नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- देश : सरकार के ₹35 किलो प्याज बेचने के बावजूद बढ़े दाम, औसत खुदरा कीमत ₹50.79 पहुंची; दिल्ली में ₹65 और चेन्नई में ₹63 किलो
केंद्र सरकार 28 अगस्त से 17 शहरों में बफर स्टॉक का प्याज ₹35 प्रति किलो की दर से बेच रही है, लेकिन कीमतों में अपेक्षित गिरावट नहीं आई। उपभोक्ता मामलों के विभाग के अनुसार, 5 सितंबर को देश में प्याज का औसत खुदरा भाव ₹50.79 किलो रहा, जो पहले ₹48.50 था। दिल्ली में ₹65, चेन्नई में ₹63, मुंबई में ₹53 और रांची में ₹40 किलो भाव दर्ज हुआ। सरकार के अनुसार अब तक करीब 4,000 टन बफर प्याज बेचा जा चुका है। NCCF के एमडी अनिस जोसेफ चंद्रा ने बताया कि करीब 1,500 टन प्याज उनकी एजेंसी बेच चुकी है। सरकार के मुताबिक रबी फसल को बेमौसम बारिश से नुकसान हुआ था, जबकि अक्टूबर मध्य से खरीफ फसल आने पर राहत की उम्मीद है।
2- दिल्ली : सत्य निकेतन में बेसमेंट की खुदाई के दौरान 5 मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत; 12 लोगों का रेस्क्यू, 5 गंभीर घायल
रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे 40 साल पुरानी इमारत गिरने से बड़ा हादसा हुआ। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोगों को मलबे से निकाल लिया गया। 5 गंभीर घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत के कमजोर बेसमेंट में पिछले 7 दिनों से तोड़फोड़ चल रही थी और वहां पानी भी भरा था। रविवार को खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने के बाद इमारत ढहने की बात सामने आई है। NDRF स्निफर डॉग और कैमरों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही है। पास की एक अन्य इमारत में दरारें मिलने पर उसे खाली कराया गया है। पुलिस ने मालिक आनंद बंसल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं में FIR दर्ज की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
3- बागपत : श्रद्धालुओं से भरी कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलटी, 5 की मौत; 22 से ज्यादा घायल, 18 मेरठ रेफर
रविवार देर रात करीब 1 बजे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बसी और बड़ा गांव के बीच श्रद्धालुओं से भरी कैंटर हादसे का शिकार हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कैंटर पलट गई, जिसमें 5 लोगों की मौत और 22 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। श्रद्धालु राजस्थान में बागड़ यात्रा के बाद बरेली/बदायूं लौट रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 18 को बेहतर उपचार के लिए मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि 3 का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। घायल कुंवरपाल के अनुसार, अधिकांश लोग रात में वाहन में सो रहे थे, तभी तेज आवाज के साथ कैंटर पलट गई। उन्होंने पीछे से आ रहे वाहन की टक्कर की बात बताई है। पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान की जांच कर रही है। डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
4- कानपुर : करोड़पति दवा कारोबारी विनीत विनोचा की गला रेतकर हत्या, नौकर समेत 2 आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार; बहू के कहने पर हत्या का दावा
कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत विनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार शाम नौकर विशाल गौतम (30) और उसके साथी राज किशोर (30) को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, विशाल ने दावा किया कि कारोबारी की बहू के कहने पर हत्या की गई और इसके लिए पैसे देने की बात कही गई थी। हालांकि, इस दावे की जांच जारी है। विनीत का शव रविवार तड़के करीब 3 बजे फ्लैट के कमरे में खून से लथपथ मिला था। CCTV में दो संदिग्धों के फ्लैट में जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की गर्दन रेतने के साथ शरीर पर चाकू से वार किए गए और कमरे में संघर्ष के निशान मिले। लूटपाट के बजाय हत्या को मुख्य उद्देश्य माना जा रहा है। बेटे सुब्रत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विनीत बिरहाना रोड स्थित ‘फार्मा ट्रेडर्स’ के थोक दवा कारोबारी थे।
5- बस्ती : थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश की आत्महत्या मामले में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खुलासा, महिला समेत 3 गिरफ्तार; 1 करोड़ रुपए मांगने का आरोप
वाल्टरगंज के थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की 29 अगस्त को सरकारी आवास में फंदे से मौत के मामले में पुलिस ने प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और वकील विजय प्रकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रियंका कथित तौर पर लोगों को प्रेमजाल में फंसाकर वीडियो और चैट के जरिए ब्लैकमेल करती थी। जांच में थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह के साथ भी संबंध बनने और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने उनसे 1 करोड़ रुपए मांगे थे। घटना वाले दिन 29 अगस्त को दोपहर 1:41 बजे वकील विजय प्रकाश की सूर्य प्रकाश से फोन पर बातचीत हुई थी। पुलिस के अनुसार, विजय ब्लैकमेलिंग की रकम वसूलता था और प्रियंका के पिता भी इसमें शामिल थे। जांच में तीन अन्य लोगों से करीब 24 लाख रुपए वसूलने की बात सामने आई है। DIG संजीव त्यागी के अनुसार, सर्विलांस और CDR जांच के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- गाजियाबाद : CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद ने घर पर पथराव का दावा किया, पड़ोसियों ने घटना से किया इनकार; पुलिस CCTV और वीडियो की जांच में जुटी
CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद ने शनिवार रात सोशल मीडिया X पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके घर को घेरकर पत्थर और ईंटें फेंकीं। उन्होंने दिल्ली और गाजियाबाद पुलिस से माता-पिता व परिवार की सुरक्षा की मांग की। हालांकि, पड़ोसियों ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। उनका दावा है कि रात में वे जाग रहे थे, लेकिन न पथराव की आवाज सुनी और न घर के शीशे टूटे। पड़ोसियों ने सोसायटी की CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग की। पुलिस के अनुसार, परिवार की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है। यह मामला स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी से जुड़े पुराने विवाद के बीच सामने आया है। पुलिस ने कहा कि सबूतों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
2- संभल : डंपर-टेंपो की भीषण टक्कर में मासूम भाई-बहन समेत 6 की मौत, 4 घायल; एक युवक का सिर धड़ से अलग हुआ
रविवार सुबह करीब 9 बजे बहजोई थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बालू लदे डंपर ने टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में 3 महीने की आराध्या, 6 वर्षीय ध्रुव, उनकी मामी रोहिणी (20), टेंपो चालक सौदान पाल (40), जुबैर (30) और रामपाल (35) की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बम्नेटा गांव के पास आगे चल रहे ई-रिक्शा के अचानक दूसरी लेन में मुड़ने से डंपर बेकाबू हुआ और टेंपो से टकरा गया। टक्कर के बाद डंपर पेड़ से टकराकर पलट गया। टेंपो में फंसे चालक सौदान को पुलिस ने वाहन काटकर बाहर निकाला। बच्चों की मां भावना और मामा पुनीत समेत 4 लोग घायल हैं। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने जांच और कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
3- भारत : UN के नए विश्व मानचित्र पर विदेश मंत्रालय की आपत्ति, कहा- जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत पूरा क्षेत्र आधिकारिक नक्शे के अनुसार दिखे
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 4 सितंबर को दुनिया का क्षेत्रफल अधिक वास्तविक अनुपात में दिखाने वाले मानचित्र को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पारित किया। भारत ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, लेकिन विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इससे किसी विशेष नक्शे या देश की सीमाओं को मान्यता नहीं मिलती। मंत्रालय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत भारत का पूरा संप्रभु क्षेत्र आधिकारिक भारतीय नक्शे के अनुसार ही दिखाया जाना चाहिए और भारत के क्षेत्र का गलत या भ्रामक चित्रण स्वीकार्य नहीं होगा। नए Equal Area Projection में अफ्रीका अपेक्षाकृत बड़ा, जबकि यूरोप और उत्तरी अमेरिका छोटे दिखाई दे सकते हैं। इस बदलाव से किसी देश का वास्तविक क्षेत्रफल या सीमा नहीं बदलेगी। UN महासभा का प्रस्ताव कानूनी रूप से बाध्यकारी भी नहीं है।
4- सागर : जहरीली शराब से दो दिन में 12 मौतें, 109 अस्पताल में भर्ती; मेथेनॉल मिलावट की आशंका पर 30 आरोपियों पर FIR
मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली शराब पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 109 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई है। प्रशासन के अनुसार 2-3 शवों के पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका मिली है। पुलिस ने बंडा थाने में 20 और विनायक थाने में 10 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है, जिनमें 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने का दावा किया गया है। मामले में सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते समेत 5 अधिकारी निलंबित किए गए हैं। 7 शराब दुकानों को भी सील किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
5- बिहार-UP-उत्तराखंड : बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात, बिहार में 22.42 लाख लोग प्रभावित; UP के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती के उफान से 12 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। करीब 22.42 लाख लोग प्रभावित बताए गए हैं। भागलपुर में रिंग बांध ओवरफ्लो होने से सुल्तानगंज के करीब 4 हजार घरों में पानी पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी है, जिनमें 6 जिलों में बहुत भारी और 13 में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटे में 54 जिलों में बारिश हुई और बिजनौर में सर्वाधिक 90 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बरेली में लगातार बारिश के कारण फायर स्टेशन में करीब 3 फीट पानी भर गया और कई घरों में घुटनों तक पानी पहुंच गया। उत्तराखंड के अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में आज स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से एक महिला की मौत की भी खबर है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- चंद्रयान-2 : 7 सितंबर 2019 को चांद से महज 2.1 किमी पहले टूटा था संपर्क
भारत के चंद्रयान-2 मिशन का लैंडर विक्रम 7 सितंबर 2019 की रात चांद की सतह पर उतर रहा था। लैंडिंग से करीब 2.1 किमी पहले इसरो का उससे संपर्क टूट गया। मिशन पूरी तरह सफल नहीं हुआ, लेकिन इस अभियान ने भारत की चंद्र-अन्वेषण क्षमता को दुनिया के सामने मजबूती से रखा।
2- स्वतंत्रता आंदोलन : 7 सितंबर 1931 को शुरू हुआ था दूसरा गोलमेज सम्मेलन, गांधीजी ने लिया हिस्सा
लंदन में 7 सितंबर 1931 को दूसरा गोलमेज सम्मेलन शुरू हुआ, जिसमें महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए। सम्मेलन में भारत के संवैधानिक भविष्य और अल्पसंख्यकों के प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई, हालांकि कोई निर्णायक सहमति नहीं बन सकी।
3- द्वितीय विश्व युद्ध : 7 सितंबर 1940 को लंदन पर शुरू हुई जर्मनी की भयंकर बमबारी
7 सितंबर 1940 को नाजी जर्मनी ने ब्रिटेन के खिलाफ ‘द ब्लिट्ज’ अभियान के तहत लंदन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू किए। यह बमबारी कई महीनों तक चली और ब्रिटेन के शहरों में भारी जन-धन का नुकसान हुआ। यह द्वितीय विश्व युद्ध के सबसे चर्चित हवाई अभियानों में गिनी जाती है।