नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित, आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है !
चलिए बात करते हैं अयोध्या मंडल अंतर्गत जनपद अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी और सुल्तानपुर में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 अयोध्या मंडल की टॉप खबरें :
1- बाराबंकी : ब्रजेश पाठक बोले- सपा शासन में चलती थी 'कट्टा सोसाइटी', अखिलेश पर कसा तंज- अपने जाति का वोट न मिले तो पार्षद भी नहीं जीत पाएंगे
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार शाम 4:00 बजे बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने नवाबगंज क्षेत्र के पलिया मसूदपुर में फिश गोल्ड इंडस्ट्रीज के नए प्लांट और मंझीठा रोड पर इंडियन ऑयल के नए पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पिछली सपा सरकारों में कानून-व्यवस्था खराब थी और 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया' जैसी स्थिति थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में किसान कोऑपरेटिव सोसाइटी नहीं, बल्कि 'कट्टा सोसाइटी' चलती थी। ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें अपनी जाति का वोट न मिले तो वे पार्षद भी नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने कहा कि भूमि विकास बैंक के जरिए जरूरतमंद किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज दिया जा रहा है।
---
2- बाराबंकी : दरिगापुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार
बाराबंकी के सिरौली गौसपुर क्षेत्र के दरिगापुर गांव में 22 वर्षीय अंशु वर्मा की मौत के बाद तनाव बना हुआ है। परिजनों ने बुधवार सुबह 7:30 बजे आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, बदोसराय कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज और रामनगर कोतवाली प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता रामगोपाल की शिकायत पर एक पति-पत्नी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता ने आरोप लगाया कि 22 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोसी युवक अंशु को बहाने से बुलाकर ले गया था, जहां उसकी पत्नी से अवैध संबंध का आरोप लगाकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। परिजनों का कहना है कि अंशु मंगलवार रात करीब 10 बजे खेत की रखवाली के लिए निकला था, बुधवार सुबह उसका शव गांव के पास बाग में पेड़ से लटका मिला। शव के पैर जमीन को छू रहे थे और शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
---
3- सुल्तानपुर : मेडिकल छात्रा को कार से कुचला, छेड़खानी से गुस्साई छात्रा बोनट पर चढ़ी तो आरोपी ने गाड़ी बैक करके गिराया, फिर ऊपर चढ़ाकर भागा
सुल्तानपुर में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार कार ने बीफार्मा थर्ड ईयर की 23 वर्षीय छात्रा को कुचल दिया। कार चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप कुमार पाठक के अनुसार, स्कूटी से लौट रही छात्रा की बस स्टॉप के पास कार सवार युवक से नोकझोंक हुई थी। छात्रा 'पकड़ो-पकड़ो' चिल्लाते हुए कार का पीछा कर रही थी। कलेक्ट्रेट के पास कार स्कूटी से टकरा गई। छात्रा ने स्कूटी साइड में खड़ी की और कार के बोनट पर चढ़कर युवक को बाहर निकलने के लिए कहा। इसी दौरान युवक ने कार बैक कर दी, छात्रा सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आरोपी उसके ऊपर कार चढ़ाते हुए भाग निकला। छात्रा के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंचे चचेरे भाई ने लोगों की मदद से बहन को स्कूटी से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। छात्रा के चचेरे भाई ने पुलिस को बताया कि नारायणपुर निवासी अजीत सिंह 2-3 महीने से उसकी बहन को परेशान कर रहा है।
---
4- सुल्तानपुर : आजाद समाज पार्टी ने अनीस अहमद को बनाया प्रत्याशी, बोले- मुस्लिम, दलित और OBC को साथ लेकर चलेंगे, 37 मुद्दों वाला चुनावी कार्यक्रम लाएंगे
सुल्तानपुर विधानसभा सीट से आजाद समाज पार्टी ने अनीस अहमद को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह पार्टी की ओर से पांच विधानसभा सीटों में पहली प्रत्याशी घोषणा है। अनीस अहमद ने कहा कि पार्टी ने उनके काम का मूल्यांकन कर टिकट दिया, वे राष्ट्रीय नेतृत्व का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के मैनिफेस्टो में 37 कार्यक्रम हैं, जिनमें एमबीबीएस तक मुफ्त शिक्षा और पुलिस-प्रशासन के लिए 8-9 घंटे की ड्यूटी की व्यवस्था समेत कई मुद्दे शामिल हैं। AIMIM और आजाद समाज पार्टी पर भाजपा की 'बी टीम' होने के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह निराधार है, विरोधी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोप उनकी राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि मुस्लिम-दलित गठजोड़ प्राथमिकता होगी, लेकिन OBC समाज को भी साथ लेकर चलेंगे।
---
5- अमेठी : बाजारशुकुल पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 11 तमंचे और 5 अर्धनिर्मित हथियार बरामद; लखनऊ के 2 आरोपी गिरफ्तार
अमेठी में बाजारशुकुल पुलिस ने पाली गांव के जंगल में छापा मारकर अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 11 निर्मित और 5 अर्धनिर्मित तमंचे, 4 जिंदा और 2 खोखा कारतूस के साथ हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। बरामद हथियारों में 315 बोर के 9 और 12 बोर के 2 तमंचे शामिल हैं। पुलिस ने लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के नवीपनाह गांव निवासी कौशल किशोर (30) और छोटू (21) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सुनसान जगहों पर हथियार बनाकर लखनऊ और आसपास के जिलों में बेचने की बात बताई। मौके से 52 रिपिट, 18 हैमर, 15 लोहे की नाल, 12 बट, 45 स्प्रिंग, 34 कील, 9 ट्रिगर और 5 फायरिंग पिन समेत अन्य उपकरण भी मिले। एसपी सरवणन टी ने टीम को 25 हजार रुपए नकद इनाम देने की घोषणा की। कार्रवाई ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत की गई।
---
6- अमेठी : नए डीएम शशांक चौधरी ने संभाला कार्यभार, बोले- जनहित, सुशासन और विकास सर्वोच्च प्राथमिकता; रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
अमेठी के नए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि जनहित, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में खास ध्यान दिया जाएगा। शशांक चौधरी 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इससे पहले वे मथुरा, अमरोहा और मेरठ जैसे जिलों में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके हैं। अमेठी में यह उनकी पहली जिलाधिकारी के तौर पर तैनाती है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का जल्द और प्रभावी समाधान प्रशासन की मुख्य जिम्मेदारी है। जनशिकायतों के निपटारे की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेठी में औद्योगिक विकास की अच्छी संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर इस्तेमाल करके नए रोजगार पैदा किए जा सकते हैं।
---
7- अंबेडकरनगर : कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 7 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले, 3 चौकियों पर नए प्रभारी तैनात
अंबेडकरनगर में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग में बुधवार रात करीब 10 बजे फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने सात पुलिसकर्मियों को नई जगह तैनात किया है। सबसे अहम बदलाव अकबरपुर कोतवाली की कस्बा चौकी पर हुआ है। यहां तैनात उपनिरीक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह को हटाकर जहांगीरगंज की बिडहर चौकी भेजा गया है। उनकी जगह स्वाट टीम में तैनात उपनिरीक्षक आदर्श सिंह को कस्बा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह बसखारी की किछौछा चौकी और इब्राहिमपुर की एनटीपीसी चौकी के प्रभारियों को भी बदला गया है। किछौछा चौकी प्रभारी कमलेश यादव को एनटीपीसी चौकी भेजा गया है, जबकि एनटीपीसी चौकी प्रभारी विकास गौतम को किछौछा चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। सभी को तुरंत नई जगह पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
---
8- अंबेडकरनगर : बरियावन बाजार में जेसीबी से दुकानें और मकान ध्वस्त करने के मामले में दो आरोपी जेल भेजे गए, 8 और नाम सामने; सभी पर लगेगा गुंडा एक्ट
अंबेडकरनगर के अकबरपुर इलाके में बरियावन बाजार में 22 सितंबर की रात जेसीबी लगाकर दुकानें और मकान ध्वस्त करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने राहुल वर्मा और इंद्रजीत वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों को न्यायालय ने 14 दिन की रिमांड की मंजूरी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक, इसके अलावा आठ और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने इस घटना में अयोध्या जिले के मया बाजार से एक जेसीबी बरामद किया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि जेसीबी किसके कहने पर मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की पूरी योजना में कौन-कौन शामिल था। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
---
9- अयोध्या : राममंदिर चढ़ावा चोरी केस में एंटी करप्शन कोर्ट में 36,039 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, चंपत राय-अनिल मिश्र और गोपाल राव बने सरकारी गवाह
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा धनराशि प्रकरण में पुलिस ने बुधवार को विशेष न्यायाधीश एंटी करप्शन की अदालत में 36,039 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट चार बड़े बक्सों और दो गत्तों में भरकर अदालत पहुंचाई गई। इसमें श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र और निर्माण प्रभारी गोपाल राव को आरोपी नहीं बनाया गया है, तीनों को पुलिस ने गवाह बनाया है। चार्जशीट में कुल 133 गवाहों का उल्लेख है, जिसमें 59 पन्नों का आरोपपत्र और 101 केस डायरी के पर्चे भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित दूसरी एसआईटी की 90 दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद पुलिस ने यह चार्जशीट दाखिल की है। बाराबंकी के एएसपी रितेश कुमार सिंह और विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी बुधवार सुबह पुलिस टीम के साथ कचहरी पहुंचे। कुछ अधिवक्ताओं ने विवेचना और कुछ लोगों को आरोपी नहीं बनाए जाने पर आपत्ति जताई। अब मामले में रिमांड पर अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को होगी। मामले की शुरुआत 4 जून को गणना कक्ष में नकदी छिपाने के मामले से हुई थी।
---
10- अयोध्या : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 50 दिन बाद दर्ज हुई FIR, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल; बोले- सीएम से सामने उठाया जाएगा मामला
अयोध्या कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के दर्शन नगर चौकी क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ दलित नाबालिग से कथित दुष्कर्म के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक को जानकारी मिलने के बाद उनके हस्तक्षेप पर घटना के 50 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा है कि मामले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय कराई जाएगी। विधायक बुधवार को पीड़िता के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि एक अगस्त को तिहुरा निवासी प्रेमदास यादव उर्फ जसु पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और सुलह का दबाव बनाया जाता रहा। विधायक ने सपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए की राजनीति का दावा करने वालों को ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। विधायक ने मामले को लेकर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर से मुलाकात की, जिन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
⚡ नोट : किसी की ख़बर पर आपत्ति होने, या त्रुटि होने पर कृपया क्षेत्रीय संपादक, पत्रकार, अथवा प्रदेश हेल्पलाइन पर सूचित करें।
Collected & Edited By : Regional Bureau, Ayodhya Division, DBUP India Network.