लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 30.09.2026

 नमस्कार, 


डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :




बाराबंकी : सरयू खतरे के निशान से 77 सेमी ऊपर, हेतमापुर में 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर तक पहुंची कटान; श्रद्धालुओं ने की पूजा


बाराबंकी के रामनगर तहसील के हेतमापुर में सरयू नदी का रौद्र रूप जारी है। मंगलवार दोपहर 2 बजे नदी खतरे के निशान से 77 सेमी ऊपर बह रही थी। तेज कटान की जद अब करीब 1100 साल पुराने बाबा नारायण दास मंदिर तक पहुंच गई है। मंदिर पर मंडराते खतरे को देख श्रद्धालुओं ने मंगलवार दोपहर से पूजा-अर्चना शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले बाढ़ में सरयू की लहरें मंदिर से आगे नहीं बढ़ती थीं, लेकिन इस बार बहाव बेहद तेज है। अब तक 150 साल पुरानी मस्जिद, 40 से ज्यादा मकान और टेलीफोन एक्सचेंज नदी की चपेट में आ चुके हैं। बाढ़ खंड विभाग और प्रशासन एक सप्ताह से दिन-रात बचाव कार्य में जुटा है।


---


बाराबंकी : लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर नेक्सॉन ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को रौंदा, दो की मौत; प्रधानाचार्य समेत 3 घायल


बाराबंकी के नगर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में सीतापुर निवासी हिमांशु वर्मा (35) और गोंडा निवासी अनिल कुमार शुक्ल (32) की मौत हो गई। हादसा बादी नगर कट के पास हुआ। हिमांशु टिकैतनगर के ह्वाइट फेदर स्कूल में एकाउंटेंट थे और प्रधानाचार्य विनय कुमार तिवारी के साथ स्कूल जा रहे थे। यूरिया लोड कराते समय हिमांशु और अनिल सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से आई नेक्सॉन ने दोनों को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद नेक्सॉन बेकाबू होकर आगे खड़ी वैगनआर से जा भिड़ी। हादसे में प्रधानाचार्य समेत तीन लोग घायल हुए हैं। बेलीपार थाना प्रभारी राजकुमार बरवार के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


---


सुल्तानपुर : ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ 'घर सुल्तानपुर फाउंडेशन' का अभियान, विद्यार्थियों को किया जागरूक; 2 अक्टूबर को शांति मार्च


ध्वनि प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता के लिए 'घर सुल्तानपुर फाउंडेशन' ने एन.आई. कॉलेज में अभियान चलाया। टीम ने विद्यार्थियों को तेज ध्वनि और डीजे के हानिकारक वाइब्रेशन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। सदस्यों ने बताया कि अत्यधिक तेज आवाज बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के स्वास्थ्य व मानसिक शांति पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने सामाजिक आयोजनों में ध्वनि नियंत्रित रखने की अपील की और स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी धर्म या परंपरा के विरोध में नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए है। संस्था ने "शांति ही शक्ति है" का संदेश दिया। इसी अभियान के तहत 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे तिकोनिया पार्क से शांति मार्च निकाला जाएगा। कार्यक्रम में सचिन सिंह, आकाश रंजन और राघवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।


---


सुल्तानपुर : आठ दिन से लापता युवती का शव झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में आठ दिन से लापता 26 वर्षीय युवती का शव मंगलवार दोपहर महमूदपुर गांव के पास दियरा रोड किनारे झाड़ियों में पेड़ से लटका मिला। शव से बदबू आने पर ग्रामीणों की नजर पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। भवनपुर गांव निवासी मुक्ता देवी ने 23 सितंबर को तहरीर देकर बेटी ज्ञानमती के लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों के मुताबिक, ज्ञानमती 22 सितंबर को दोपहर 1-2 बजे इलाज कराने दियरा बाजार गई थी, फिर नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तलाश में सक्रियता नहीं दिखाई। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर के अनुसार, युवती को पहले से कुछ शारीरिक समस्याएं थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


---


अमेठी : डीएम ने असैदापुर कॉलेज का किया निरीक्षण, छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन; मेस की गुणवत्ता परखी


अमेठी के डीएम शशांक चौधरी ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज असैदापुर का निरीक्षण किया। उन्होंने पढ़ाई, हॉस्टल और खाने की व्यवस्था देखी। डीएम ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और मेन्यू के हिसाब से अच्छा खाना देने के निर्देश दिए। मेस और परिसर में साफ-सफाई पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने हॉस्टल की साफ-सफाई, पीने का पानी और बिजली व्यवस्था देखी। प्रिंसिपल गीता वर्मा ने तख्तों की कमी बताई, जिस पर डीएम ने फंड से व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने शिक्षकों को अच्छी शिक्षा देने और समय पर कॉलेज पहुंचने के निर्देश दिए। मरम्मत कार्य जल्दी पूरा करने और परिसर में घास कटवाकर साफ रखने के भी निर्देश दिए।


---


अमेठी : चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; गैस सिलेंडर, पंखे और नकदी बरामद


अमेठी पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2790 रुपये नकद, दो गैस सिलेंडर, दो पंखे और घरेलू बर्तन बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर शिवरतनगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर प्रमोद यादव (22) और सुभाष यादव (25) को पूरे माधव सिंह मजरे सतगंवा से पकड़ा। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी कबूली। चोरों ने साथी चंदन पासी के साथ मिलकर एक माह पहले गांव के एक घर से सिलेंडर, बर्तन, पंखे चुराए थे। बेनीपुर प्राथमिक विद्यालय से गैस सिलेंडर, चावल, गेहूं, दाल और भुलइया तिराहे के पास किराने की दुकान से सिगरेट, नकदी चुराई। शिवरतनगंज थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। फरार चंदन पासी की तलाश जारी है।


---


अंबेडकरनगर : तेंदुआई कला बिजली उपकेंद्र पर बुधवार को विशेष कैंप, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा समाधान


जहांगीरगंज के तेंदुआई कला बिजली उपकेंद्र पर बुधवार को बिजली समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप लगेगा। यह कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। जानकारी बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर अवधेश यादव ने दी। पहले क्षेत्र के लोगों को समस्याओं के लिए करीब 25 किलोमीटर दूर रामनगर जाना पड़ता था, अब उन्हें इतनी दूर नहीं जाना होगा। सभी दिक्कतों का समाधान तेंदुआई कला उपकेंद्र पर ही किया जाएगा।


---


अंबेडकरनगर : धागा मिल में 21 महिलाओं की तबीयत बिगड़ी, 17 भर्ती; भोजन और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे


अंबेडकरनगर के अलीगंज थाना क्षेत्र के ममरेजपुर स्थित पार्थ ट्रेड धागा मिल परिसर में रह रहीं करीब 21 महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सोमवार रात करीब 3 बजे महिलाओं को उल्टी और डायरिया की शिकायत हुई। सभी को महामाया मेडिकल कॉलेज सदरपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार महिलाओं को छुट्टी दे दी गई, जबकि 17 को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। मिल परिसर में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण लेने वाली महिलाएं भी रह रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं है, जांच रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।


---


अयोध्या : स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के लिए 'प्रगति 50' पहल लागू, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की शुरुआत; 24 शिकायतें आईं


अयोध्या में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार से 'प्रगति 50' पहल लागू हो गई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इसकी शुरुआत की। अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में हुए कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार मौजूद रहे। अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि 26 सितंबर को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई 51वीं प्रगति बैठक में 50वीं प्रगति बैठक के फैसलों को लागू करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत शहरी स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन और इस्तेमाल किए गए पानी के बेहतर प्रबंधन को शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश में अयोध्या के अलावा आगरा, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और वाराणसी को भी पहल में शामिल किया गया है। मंगलवार को नगर निगम में जनसुनवाई 'संभव' भी हुई, जिसमें 24 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।


---


अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बाद RSS ने बढ़ाई सक्रियता, संतों से संपर्क तेज; चुनाव से पहले डैमेज कंट्रोल की कवायद


अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी कांड ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संघ परिवार की चिंता बढ़ा दी है। चढ़ावा चोरी के विवाद से संत समाज में उठे सवालों और नाराजगी का चुनावी असर न पड़े, इसके लिए RSS ने अयोध्या में सक्रियता बढ़ा दी है। संघ के पदाधिकारियों की आवाजाही बढ़ी है और साधु-संतों से मुलाकात का सिलसिला तेज हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, मुलाकातों का उद्देश्य संत समाज के असंतोष को समझना और कम करना है। बीते दिनों RSS के अखिल भारतीय बौद्धिक प्रमुख स्वांत रंजन अयोध्या पहुंचे। साथ में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार और अवध प्रांत प्रचारक कौशल किशोर भी थे। VHP के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी संतों से मुलाकात कर रहे हैं। प्रतिष्ठा द्वादशी पर संतों का बड़ा सम्मेलन करने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव से पहले अयोध्या के संतों को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भेजकर राम मंदिर विवाद पर पक्ष रखने की रणनीति पर काम हो रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी संतों की नाराजगी संभालने के लिए सीएम योगी को मतदान से पहले अयोध्या में डेरा डालना पड़ा था।




⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल