लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : ‘पश्चिम बंग’ नाम पर विधानसभा में बिल लाएगी सरकार; शाम 7 बजे इकाना में मुकाबला, एशियन गेम्स के बाद खिलाड़ियों पर कम आराम का दबाव; हरीश रावत की जनसंवाद यात्रा पर कांग्रेस में बढ़ी खींचतान

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >


1- पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी: ‘पश्चिम बंग’ नाम पर विधानसभा में बिल लाएगी सरकार, समिक भट्टाचार्य बोले- इसी सत्र में हो सकता है पेश

कोलकाता : पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार नाम बदलने से जुड़ा विधेयक विधानसभा में ला सकती है। उनके अनुसार, यह विधेयक मौजूदा सत्र में भी पेश किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ‘पश्चिम बंग’ नाम राज्य के इतिहास और पहचान से जुड़ा है। राज्य का नाम बदलने की कोशिश पहली बार 1999 में ज्योति बसु के नेतृत्व वाली वाम मोर्चा सरकार के दौरान हुई थी। इसके बाद 2011 और 2016 में भी प्रस्ताव सामने आए, लेकिन केंद्र की मंजूरी नहीं मिल सकी। 2018 में विधानसभा ने ‘बांग्ला’ को राज्य का नाम बनाने का प्रस्ताव पारित किया था। भट्टाचार्य ने वाराणसी में प्रस्तावित पश्चिम बंग भवन का भी जिक्र किया, जिसे बंगाल से आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए सांस्कृतिक केंद्र के तौर पर विकसित करने की योजना है।

2- लखनऊ में आज भारत-वेस्टइंडीज पहला टी-20: शाम 7 बजे इकाना में मुकाबला, एशियन गेम्स के बाद खिलाड़ियों पर कम आराम का दबाव; वैभव सूर्यवंशी के खेलने पर संशय

लखनऊ : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत की एशियन गेम्स टीम के 14 में से 12 खिलाड़ी इस सीरीज का हिस्सा हैं। तीन दिन पहले पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण जीतने के बाद खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम नहीं मिल सका है। सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग संयोजन को लेकर है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के खेलने पर संशय है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के पहली पसंद के सलामी बल्लेबाज होने के कारण सूर्यवंशी को इंतजार करना पड़ सकता है। भारत ने इकाना में अब तक तीनों टी-20 जीते हैं। ईशान किशन इस साल टी-20 इंटरनेशनल में 29 मैचों में 1005 रन बना चुके हैं। वेस्टइंडीज की ओर से शिमरोन हेटमायर और शमार जोसेफ पर नजर रहेगी। मैच के दिन बारिश का अनुमान नहीं है।

3- देहरादून : हरीश रावत की जनसंवाद यात्रा पर कांग्रेस में बढ़ी खींचतान, 7 अक्टूबर को वेणुगोपाल से आमने-सामने होगी बात : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ को लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के बाद राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा है कि चुनावी राज्य में सभी नेताओं को कांग्रेस के बैनर और संगठन की रणनीति के तहत मिलकर अभियान चलाना चाहिए। सैलजा ने पहले रावत को पत्र लिखकर यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी से चर्चा नहीं होने पर आपत्ति जताई थी। रावत ने इसे पार्टी परिवार का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि सभी नेता कांग्रेस को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर शाम 7 बजे दिल्ली में वेणुगोपाल से उनकी मुलाकात तय है, जहां वह अपना पक्ष रखेंगे।

4- उत्तराखंड : 114 अर्बन आरोग्य मंदिर फिर खुलेंगे, अब नगर निकाय संभालेंगे संचालन; जरूरत वाले इलाकों में नए केंद्र भी बनेंगे : लंबे समय से बंद पड़े शहरी स्वास्थ्य केंद्रों को नए मॉडल के तहत दोबारा शुरू करने की तैयारी है। सरकार ने निजी कंपनी के बाद ब्रिडकुल को जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी वापस लेते हुए संचालन नगर निकायों को सौंपने का फैसला किया है। स्वास्थ्य और शहरी विकास विभाग मिलकर तय करेंगे कि किन इलाकों में आरोग्य मंदिर की ज्यादा जरूरत है। पहाड़ी और दुर्गम नगर निकायों को प्राथमिकता देने की तैयारी है, जबकि देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में जरूरत के अनुसार केंद्रों की संख्या सीमित की जा सकती है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इन तीन जिलों में 40 केंद्र प्रस्तावित हैं। शहरी विकास सचिव नितेश झा के अनुसार जल्द एसओपी जारी होगी और बजट के इस्तेमाल समेत संचालन की व्यवस्था निकायों के स्तर से की जाएगी।

5- देहरादून : उत्तराखंड राज्यसभा चुनाव में तेलंगाना के निर्दलीय सिंगर कांते सायन्ना की एंट्री, आज नामांकन की आखिरी तारीख : एक राज्यसभा सीट के लिए 6 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। भाजपा ने नैनीताल के दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाया है, जबकि तेलंगाना के लोक गायक और निर्दलीय राजनीतिज्ञ कांते सायन्ना ने भी नामांकन पत्र खरीदा है। हालांकि पर्चा खरीदना नामांकन दाखिल करने के बराबर नहीं है और दोपहर 3 बजे तक तस्वीर साफ होगी। 70 सदस्यीय उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के 47 विधायक हैं, जबकि जीत के लिए 36 प्रथम वरीयता वोट जरूरी हैं। सायन्ना 2014, 2019 और 2024 लोकसभा तथा 2023 तेलंगाना विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ चुके हैं। 2024 के हलफनामे के अनुसार उनकी संपत्ति करीब 3.1 करोड़ रुपये थी और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- हल्द्वानी : गर्दन मरोड़कर इलाज करने के दौरान 23 साल की महिला की मौत का आरोप, झोलाछाप पहलवान नईम गिरफ्तार : कालाढूंगी रोड स्थित दुकान पर 3 अक्टूबर को मीनाक्षी टम्टा को इलाज के लिए ले जाया गया था। पति रामचंद्र का आरोप है कि नईम उर्फ नईम पहलवान ने गर्दन में जोरदार झटका दिया, जिसके बाद मीनाक्षी बेहोश हो गईं और अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों के हंगामे और तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में बीएनएस की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने फरार आरोपी को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई की गई।

2- उत्तराखंड : 8 जिलों में आज यलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बारिश और 40 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं का अनुमान : मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून में सुबह बारिश के बाद धुंध रही, हालांकि करीब साढ़े 8 बजे हल्की धूप निकल आई। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम बदलने और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 8 और 9 अक्टूबर को ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

3- पाकिस्तान WCL से बाहर: PCB ने कथित तौर पर भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और हैंडशेक की शर्त रखी, आयोजकों ने मांगें ठुकराईं

पाकिस्तान : पाकिस्तान चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के तीसरे सीजन से आधिकारिक तौर पर नाम वापस ले लिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम को अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) देने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं। इनमें कथित तौर पर पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने को लेकर भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और इस बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की शर्त शामिल थी। WCL आयोजकों ने इन मांगों को स्वीकार नहीं किया। PCB की ओर से NOC नहीं मिलने के बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से हटने की पुष्टि की। पिछले सीजन में भारत चैंपियंस ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उतरने से इनकार किया था। इस बार दोनों टीमों के बीच प्रस्तावित मुकाबला भी अब नहीं होगा।

4- 2026 के फिजिक्स नोबेल का ऐलान आज: मेटामटेरियल्स, ग्राफीन और क्वांटम तकनीक के वैज्ञानिक दावेदारों में, पुरस्कार राशि करीब 11.5 करोड़ रुपए

स्टॉकहोम : 2026 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा आज की जाएगी। स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज भौतिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिकों के नाम घोषित करेगी। इस साल मेटामटेरियल्स, ग्राफीन, क्वांटम कंप्यूटिंग और अत्यंत सटीक घड़ियों की तकनीक से जुड़े वैज्ञानिकों के नाम चर्चा में हैं। मेटामटेरियल्स के लिए जॉन पेंड्री, ग्राफीन की ‘ट्विस्ट्रोनिक्स’ तकनीक के लिए पाब्लो जारिलो-हरेरो, एलन मैकडोनाल्ड और ईवा अंद्रेई के नाम संभावित दावेदारों में बताए जा रहे हैं। क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में अलेक्सी किताएव, जॉन प्रेस्किल और पीटर शोर तथा ऑप्टिकल लैटिस क्लॉक के लिए हिदेतोशी कातोरी और जून ये के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, नोबेल समिति ने संभावित विजेताओं की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। 2026 में पुरस्कार राशि करीब 11.5 करोड़ रुपए बताई गई है।

5- GST काउंसिल की बैठक अब 8 अक्टूबर को: ब्रिक्स सम्मेलन के बाद दूसरी बार टली तारीख, गिरफ्तारी शक्ति और ₹5 करोड़ तक अपराध सीमा पर प्रस्ताव

नई दिल्ली : GST काउंसिल की 57वीं बैठक अब 7 अक्टूबर के बजाय 8 अक्टूबर को होगी। यह बैठक दूसरी बार टली है। पहले इसे 12 सितंबर को होना था, लेकिन दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के कारण तारीख बदलकर 7 अक्टूबर की गई थी। अब एक दिन और आगे बढ़ा दी गई है। बैठक में GST व्यवस्था में कई प्रशासनिक और कानूनी बदलावों पर चर्चा की संभावना है। प्रस्ताव के अनुसार, GST अधिकारियों की सीधे गिरफ्तारी की शक्ति हटाकर किसी भी गिरफ्तारी के लिए न्यायिक मंजूरी अनिवार्य की जा सकती है। टैक्स चोरी या फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े आपराधिक मामलों की सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। वर्गीकरण, मूल्यांकन और ITC जैसे सामान्य कारोबारी विवादों को आपराधिक कार्रवाई से बाहर रखने की तैयारी है। हालांकि गंभीर धोखाधड़ी और जानबूझकर की गई बड़ी टैक्स चोरी पर कार्रवाई जारी रहेगी।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1. क्रिकेट: 6 अक्टूबर 2019 को भारत ने टेस्ट क्रिकेट में छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बनाया

विशाखापत्तनम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच में दोनों टीमों ने मिलकर 37 छक्के लगाए, जो एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा थे। अकेले रोहित शर्मा ने 13 छक्के जड़कर एक टेस्ट में सर्वाधिक छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ा। भारत ने यह मुकाबला 203 रन से जीता।

2. विज्ञान: 6 अक्टूबर 1893 को जन्मे थे महान भारतीय वैज्ञानिक मेघनाद साहा

6 अक्टूबर को महान भारतीय खगोल भौतिक विज्ञानी मेघनाद साहा का जन्म हुआ था। उन्होंने तारों के तापमान और उनकी रोशनी के अध्ययन को समझने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनकी साहा आयनीकरण समीकरण ने आधुनिक खगोल विज्ञान को नई दिशा दी।

3. दुनिया: 6 अक्टूबर 1973 को शुरू हुआ योम किप्पुर युद्ध

6 अक्टूबर 1973 को मिस्र और सीरिया ने इजराइल के खिलाफ अचानक सैन्य हमला किया, जिससे योम किप्पुर युद्ध शुरू हुआ। यह अरब-इजराइल संघर्ष के सबसे महत्वपूर्ण युद्धों में से एक बना और इसके राजनीतिक तथा वैश्विक ऊर्जा-व्यवस्था पर लंबे समय तक प्रभाव पड़े। 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UK DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल