लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के सम्मान में अमेरिकी संसद में प्रस्ताव पारित; श्रेयस अय्यर के पहले टी-20 शतक से जीता भारत; पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए 4 गुरुकुल छात्रों की मौत

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- वॉशिंगटन डीसी : भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के सम्मान में अमेरिकी संसद में प्रस्ताव पारित: फ्लाईदुबई विमान पर कथित आतंकी हमले को नाकाम करने में बहादुरी की तारीफ, यात्रियों की भी सराहना
अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के सम्मान में द्विदलीय प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव में 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना को आतंकी हमला बताया गया और कैप्टन की बहादुरी की प्रशंसा की गई। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कथित तौर पर ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। यात्रियों ने हेडफोन की तार से आरोपी को बांधकर काबू करने में मदद की। हमले के बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक उतारा गया, जहां कैप्टन का उपचार हुआ। फ्लाइट में मौजूद डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसेव ने करीब 45 मिनट तक खून रोकने और उन्हें होश में रखने की कोशिश की। बाद में कैप्टन को UAE ले जाया गया।

2- लखनऊ : श्रेयस अय्यर के पहले टी-20 शतक से जीता भारत: वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया, कप्तान ने 42 गेंद में पूरा किया शतक; टीम इंडिया की लगातार 10वीं जीत
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मंगलवार को भारत ने पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान शाई होप ने 52 और शेरफेन रदरफर्ड ने 56 रन बनाए। भारत की ओर से डेब्यू कर रहे नमन धीर ने 3 विकेट, जबकि कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 14.4 ओवर में 2 विकेट पर 172 रन बना लिए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 42 गेंद में अपना पहला टी-20 शतक पूरा किया और नाबाद 102 रन बनाए। ईशान किशन 37 रन पर नाबाद रहे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंद में 137 रन जोड़े। अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह भारत की लगातार 10वीं टी-20 जीत है।

3- वृंदावन : पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए 4 गुरुकुल छात्रों की मौत: एक की हालत गंभीर, बचाने के लिए एक-एक कर टैंक में उतरे थे
वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में सोमवार रात पानी के टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की मौत हो गई। एक छात्र की हालत गंभीर बताई गई है। रात करीब 10 बजे सफाई के लिए पहले एक छात्र टैंक में उतरा, लेकिन कथित तौर पर गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर चार अन्य छात्र नीचे उतरे और वे भी बेहोश हो गए। पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां मनु कटारे (20), देवांश (17), विशु (18) और आर्यन (18) को मृत घोषित कर दिया गया। रुद्राक्ष (18) की हालत गंभीर है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, टैंक करीब 12 फीट गहरा था और उसमें बदबू आ रही थी। उन्होंने कहा कि संभवतः जहरीली गैस के कारण मौतें हुईं। घटना की जांच की जा रही है।

4- गाजियाबाद : पुलिस भर्ती की दौड़ में 9 चक्कर लगाने के बाद 23 साल के युवक की मौत: सीने में दर्द हुआ, पोल पकड़कर खड़ा रहा; दोबारा दौड़ते ही गिर पड़ा
गाजियाबाद में पुलिस भर्ती की दौड़ में शामिल शामली के 23 वर्षीय विवेक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी PAC के ग्राउंड की है, जहां 3 से 9 अक्टूबर तक भर्ती अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जा रही है। पुरमाफी गांव निवासी विवेक ने दौड़ में करीब 9 चक्कर पूरे किए। इसके बाद उसकी सांस फूलने लगी और सीने में दर्द हुआ। वह कुछ देर पोल पकड़कर खड़ा रहा, फिर दोबारा दौड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और नहीं उठा। पुलिसकर्मी उसे संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने घटना की पुष्टि की। परिजनों के मुताबिक, विवेक पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में भी होनहार था। शव का गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

5- सुल्तानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी अर्टिगा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत: 100 की रफ्तार में हुआ हादसा, 3 घायल; लखनऊ से देवरिया जा रहे थे
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुबह करीब 5 बजे हुआ। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, लखनऊ से देवरिया जा रही अर्टिगा कार करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। पुलिस के अनुसार, चालक को झपकी आने की आशंका है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- गोरखपुर : छुट्टी लेकर घर लौट रहे CISF जवान की सिर पर वार कर हत्या: तिरंगे में लिपटा शव पहुंचा, पत्नी बोली- बेटी से बात करना चाहते थे; 55 बार किया फोन
गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र में CISF जवान कर्मवीर यादव (38) की हत्या कर शव बोक्टा-बरवार बांध के किनारे फेंके जाने का मामला सामने आया है। 4 अक्टूबर की देर रात कालेसर जीरो प्वाइंट के पास वे अचेत अवस्था में मिले थे। पुलिस उन्हें BRD मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पिता दिनेश चंद्र यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज की गई है। पत्नी प्रतिमा के मुताबिक, घर निकलने से पहले कर्मवीर ने बेटी से बात करने की इच्छा जताई थी, लेकिन बेटी सो रही थी। इसके बाद उन्होंने करीब 55 बार फोन किया, मगर कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस किराये की गाड़ी और टोल प्लाजा की CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही है। जवान का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

2- प्रयागराज : 15 हजार रुपये के विवाद में 17 साल के दोस्त की हत्या: पांच युवकों ने शराब पिलाकर बुलाया, पकड़कर सिर पर चापड़ से किए ताबड़तोड़ वार
प्रयागराज के झूंसी में 17 वर्षीय शांतनु दुबे की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी उज्जवल समेत चार युवकों को हिरासत में लिया है। शांतनु सोमवार रात करीब 9:30 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव गंगा किनारे मनसेता नाले के पास झाड़ियों में मिला। पुलिस के अनुसार, सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। जांच में सामने आया कि शांतनु का आरोपी उज्जवल पर 15 हजार रुपये बकाया था और इसे लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, उज्जवल ने पूछताछ में दावा किया कि उसने चार दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। शांतनु को फोन कर बुलाया गया और पहले शराब पिलाई गई। इसके बाद रुपये को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि दोस्तों ने शांतनु को पकड़ लिया और उज्जवल ने चापड़ से उसके सिर पर कई वार किए। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

3- स्टॉकहोम : 2026 के केमिस्ट्री नोबेल का ऐलान आज, भारतीय मूल के शंकर बालासुब्रमण्यम का नाम चर्चा में: अगली पीढ़ी की DNA सीक्वेंसिंग में योगदान के लिए मिल चुका वुल्फ केमिस्ट्री पुरस्कार
2026 के रसायन विज्ञान नोबेल पुरस्कार का ऐलान आज 7 अक्टूबर को होगा। भारतीय मूल के ब्रिटिश वैज्ञानिक शंकर बालासुब्रमण्यम का नाम संभावित दावेदारों में चर्चा में है। उन्हें इसी साल डेविड क्लेनरमैन और पास्कल मेयर के साथ अगली पीढ़ी की DNA सीक्वेंसिंग विकसित करने में योगदान के लिए वुल्फ केमिस्ट्री पुरस्कार मिला था। बालासुब्रमण्यम और क्लेनरमैन के काम से DNA की बड़ी संख्या में कॉपियां एक साथ पढ़ने वाली तकनीक विकसित हुई, जिससे सीक्वेंसिंग की गति में बड़ा इजाफा और लागत में कमी आई। रिपोर्ट के अनुसार, इस तकनीक का इस्तेमाल दुनिया की 90% से अधिक सीक्वेंसिंग में होता है। चेन्नई में 1966 में जन्मे बालासुब्रमण्यम वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज में मेडिसिनल केमिस्ट्री के प्रोफेसर हैं। नोबेल विजेताओं को दिसंबर में स्टॉकहोम में सम्मानित किया जाएगा।

4- नई दिल्ली : नकल के आरोप में छात्रों पर सीधे कार्रवाई नहीं करेगा IIT बॉम्बे: पहले मेंटर या विभागाध्यक्ष से पक्ष रखने का मौका, परीक्षा कदाचार की नई SOP तैयार
IIT बॉम्बे परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों के आरोपों पर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी कर रहा है। संस्थान ने नई SOP का ड्राफ्ट तैयार किया है, जिस पर इस सप्ताह आपातकालीन सीनेट बैठक में फैसला होने की संभावना है। 18 सितंबर को बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के बाद तैयार मसौदे में कार्रवाई से पहले छात्र को मेंटर या विभागाध्यक्ष से बात करने और मार्गदर्शन लेने का अवसर देने पर जोर दिया गया है। परीक्षा हॉल में संदिग्ध मामलों से निपटने के लिए इन्विजिलेटरों के लिए स्पष्ट निर्देश और घटनाओं की रिकॉर्डिंग की मानकीकृत प्रक्रिया प्रस्तावित है। उत्तर-पुस्तिका के मुख्य पृष्ठ पर परीक्षा कदाचार के नियम और संभावित सजा सरल भाषा में छापने की भी योजना है। संस्थान छात्र प्रतिनिधित्व बढ़ाने और वेलनेस सपोर्ट सिस्टम मजबूत करने पर भी काम कर रहा है। इस साल IIT बॉम्बे में आत्महत्या का यह तीसरा मामला बताया गया है।

5- नई दिल्ली : आज RBI की ब्याज दरों पर नजर, रेपो रेट 5.25% से बढ़कर 5.50% होने की संभावना: 4 साल में पहली बढ़ोतरी से होम-कार लोन की EMI बढ़ सकती है
RBI की मौद्रिक नीति समिति यानी MPC की तीन दिन चली बैठक के बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा आज 7 अक्टूबर को नई ब्याज दरों का ऐलान करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, रेपो रेट को मौजूदा 5.25% से बढ़ाकर 5.50% किए जाने की संभावना है। ऐसा हुआ तो करीब चार साल में यह पहली बढ़ोतरी होगी। रेपो रेट वह दर है जिस पर RBI बैंकों को कम अवधि के लिए कर्ज देता है। इसमें बढ़ोतरी होने पर रेपो-आधारित लोन की ब्याज दर बढ़ सकती है और होम, कार या पर्सनल लोन की EMI पर असर पड़ सकता है। हालांकि, सभी बैंक ब्याज दरें RBI की दर के मुताबिक बिल्कुल समान नहीं रखते। 2026 में अप्रैल, जून और अगस्त की तीनों MPC बैठकों में रेपो रेट 5.25% पर बरकरार रखा गया था। महंगाई को नियंत्रित करना रेपो रेट में बदलाव का प्रमुख उद्देश्य होता है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1. गांधीजी की ‘नवजीवन’ पत्रिका की शुरुआत — 1919

7 अक्टूबर 1919 को महात्मा गांधी की गुजराती पत्रिका ‘नवजीवन’ का प्रकाशन शुरू हुआ। यह आगे चलकर स्वतंत्रता आंदोलन के विचारों और गांधीजी के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी।

2. मदर टेरेसा ने कोलकाता में शुरू की ‘मिशनरीज ऑफ चैरिटी’ — 1950

7 अक्टूबर 1950 को मदर टेरेसा ने कोलकाता में Missionaries of Charity की स्थापना की। संस्था का उद्देश्य गरीब, बीमार और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना था। यह संगठन आगे चलकर दुनिया के कई देशों में फैल गया।

3. दुर्गा भाभी का जन्म — 1907: क्रांतिकारियों की मदद के लिए जानी गईं

7 अक्टूबर 1907 को स्वतंत्रता आंदोलन की चर्चित क्रांतिकारी सहयोगी दुर्गा भाभी का जन्म हुआ था। उनका वास्तविक नाम दुर्गावती देवी था और उन्होंने भगत सिंह समेत कई क्रांतिकारियों की गतिविधियों में महत्वपूर्ण सहयोग किया 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UP DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल