नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- बाराबंकी : सुल्तानपुर-हैदरगढ़ नेशनल हाईवे पर मुर्गी दाना लदे ट्रक में अचानक लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; हिमाचल से कोलकाता जा रहा था ट्रक
बाराबंकी के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर-हैदरगढ़ नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे मुर्गी का दाना लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। बताया गया कि ट्रक हिमाचल से मुर्गी का दाना लेकर कोलकाता जा रहा था। आग लगते ही चालक ने किसी तरह ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटें और धुआं देखकर हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई तथा एक तरफ का यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने तथा यातायात संभालने का काम शुरू किया। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार आग लगने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है और जांच के बाद ही वास्तविक वजह पता चल सकेगी।
---
2- बाराबंकी : पति की हत्या के मामले में पत्नी और प्रेमी को उम्रकैद की सजा, 8 साल के बेटे की गवाही बनी अहम कड़ी; कोर्ट ने 13-13 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया
बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र में दस महीने पहले हनुमंत लाल गौतम की हत्या के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश कीर्ति माला सिंह की अदालत ने उनकी पत्नी पूजा गौतम और प्रेमी कमलेश को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोनों पर 13-13 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। एडीजीसी राकेश कुमार तिवारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2025 को राम शंकर गौतम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई हनुमंत लाल और पत्नी पूजा में झगड़ा होता था तथा पूजा की फतेहपुर के कमलेश से दोस्ती हो गई थी। घटना वाले दिन पूजा पति और बच्चों के साथ लखनऊ से लौटते समय रात तीन बजे ददेरा-पिडसवा रोड पर प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर हनुमंत पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद पूजा बच्चों के साथ कमलेश के ऑटो से लखनऊ गई और बहन को एक्सीडेंट बताकर पुलिस को सूचना दी। जांच में यह हत्या का मामला निकला। मामले में आठ साल के बेटे यश कुमार की गवाही अहम रही, जिसने बताया कि मां ने कमलेश के साथ मिलकर पिता को सरिया से मारा था।
---
3- सुल्तानपुर : जिला जेल में बंदी की मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त, जिला जज और एसपी ने बंदियों को दिलवाई आत्महत्या नहीं करने की शपथ; पेड़ों की छटाई के साथ कंटीले तार लगाए गए
सुल्तानपुर के अमहट स्थित जिला जेल में बंदी की मौत की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और न्यायिक अधिकारियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। जेल परिसर में लगे पेड़ों की छंटाई कराई गई है और सूत्रों के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से कुछ पेड़ों पर कंटीले तार भी लगाए गए हैं। जिला जज और एसपी ने जेल पहुंचकर बंदियों को आत्महत्या जैसी घटना नहीं करने की शपथ दिलाई। बीते सोमवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के अमहट जेल में बैरक नंबर-2 में बंद अमित कुमार उर्फ बड्डे यादव (21) ने बैरक नंबर-3 के पीछे स्थित पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी थी। वह बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के अहिरन का पुरवा मजरे सुबेहा का रहने वाला था और अपहरण, छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद था। उसे अमेठी के जगदीशपुर थाने की पुलिस ने 31 अगस्त को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद परिजन शव लेकर पैतृक गांव पहुंचे थे और हत्या का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था, बाद में पुलिस के समझाने पर वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जेल में बंदियों की आत्महत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
---
4- सुल्तानपुर : चुनावी रंजिश में गोलीकांड के बाद पीड़ित परिवार को मिल रही धमकियां, डीएम से आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार
सुल्तानपुर के थाना अखंडनगर क्षेत्र के अल्लीपुर में कथित गोलीकांड के बाद पीड़ित पक्ष गुरुवार दोपहर 2:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचा और डीएम को संबोधित मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को सौंपकर सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शिकायत के मुताबिक राजन गौतम पुत्र राम स्वार्थ निवासी ग्राम अल्लीपुर, सरायां, थाना अखंडनगर पर 23 सितंबर को चुनावी रंजिश को लेकर कथित रूप से गोलीबारी की गई थी। मामले में एफआईआर दर्ज होने का उल्लेख करते हुए पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपियों की ओर से मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और धमकी दी जा रही है। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि घटना में राजन गौतम को गोली लगी थी और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है तथा आरोपी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर धमकी दे रहे हैं। युवा शक्ति दल की ओर से दिए गए पत्र में पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित कराने, आत्मरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस जारी करने तथा नामजद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की गई है।
---
5- अमेठी : 3 अक्टूबर को सुबह 8 से 10 बजे तक दो घंटे गुल रहेगी बिजली, 220 केवी उपकेंद्र पर मेंटेनेंस से 7 फीडर प्रभावित
अमेठी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 220 केवी विद्युत उपकेंद्र अमेठी पर 132 केवी मेन बस की जंपर टाइटनिंग और अनुरक्षण कार्य के चलते 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक लगभग दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि अनुरक्षण कार्य के चलते 33 केवी के सात फीडरों की बिजली प्रभावित होगी, जिनमें ठेंगहा, भादर, खेरौना, कनोडिया सीमेंट फैक्ट्री, पीपरपुर, बड़गांव और एसएलएमजी बेवरेज पोषक शामिल हैं। इन फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 8 से 10 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि विद्युत तंत्र की बेहतर कार्यक्षमता और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह अनुरक्षण कार्य जनहित में कराया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
---
6- अमेठी : ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुसाफिरखाना पुलिस ने तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ युवक को दबोचा, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
अमेठी में अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुसाफिरखाना पुलिस ने एक युवक को तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर चल रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 4 बजे टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सचिन यादव पुत्र राज नारायण यादव निवासी पूरे गोपाल दास चकदोहरी, मुसाफिरखाना को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा और 12 बोर का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुसाफिरखाना थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक महेश कुमार पाल, हेड कांस्टेबल शैलेश चौधरी, हेड कांस्टेबल अजय पाल और कांस्टेबल किशन सिंह चौहान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---
7- अम्बेडकरनगर : शराब कंपनी के एजेंट पर 84 लाख हड़पने का आरोप, गोदाम इंचार्ज समेत 14 के खिलाफ केस दर्ज
अंबेडकरनगर में एक शराब कंपनी के एजेंट पर गोदाम इंचार्ज समेत अन्य के साथ मिलकर कंपनी के 84 लाख 11 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने 30 सितंबर को एजेंट, उसके परिजनों और गोदाम इंचार्ज समेत 14 नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लखनऊ निवासी विकास जायसवाल की मेसर्स बिहाइव एल्कोहल कंपनी के पास अंबेडकरनगर में शराब वितरण का लाइसेंस है, जबकि राजेसुल्तानपुर निवासी अमित चंद्र कंपनी का एजेंट था। आरोप है कि उसने अपने भाई रविचंद्र समेत अन्य के साथ मिलकर बिक्री की रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं की और रवि ट्रेडर्स के अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई। कंपनी के अनुसार 15 सितंबर से अमित का मोबाइल बंद है और परिजनों ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए धमकी दी। राजेसुल्तानपुर थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
---
8- अंबेडकरनगर : गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर AC बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर, 4 यात्रियों की मौत; 4 गंभीर घायल, ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका
अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह 5 बजे एसी बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 4 यात्रियों की मौत हो गई और 4 गंभीर रूप से घायल हैं। 50 यात्रियों को लेकर बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर फंस गए। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री नींद में थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू चला। बस की स्पीड 100 के करीब बताई जा रही है। बस ड्राइवर, कंडक्टर व ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गए। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी और शुरुआती जांच में लग रहा है कि बस चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई। बस में ज्यादातर यात्री बिहार के थे। 4 मृतकों में एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है, तीन की पहचान की जा रही है। घायल यात्रियों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) शामिल हैं। ट्रेलर टाइल्स लोडकर राजस्थान से बिहार जा रहा था।
---
9- अयोध्या : दुर्गा पूजा और रामलीला की तैयारियों को लेकर नगर निगम की बैठक, 300 स्थानों पर दुर्गा पूजा और 24 जगह रामलीला; एक सप्ताह में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अयोध्या नगर निगम में केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की बैठक हुई। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी की मौजूदगी में हुई बैठक में दुर्गा पूजा और रामलीला की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। समिति के मुताबिक नगर निगम क्षेत्र में करीब 300 स्थानों पर दुर्गा पूजा और 24 स्थानों पर रामलीला का आयोजन होता है। बैठक में पूजा समितियों और रामलीला आयोजकों ने नगर निगम के सामने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें सफाई, पंडाल स्थल, बिजली, सड़क और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रमों की तैयारियां करीब दो महीने पहले से शुरू हो जाती हैं। महापौर ने आयोजकों की समस्याओं को लिखित रूप में भी लिया और अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए टीम गठित करने तथा एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। दुर्गा पूजा के कार्यक्रम 10 अक्टूबर से शुरू होने हैं। नगर निगम के साथ जिला प्रशासन, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, विकास प्राधिकरण और विद्युत विभाग भी व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
---
10- अयोध्या : राम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात CRPF जवान महेंद्र प्रताप यादव का इलाज के दौरान निधन, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
राम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान महेंद्र प्रताप यादव का दो महीने की बीमारी के बाद लखनऊ में बीती रात निधन हो गया। गुरुवार को उनके पैतृक गांव मवाई खुर्द में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गुरुवार दोपहर उनका पार्थिव शरीर अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र के मवाई खुर्द गांव पहुंचा, जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाल और मिल्कीपुर के उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। 43 वर्षीय महेंद्र प्रताप यादव मवाई खुर्द गांव के निवासी थे और सीआरपीएफ में तैनात होकर राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा ड्यूटी में लगे थे। वह पिछले दो महीने से बीमार थे और लखनऊ के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। जवान के परिवार में पत्नी और 18 वर्षीय बेटा प्रियांशु है। महेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। गांव पहुंचने पर सीआरपीएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और ग्रामीणों व अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.