमकी दी गई कि पैसे न मिलने पर पति की दूसरी शादी करवा दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच निरीक्षक हंसमती को सौंपी है।
---
4- सुल्तानपुर : युवाओं को कुकरी प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, एक महीने का विशेष प्रशिक्षण जारी
सुल्तानपुर में ‘मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना’ के तहत युवाओं और इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक महीने का विशेष कुकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला पंचायत परिसर स्थित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र में चल रहा यह प्रशिक्षण 16 सितंबर 2026 से शुरू हुआ था, जो बुधवार तक जारी रहेगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को खाद्य प्रसंस्करण और कुकरी से जुड़ी व्यावहारिक ट्रेनिंग देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अभ्यर्थी खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में अपना खुद का रोजगार शुरू कर सकेंगे।
---
5- अमेठी : ADG प्रवीण कुमार ने त्योहारी तैयारियों की समीक्षा की; दुर्गा पूजा-दशहरा पर शांति व्यवस्था में कोई चूक न हो—पुलिस अलर्ट
अमेठी में बुधवार दोपहर 3:30 से शाम 4:15 बजे तक लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार ने गौरीगंज पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों की बैठक की। इसमें आगामी त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में आईजी सोमेन वर्मा और एसपी सरवणन टी. समेत सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। एडीजी ने दुर्गा पूजा, दशहरा और मूर्ति विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को पीस कमेटी की बैठक कराने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और विसर्जन मार्गों की जांच कराने को कहा गया। साइबर अपराध, यक्ष ऐप, गुमशुदगी, मिशन शक्ति और IGRS शिकायतों के समय पर निस्तारण की भी समीक्षा हुई। अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
---
6- अमेठी : निहालगढ़ में 20 वर्षीय विवाहिता फंदे से लटकी मिली; पति के अस्पताल से लौटने पर अंदर से बंद था कमरा, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा
अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के निहालगढ़ कस्बे में बुधवार शाम 20 वर्षीय विवाहिता नाजरीन कमरे में फंदे से लटकी मिली। पति हमजा की सूचना पर शाम 7:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर नाजरीन को नीचे उतारा। उसे ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पालपुर गांव निवासी हमजा के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए नाजरीन से मुलाकात हुई थी और करीब सात महीने पहले दिल्ली के सराय काले खां स्थित मस्जिद में निकाह हुआ था। एक सप्ताह पहले दोनों निहालगढ़ स्थित हमजा के दादा के मकान में रहने लगे थे। हमजा के मुताबिक शादी से दोनों परिवार नाराज थे, जिससे नाजरीन मानसिक रूप से परेशान रहती थी। उसने मंगलवार को गौरीगंज महिला थाने में शिकायत भी की थी। सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---
7- अम्बेडकरनगर : नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की सजा, कोर्ट ने 36 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया
अम्बेडकरनगर के जलालपुर में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से भगाने और दुष्कर्म के मामले में अदालत ने आरोपी मो. आलम को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट मोहन कुमार की अदालत ने बुधवार को उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई और 36 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। अभियोजन के अनुसार, जलालपुर कस्बा निवासी मो. आलम पुत्र नुरूसलाम वर्ष 2016 में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ घर से ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में फजलुल्लाह को भी सहयोगी बताया गया था। अभियोजन के मुताबिक, वर्ष 2021 में आरोपी किशोरी को दोबारा उसके घर लेकर पहुंचा और विरोध करने पर शादी करने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। जलालपुर कोतवाली पुलिस ने 2 जुलाई 2021 को मो. आलम और फजलुल्लाह के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 506 IPC और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर मो. आलम को दोषी करार दिया।
---
8- अम्बेडकरनगर : ANM तैनाती सूची में गड़बड़ी, DM ने सूची वापस कर खाली पद भरने के दिए निर्देश; CMO बोले—सुधार कर दिया
अम्बेडकरनगर में 44 नई ANM की तैनाती के लिए तैयार सूची में नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 40 ANM के तबादले से खाली हुए स्वास्थ्य उपकेंद्रों को प्राथमिकता देने के बजाय कई नई ANM को ऐसे केंद्रों पर तैनाती देने की तैयारी थी, जहां पहले से व्यवस्था थी। अनुमोदन के लिए सूची जिलाधिकारी ईशा प्रिया के पास पहुंची, तो उन्होंने इसे वापस कर दिया और पहले तबादले के बाद खाली हुए उपकेंद्रों को भरने के निर्देश दिए। पूरे मामले की निगरानी की जिम्मेदारी सीडीओ को सौंपी गई है। जिले में करीब 325 स्वास्थ्य उपकेंद्र हैं, जिनमें लगभग 250 पर ANM तैनात थीं। पिछले महीने करीब 40 ANM के तबादले के बाद कई उपकेंद्र खाली हो गए थे। इसके बाद जिले को 44 नई ANM मिलीं। विभागीय स्तर पर तैयार सूची में कई नाम ऐसे केंद्रों के लिए प्रस्तावित कर दिए गए, जहां पहले से ANM की व्यवस्था थी। सीएमओ प्रमोद कुमार ने बताया कि पुरानी सूची में कुछ नाम और स्थान में गड़बड़ी थी, जिसे सही करा दिया गया है। शेष 80 केंद्रों पर तैनाती नए आदेश आने के बाद की जाएगी।
---
9- अयोध्या : दीपोत्सव 2026 में 30 लाख दीयों के साथ रामायण की थीम; 10 भव्य द्वार, 20 सेल्फी प्वाइंट, पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे आकर्षण
अयोध्या में दीपोत्सव-2026 इस बार सिर्फ दीयों की रोशनी से नहीं, बल्कि रामायण की भव्य थीम से भी जगमगाएगा। दीपोत्सव के आयोजन 6 से 8 नवंबर तक होंगे, जिसमें मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा। रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जानकारी देने के लिए करीब 10 प्रमुख जगहों पर थीम आधारित वे-फाइंडर और वर्टिकल स्क्रीन लगाए जाएंगे। राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले रास्तों और धर्म पथ पर 10 भव्य सजावटी द्वार बनाए जाएंगे। राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन, राम रथ और रामायण की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। राम दरबार और भरत मिलाप मंच भी तैयार किए जाएंगे। पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, प्रमुख मार्गों पर रामायण के कांड और प्रसंगों को सरल भाषा में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि बच्चे और नई पीढ़ी रामायण की कथाओं से जुड़ सकें। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव में अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
---
10- अयोध्या : राम मंदिर में अयोध्यावासियों के लिए अलग दर्शन मार्ग का प्रस्ताव, धार्मिक समिति ने ट्रस्ट को भेजा; 2 दिसंबर की बैठक में फैसला संभव
राम मंदिर में रोज दर्शन करने वाले अयोध्यावासी गृहस्थों और संतों के लिए आम श्रद्धालुओं और पास धारकों से अलग दर्शन मार्ग बनाने की उम्मीद बढ़ गई है। राम मंदिर की धार्मिक समिति ने इस संबंध में मंदिर ट्रस्ट को प्रस्ताव भेजा है। अब 2 दिसंबर की बैठक में इस पर फैसला होने की उम्मीद है। धार्मिक न्यास समिति के एक संत के मुताबिक, राम मंदिर में दर्शन के लिए परिसर में उपलब्ध जगह के अनुसार 8 लेन बनाई गई हैं, जिनमें 2 लेन सुगम और विशिष्ट पास धारकों के लिए आरक्षित हैं। संत-महंतों को रंगमहल बैरियर से प्रवेश देने का सुझाव सामने आया है, जबकि अयोध्या के गृहस्थों को सुगम दर्शन के पास धारकों के लिए तय रास्ते से प्रवेश देने पर विचार किया जा रहा है। अयोध्यावासियों को आधार कार्ड की जांच के बाद सीधे मंदिर में प्रवेश देने के विकल्प पर भी मंथन चल रहा है। राम मंदिर ट्रस्ट के पास प्रभारी नरेंद्र के मुताबिक, मंदिर शुरू होने से अब तक नित्य दर्शन के लिए कुल 2,793 दैनिक पास जारी किए गए थे, जो 6 महीने के लिए वैध थे। फिलहाल सभी पास का नवीनीकरण किया जा रहा है। अभी तक किसी भी दैनिक पास को निरस्त नहीं किया गया है।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.
धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…