नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- अयोध्या : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज अयोध्या दौरे पर, रामलला-हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन-पूजन; गुरु पर्व समारोह में होंगे शामिल
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। वह सुबह करीब 11:30 बजे हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय के हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। दोपहर 12 बजे रानोपाली स्थित उदासीन ऋषि आश्रम पहुंचेंगे, जहां नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नए भवन का लोकार्पण करेंगे और संतों की समाधियों का पूजन करेंगे। गुरु पर्व समापन समारोह में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब दो घंटे अयोध्या में रहने के बाद शाम को वापस लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है, हालांकि उनका दौरा आधिकारिक रूप से तय नहीं हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर आश्रम परिसर में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
---
2- अयोध्या : नाका हनुमानगढ़ी मंदिर होगा भव्य, राम मंदिर की तर्ज पर 51 फीट से अधिक ऊंचा बनेगा; मकराना मार्बल से होगा निर्माण
अयोध्या के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित नाका हनुमानगढ़ी मंदिर का अब भव्य पुनर्निर्माण होगा। मंदिर को राम मंदिर की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है। प्रस्तावित मंदिर 51 फीट से अधिक ऊंचा होगा और इसका निर्माण मकराना मार्बल से किया जाएगा। मंदिर के महंत रामदास के अनुसार, परिसर करीब 100×100 फीट क्षेत्र में विकसित होगा, जिसमें 15×15 फीट का गर्भगृह बनेगा। यहां वर्तमान हनुमान जी की मूर्ति ही विराजमान रहेगी। परिसर में संत निवास, गौशाला, यज्ञशाला, भंडार गृह, अन्नपूर्णा मंदिर और जगन्नाथ मंदिर भी बनाए जाएंगे। भोग और सेवा के लिए अलग कॉरिडोर बनेगा। निर्माण की जिम्मेदारी श्री भास्कर दास हनुमानगढ़ी धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट उठाएगा, जिसके लिए जनसहयोग लिया जाएगा। करीब तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
---
3- बाराबंकी : महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचला, मौके पर मौत; चालक फरार
बाराबंकी के कुर्सी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 3 बजे महमूदाबाद-लखनऊ मार्ग पर अमरसंडा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को पीछे से टक्कर मार दी। टकराव से महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सीमा (28) पत्नी इरशाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सीमा अपनी भतीजी को देखने लखनऊ के इंटीग्रल अस्पताल जा रही थीं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
---
4- बाराबंकी : सतरिख नाका पर खड़ी फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार में आग, चाय पीने उतरे थे कार सवार; पूरी गाड़ी जलकर राख
बाराबंकी के सतरिख नाका पर सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार में अचानक आग लग गई। कार लखनऊ से बाराबंकी आ रही थी और कार सवार लोग सतरिख नाका के पास चाय पीने के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से कार में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी कार में फैल गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। कार मो. माज नासिर पुत्र आरिफ नासिर के नाम थी, जिसका नंबर UP 25 CD 5445 है। हादसे में कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे। सुरक्षा के लिहाज से सतरिख नाका पर कुछ देर के लिए यातायात का रास्ता बदला गया।
---
5- सुल्तानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हादसे में चार की मौत के बाद गमगीन माहौल; भतीजे ने रोते हुए कहा- चाची को क्या जवाब देंगे
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे के बाद घटना स्थल और हलियापुर थाने का माहौल गमगीन है। हादसे में सूबेदार सत्यवान सिंह के इकलौते बेटे गौरव सिंह, बड़े भाई रामसमुझ, रिश्ते के भतीजे राजन और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौत हो गई थी। सूबेदार का शव चंडीगढ़ से लाया जा रहा था। भतीजे दरोगा सिंह ने डीएम इंद्रजीत सिंह के सामने रोते हुए बताया कि परिवार पर बीते तीन दिनों से दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस चालक ने शॉर्टकट बताकर एक्सप्रेस-वे का रास्ता चुना, जिसके बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने सूबेदार सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर को हलियापुर थाने में पूरे सम्मान के साथ रखवाया है।
---
6- सुल्तानपुर : भदैया में BSNL कार्यालय पर ताला, टावर की सुरक्षा राम भरोसे; ग्रामीणों ने जताई नेटवर्क की समस्या
सुल्तानपुर के विकास खंड भदैया में भारत सरकार के उपक्रम BSNL का कार्यालय और टावर बदहाल स्थिति में है। कार्यालय पर अक्सर ताला लगा रहता है और टावर की सुरक्षा भी राम भरोसे है। टावर पर झाड़ियां उग आई हैं और गेट पर जंग लग चुका है। सुरक्षा के लिए यहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता, जिससे शिकायतकर्ता भी अपनी समस्या नहीं बता पाते। दोमुंहा बाजार के ग्रामीणों ने नेटवर्क से जुड़ी कई समस्याएं बताईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कोई जिम्मेदार कर्मचारी नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
---
7- अमेठी : मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान, छूटे हुए और पहली बार वोट डालने वाले युवा कर सकेंगे आवेदन
अमेठी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ज्योति सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान शुरू हो रहा है। इसका खास फोकस छूटे हुए और पहली बार वोट डालने वाले पात्र मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन पर रहेगा। इस अभियान से उन सभी योग्य नागरिकों को मौका मिलेगा, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं हो पाया है। खासकर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र सिर्फ स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के दौरान ही इस्तेमाल होगा। एसआईआर खत्म होने के बाद वोटर रजिस्ट्रेशन के सभी काम 1960 के नियमों के तहत तय फॉर्म से ही होंगे।
---
8- अमेठी : कथावाचक शांतनु महाराज बोले- बिना राम के नैया पार नहीं; अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन शुरू करने की दी नसीहत
अमेठी के तिलोई में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान कथावाचक आचार्य शांतनु महाराज ने राजनीतिक बयान दिए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार तीसरी बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर नहीं गए, वे अब रामकथा में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव सनातन से प्रेम करते हैं तो उन्हें एक बार राम मंदिर जाकर दर्शन करना चाहिए। कथावाचक ने अखिलेश को कृष्ण जन्मभूमि के लिए आंदोलन शुरू करने की नसीहत दी। तिलोई विधायक और स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की ओर से आरबीएस इंटर कॉलेज परिसर में यह नौ दिवसीय श्रीराम कथा कराई जा रही है।
---
9- अम्बेडकरनगर : आलापुर-जालालपुर में बनेंगी 20 नई सड़कें, 20 करोड़ से होगा निर्माण; 5 लाख आबादी को मिलेगा बेहतर आवागमन
अम्बेडकरनगर के आलापुर और जलालपुर तहसील क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 20 नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इन सड़कों से करीब पांच लाख की आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने पहले चरण में 10 सड़कों के निर्माण के लिए विभाग से आंगणन रिपोर्ट मांगी है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खंड अश्विनी कुमार ने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। शेष 10 सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की संभावना है।
---
10- अम्बेडकरनगर : अकबरपुर में 80 लाख के CCTV कैमरे लगाने की तैयारी, 8 प्रमुख जगहों पर होगी निगरानी; टेंडर प्रक्रिया पूरी
अम्बेडकरनगर के अकबरपुर नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। सेफ सिटी योजना के तहत शहर के आठ प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। करीब 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस काम के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब वर्क ऑर्डर जारी करने की तैयारी चल रही है। जिन स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, उनमें गौहन्ना चौराहा, पटेल नगर तिराहा, न्यौतरिया, तहसील तिराहा, संघतिया, दोस्तपुर चौराहा, फव्वारा तिराहा और मालीपुर पुलिस चौकी शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर लगे कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग नगर पालिका कार्यालय में बनाए जा रहे मुख्य कंट्रोल रूम से की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने बताया कि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही शहर में कैमरे लगाने का काम शुरू करा दिया जाएगा।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.