नमस्कार,
डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है!
चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।
🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >
1- उत्तराखंड : राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज, शुद्धीकरण विवाद में SC/ST एक्ट की धारा भी लगी; दलित समाज के अपमान का आरोप
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल रहे अमित कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। FIR नंबर 297/26 में BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(q) लगाई गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि राहुल गांधी की टिप्पणी से दलित समाज और शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों की भावनाएं आहत हुईं। यह विवाद 8 अगस्त को खड़गे की सभा के बाद शुरू हुआ था, जब भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं द्वारा मैदान में गंगाजल छिड़ककर कथित शुद्धीकरण और हवन किए जाने की बात सामने आई थी। कांग्रेस पहले ही इसे दलित अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग कर चुकी है।
2- नेपाल : बाढ़ के बाद अज्ञात शवों का सामूहिक दफन शुरू, 804 मौतें; 3 हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता
नेपाल में भीषण बाढ़ और ग्लेशियर टूटने से हुई तबाही के बाद अज्ञात शवों का सामूहिक दफन शुरू कर दिया गया है। चितवन के देवघाट जंगल में प्रशासन ने सैकड़ों कब्रें तैयार की हैं। पिछले दो दिनों में 196 शव दफनाए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उनकी पहचान मुश्किल है। प्रत्येक शव को पहचान नंबर और रिकॉर्ड दिया जा रहा है, ताकि बाद में DNA जांच से पहचान की जा सके। 26 अगस्त को तिब्बत में ग्लेशियर टूटने के बाद नेपाल की भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में अचानक बाढ़ आई थी। नेपाल में अब तक 788 और तिब्बत में 16 लोगों की मौत की जानकारी है, यानी कुल 804 मौतें हुई हैं। 3 हजार से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस बीच नेपाल ने दावा किया है कि उसने 27 मई की बैठक में चीन से ग्लेशियरों की शुरुआती हलचल और जलस्तर संबंधी जानकारी मांगी थी, लेकिन अपेक्षित जानकारी नहीं मिली।
3- हरिद्वार : मंगलौर में बिना पंजीकरण चल रहे दो मदरसे सील: समाज कल्याण विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नए नियमों के तहत मान्यता जरूरी - मंगलौर में प्रशासन की टीम ने बिना वैध पंजीकरण संचालित दो मदरसों को सील कर दिया। जांच में दोनों संस्थानों के बिना पंजीकरण चलने की पुष्टि हुई थी। राज्य सरकार ने 1 जुलाई 2026 से मदरसा बोर्ड समाप्त कर अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया है। इसके बाद सभी मदरसों के लिए शिक्षा विभाग से मान्यता लेना अनिवार्य किया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत के अनुसार, अभी भी कई मदरसों ने पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसे संस्थानों को चिन्हित कर नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
4- उत्तराखंड : हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर कांग्रेस आज प्रदेशभर में थानों में देगी तहरीर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत जिम्मेदार लोगों पर FIR की मांग, जिलाध्यक्षों से मांगी जाएगी रिसीव कॉपी - 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किए जाने को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी कार्रवाई की रणनीति बनाई है। 29 अगस्त को राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मामला फिर चर्चा में आया। रविवार को दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक के बाद पार्टी ने सोमवार को संबंधित थानों, कोतवालियों और पुलिस चौकियों में तहरीर देने का निर्णय लिया। कांग्रेस ने कथित शुद्धिकरण करने वालों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। संगठन ने दोपहर 12 बजे तक तहरीर की रिसीव कॉपी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11:30 बजे धारा चौकी पहुंचेंगे।
5- उत्तराखंड : बारिश से जनजीवन प्रभावित, यमुनोत्री हाईवे बंद; मालदेवता में सड़क बही और घरों में घुसा पानी, चार जिलों में स्कूल बंद - अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में बारिश जारी है। देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में कुंड गांव के पास सड़क अत्यधिक बारिश के कारण बह गई, जबकि नुन नदी के तेज बहाव से धौलास के पास दयानागरी में तीन मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उत्तरकाशी में रणाचट्टी के पास मलबा और पेड़ गिरने से यमुनोत्री हाईवे पूरी तरह बंद है; एनएच विभाग की टीम रास्ता खोलने में जुटी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिन बारिश जारी रह सकती है। देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि टिहरी समेत सात जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, नैनीताल, चमोली और पौड़ी गढ़वाल में 12वीं तक के स्कूल बंद हैं। प्रदेश में फिलहाल 78 सड़कें बंद बताई गई हैं।
✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >
1- देहरादून : PM मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, एक महीने में 13 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए घर-घर पहुंचेगा संगठन - देहरादून में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। उत्तराखंड में इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन 16 सितंबर से होगी, जबकि देशभर में 17 सितंबर से अभियान शुरू किया जाएगा। धामी ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र सत्ता नहीं, सेवा है और प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन सेवा कार्यों के जरिए मनाया जाना चाहिए। क्षेत्रीय संयोजक कुलदीप चहल ने 2027 में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा किया। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सेवा अभियान में उत्तराखंड को देश में अव्वल बनाने का भरोसा जताया। अभियान में सेवा ज्योति यात्रा, सेवा सेतु अभियान, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज समेत 13 कार्यक्रम होंगे।
2- देहरादून : सड़क हादसों में हर तीसरा मृतक पैदल राहगीर: 19 महीनों में 237 मौतों में 85 पैदल यात्री शामिल, 2026 के सात महीनों में ही आंकड़ा पिछले पूरे साल के करीब पहुंचा - जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 तक देहरादून में 551 सड़क हादसे हुए, जिनमें 237 लोगों की मौत हुई। इनमें 85 पैदल राहगीर थे। वर्ष 2025 में 43 पैदल यात्रियों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में 31 जुलाई तक ही 42 की जान जा चुकी है। फुटपाथ पर अतिक्रमण, पार्किंग और निर्माण सामग्री के कारण राहगीरों को सड़क पर चलने की मजबूरी का उल्लेख किया गया है। SSP प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और नगर निगम मिलकर कार्रवाई करेंगे। तेज रफ्तार, नशे में और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
3- नई दिल्ली : PM मोदी को आपत्तिजनक शब्द कहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग का वीडियो सामने आया, बोली- ‘जिंदगी नर्क बन गई’
जेन-जी प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने वाली 15 वर्षीय नाबालिग का वीडियो सामने आया है। आम आदमी पार्टी द्वारा पोस्ट किए गए 39 सेकेंड के वीडियो में लड़की ने दावा किया कि घटना के बाद उसकी जिंदगी नर्क बन गई है और वह हर जगह चेहरा छिपाकर घूम रही है। 23 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान उसका वीडियो सामने आया था। इसके बाद गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह की शिकायत पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 30 जुलाई को जानबूझकर अपमान, सार्वजनिक उपद्रव और मानहानि के आरोपों में केस दर्ज किया था। FIR के बाद नाबालिग ने हाथ जोड़कर माफी मांगी थी और इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही थी। वहीं, इस कार्रवाई का विरोध भी किया गया था।
4- साइप्रस : तुर्किये जा रही फेरी समुद्र में पलटी, 7 यात्रियों की मौत; 24 लापता, 237 लोगों को बचाया गया
मेडिटेरियन सी में उत्तरी साइप्रस से तुर्किये जा रही एक फेरी रविवार को समुद्र में पलट गई। तुर्किये की मीडिया के अनुसार, फेरी में 270 से ज्यादा यात्री सवार थे। उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल ने बताया कि अब तक 237 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि 7 लोगों की मौत हुई है और 24 अन्य की तलाश जारी है। हादसा उत्तरी साइप्रस के तट से करीब 7.5 किलोमीटर दूर हुआ। फेरी काइरेनिया पोर्ट से तुर्किये के मर्सिन प्रांत स्थित तासुकु पोर्ट के लिए रवाना हुई थी। बताया गया कि खराब मौसम के बीच रवाना होने के करीब 15 मिनट बाद फेरी में पानी भरने लगा, जिसके बाद वह पलट गई। कई यात्रियों ने पलटी हुई फेरी के ऊपर चढ़कर जान बचाई। राहत और बचाव दल लगातार लापता यात्रियों की तलाश में जुटे हैं।
5- न्यूयॉर्क : मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले तिरंगे के अपमान पर रिजिजू का कड़ा बयान, बोले- देश का अपमान महंगा पड़ेगा
RSS प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले मैडिसन स्क्वायर गार्डन के बाहर भारतीय तिरंगे के कथित अपमान को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। रिजिजू ने रविवार रात X पर घटना का वीडियो साझा करते हुए कहा कि RSS, भाजपा या सरकार की आलोचना की आजादी है, लेकिन भारतीय झंडे और देश का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। साझा वीडियो में एक प्रदर्शनकारी के पैर में भारतीय झंडा बंधा दिखाई देता है, जबकि कुछ अन्य प्रदर्शनकारियों द्वारा तिरंगे के टुकड़े किए जाने और खालिस्तान समर्थक नारे लगाए जाने का दावा किया गया है। शनिवार को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक भारतीय-अमेरिकी और विभिन्न धर्मों के नेता शामिल हुए। भागवत ने अपने संबोधन में विविधता में एकता को भारत के DNA का हिस्सा बताया और अमेरिका में रहने वाले भारतीयों से अपनी कर्मभूमि के प्रति निष्ठावान रहने की बात कही। यह RSS के शताब्दी वर्ष के तहत उनका 17 दिन का तीन देशों का दौरा है।
⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >
1. पंजाब : 1995 में मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या ने देश को झकझोर दिया
31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की चंडीगढ़ में एक बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके साथ कई अन्य लोगों की भी मौत हुई। यह घटना पंजाब में उग्रवाद के दौर के बाद की राजनीति की सबसे बड़ी त्रासद घटनाओं में गिनी जाती है।
2. भारत : 1952 में ‘क्रिमिनल ट्राइब्स’ कानून खत्म, लाखों लोगों को मिली नई पहचान
31 अगस्त 1952 को Criminal Tribes Laws (Repeal) Act लागू हुआ और ब्रिटिश दौर के उस कानून को समाप्त किया गया, जिसके तहत कई समुदायों को जन्म के आधार पर ‘अपराधी जनजाति’ के रूप में चिह्नित किया गया था। कानून हटने के बाद इन समुदायों को विमुक्त (Denotified) जनजातियों के रूप में जाना जाने लगा।
3. साहित्य : अमृता प्रीतम का जन्म, जिनकी लेखनी ने भारत-पाक विभाजन का दर्द दर्ज किया
31 अगस्त 1919 को प्रसिद्ध कवयित्री और लेखिका अमृता प्रीतम का जन्म हुआ था। पंजाबी साहित्य की प्रमुख आवाजों में शामिल अमृता प्रीतम ने कविता, उपन्यास और निबंधों के जरिए प्रेम, समाज और विभाजन की पीड़ा को प्रभावशाली ढंग से लिखा। उनका जन्मदिन आज भी साहित्य प्रेमियों के लिए खास माना जाता है।