नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- नई दिल्ली : पैकेट वाले खाने पर अब सामने लिखना होगा 'आर्टिफिशियल स्वीटनर', सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिया सख्त निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स पर फ्रंट-ऑफ-पैक वॉर्निंग लेबल लगाने के मामले में बड़ा रुख अपनाया है। FSSAI ने सोमवार को कोर्ट को बताया कि चिप्स, कोल्ड ड्रिंक जैसे प्रोडक्ट्स में आर्टिफिशियल स्वीटनर होने पर पैकेट के सामने 'CONTAIN NON CALORIC SWEETENER' लिखना अनिवार्य होगा। नमक, शुगर या सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होने पर लाल षटकोण निशान लगाने का नियम अब सिंगल फेज में लागू होगा। कोर्ट ने FSSAI से पूछा कि जब मामला लोगों की सेहत से जुड़ा है तो नियम लागू करने में इतनी देरी क्यों? बता दें कि आर्टिफिशियल स्वीटनर ज्यादा खाने से डायबिटीज और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ता है। कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है।
---
2- नई दिल्ली : सोशल मीडिया अकाउंट के लिए 18 साल की उम्र जरूरी, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से कानून बनाने को कहा
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 18 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट को लेकर कानून बनाने पर विचार करने का निर्देश दिया। CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े भारतीय कानूनों का पालन प्लेटफॉर्म्स को करना होगा। कोर्ट ने कहा कि नियम सिर्फ गाइडलाइन तक सीमित न रहें, बल्कि इंटरमीडियरी नियमों के तहत इसे वैधानिक रूप दिया जाए। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने माता-पिता की सहमति के आधार पर रेगुलेटरी व्यवस्था का सुझाव दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विदेश में रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म्स को भी भारत में काम करते समय भारतीय कानून मानने होंगे। यह सुनवाई जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस की याचिका पर हो रही है।
---
3- लखनऊ : 4 हजार करोड़ के जमीन घोटाले में PCS अफसर हरीश चंद्र बर्खास्त; नोएडा में प्राइवेट कंपनियों को बांटी थी जमीन
उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ PCS अधिकारी हरीश चंद्र को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वह 1997 बैच के PCS अधिकारी हैं। उन पर नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनाती के दौरान करीब 4 हजार करोड़ रुपए के लीजबैक घोटाले में शामिल होने का आरोप है। प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश जारी किए हैं। हरीश चंद्र वर्तमान में कोलकाता में खाद्य एवं रसद विभाग के स्थानिक प्रतिनिधि के पद पर तैनात थे। आरोप है कि 2011-12 में नोएडा प्राधिकरण के सचिव रहते हुए शाहदरा गांव की करीब 3.81 लाख वर्गमीटर जमीन का नियमों के खिलाफ लीजबैक कराया गया। नियमों के मुताबिक एक परिवार के लिए अधिकतम 450 वर्गमीटर जमीन की सीमा थी, लेकिन बाहरी लोगों और निजी कंपनियों को बड़े भूखंड दिए गए। जांच के अनुसार इस जमीन की बाजार कीमत करीब 3,800 करोड़ रुपए थी। उनके खिलाफ 2013 से अनुशासनात्मक कार्रवाई चल रही थी, जांच पूरी होने और लोक सेवा आयोग की मंजूरी के बाद अब यह फैसला लिया गया है।
---
4- लखनऊ : यूपी से चक्रवात के साथ मानसून भी आज से पूरी तरह विदा, एक सप्ताह में 8 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
उत्तर प्रदेश से मानसून के साथ चक्रवात ने भी विदा ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार अब किसी भी जिले में बारिश को लेकर पूर्वानुमान नहीं है। कई दिनों की बारिश के बाद सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धूप खिलने से मौसम ने करवट ली। बारिश और तेज हवाओं की रफ्तार थमने के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय रहा मौसम तंत्र अब कमजोर पड़ गया है। इसके असर से अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। सोमवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो रविवार के मुकाबले आठ डिग्री अधिक रहा। बिजनौर में सर्वाधिक 95 मिमी बारिश दर्ज की गई।
---
5- लखनऊ : केजीएमयू में दो महीने में शुरू होगी हार्ट ट्रांसप्लांट सेवा, 15 लाख में संभव; शुरुआती 5 मरीजों का इलाज मुफ्त
राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में दो महीने के भीतर हार्ट ट्रांसप्लांट की सेवा शुरू हो जाएगी। संस्थान में इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डोनर और मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुरुआती पांच हृदय प्रत्यारोपण पूरी तरह मुफ्त होंगे। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया जा चुका है। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी विभाग को हार्ट ट्रांसप्लांट का लाइसेंस पहले ही मिल चुका है। संस्थान में जरूरी उपकरण, प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध है। निजी अस्पतालों में यह प्रक्रिया करीब एक करोड़ रुपए तक की पड़ती है, जबकि सरकारी संस्थानों में यह 12 से 15 लाख रुपए में संभव होगी। लोहिया संस्थान ने भी हार्ट ट्रांसप्लांट की तैयारी शुरू कर दी है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
2- लखनऊ/कानपुर : यूपी से लौटने लगा मानसून, 17 जिलों में बारिश का अलर्ट; 8 नदियां उफान पर, कानपुर-गोंडा-कुशीनगर बाढ़ से प्रभावित
उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों से यह पूरी तरह वापस लौट चुका है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत पूरे प्रदेश में धूप निकली है, हालांकि 17 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी है। लगातार बारिश से प्रदेश की 8 नदियां उफान पर हैं। कानपुर में पांडु नदी का पानी सड़कों पर बह रहा है, कई जगह 8 फीट तक पानी भर गया है। बिठूर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ट्रैक्टर से पहुंचे। कुशीनगर में गंडक नदी में बाढ़ से 2 गांवों के 1,400 परिवार प्रभावित हैं। गोंडा में 18 गांव बाढ़ से घिरे हैं। सीतापुर में सरायन और पिरई नदी खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
3- सोलापुर : पानी की किल्लत से परेशान तुलशी गांव बेचने को तैयार, कीमत सिर्फ 'पानी'; 350 युवकों की शादी तक नहीं हो पा रही
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के तुलशी गांव में पानी की भीषण कमी से परेशान लोगों ने गांव बेचने का बोर्ड लगा दिया है। बोर्ड में कीमत सिर्फ 'पानी' लिखी है। माढा तहसील के इस गांव की 7000 आबादी कई सालों से जल संकट से जूझ रही है। गांव के सरपंच शरद मोरे का दावा है कि जल संकट के कारण गांव के करीब 350 युवकों की शादी नहीं हो पा रही। सीना-माढा योजना के तहत करीब 800 मीटर खुदाई का काम 26 साल से अधूरा है। राज्य सरकार ने 26 सितंबर को 358 में से 265 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। जल जीवन मिशन के तहत काम हुआ, लेकिन 14 तालाब और कुएं सूखने से योजना बेअसर साबित हो रही है।
---
4- नई दिल्ली : राहुल गांधी पहुंचे झुग्गी बस्ती, SDM से पूछा- पूरी बस्ती के वोटर गायब कैसे; SIR में 47 लाख नाम कटे
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार को दिल्ली की बेला एस्टेट झुग्गी बस्ती पहुंचे। उन्होंने X पर वीडियो शेयर करते हुए बताया कि यहां 728 लोग रहते हैं, लेकिन SIR के बाद वोटर लिस्ट में सिर्फ एक नाम बचा, बाकी 727 नाम काट दिए गए। राहुल ने मौके पर SDM को फोन लगाकर पूछा कि मकान होने या न होने का वोट के अधिकार से क्या कनेक्शन है? उन्होंने दावा किया कि CEC ज्ञानेश कुमार खुद कह चुके हैं कि 'हाउस नंबर 0' बेघरों के लिए है। बता दें कि दिल्ली SIR में अब तक 47.5 लाख से ज्यादा नाम कट चुके हैं। फाइनल वोटर लिस्ट 4 दिसंबर को जारी होगी।
---
5- पीओके : 'हमें भारत का रास्ता दो', 115 दिन से जारी आजादी आंदोलन तेज; एलओसी के पास जमा हुए प्रदर्शनकारी
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आजादी का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। एलओसी से लगभग 7 किमी दूर मंधोल में करीब 25 हजार लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे भारत से मिलना चाहते हैं। पाक पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर के खिलाफ नारे गूंज रहे हैं। जॉइंट अवामी लीग (JAL) ने मांग की है कि पाक सरकार पुंछ और मेंढर का रास्ता खोले, जो भारत की ओर जाता है। 5 जून से जारी इस आंदोलन का सोमवार को 115वां दिन था। कथित तौर पर पाकिस्तानी सरकार ने प्रदर्शनों के चलते PoK की सप्लाई लाइन काट दी है, जिससे लोगों के पास आटा और खाने का सामान नहीं है। ISI की 'डाला ब्रिगेड' की जीपें भी अब फेल हो रही हैं।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
आतंकवाद पर कड़ा प्रहार: भारतीय सेना की 'सर्जिकल स्ट्राइक' (2016) 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना के वीर जवानों ने उरी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पार कर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इस साहसिक सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकवादियों के कई लॉन्च पैड पूरी तरह तबाह कर दिए गए थे।
खेल का बड़ा रिकॉर्ड: 'इंग्लिश चैनल' पार करने वाली पहली एशियाई महिला (1959) 29 सितंबर 1959 को भारत की मशहूर तैराक आरती साहा ने उफनती लहरों को चीरते हुए खतरनाक 'इंग्लिश चैनल' को तैरकर पार किया था। मात्र 19 साल की उम्र में यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाकर वे ऐसा करने वाली एशिया की पहली महिला बनीं, जिसे तैराकी की दुनिया का 'माउंट एवरेस्ट' फतह करना माना जाता है।
राजनीति का ऐतिहासिक फैसला: महिला आरक्षण बिल बना कानून (2023) 29 सितंबर 2023 को राष्ट्रपति की अंतिम मंजूरी के बाद विधि मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' आधिकारिक तौर पर कानून बन गया। देश की राजनीति के इस बड़े फैसले ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता हमेशा के लिए साफ कर दिया।
📈 मार्केट में आज कीमतें >
सोना (24K): ₹1,51,789 /10ग्राम
चाँदी : ₹2,27,298 /किलो
1 डॉलर : ₹96.12
*कीमतें : स्पॉट रेट (हाज़िर दर) - नई दिल्ली