सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए सुल्तानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने जिलाधिकारी सुल्तानपुर को पत्र भेजकर विभिन्न विकास कार्यों की लंबित कार्य योजनाओं एवं प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृत कराने का आग्रह किया है।
विधायक विनोद सिंह ने पत्र में अवगत कराया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधानों द्वारा जानकारी दी गई कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शासनादेश के अनुसार ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में कार्य करने का आदेश प्राप्त हुआ है। इसके बावजूद ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले कई विकास कार्यों की कार्ययोजनाएं/प्रस्ताव जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में काफी समय से लंबित हैं, जिसके कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी से सुल्तानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समस्त विकासखंडों की जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में लंबित एवं प्रेषित कार्ययोजनाओं/प्रस्तावों को जनहित में यथाशीघ्र स्वीकृत कराने का अनुरोध किया है।
विधायक विनोद सिंह ने कहा कि क्षेत्र की ग्रामसभाओं में विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। लंबित प्रस्तावों की स्वीकृति से विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीण जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।