लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 03.10.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :





1- बाराबंकी : सिरौलीगौसपुर में बोलेरो की टक्कर से जीजा-साले की मौत, दो घायल; एसडीएम के अर्दली की निजी गाड़ी से हुआ हादसा


बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में दरियाबाद-सफदरगंज मार्ग पर नूरगंज पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही दो बाइकों को टक्कर मारी और फिर पेड़ से भिड़कर गड्ढे में पलट गई। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कमोली निवासी शिव कुमार (45) और मुरादाबाद थाना रुदौली, अयोध्या निवासी शिव प्रसाद (40) के रूप में हुई। दोनों रिश्ते में जीजा-साले थे और कमोली से दवा लेने बाराबंकी जा रहे थे। शिव कुमार की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। चालक ने जानवर सामने आने की बात कही है। बोलेरो पर 'उत्तर प्रदेश सरकार' लिखा था और वह सिरौलीगौसपुर एसडीएम के अर्दली रामाशीष की निजी गाड़ी बताई जा रही है, जिसे हादसे के समय उनका बेटा चला रहा था। एसडीएम अनिल कुमार सरोज और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जांच जारी है।


---


2- बाराबंकी : हेतमापुर में 1100 साल पुराने मंदिर पर सरयू कटान का संकट, 88 वर्षीय मुस्तफा बाबा ने की मंदिर बचाने की दुआ


बाराबंकी के हेतमापुर में सरयू नदी की कटान के बीच हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल सामने आई है। 88 वर्षीय मुस्तफा बाबा नारायण दास के करीब 1100 साल पुराने मंदिर को बचाने के लिए दुआ कर रहे हैं। उनकी भावुक अपील है- "मेरी बाली ले लो, लेकिन बाबा नारायण दास के मंदिर को सरयू में मत समाओ।" पिछले दिनों जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण चिंतित थे। अब पानी घट रहा है, लेकिन कटान तेज हो गई है, जिसका असर मंदिर के आसपास दिख रहा है। मुस्तफा का कहना है कि यह मंदिर आस्था और वर्षों पुराने भाईचारे की निशानी है। बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह के अनुसार, मंदिर फिलहाल सुरक्षित है और प्रशासन व बाढ़ खंड की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।


---


3- सुल्तानपुर : नवजात की मौत पर भड़के परिजनों ने झोलाछाप की पिटाई की, पुलिस की गाड़ी से घसीटकर मारा; मां का आरोप- बेटी की बच्चेदानी निकाल दी


सुल्तानपुर के चांदा इलाके में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे नवजात की मौत से गुस्साए परिवार वालों ने कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर वीके शुक्ला की पिटाई कर दी। आरोप है कि पुलिस उसे डायल 112 की गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी, तभी परिजनों ने गेट खोलकर अंदर ही उसकी पिटाई की। प्रतापगढ़ के महमदपुर निवासी बृजेश निषाद की पत्नी अंजली को शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे न्यू आयुषी पॉली क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। प्रसूता की मां राजकुमारी का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने उनकी बेटी की बच्चेदानी तक निकाल दी। पहले बच्चे की मौत हुई, फिर बेटी की हालत बिगड़ी। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर के अनुसार, प्रसूता को महिला अस्पताल भेजा गया है और परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी सीएमओ डॉ. लालजी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी।


---


4- सुल्तानपुर : एक साल पहले सील हुई न्यू आयुषी पॉली क्लिनिक दोबारा कैसे खुली, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग; अवैध संचालन पर उठे सवाल


सुल्तानपुर के चांदा कस्बे में अवैध रूप से संचालित बताई जा रही न्यू आयुषी पॉली क्लिनिक को एडीशनल सीएमओ ने सील कर दिया है। शुक्रवार को यहां ऑपरेशन में लापरवाही के चलते नवजात की मौत और प्रसूता का यूटरस निकालने का आरोप लगा था। बता दें कि 30 अक्टूबर 2025 को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसी क्लिनिक पर छापा मारा था और अनियमितताएं मिलने पर इसे सील कर दिया गया था। सीएचसी पीपी कमैचा के अधीक्षक की तहरीर पर 1 नवंबर को थाना चांदा में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। अब आरोप है कि उसी स्थान पर न्यू आयुषी पॉली क्लिनिक के नाम से दोबारा संचालन शुरू हो गया। सीएमओ डॉ. भरत भूषण का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।


---


5- अमेठी : मोहनगंज में तैनात 22 वर्षीय ट्रेनी महिला कांस्टेबल की कानपुर स्थित घर में संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने जताया तनाव का आरोप


अमेठी के मोहनगंज कोतवाली में तैनात 22 वर्षीय ट्रेनी महिला कांस्टेबल प्रतीक्षा सिंह की कानपुर स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सात दिन की छुट्टी लेकर अपने घर रेउना आई थीं। घर की दूसरी मंजिल पर उनके कमरे में शव मिला। परिजनों के मुताबिक, रास्ते में उन्होंने अपनी छोटी बहन से फोन पर तनाव की बात कही थी। मृतका की पहली पोस्टिंग मोहनगंज थाने में थी, जहां वह महिला हेल्प डेस्क पर ड्यूटी कर रही थीं। पिता विजय सिंह वैस ने आरोप लगाया है कि थाने में उनकी बेटी के साथ ऐसी घटना हुई थी, जिसके बाद वह तनाव में रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, प्रतीक्षा का मोबाइल फोन रीसेट मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


---


6- अमेठी : तिलोई में रामकथा मंच से स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने लगवाए नारे, कहा- हिंदुस्तान में रहना है तो राधे-राधे कहना है


अमेठी के तिलोई में चल रही श्रीराम कथा में शुक्रवार रात धार्मिक आयोजन के साथ सियासी और आध्यात्मिक रंग देखने को मिला। रामकथा के मंच से स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने श्रद्धालुओं से नारे लगवाए। उन्होंने कहा- "हिंदुस्तान में रहना है तो राधे-राधे कहना है, वृंदावन में रहना है तो राधे-राधे कहना है।" इसके बाद पूरा पंडाल जय श्रीराम और राधे-राधे के उद्घोष से गूंज उठा। तिलोई विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की ओर से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन कराया जा रहा है। प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाली कथा में हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम में रायबरेली से राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।


---


7- अंबेडकरनगर : गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलेभर में कार्यक्रम, डीएम ने किया माल्यार्पण; वॉक रेस के विजेता सम्मानित


अंबेडकरनगर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कलेक्ट्रेट परिसर में जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने गांधीजी के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। जिला खेल कार्यालय की ओर से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित वॉक रेस के विजेताओं को भी डीएम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके बाद डीएम गांधी आश्रम, अकबरपुर पहुंचीं और स्वयं चरखा चलाकर स्वावलंबन व श्रम के महत्व का संदेश दिया।


---


8- अंबेडकरनगर : सरयू का जलस्तर 58 सेमी घटा, फिर भी गांवों में जलभराव; चारे का संकट, संपर्क मार्गों पर पानी से बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत


अंबेडकरनगर के आलापुर तहसील क्षेत्र के अराजी देवारा, माझा कम्हरिया, सिद्धनाथ समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों में शुक्रवार को सरयू नदी का जलस्तर 85.58 मीटर से घटकर 85 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि, जलस्तर कम होने के बावजूद ग्रामीणों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। निचले इलाकों में अब भी पानी भरा है और खेतों में धान व गन्ने की फसलें डूबी हुई हैं। किसानों के सामने फसल बचाने के साथ पशुओं के चारे का संकट भी खड़ा हो गया है। कई स्थानों पर संपर्क मार्गों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जलभराव के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ा है। ग्रामीणों ने राहत सामग्री, चारे की व्यवस्था, मेडिकल कैंप और एंटीवेनम उपलब्ध कराने की मांग की है।


---


9- अयोध्या : एक्टर राजपाल यादव ने रामलला के किए दर्शन, बोले- राम नगरी से 25 साल पुराना नाता, अब 2500 शिवलिंग की करेंगे स्थापना


प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राजपाल यादव शुक्रवार शाम अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राममंदिर में रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में उन्होंने करीब 40 मिनट बिताए। राजपाल यादव ने कहा कि अयोध्या से उनका नाता करीब 25 साल पुराना है। उनके पूज्य दद्दा उनके गुरु थे, जो वर्ष 2020 में ब्रह्मलीन हो गए। उन्होंने बताया कि दद्दा विश्व कल्याण के लिए शिवलिंग का निर्माण करवाते थे। अब अयोध्या में भक्तमाल आश्रम में 2500 शिवलिंग निर्माण का काम कराया जा रहा है। हनुमानगढ़ी में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत संजय दास महाराज ने उनका स्वागत किया। राजपाल यादव ने अयोध्या में रात्रि विश्राम भी किया।


---


10- अयोध्या-लखनऊ NH-27 : 300 किमी में 2 हजार से ज्यादा गड्ढे, हर 500 मीटर पर टूटी सड़क; बाइक सवार गिर रहे, हादसों का खतरा


अयोध्या से लखनऊ जाने वाला NH-27 इन दिनों सफर से ज्यादा जोखिम भरा हो गया है। तीन दिन की तेज बारिश और चक्रवाती तूफान के एक सप्ताह बाद भी हाईवे की हालत नहीं सुधरी है। दोनों लेन पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। पड़ताल में अयोध्या से लखनऊ जाने वाली लेन पर 600 से ज्यादा और लखनऊ से अयोध्या आने वाली लेन पर 1,400 से ज्यादा गड्ढे मिले। यानी करीब 300 किमी के इस सफर में हाईवे पर 2 हजार से ज्यादा गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी बने हुए हैं। बाराबंकी से अयोध्या के बीच कई हिस्सों में करीब हर 500 मीटर पर सड़क के बीच गड्ढे दिख रहे हैं। नए बस अड्डे के पास एक फीट तक गहरे गड्ढे हैं, जहां पिछले एक सप्ताह में 12 से ज्यादा वाहनों के टायर फट चुके हैं। बाइक सवारों के लिए यह सबसे ज्यादा खतरनाक है। NHI के अधिकारी नवरत्न ने बताया कि गड्ढों की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।




⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल