लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 01.10.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :




1- बाराबंकी : सरयू के कटान से 1100 साल पुराने मंदिर पर मंडराया खतरा, प्रशासन अलर्ट पर


बाराबंकी के हेतमापुर में सरयू-घाघरा नदी का जलस्तर बुधवार दोपहर 2 बजे धीरे-धीरे कम हुआ, जिससे ग्रामीणों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन नदी की तेज धारा और कमजोर तटों के कारण खतरा अभी टला नहीं है। हेतमापुर स्थित 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर पर कटान का खतरा बना हुआ है। सरयू नदी मंदिर के उत्तर और पूरब दिशा के हिस्से को प्रभावित कर रही है, जिससे मंदिर का एक हिस्सा कमजोर हो गया है। मंदिर की पुजारी दिव्या मिश्रा ने विश्वास जताया कि मंगलवार को हवन-पूजन के बाद जलस्तर कम हुआ है और मंदिर सुरक्षित रहेगा। नेपाल और बैराजों से छोड़े गए पानी तथा लगातार बारिश के कारण पिछले दिनों जलस्तर तेजी से बढ़ा था, जिससे कटान तेज हुआ और कई मकान व धार्मिक स्थल नदी की चपेट में आ गए। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।


---


2- बाराबंकी : डीसीएम की टक्कर से दो दोस्तों की मौके पर मौत, बाइक को 200 मीटर तक घसीटा


बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 11 बजे आलापुर के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। कार को ओवरटेक करते समय बाइक सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे में दो दोस्त श्रवण (38) और अमित (30) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम बाइक और सवार युवकों को करीब 200 मीटर तक घसीटती चली गई। तीसरा दोस्त धर्मराज (32) गंभीर घायल है, जिसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। टक्कर में एक क्रेटा कार के एयरबैग भी खुल गए, जिसमें एक परिवार सवार था। पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त लखनऊ से बाराबंकी आ रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। एक मोबाइल से कॉल कर श्रवण की पहचान हो सकी।


---


3- सुल्तानपुर : शिक्षक दंपती मर्डर केस में 12 संदिग्ध हिरासत में, पट्टीदारों से भी पूछताछ जारी


सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती मर्डर केस में लगभग एक दर्जन संदिग्धों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। मृतकों के पट्टीदारों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। जांच में रंजिश के एंगल को भी जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक मुकेश सिंह के स्कूल में कोचिंग चलाने वाले एक शिक्षक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश की मौत अत्यधिक रक्तस्राव और शॉक से कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई। हत्या में कठोर धारदार हथियार का इस्तेमाल हुआ, जिससे शरीर पर कुल 10 चोटों के निशान मिले। वहीं पत्नी विनीता के शरीर पर 12 गंभीर चोटों के निशान पाए गए। सूत्रों के अनुसार, मुकेश के स्कूल के अगल-बगल पट्टीदारों की जमीन है, जिनसे हाल के दिनों में विवाद गहरा गया था। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।


---


4- सुल्तानपुर : ससुराल आए युवक की तालाब में डूबकर संदिग्ध हालात में मौत


सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना इलाके में ससुराल आए एक युवक की तालाब में डूबकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार रात करीब 9:30 बजे तालाब से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हा, ढेमा निवासी अंकित सिंह इन दिनों अखंडनगर थाना क्षेत्र के पतजू पहाड़पुर (नवाबाद) स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। परिवार के अनुसार, अंकित शाम को बाजार जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान उनका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। गांव वालों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।


---


5- अमेठी : पुलिस की कार्यशैली से नाराज महंत ने समाधि लेने के लिए खोदा गड्ढा, प्रशासन में हड़कंप


अमेठी के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर बाबा गरीब दास आश्रम के महंत दुर्गेश दास धरने पर बैठ गए हैं। महंत का आरोप है कि उनके आश्रम पर हुए हमले के मामले में पुलिस पेशबंदी का हवाला देकर उन्हें ही परेशान कर रही है। न्याय न मिलने से आहत होकर महंत ने समाधि लेने का ऐलान कर दिया है और इसके लिए स्वयं गड्ढा भी खोद लिया है। महंत की मांग है कि आश्रम की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटवाया जाए और आश्रम के बगल में मांस भोजन बना रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही दर्ज मुकदमे की ठीक तरीके से जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और महंत को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


---


6- अमेठी : एसपी ने बीती रात किया नवीन पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण, महिला बैरक की सुरक्षा पर खास जोर


अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बीती रात गौरीगंज स्थित नवीन पुलिस लाइन का अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने क्राइम ब्रांच, महिला कल्याण शाखा, महिला बैरक, अतिथि गृह, रेडियो शाखा और यूपी-112 सहित कई शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने कार्यालयों, आवासीय परिसर की साफ-सफाई और जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नई पुलिस लाइन में शाखाएं स्थापित होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी और ठीक कर ली जाएं, ताकि पुलिसकर्मियों के रहने-काम करने की बेहतर व्यवस्था हो। एसपी ने महिला बैरक की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर दिया। बताया जा रहा है कि हाथ में चोट होने के बावजूद उन्होंने पूरी पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स श्वेताभ भास्कर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


---


7- अम्बेडकरनगर : जम्मू-कश्मीर में CISF कैंप में फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट अंकित पांडेय समेत 4 जवान शहीद


जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे CISF कैंप में हुई फायरिंग में अम्बेडकरनगर के असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय समेत चार जवानों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कैंप में साथियों से झगड़े के बाद हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार ने एके-47 से फायरिंग कर दी। गोलीबारी में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह और दो कांस्टेबलों की मौत हुई। घटना के बाद आरोपी जवान को पुलिस के हवाले कर दिया गया और फायरिंग की वजह को लेकर जांच जारी है। टांडा तहसील के डिहवा दौलतपुर गांव निवासी अंकित कुमार पांडेय ने CISF में सब इंस्पेक्टर पद पर ज्वाइन किया था और 2021 में असिस्टेंट कमांडेंट बने थे। घटना के समय वह कठुआ के बसोहली-माशका क्षेत्र में सेवा हाइडल पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा में तैनात CISF यूनिट में कंपनी कमांडर थे। अंकित की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार, अंकित की मां बीमार हैं, इसलिए उन्हें अभी बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।


---


8- अम्बेडकरनगर : सोलर पैनल अभियान में तेजी, 7,650 संयंत्र स्थापित; 6,797 को मिली मंजूरी, बैंक में 896 मामले अटके


अम्बेडकरनगर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत अब तक पोर्टल पर 11,056 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 10,904 आवेदनों पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। 28 सितंबर तक जिले में 7,650 सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके थे, जबकि विद्युत विभाग ने 7,319 इंस्टॉलेशन दर्ज किए हैं। योजना के तहत 6,797 उपभोक्ताओं को अनुमोदन मिल चुका है। विभागीय रिपोर्ट में बैंक स्तर पर कई प्रकरण लंबित बताए गए हैं। ऋण वितरण के लिए 218 तथा ऋण स्वीकृति के लिए 678 प्रकरण लंबित हैं। परियोजना अधिकारी प्रवीण नाथ पांडेय ने बताया कि लंबित आवेदनों, बैंक ऋण और इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।


---


9- अयोध्या : सरयू उफान के बीच छावनी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक की आशंका, वन विभाग अलर्ट; मॉर्निंग वॉक करने वालों को समूह में निकलने की सलाह


अयोध्या के छावनी क्षेत्र में सरयू नदी के उफान के दौरान तेंदुए की दस्तक की आशंका ने वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी है। करीब दो सप्ताह पहले नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका सामने आई थी और जांच में उसके पदचिह्न भी मिले। इसके बाद विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए करीब चार कैमरा ट्रैप लगाए हैं और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। अयोध्या मंडल के संभागीय वन अधिकारी प्रखर गुप्ता ने बताया कि बाढ़ और तेज बहाव के दौरान वन्यजीवों के लिए अपने प्राकृतिक क्षेत्र में रहना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में तेंदुआ नदी के किनारे के सुरक्षित इलाकों की ओर आ सकता है। छावनी क्षेत्र में वन क्षेत्र अधिक होने के कारण यहां उसे छिपने और रहने के लिए अनुकूल वातावरण मिल जाता है। डीएफओ ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। वन विभाग ने छावनी क्षेत्र में सुबह टहलने जाने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि लोग अंधेरे में मॉर्निंग वॉक के लिए न निकलें, पर्याप्त उजाला होने के बाद ही टहलने जाएं और संभव हो तो अकेले के बजाय समूह में निकलें।


---


10- अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारियों का ड्रेस कोड लागू, केसरिया जंपसूट में होंगे गिनती; गर्भगृह में मोबाइल पर रोक


अयोध्या राम मंदिर में अब चढ़ावे की राशि गिनने वाले कर्मचारियों के लिए भी ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। कर्मचारियों को जंपसूट की तरह ऊपर से नीचे तक एक ही केसरिया रंग की पोशाक पहननी होगी, जिसमें किसी तरह की जेब नहीं होगी। निर्धारित पोशाक के बिना किसी कर्मचारी को चढ़ावे की गिनती करने की अनुमति नहीं होगी। मंदिर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के लिए ट्रस्ट के नए सीईओ जीतेंद्र मिश्र ने सभी कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। मंदिर और ट्रस्ट में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का बायोडाटा मांगा गया है। राम मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने का काम 2 शिफ्ट में होता है, जिसमें बैंक के 10, राम मंदिर ट्रस्ट के 4 और आउटसोर्स एजेंसी के 22 कर्मचारी शामिल हैं। गणना कक्ष में हर प्रवेश-निकासी पर चेकिंग अनिवार्य की गई है और कक्ष के प्रवेश द्वार पर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। नई गाइडलाइन के मुताबिक, पुजारी गर्भगृह में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे और उन्हें सोशल मीडिया पर बयानबाजी से भी बचना होगा। पुजारियों के लिए निर्धारित नई ड्रेस जन्माष्टमी के दिन से लागू कर दी गई थी, अब पुजारी पीले रंग का रेशमी अचला और उत्तरीय पहन रहे हैं।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल