नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- नई दिल्ली : गांधी जयंती पर PM मोदी ने राजघाट पहुंचकर बापू को श्रद्धांजलि दी; रेखा गुप्ता, ओम बिरला और मनोहर लाल भी रहे मौजूद
महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी बापू को नमन किया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। आज ही देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती भी मनाई जा रही है। शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में हुआ था। गांधी जयंती से 31 अक्टूबर तक देशभर में 30 दिन का स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
2- नागोया : भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रचा इतिहास, दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर पहली बार जीता एशियन गेम्स गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने शुक्रवार को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड की टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया। भारत ने पहली बार एशियन गेम्स की महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारतीय टीम इससे पहले इस स्पर्धा के फाइनल में भी नहीं पहुंची थी। दक्षिण कोरिया की टीम में कांग चाएयंग, ली यूनजी और ओह येजिन शामिल थीं।
3- कोटद्वार : फेसबुक कमेंट से विवाद के बाद ‘मोहम्मद दीपक’ गिरफ्तार, व्यापारी ने गाली-गलौज और धमकी का लगाया आरोप; व्यापारियों का धरना
कोटद्वार में उज्जैन की शाही मस्जिद से जुड़ी फेसबुक पोस्ट पर टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया। कपड़ा व्यापारी संजीव टांक की शिकायत पर पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ को गिरफ्तार किया है। संजीव का आरोप है कि गुरुवार सुबह दुकान के बाहर पहुंचकर दीपक ने उनके साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मामले की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। पुलिस के अनुसार मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है और आरोपों की जांच जारी है।
4- हल्द्वानी : 4-5 अक्टूबर को होगी राष्ट्रीय ‘आकाशयान स्पर्धा’, देशभर की रॉकेट्री टीमें लेंगी हिस्सा; 35 किमी ऊंचाई तक भेजा जाएगा बैलून
हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 और 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय रॉकेट्री चैंपियनशिप-2026 ‘आकाशयान स्पर्धा’ आयोजित होगी। इसमें देशभर के IIT, NIT, केंद्रीय व राज्य विश्वविद्यालयों और स्कूलों की टीमें रॉकेट्री व अंतरिक्ष तकनीक से जुड़े मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। आयोजन के दूसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स से संवाद करने का कार्यक्रम है। प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण हाई-एल्टीट्यूड बैलून मिशन होगा, जिसके तहत वैज्ञानिक पेलोड को करीब 35 किलोमीटर की ऊंचाई तक भेजकर ऊपरी वायुमंडल से जुड़ा डेटा जुटाने की योजना है। स्कूल और कॉलेज वर्ग में रॉकेट्री, सिमुलेशन, हाइड्रो रॉकेट्री, पैराशूट रॉकेट्री और स्पेस आर्ट समेत कई श्रेणियां रखी गई हैं।
5- उत्तराखंड : शराब दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी, MRP से ₹50 ज्यादा वसूली का मामला सामने आया; रेट लिस्ट और स्टॉक रिकॉर्ड में भी खामियां
देहरादून, नैनीताल और लालकुआं में शराब दुकानों पर प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमों ने औचक जांच की। नैनीताल के भवाली में SDM धारी अनुराग आर्या ने ग्राहक बनकर अंग्रेजी शराब की बोतल खरीदी तो दुकानदार ने MRP से ₹50 अधिक मांगे। मोलभाव के बाद कीमत ₹30 कम की गई और SDM की पहचान सामने आने पर सरकारी दर पर बिक्री की गई। दुकान पर रेट लिस्ट भी नहीं मिली। लालकुआं में SDM रेखा कोहली की टीम ने ओवररेटिंग और आबकारी नियमों के उल्लंघन की जांच की। देहरादून के ISBT क्षेत्र की दुकान में ओवररेटिंग के साथ 42 बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मेल नहीं खाए। प्रेमनगर, जाखन और राजपुर रोड की दुकानों में भी स्टॉक रजिस्टर, रेट लिस्ट और अधिकृत विक्रेताओं से जुड़ी खामियां मिलीं। प्रशासन ने आगे भी औचक निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे : दो सड़क हादसों में पिता-पुत्री को ट्रक ने कुचला, बेटी की मौत; कार की टक्कर में स्कूटी सवार युवक गंभीर
हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को दो अलग-अलग हादसे हुए। पहले हादसे में हल्दूचौड़ के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्री को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 14 वर्षीय बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों किच्छा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। दूसरे हादसे में लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार बिंदुखत्ता निवासी मनोज कर्नाटक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के कई टुकड़े सड़क पर बिखर गए। मनोज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने हाईवे के दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
2- उत्तराखंड : कल लौटेगा मानसून, आज सभी 13 जिलों में मौसम शुष्क; 5 से 7 अक्टूबर तक पहाड़ों में बारिश-आकाशीय बिजली के आसार
उत्तराखंड से अगले 48 घंटे में मानसून की वापसी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के सभी 13 जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी इलाकों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जो दिन चढ़ने के साथ साफ हो जाएगा। चारधाम क्षेत्रों में भी 4 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और फिलहाल कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि 5 अक्टूबर से पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। 6 अक्टूबर को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। 7 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली के आसार हैं।
3- हैदराबाद : भारत का पहला AI सैटेलाइट MOI-1A लॉन्च, अंतरिक्ष में ही तस्वीरों का विश्लेषण कर जरूरी डेटा धरती पर भेजेगा
हैदराबाद की कंपनी टेकमीटूस्पेस का MOI-1A सैटेलाइट स्पेसएक्स के ट्रांसपोर्टर-18 मिशन से लॉन्च किया गया। कंपनी के अनुसार यह भारत का पहला ऐसा ऑर्बिटल कंप्यूटिंग सैटेलाइट है, जो तस्वीरों और डेटा का शुरुआती विश्लेषण अंतरिक्ष में ही कर सकेगा। AI गैर-जरूरी जानकारी को छांटकर केवल उपयोगी डेटा धरती पर भेजेगा, जिससे डेटा भेजने में लगने वाला समय और खर्च कम हो सकता है। इसका इस्तेमाल बाढ़, जंगल, फसल, खनन और सीमा निगरानी जैसे क्षेत्रों में किया जा सकता है। कंपनी ने 2028 तक अंतरिक्ष में बड़े डेटा सेंटर की दिशा में काम करने की योजना भी बताई है।
4- नई दिल्ली : 114 राफेल खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ी, वित्त वर्ष के अंत तक फैसला संभव; स्वदेशी हथियारों और भारत में असेंबली पर जोर
भारत की 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार कंपनियों से मिले प्रस्तावों का मूल्यांकन किया जा रहा है और वित्त वर्ष के अंत तक इस परियोजना पर निष्कर्ष निकल सकता है। प्रस्तावित खरीद में अधिक से अधिक स्वदेशी तकनीक, हथियार और अन्य प्रणालियों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है। योजना के अनुसार बड़ी संख्या में राफेल विमानों की असेंबली भारत में की जाएगी। रक्षा सचिव ने बताया कि फ्रांस की कंपनी पहले खरीदे गए राफेल मरीन विमानों में भी भारतीय हथियारों के इस्तेमाल के लिए तैयार है। इसके अलावा तेजस Mk2 की पहली उड़ान 2027 के मध्य में कराने की योजना है, जबकि भारत फिलहाल AMCA परियोजना पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है।
5- अंतरराष्ट्रीय : दुबई-इजराइल उड़ान में को-पायलट पर भारतीय कप्तान पर चाकू से हमला करने का आरोप; UAE में जांच शुरू
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में ओमानी मूल के को-पायलट पर कथित तौर पर भारतीय कप्तान स्मित मच्छर पर कॉकपिट में चाकू से हमला करने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश का आरोप है। घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे आया, जिसके बाद घायल कप्तान ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व चालक दल ने आरोपी को काबू किया। विमान की सऊदी अरब के तबूक में आपात लैंडिंग कराई गई। आरोपी को बाद में UAE अधिकारियों को सौंप दिया गया है। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि आरोपी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था। हमले की वजह और यह आतंकवादी साजिश थी या नहीं, इसकी जांच UAE में जारी है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. गांधी जयंती: 2 अक्टूबर को जन्मे महात्मा गांधी ने अहिंसा को बनाया स्वतंत्रता आंदोलन का हथियार
2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में मोहनदास करमचंद गांधी का जन्म हुआ था। आगे चलकर उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसा के जरिए भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी।
2. शास्त्री जयंती: 2 अक्टूबर को जन्मे लाल बहादुर शास्त्री ने दिया था ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा
2 अक्टूबर 1904 को उत्तर प्रदेश के मुगलसराय में लाल बहादुर शास्त्री का जन्म हुआ था। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौर में प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया, जो आज भी देश में व्यापक रूप से जाना जाता है।
3. क्रिकेट इतिहास: 2015 में इसी दिन रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था 106 रन का तूफानी शतक
2 अक्टूबर 2015 को धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में रोहित शर्मा ने 66 गेंदों पर 106 रन बनाए थे। उनकी पारी में 12 चौके और 5 छक्के शामिल थे, हालांकि भारत यह मुकाबला 7 विकेट से हार गया था।