नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1. नई दिल्ली : अब फीचर फोन से भी बिना इंटरनेट होगा UPI पेमेंट, फोनपे ने UPI 123पे सेवा शुरू की; 20 करोड़ से ज्यादा कीपैड फोन यूजर्स को मिलेगा फायदा
फिनटेक कंपनी फोनपे ने फीचर फोन यूजर्स के लिए ‘फोनपे UPI 123पे’ सेवा शुरू करने का दावा किया है। इसके जरिए इंटरनेट कनेक्शन के बिना भी UPI ट्रांजैक्शन किए जा सकेंगे। कंपनी के अनुसार, देश के 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन यूजर्स को इसका लाभ मिल सकता है। सेवा SMS आधारित तकनीक पर काम करेगी और 2G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी भुगतान की सुविधा देगी। यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए पैसे भेजने, दुकानदारों को भुगतान करने, बैंक बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखने जैसे काम कर सकेंगे। कैमरा सपोर्ट वाले फोन से QR कोड स्कैन कर भुगतान की सुविधा भी होगी। फोनपे ने नोकिया, लावा, HMD और आईटेल के साथ साझेदारी की है। पहली बार डिजिटल भुगतान करने वालों की मदद के लिए 12 भारतीय भाषाओं में AI वॉइस असिस्टेंस भी उपलब्ध कराई जाएगी।
2. देशभर : 1 सितंबर से महंगाई के कई नए झटके, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹11.50 महंगा; दूध, CNG-PNG और हवाई ईंधन के दाम भी बढ़े
1 सितंबर 2026 से कई वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में बदलाव लागू हो गया है। तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत औसतन ₹11.50 तक बढ़ाई, जबकि 5 किलो LPG रिफिल भी ₹2 महंगा हुआ। मुंबई में थोक दूध की कीमत ₹9 प्रति लीटर बढ़ाकर ₹102 कर दी गई है। महानगर गैस ने मुंबई में CNG ₹2 प्रति किलो बढ़ाकर ₹88 कर दी, जबकि घरेलू PNG की कीमत में ₹1 प्रति SCM की बढ़ोतरी हुई है। हवाई ईंधन की कीमत भी 5.46% बढ़कर ₹121.28 प्रति लीटर हो गई, जिसका असर विमान किरायों पर पड़ सकता है। वहीं, टाटा मोटर्स ने कारों की कीमतें ₹25,000 तक और हुंडई ने 1% तक बढ़ाई हैं। बिना e-KYC वाले LPG उपभोक्ताओं की सब्सिडी प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
3- रुद्रपुर : बिना मान्यता चल रहे मुफ्ती मुजीब के मदरसे समेत दो संस्थान सील, उत्तराखंड में 60 मदरसे अभी मान्यता के लिए आवेदन से बाहर – जिला प्रशासन ने रुद्रपुर के फैजुल मुस्तफा और जामियातुल हसनात मदरसे को सील किया है। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के अनुसार, दोनों के पास मान्यता के जरूरी दस्तावेज नहीं थे। उधम सिंह नगर में कुल 118 मदरसे हैं, जिनमें पांच पहले ही बंद हो चुके हैं और 60 ने अभी आवेदन नहीं किया है। अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के अनुसार, पूर्व में बोर्ड से पंजीकृत 452 मदरसों को नई मान्यता लेनी होगी; मान्यता नहीं लेने वाले संस्थान बंद किए जाएंगे।
4- उत्तराखंड : आज से बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना-2027 का घर-घर सर्वे शुरू, 4 जिलों के 131 गांव और 3 कस्बों के करीब 52 हजार लोग होंगे शामिल – 1 सितंबर से उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के दुर्गम बर्फीले क्षेत्रों में पॉपुलेशन एन्यूमरेशन शुरू होगा। करीब 162 प्रगणक और 34 सुपरवाइजर परिवारों की जानकारी दर्ज करेंगे। यह प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी, जबकि 1 से 5 अक्टूबर तक सुधार का मौका मिलेगा। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और पहली बार जाति संबंधी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने लोगों को साइबर ठगी से सावधान करते हुए कहा है कि जनगणना के दौरान किसी से OTP या बैंक संबंधी जानकारी नहीं मांगी जाएगी। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।
5- देहरादून : बारिश से उत्तराखंड में 5 मौतें, देहरादून में क्रेटा बहने से 2 की मौत; केदारनाथ यात्रा बारिश के कारण रोकी गई – प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के बीच अल्मोड़ा के हवालबाग में मलबा घर में घुसने से मां और दो बच्चों की मौत हो गई। देहरादून के प्रेमनगर में बरसाती बहाव में क्रेटा कार बहने से एक युवक और एक युवती की मौत हुई, जबकि एक युवती को SDRF ने घायल अवस्था में बचाया। केदारनाथ यात्रा सुबह करीब साढ़े सात बजे बारिश तेज होने के बाद रोक दी गई। देहरादून और टिहरी में आज भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि आठ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- ऊधम सिंह नगर : बैडमिंटन खेलने से मना करने पर 10 साल के बच्चे ने 12 वर्षीय ईशान पर चाकू से किए 5 वार, इलाज के दौरान मौत – जसपुर की लकड़ी मंडी में दोपहर करीब ढाई बजे बैडमिंटन खेलने को लेकर दोनों बच्चों में विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, खेलने से मना किए जाने पर 10 वर्षीय बच्चे ने मोहम्मद ईशान के हार्ट के पास चाकू से पांच वार किए। गंभीर हालत में उसे काशीपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम करीब साढ़े 6 बजे उसकी मौत हो गई। आरोपी बच्चा घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। जसपुर विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे।
2- हल्द्वानी : उत्तराखंड के 6 जिलों में करीब 200 गोवंश लंपी वायरस की चपेट में, नैनीताल में अब तक 3 संक्रमित; एक बछड़े की मौत – पशुपालन विभाग ने नैनीताल से 12 सैंपल IVRI बरेली भेजे थे, जिनमें तीन पशुओं में लंपी त्वचा रोग की पुष्टि हुई। इनमें चार महीने के एक बछड़े की मौत हो चुकी है, जबकि दो संक्रमित पशुओं को अलग रखा गया है। संक्रमण रोकने के लिए प्रदेशभर में टीकाकरण अभियान तेज किया गया है। नैनीताल में आइसोलेशन वार्ड के लिए फिलहाल जमीन उपलब्ध नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा है कि बजट की कमी नहीं है और विभाग को जमीन तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
3. नई दिल्ली : OBC क्रीमी लेयर नियमों पर सुप्रीम कोर्ट में आज अहम सुनवाई, केंद्र ने 958 CSE-2025 चयनितों का सर्विस अलोकेशन पुराने मानदंड से करने की मांगी अनुमति
OBC क्रीमी लेयर की पहचान के नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होगी। केंद्र सरकार ने CSE-2025 के 958 चयनित उम्मीदवारों की सर्विस अलोकेशन प्रक्रिया पुराने OBC क्रीमी लेयर मानदंडों के आधार पर पूरी करने की अनुमति मांगी है। केंद्र का तर्क है कि उम्मीदवारों ने परीक्षा और आवेदन उस समय लागू पुराने नियमों के तहत दिए थे। सरकार के अनुसार, केवल माता-पिता की सैलरी या आय के आधार पर क्रीमी लेयर का दर्जा तय नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके पद की स्थिति, आय और संपत्ति जैसे पहलुओं को भी देखा जाना चाहिए। केंद्र ने कहा कि नए फैसले के आधार पर दोबारा व्यापक जांच से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सर्विस अलोकेशन में देरी होने पर मसूरी स्थित LBSNAA की ट्रेनिंग, IAS-IPS कैडर आवंटन और अन्य सेवाओं की प्रक्रिया पर असर पड़ने की भी आशंका जताई गई है।
4. नई दिल्ली : RBI के अनुमान से तेज बढ़ी भारतीय अर्थव्यवस्था, अप्रैल-जून तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8%; फाइनेंस, IT और रियल एस्टेट सेक्टर की मजबूत बढ़त
भारत की अर्थव्यवस्था ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही, यानी अप्रैल से जून के दौरान 7.8% की GDP ग्रोथ दर्ज की। यह RBI के 7% के अनुमान से अधिक है, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में वृद्धि दर 6.9% थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, फाइनेंस, रियल एस्टेट, IT और प्रोफेशनल सर्विसेज सेक्टर में 12% से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। रियल GDP बढ़कर ₹81.36 लाख करोड़ और रियल GVA ₹73.82 लाख करोड़ रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे वैश्विक संकटों और तेल की बढ़ती कीमतों के बीच देश की मजबूत आर्थिक क्षमता का परिणाम बताया। हालांकि, आगे पश्चिम एशिया में जारी तनाव और महंगे कच्चे तेल का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ने की आशंका जताई गई है। RBI ने पूरे FY 2026-27 में GDP ग्रोथ 6.7% रहने का अनुमान दिया है।
5. नेपाल : प्रिंसिपल के समय पर स्कूल खाली कराने से करीब 900 छात्रों की जान बची, कुछ देर बाद बाढ़-मलबे में बह गई पूरी इमारत; आपदा में अब तक 955 मौतों का दावा
नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के दौरान एक स्कूल प्रिंसिपल के त्वरित फैसले से करीब 900 छात्रों की जान बचने की जानकारी सामने आई है। त्रिशूली सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र दवाड़ी को बाढ़ की चेतावनी मिलने पर उन्होंने तत्काल स्कूल खाली कराकर छात्रों को ऊंचे स्थान पर पहुंचाया। उस समय स्कूल में करीब 900 छात्र मौजूद थे, जबकि कुल नामांकित छात्रों की संख्या 1,643 बताई गई है। कुछ ही देर बाद पानी, कीचड़, चट्टानों और मलबे के तेज बहाव में स्कूल की पूरी इमारत बह गई। घटना में स्कूल के दो कर्मचारी समय पर बाहर नहीं निकल सके और उनके लापता होने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल के कई क्षेत्रों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ। नेपाल और तिब्बत में इस आपदा से अब तक 955 लोगों की मौत और 4,400 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1- 1939: जर्मनी ने पोलैंड पर हमला किया, शुरू हुआ द्वितीय विश्व युद्ध
1 सितंबर 1939 को नाजी जर्मनी ने पोलैंड पर हमला किया। इस हमले के बाद यूरोप में द्वितीय विश्व युद्ध का दौर शुरू हुआ और 3 सितंबर को ब्रिटेन व फ्रांस ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
2- 1956: LIC की स्थापना, देश में बीमा व्यवस्था का हुआ बड़ा बदलाव
1 सितंबर 1956 को भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की स्थापना हुई। इसका गठन देश की जीवन बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण कर किया गया था और बाद में LIC भारत की सबसे बड़ी बीमा संस्थाओं में शामिल हो गई।
3- 1942: रास बिहारी बोस ने बनाई भारतीय राष्ट्रीय सेना, आजादी की लड़ाई को मिला नया मोर्चा
1 सितंबर 1942 को क्रांतिकारी रास बिहारी बोस ने भारतीय राष्ट्रीय सेना (INA) के गठन की घोषणा की। इसका उद्देश्य ब्रिटिश शासन के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष करना था; बाद में सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में INA आजादी के आंदोलन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी।