लोड किया जा रहा...

क्षेत्रीय मॉर्निंग न्यूज़ बुलेटिन : पढ़ें जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टॉप ख़बरें - 27.09.2026

 नमस्कार, 

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है ! 

चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।

🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :


1- बाराबंकी में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच दो अलग-अलग हादसों में दो की मौत: कच्ची दीवार गिरने से महिला और इमली का पेड़ गिरने से बुजुर्ग की जान गई, दो घायल

बाराबंकी जिले में पिछले 48 घंटे से जारी लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। रामनगर क्षेत्र के गोपालपुर में 38 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी संदीप यादव पर कच्ची दीवार गिर गई। वह गंभीर घायल हुईं और जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनीता के तीन बच्चे रवि (17), आकाश (13) और प्रियंका (9) हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम शुरू कर दिया है। दूसरा हादसा रामसनेहीघाट के मऊ गांव में हुआ, जहां लाल बहादुर वर्मा पुत्र केशव राम समेत तीन लोग छप्पर के नीचे सो रहे थे। तभी इमली का पेड़ गिर गया। लाल बहादुर वर्मा की मौत हो गई, जबकि परमानंद वर्मा और शिवप्रसाद वर्मा घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

---

2- बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ा पेड़ बाइक सवार पर गिरा: दूध बेचकर लौट रहे 35 वर्षीय कारोबारी संजय वर्मा की मौत, ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर निकाला

बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच शनिवार को झबरापुर गांव के पास बड़ा हादसा हुआ। छेदा बाजार से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे 35 वर्षीय संजय वर्मा पर सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर गया। बाइक समेत पेड़ के नीचे दबने से संजय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर उन्हें बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची। सीतापुर के मानापुर मुर्तजा नगर निवासी संजय दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में बेटा हेमंत वर्मा और दो बेटियां श्यूटी व ब्यूटी हैं। एसडीएम कार्तिकेय सिंह के अनुसार, नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया था और मृतक के परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े पुराने और कमजोर पेड़ों की जांच और छंटाई कराने की मांग की है।

---

3- सुल्तानपुर में भारी बारिश और तूफान से जिलेभर में व्यापक नुकसान: 42 मकान क्षतिग्रस्त, 1,070 बिजली पोल और 89 ट्रांसफार्मर टूटे, 7 पशुओं की मौत

सुल्तानपुर में भारी बारिश और तूफान से जिलेभर में व्यापक नुकसान हुआ है। प्रशासन के मुताबिक शनिवार शाम 4 बजे तक 7 पशुओं की मौत हुई और 42 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिजली के ढांचे को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है। करीब 1,070 बिजली के पोल और 89 ट्रांसफार्मर टूट गए। ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से बच्चे टॉर्च की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं। जिले में 46 विद्युत उपकेंद्रों में से 21 की 33 केवी सप्लाई बहाल कर दी गई है। 197 में से 89 फीडरों पर बिजली आपूर्ति शुरू हो चुकी है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में करीब 460 कर्मचारी और 20 मशीनें लगाई गई हैं। लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर यातायात शुरू कराया। धान की करीब 25 से 30 प्रतिशत फसल को नुकसान बताया गया है। आनापुर निवासी राम उजागिर वर्मा के 800 केले के पेड़ों में से करीब 300 पेड़ तेज हवा के कारण गिर गए। मोतिगरपुर ब्लॉक क्षेत्र में डेढ़ लाख से अधिक आबादी बिजली संकट से जूझ रही है।

---

4- सुल्तानपुर में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा: सीताकुंड घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी, खतरे के निशान से अभी 2 मीटर नीचे, डीएम ने किया निरीक्षण

सुल्तानपुर में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शहर के सीताकुंड घाट पर नदी का पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव के इंतजाम किए हैं। डीएम इंद्रजीत सिंह ने शनिवार शाम सीताकुंड घाट का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन के मुताबिक शनिवार सुबह 8 बजे गोमती का जलस्तर 81.530 मीटर था, जो दोपहर 12 बजे 81.560 मीटर, शाम 4 बजे 81.620 मीटर और रात 8 बजे 81.650 मीटर पहुंच गया। चेतावनी स्तर 83.73 मीटर और खतरे का स्तर 84.73 मीटर निर्धारित है। ऑरेंज अलर्ट के चलते जिले में दो दिनों तक स्कूल और उच्च शिक्षण संस्थान बंद रखे गए थे। डीएम ने लोगों से गोमती नदी के आसपास न जाने की अपील की है। तेज हवाओं और पेड़ गिरने से जिले में 1,074 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं।

---

5- अमेठी में बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवार गिरी: मलबे में दबकर 32 वर्षीय पत्नी उषा की मौत, पति रामकुमार पासी गंभीर घायल

अमेठी में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण एक हादसा हुआ है। जामो थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में आज सुबह एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान 32 वर्षीय पत्नी उषा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पति रामकुमार पासी का इलाज अभी जारी है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी सुबह 7 से 8 बजे के बीच घर के पीछे बंधी भैंस को खोलने गए थे, तभी बारिश के चलते पुरानी जर्जर दीवार भरभरा कर गिर गई। जामो थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिले डेथ मेमो के आधार पर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की मदद और मुआवजे की मांग की है।

---

6- अमेठी में लगातार बारिश के बीच डीएम-एसपी ने किया बिहारीगंज गांव का निरीक्षण: जलभराव और गुलालपुर ड्रेन का जायजा लिया, फसल नुकसान का तुरंत सर्वे कराने के निर्देश

अमेठी में लगातार बारिश के बीच डीएम शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को गौरीगंज तहसील के बिहारीगंज गांव का दौरा किया। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों और गुलालपुर ड्रेन का निरीक्षण कर जल निकासी का जायजा लिया। डीएम ने फसलों के संभावित नुकसान का तुरंत सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को समय पर रिपोर्ट देने को कहा, ताकि किसानों को नियमानुसार सहायता मिल सके। डीएम-एसपी ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने अधूरे पंचायत भवन, बिजली सप्लाई और पात्र परिवारों को शौचालय न मिलने की शिकायत की। डीएम ने संबंधित विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति भी जानी और 5-6 भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार पट्टा आवंटित करने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्रामीणों से आगामी दो दिनों तक सतर्क रहने की अपील की।

---

7- अम्बेडकरनगर में डीएम-एसपी ने किया खराब फसलों का जायजा: किसानों से 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना टोल फ्री नंबर 14447 पर देने की अपील

अम्बेडकरनगर में लगातार बारिश और चक्रवात अर्नव के असर से जिले में फसलों को हुए नुकसान का शनिवार को डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह ने जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने अकबरपुर और भीटी तहसील क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर खेतों में जलभराव और खराब हुई फसलों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे तैयार फसल के साथ खड़ी अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। डीएम ईशा प्रिया ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और नियमानुसार सर्वे कराने के निर्देश दिए। डीएम ने किसानों से अपील की कि बारिश से फसल को हुए नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। आपात स्थिति में 1077 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की गई है।

---

8- अम्बेडकरनगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए हर स्कूल में बनेगी परिवहन सुरक्षा समिति: साल में चार बार होगी बैठक, वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा उपकरणों की होगी निगरानी

अम्बेडकरनगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए अब हर स्कूल में परिवहन सुरक्षा समिति बनाई जाएगी। यह समिति स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक-परिचालक के नियम और सुरक्षा उपकरणों की निगरानी करेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने बताया कि समिति के अध्यक्ष स्कूल के अधिकारी होंगे। इसमें तहसीलदार, थानाध्यक्ष, खंड शिक्षा अधिकारी, डीआईओएस के प्रतिनिधि, दो अभिभावक और दो वाहन संचालक प्रतिनिधि सदस्य होंगे। समिति की बैठक साल में चार बार जुलाई, अक्टूबर, जनवरी और अप्रैल में होगी। हर बैठक में कम से कम पांच सदस्यों का होना जरूरी है। बैठक के फैसलों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक का नोडल अधिकारी बनाया है। एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे अहम है।

---

9- अयोध्या में पेड़ गिरने के दो अलग-अलग हादसों में 12 वर्षीय किशोर और 40 वर्षीय किसान की मौत: खंडासा में डाल की चपेट में आया आर्यन, मवई में यूकेलिप्टस का पेड़ गिरा

अयोध्या में शनिवार दोपहर बाद पेड़ गिरने से अलग-अलग हादसों में 12 साल के लड़के और 40 साल के किसान की मौत हो गई। खंडासा थाना क्षेत्र के ढोली आसकरन गांव निवासी राम सुंदर का बेटा आर्यन शनिवार को घर के पास शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक पेड़ की डाल उसके ऊपर गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने बताया कि दैवीय आपदा राहत कोष से मृतक के आश्रितों को नियमानुसार 48 घंटे के भीतर दुर्घटना सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरी घटना मवई थाना क्षेत्र के मवई गांव की है, जहां धर्मराज (40) पुत्र मालिक राम धान के खेत में भरा पानी निकाल रहे थे, तभी अचानक यूकेलिप्टस का पेड़ उनके ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबे धर्मराज की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। तहसील प्रशासन के अनुसार मृतक के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष से नियमानुसार सहायता राशि दिलाई जाएगी।

---

10- इस बार अयोध्या की रामलीला में माता सीता बनेंगी मिस यूनिवर्स इंडिया केजिया लिज मेजो: दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 10 से 20 अक्टूबर तक मंचन, रवि किशन बनेंगे श्रीराम

अयोध्या की रामलीला इस बार नए अंदाज में दर्शकों के सामने आएगी। मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 केजिया लिज मेजो इस बार माता सीता की भूमिका निभाएंगी। रामलीला का मंचन 10 से 20 अक्टूबर तक दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब स्थित मावलंकर हॉल में होगा। आयोजकों के मुताबिक, मंचन के दौरान बड़े सेट, एलईडी स्क्रीन और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस बार अयोध्या में रामलीला का आयोजन जनवरी में किया जाएगा। रामलीला के संस्थापक और अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि पिछले सात साल से अयोध्या में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, पिछले साल रामलीला को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से करीब 62 करोड़ लोगों ने देखा था। इस बार रामलीला में सांसद और अभिनेता रवि किशन प्रभु श्रीराम की भूमिका में नजर आएंगे। सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी भी रामलीला में अलग भूमिका निभाएंगे। अरुण बख्शी रावण, बिंदु दारा सिंह कुंभकरण, अवतार गिल मेघनाद और पुनीत इस्सर परशुराम की भूमिका निभाएंगे। अभिनेता रजा मुराद समेत कई अन्य कलाकार भी अलग-अलग महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। आयोजन समिति में सुभाष मलिक संस्थापक और अध्यक्ष, शुभम मलिक महासचिव और जतिन मलिक उपाध्यक्ष हैं।



⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.

धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल