लोड किया जा रहा...

मॉर्निंग बुलेटिन : हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में 898 कर्मचारी फंसे, 361 को बचाया गया; बाढ़ की चेतावनी में कथित तौर पर करीब 2 घंटे की देरी; पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की, हादसा दिखाने के लिए सड़क किनारे फेंका शव

नमस्कार,

डीबीयूपी इंडिया द्वारा प्रसारित आपके पसंदीदा न्यूज फॉर्मेट, सुबह 9:30 के मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन में आपका स्वागत है! 

चलिए बात करते हैं राज्य एवं देश-विदेश में बीते 24 घंटों में हुए घटनाक्रम के टॉप बुलेटिन खबरों की।


🚀 प्रदेश-देश की टॉप 5 खबरें >



1- नेपाल : हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में 898 कर्मचारी फंसे, 361 को बचाया गया; 6 इंच का छेद कर पहुंचाई जा रही हवा

नेपाल में 26 अगस्त की भीषण बाढ़ के बाद हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे कर्मचारियों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। करीब 898 कर्मचारी अब भी सुरंगों में फंसे बताए जा रहे हैं, जबकि 361 को सुरक्षित निकाला जा चुका है। त्रिशूली-3 ‘ए’ हाइड्रोपावर परियोजना में बचावकर्मी मशीनों से मिट्टी और गाद हटा रहे हैं। सुरंग में करीब 6 इंच का छेद कर पाइप के जरिए हवा पहुंचाई जा रही है और इसे बड़ा कर मैनहोल बनाने की तैयारी है। 26 अगस्त की बाढ़ में नेपाल में 675 और तिब्बत में 16 लोगों की मौत बताई गई है।

2- नेपाल : बाढ़ की चेतावनी में कथित तौर पर करीब 2 घंटे की देरी, लोगों का दावा- सुबह 7:30 बजे ही मिल गई थी सूचना; 691 मौतें

26 अगस्त को भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अलर्ट जारी करने की टाइमिंग पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्हें सुबह 7:30 बजे ही फोन के जरिए बाढ़ की जानकारी मिल गई थी, जबकि सरकारी SMS अलर्ट करीब 9:15 से 9:35 बजे के बीच भेजे जाने की बात सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 8:37 बजे 4.4 तीव्रता के झटके आए और 13 मिनट बाद नदी का जलस्तर मापने वाला डेटा सिस्टम बंद हो गया। शनिवार तक मृतकों की संख्या 691 और लापता लोगों की संख्या 3 हजार से अधिक बताई गई है, जिनमें 275 भारतीय शामिल हैं। अब तक 7,514 लोगों को बचाया गया है।

3- सोनभद्र : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की, हादसा दिखाने के लिए सड़क किनारे फेंका शव; 4 आरोपी गिरफ्तार

शक्तिनगर इलाके में 23 अगस्त को एनसीएल के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा (42) का शव स्टेडियम के पास सड़क किनारे मिला था। शुरुआत में पुलिस ने इसे सड़क हादसा माना। परिवार की शिकायत के बाद जांच में पत्नी प्रियंका मिश्रा (35) और उसके कथित प्रेमी विकास चौहान (25) समेत चार लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, प्रियंका और विकास के बीच करीब दो साल से संबंध थे। 22 अगस्त को रमाशंकर ने दोनों को कथित तौर पर एक साथ देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि प्रियंका और विकास ने रमाशंकर का गला दबाया और फर्श पर सिर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद अनुराग सिंह उर्फ बादल (18) और सोनू गुप्ता (19) की मदद से शव को चादर में लपेटकर सड़क किनारे रखा गया और हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

4- बस्ती : वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह सरकारी आवास में फंदे से लटके मिले, वर्दी में दी जान; मोबाइल से स्टेटस लगाया था

बस्ती के कलेक्ट्रेट के पास स्थित सरकारी आवास में शनिवार शाम वाल्टरगंज थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश सिंह का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, उन्होंने पंखे से गमछे का फंदा बनाया और वर्दी पहने हुए उससे लटक गए। जान देने से पहले उनके निजी मोबाइल पर एक स्टेटस लगा था, जिसमें धन-संपदा को जरूरी बताते हुए शांति और प्रेम को उससे बढ़कर बताया गया था। शाम करीब 6:45 बजे साथी दरोगा बलराम गौड़ के दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर घटना का पता चला। डीआईजी संजीव त्यागी और एसपी डॉ. यशवीर सिंह समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फोरेंसिक और सर्विलांस टीम जांच कर रही है। सूर्य प्रकाश सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले थे और 18 अप्रैल 2026 को वाल्टरगंज थाना प्रभारी बनाए गए थे।

5- वाराणसी : प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल सामनेघाट में बनेगा, 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे; 10 हजार यात्रियों की क्षमता

वाराणसी में प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल सामनेघाट में करीब दो एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की होगी, जबकि नगर निगम जमीन उपलब्ध कराएगा। IWAI निदेशक संजीव कुमार के अनुसार, परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है और जल्द जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रस्तावित टर्मिनल में एक समय में करीब 10,000 यात्रियों की क्षमता होगी। यहां इमिग्रेशन और कस्टम काउंटर, बैगेज स्कैनर, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी, यात्री लाउंज, पार्किंग, प्रीपेड टैक्सी, कैफेटेरिया और ड्यूटी-फ्री शॉप जैसी सुविधाएं होंगी। टर्मिनल दिव्यांग-अनुकूल बनाया जाएगा। इसके बनने से पर्यटन, जल परिवहन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।


✳️ कुछ अन्य बड़ी खबरें >


1- झांसी : राखी बांधकर लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत, लाश के पास रोती रही 3 साल की बच्ची; दो बच्चे घायल

ललितपुर के जखोरा थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिशुपाल अहिरवार (25) अपनी पत्नी छाया अहिरवार (25) और दो बच्चों के साथ रक्षाबंधन पर छाया के मायके झांसी के घिसौली गए थे। राखी बांधने के बाद चारों बाइक से लौट रहे थे। तालबेहट थाना क्षेत्र के कड़ेसराकलां गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में चारों घायल हुए। गंभीर हालत में शिशुपाल और छाया को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान शिशुपाल की शुक्रवार देर रात और छाया की शनिवार शाम करीब 4 बजे मौत हो गई। सामने आए वीडियो में 3 साल की बेटी अर्पिता घायल हालत में मां को पुकारते हुए रोती दिख रही है।

2- नोएडा : 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या के आरोपी बलराज को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया, हथियार बरामद; 24 घंटे में कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 28 अगस्त को लापता हुई 6 साल की बच्ची का शव शनिवार को गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर खेत में बोरे से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में 32 वर्षीय बलराज बच्ची को अपने साथ ले जाता और बाद में बोरा लेकर जाते दिखा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद कराने ले जाने के दौरान बलराज ने छिपाई पिस्टल से पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली हेड कॉन्स्टेबल रवि कुमार के हाथ में लगी। जवाबी कार्रवाई में बलराज घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल, 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस मिले हैं। बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात पुलिस ने कही है।

3- न्यूयॉर्क : मोहन भागवत बोले- भारत से मुसलमानों को निकालना हिंदुत्व नहीं, धर्म अलग हो सकते हैं लेकिन मानवता एक; ‘मैं-मेरा’ नहीं, ‘हम-हमारा’ समाधान

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को न्यूयॉर्क के ‘वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में कहा कि यदि कोई हिंदू सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्म हो सकते हैं, लेकिन मानवता एक है और सभी रास्ते ईश्वर तक जाते हैं। भागवत ने कहा कि इंसान अपने दिमाग में बने ‘सॉफ्टवेयर’ से प्रभावित होकर एक ही सत्य को अलग-अलग तरीके से समझता है। उन्होंने राजनीति को स्वार्थ का खेल बताते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत राजनीति से नहीं, समाज से होनी चाहिए। शनिवार देर रात भारतीय समयानुसार न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में उनका संबोधन प्रस्तावित है।

4- लद्दाख : 18,600 फीट की ऊंचाई पर सेना ने मरीज को किया एयरलिफ्ट, खड़ी ढलान पर एक स्किड टिकाकर हेलिकॉप्टर को रखा संतुलित

भारतीय सेना के एविएशन पायलटों ने शनिवार को कारगिल क्षेत्र के पास नुन-कुन पर्वत पर बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एक मरीज को सुरक्षित निकाला। करीब 18,600 फीट की ऊंचाई पर तेज हवाओं और खड़ी ढलान के कारण सामान्य लैंडिंग संभव नहीं थी। पायलटों ने हेलिकॉप्टर को बेहद कम ऊंचाई पर स्थिर रखते हुए उसका सिर्फ एक स्किड ढलान पर टिकाया और मरीज को एयरलिफ्ट किया। कम वायुदाब के कारण हेलिकॉप्टर की लिफ्ट क्षमता घटने को देखते हुए उड़ान से पहले गैर-जरूरी भारी सामान हटाया गया और सीमित ईंधन रखा गया। इस तकनीक को ‘वन-स्किड लैंडिंग’ कहा जाता है, जिसका इस्तेमाल दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बचाव अभियानों के दौरान किया जाता है।

5- ताशकंद : पीएम मोदी आज शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर जाएंगे, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव से द्विपक्षीय बैठक; व्यापार-निवेश पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर हैं। रविवार को ताशकंद में वे शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर जाएंगे। इसके बाद राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। भारत के ‘विकसित भारत 2047’ और उज्बेकिस्तान के ‘विजन-2030’ के तहत सहयोग के नए रास्तों पर भी बातचीत प्रस्तावित है। उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में SCO की 26वीं शिखर बैठक में शामिल होंगे। वहां उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य नेताओं से मुलाकात हो सकती है।


⏰ इतिहास के पन्नो में आज का दिन >

1- 30 अगस्त 2021: अफगानिस्तान से अमेरिका की 20 साल की सैन्य मौजूदगी खत्म हुई

अमेरिका ने 30 अगस्त 2021 को अफगानिस्तान से अपने आखिरी सैनिकों को वापस बुला लिया। इसके साथ 2001 में शुरू हुआ करीब दो दशक लंबा अमेरिकी सैन्य अभियान समाप्त हुआ। यह वापसी अफगानिस्तान में तालिबान के दोबारा सत्ता में आने के बाद हुई और आधुनिक विश्व राजनीति की बड़ी घटनाओं में गिनी जाती है।

2- 30 अगस्त 1983: अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले अफ्रीकी-अमेरिकी बने गियोन ब्लफोर्ड

30 अगस्त 1983 को अंतरिक्ष यान स्पेस शटल चैलेंजर के मिशन STS-8 ने उड़ान भरी। इसमें गियोन ब्लफोर्ड जूनियर अंतरिक्ष में जाने वाले पहले अफ्रीकी-अमेरिकी बने। यह मिशन रात में लॉन्च होने वाला स्पेस शटल कार्यक्रम का पहला मिशन भी था।

3- 30 अगस्त 1963: अमेरिका-सोवियत संघ के बीच ‘हॉटलाइन’ शुरू हुई

शीत युद्ध के दौर में अमेरिका और सोवियत संघ के नेताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने के लिए 30 अगस्त 1963 को वॉशिंगटन-मॉस्को हॉटलाइन शुरू हुई। इसका उद्देश्य दोनों महाशक्तियों के बीच तनाव बढ़ने की स्थिति में तेजी से संवाद करना था, खासकर क्यूबा मिसाइल संकट जैसी घटनाओं के बाद। 


📈 मार्केट में आज कीमतें >


धन्यवाद !
आपका दिन शुभ हो, रोज सुबह 9:30 बजे पढ़ते रहिए मॉर्निंग न्यूज बुलेटिन DBUP इंडिया नेटवर्क के साथ…
####UP DESK####
उत्तर प्रदेश (UP)
उत्तराखंड (UK)
पीछे जाएं
नमस्‍कार,
यूज़र
कोई ज़िला नहीं चुना
ज़िला बदलें
प्रोफ़ाइल संपादित करें
मैसेज करें
पोस्टर बनाएं
सभी कैटेगरी
आपकी सेव की गई ख़बरें
ख़बरों का फ़ॉन्ट साइज़ (Font Size)

प्रोफ़ाइल संपादित करें

पीछे जाएं

यह है सैंपल हेडलाइन (Sample Title)

यह है सैंपल कंटेंट टेक्स्ट जिसे आप छोटा या बड़ा करके देख सकते हैं।

सबसे ज्यादा यूजर्स द्वारा चुना गया और सबसे बेहतर अनुभव देने वाला फ़ॉन्ट साइज़ 3 है।
छोटा
1
2
3
4
5
बड़ा
पीछे जाएं
पीछे जाएं

आपके लिए

लॉगिन करें
या (Or)
लॉगिन करने से आप हमारी नियम व शर्तें और प्राइवेसी पॉलिसी से सहमत होते हैं।
आपकी प्रोफ़ाइल